बुधवार, 11 जून 2014

मेरा कॉमिक्स प्रेम Part 1

मेरा कॉमिक्स प्रेम तो ‘सुपर कमांडो ध्रुव ‘ से ही शुरू हो गया था !
 किन्तु उन दिनों कॉमिक्स के बैक कवर के पिछले हिस्से में कॉमिक्स के अन्य हीरोज
की कॉमिक लिस्ट दी जाती थी जोकि उपलब्ध होती थीं! उस लिस्ट में चार हीरोज के ब्लैक एंड व्हाईट चित्र बने होते थे, जिसमें होता था बांकेलाल, भोकाल, परमाणु और डोगा!
तो भाई इन सभी चरित्रों में से हमें आकर्षित किया उस अजीब से... चेहरे वाले बन्दे ने!
जिसके हाथ में एक बड़ी से गन जमीन का सहारा लेकर टिकी होती थी. उस अजीब से चेहरे के प्रति अजीब सा आकर्षण हो गया था! यह बात और की उसके चेहरे को देखकर हमें उस समय कोई कुत्ता याद नहीं आया,
और उसने मास्क पहना है यह भी नहीं जान पाया, हमें लगा इसकी शक्ल ही ऐसी होगी!
 तो हमें वह नायक कम और खलनायक ज्यादा प्रतीत हुआ और उस समय तक मैंने कभी डोगा की कोई और ऐड देखी भी नहीं थी और लगभग सभी पात्रों से परिचय हो चुका था. संयोग से हम जब कॉमिक स्टाल पर गए और तभी हमें यह कॉमिक दिखी!
जिसे डोगा की सीरिज में एक माईलस्टोन का दर्जा प्राप्त है ,जिसके कवर पर ‘धीरज वर्मा ‘ जी का बनाया डोगा था (इस कॉमिक के कवर पर बनाया गया डोगा उनका अब तक सबसे बेस्ट और आकर्षक डोगा लगा जिसने मुझे उस कॉमिक को खरीदने पर मजबूर कर दिया) और मैंने वह ‘विशेषांक‘ सोलह रूपये में खरीद लिया,
 ट्रेडिंग कार्ड भी मुफ्त मिला! मेरा पहला ट्रेडिंग कार्ड. और वह समय बरसात का था,
मैंने कॉमिक खरीदी (जोकि अपने पैसे बचा बचा कर जमा किये थे) अपनी चड्डी में बनी जेब में रोल करके रखी और घर चल पड़ा! भूख तो थी ही नहीं लेकिन फिर भी खाना खिलाये बगैर माँ नहीं मानने वाली थी.
 जल्दी जल्दी निपटा कर मै घर के अपने कोने में पहुंचा,जहा मैंने कुछ पुरानी चादरों को तान कर अपना ‘तम्बू ‘ बना रखा था, बरसात के दिन थे! बाहर बरसात जोरों पर थी, नम वातावरण ठंड भरे माहौल में कम्बल ओढ़े कॉमिक्स पढने का मजा ही अलग था. बस मैंने वह हाहाकारी कॉमिक्स खोली जिसका नाम था ‘खाकी और खद्दर‘
! उफ़! जो एक बार कहानी पढनी शुरू की तो बस पढ़ता ही चला गया,यहाँ पहली बार पता चला कि डोगा इंसान है कोई जानवर जैसा अतिमानव नहीं, उसका मास्क देखकर मुझे अपनी बेवकूफी पर हंसी भी आई!
कहानी उस परिवेश की कहानी थी जो आज भी सामयिक है, राजनीति का गुंडाकरण!
पिसती आम जनता, इमानदार पुलिसियों की विवशता इस भ्रष्ट शाशन पर और डोगा के न आने की शपथ, हर पेज पर जुल्मो सितम देखकर खून उबलने लगा कि अब तो आ डोगा,
अब तो इंतिहा हो गई आजा, संवाद दर संवाद वजूद पर चोट करती कहानी में जब
आखिरकार सूरज ने डोगा का मास्क धारण किया तो मैंने जोर से किलकारी मारी... तो माँ ने डांट दिया पागल है क्य!?
चुप बैठ नहीं तो लप्पड़ लगाउंगी. मैं फिर चुप हो गया और कॉमिक्स में खो गया!
हां मार डोगा इसे और मार इस ‘पंड्या‘ का थोबड़ा तोड़ डाल ‘लॉयन‘ के साथ बहुत सही किया!
प्रेमसिंह को भी मारना ऐसे ही. और बस कॉमिक्स खत्म होते होते ‘डोगा‘ मेरा फेवरेट बन चुका था!
फिर उसके बाद मैंने डोगा की कॉमिक्स लेने के लिए चक्कर काटने शुरू कर दिए! एक से बढकर एक कहानियां मिलने लगीं जो जमीनी हकीकत से वास्ता रखती थीं. डोगा की बेहतरीन कॉमिक्स के नाम मै गिना नहीं सकता! मन को झकझोरने वाली कहानियों का सिलसिला जो शुरू हुआ तो थमा नहीं, मृत्युदाता, खून का खतरा, खुनी पहेलियां, तिरंगा, 786, वर्दी वाला डोगा,
चार किलोमीटर आगे, दो फौलाद,बोम्बे डाईंग, बटलर और भी ना जाने कितनी कॉमिक्स
जिनके नाम लिखना शुरू करूं तो शब्द कम पड़ जाएं, उन्ही दिनों ‘कारगिल‘ की जंग हुई थी, जिसके उपलक्ष में देशप्रेम से ओतप्रोत (वैसे डोगा की सभी कॉमिक्स देशप्रेम से ओतप्रोत ही होती थीं )
कॉमिक्स मिली ‘घुसपैठिया‘! एक बहुत ही भावनात्मक कहानी जिसने अंत तक बांधे रखा,
 इतना सजीव चित्रांकन के आँखे फटी की फटी रह जाएं. डोगा की कॉमिक्स के
जो सजीव चित्रंण इस दौर में ‘मनु‘ जी ने किये थे वह सभी उम्दा थे !
 खासकर भावनात्मक दृश्यों का चित्रांकन! गजब, गजब, गजब होता था,
डोगा को जैसी उम्दा कहानियां मिली ‘भरत जी और वाही जी‘ की बदौलत,
उतना ही उम्दा और सटीक चित्रांकन मिला और उतना ही शानदार रंग संयोजन.
डोगा के बारे में एक ख़ास बात जो थी वह यह के मेरे पिता जी को मेरे कॉमिक्स पढने से सख्त चिढ थी
(यह बात सभी कॉमिक फैन्स में कॉमन है) उन्हीं दिनों मैं डोगा की नयी कॉमिक्स लाया था
  ‘चार किलोमीटर आगे‘ कॉमिक्स में एक्शन की कमी थी किन्तु भावनाओं का तूफ़ान था उसमें!
एक नवजात कन्या शिशु की ह्त्या का केस सुलझाने में जुटा डोगा.
रात के खाने में जब पिता जी ने माँ के सामने उस कॉमिक्स का जिक्र किया तो मै हक्का बक्का रह गया,
वह माँ को उस कॉमिक की कहानी सुना रहे थे, कॉमिक्स से सख्त चिढ रखनेवाले पिताजी जब किसी कॉमिक्स की तारीफ़ करने लगे तो क्या बताऊं कि मुझे कितनी ख़ुशी हुयी.
उसके बाद जब भी पिताजी खाली समय में लेटते तो मुझे कहते कुछ कॉमिक्स देने के लिए!
मैं अन्य हीरोज की कॉमिक्स देता तो बिगड़ पड़ते ‘अरे! यह नमूनों की मत दे डोगा की दे खाली.
तो भाई यह है डोगा का जलवा, बरसों बाद जब मैं कॉमिक्स से फिर जुडा तब मुझे डोगा की ‘बोर्न इन ब्लड‘ सीरिज में फिर वही वही स्वाद मिला,
वही कहानी मिली और मैं दोबारा अपने हीरो से जुड़ गया. यह है डोगा को लेकर मेरा अनुभव.

रविवार, 8 जून 2014

फिल्म एक नजर में : हॉलिडे ( समीक्षा )

फिल्म एक नजर में : हॉलिडे .
कलाकार : अक्षय कुमार, सोनाक्षी सिन्हा, फ्रेडी दारूवाला,
सुमित राघवन, गोविंदा ( अतिथि भूमिका )

निर्माता : विपुल शाह,
निर्देशक : ए.आर.मुरुगादॉस




डायरेक्टर ए.आर. मुरुगादॉस ने ‘गजिनी ‘बॉलीवुड में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराकर एक प्रतिभाशाली निर्देशक होने का हिंट दे दिया था ,वही अब उनकी दूसरी फिल्म है ‘हॉलिडे ‘ जो के साउथ की उन्ही की फिल्म ‘थुपक्की ‘ का हिंदी रीमेक है ! आजकल यह चलन बहुत चला है साउथ की फिल्मो का रीमेक करना और फिल्मे बनाना ! किन्तु उनमे से कुछ ही फिल्मे अपना प्रभाव छोड़ पाने में सफल होती है !
अक्षय कुमार के फैन्स अक्षय को फिर एक्शन में वापसी करते देख खुश होंगे ! और वह भी टाईट स्क्रिप्ट के साथ जो आपको कही भी पलके झपकाने तक का अवसर नहीं देती .
कहानी पर आते है , हां शुरुवात भले ही टिपिकल मसाला फिल्मो की तरह हो और उबाऊ लगे किन्तु फिल्म शुरू होने के कुछ ही समय में फिल्म अपनी गति और मूल कहानी पर आ जाती है ,जो के इस फिल्म की यु एस पि कही जाएगी .
शुरुआती दस पंद्रह मिनट के बाद कहानी ऐसी रफ्तार पकड़ती है कि आप चाहकर भी हॉल से बाहर नहीं निकल पाएंगे।
कैप्टन ‘विराट बक्षी ‘( अक्षय कुमार ) जम्मू से छुट्टियों पर अपने घर आया है ,जहा उसके परिवार वाले उसकी शादी करवाने को आतुर है ! किन्तु विराट सीधी साधी लडकी के रूप में ‘साहिबा ‘ ( सोनाक्षी सिन्हा ) को रिजेक्ट कर देता है ,किन्तु कुछ घटनाओं के बाद उसका रवैय्या ‘साहिबा ‘ के लिए बदलता है ! लेकिन इस से पहले की प्यार की गाडी पटरी पकडती मुंबई में एक हादसा हो जाता है .
जिसके भुक्तभोगी बनते है विराट और उसका मित्र ‘मुकुंद ‘ ( सुमित राघवन ) ,मुंबई आतंकवादियों के निशाने पर है ! और इसी के तहत एक बस में विस्फोट होता है जिसके बाद विराट विस्फोट करवानेवाले आतंकवादी को पकड़कर पुलिस में सौंप देता है .
किन्तु टेररिस्ट हिरासात से भाग जाता है ,लेकिन वह फिर विराट के हत्थे चढ़ जाता है ! और विराट को सिस्टम के कुछ लोगो का इन आतंकवादियो से मिले होने का लिंक मिलता है ,जिसके बाद वह ख़ुफ़िया तौर पर उस आतंकवादी को अपने घर पर बंदी बनाता है और उस से उनका प्लान जानता है .
मुंबई में स्लीपर सेल एक्टिवेट है ,जो कई सालो से मुंबई में गुप्त रूप से एक भयानक वारदात को अनजाम देने हेतु तैनात है ! अब विराट के सामने समस्या है इन हमलो से निपटने की ,किन्तु इस भ्रष्ट सिस्टम पर उसे येन नहीं इसलिए वह अपने बैच के साथियो की मदद लेता है ! और उनकी मदद से स्लीपर सेल के बारह आतंकवादियों को वारदात के पहले ही मार गिराता है ! जिसके बाद विराट और उसके साथी फिर भूमिगत हो जाते है .
स्लीपर सेल का सरगना इस बात को सहन नहीं कर पाता और वह अपनी स्लीपर सेल के कातिलो की तलाश में मुंबई आता है ,और अपनी चालो के जरिये वह विराट के गिरहबान तक पहुंचता है ! जिसके बाद विराट उसके कब्जे में है और मुंबई पर फिर से आतंक के बादल मंडरा रहे है जिसका मोहरा ‘विराट ‘ बनने जा रहा है .
फिर क्या होता है ? क्या स्लीपर सेल अपने उद्देश में कामयाब होता है ?
फिल्म की कहानी इतनी जबरदस्त गति से आगे बढती है के दर्शक मंत्रमुग्ध हो जाता है ! स्लीपर सेल को खत्म करने की प्लानिंग वाकई बहुत शानदार है और आप तारीफ किये बिना नहीं रह पायेंगे ! फिल्म में रोमांस तो है लेकिन वह बोर नहीं करता बल्कि फिल्म को हल्का फुल्का बनाये रखता है ,मेहमान कलाकार के तौर पर गोविंदा अच्छा मनोरंजन करते है ,जब भी गोविंदा और अक्षय की जुगलबंदी नजर आई है दर्शक हंसने पर मजबुर हो जाता है ,सोनाक्षी और अक्षय की जोड़ी भी एंटरतेन करती है .
काफी सामय बाद अक्षय की की कोई ऐसी फिल्म आई है जो दर्शको के जेहन में रहेगी ! गीत संगीत पक्ष औसत है ,कुछ दृश्य बेवजह है फिल्म की लम्बाई ही बढाते है किन्तु उन्हें आसानी से नजरअंदाज किया जा सकता है .
बहरहाल बढ़िया मनोरंजक फिल्म ,एक्शन और थ्रिलर के शौकिनो के साथ साथ यह फिल्म सभी दर्शक वर्गों को पसंद आने का माद्दा रखती है ,देख लीजिये .
चार स्टार ( एक्शन ,थ्रिलर ,स्क्रिप्ट के लिए )
देवेन पाण्डेय

मंगलवार, 3 जून 2014

फिल्म एक नजर में : नदिया के पार ( १९८२ )




फिल्म एक नजर में : नदिया के पार ( १९८२ )

 ‘’केशव प्रसाद मिश्र ‘’ के उपन्यास ‘कोहबर की शर्त ‘ पर आधारित फिल्म ‘नदिया के पार ‘ जो १९८२ में रिलीज हुयी और काफी सराही गयी और सफलता के कीर्तिमान भी रचे ! फिल्म सभी तरह के लोगो को पसंद आई और सभी के ...दिल को छुवा ,इसी कहानी को आधार बनाकर बाद में ‘राजश्री प्रोडक्शंन ‘ ने ‘हम आपके है कौन ‘ जैसी भव्य फिल्म बनायी जो भारतीय सिनेमाई इतिहास में करिश्मा ही है !
किन्तु इसके बावजूद मुझे ‘हम आपके है कौन ‘ इतनी पसंद नहीं आई जितनी के ‘नदिया के पार ‘ ( बिना शक के हम आपके है कौन एक बढ़िया फिल्म है और हमेशा रहेगी ) लेकिन मुझे नदिया के पार की सरलता अधिक प्रिय है भव्यता के बजाय ! गाँव देहात की खुश्बू ,संस्कृति ,शादी बियाह ,रस्मो रिवाजो से जितनी यह फिल्म जोडती प्रतीत होती है उतनी वह नहीं ,खैर यहाँ तुलना करना मेरा मकसद नहीं है इसलिए इस विषय को यही समाप्त करते हुए आगे बढ़ते है और बात करते है फिल्म की उन खूबियों को जिसने इसे एक मिल का पत्थर और क्लासिक का दर्जा दे दिया .
इसके चरित्र ,इसकी घटनाए ,इसका परिवेश ,इसका अभिनय ,मानो सब कुछ सजीव सा हो ,कही भी कोई अभिनेता नजर नहीं आता फिल्म देखते वक्त नजर आते है तो सिर्फ नैतिक रूप से सदृढ़ प्रेमी एवं प्रेमिका ,अपने भाई को निस्वार्थ प्रेम करनेवाला बड़ा भाई ! अपने परिवार को ममता से सींचने वाली माँ सामान ‘भाभी ‘ थोड़े से नटखट ,शरारती किन्तु दिल के स्वच्छ काका जी .
फिल्म की खुबिया गिनाने के लिए हमारे पास शब्दों की कमी हम साफ़ महसूस कर रहे है ! कहानी भी बिना किसी लाग लपेट या जटिल जबरदस्ती की भावनाए दिखाए बगैर एक सीधी सी दिल को छू लेती और एक आदर्श निर्माण करती सी है .
फिल्म की कहानी तो लगभग सभी जानते है ,
ओमकार और चन्दन दो भाई है जो अपने काका के साथ एक गाँव में सीधा साधा जीवन जीते है ! मेहनत ही जिनका एकमात्र ध्येय एवं आपसी प्रेम ही जिनकी एकमात्र पूंजी है ,ओमकार जहा सीधा साधा है है वही छोटा भाई चंदन ( सचिन ) शरारती एवं चंचल है ! किन्तु दिल का साफ़ है ,
एक दिन काका की तबियत खराब होने पर दोनों भाई चौबेपुर के वैद्य जी के पास जाते है जो नदी के उस पार है !
गाँव में कदम रखते ही चन्दन और ओमकार का सामना होता है वैद्य जी की छोटी बेटी गूंजा से , जिसकी शरारतो का शिकार होकर दोनों भाई वैद्य जी के पास पहुँचते है , वैद्य जी को ओमकार का व्यवहार भा जाता है और वे अपनी बड़ी बेटी के रिश्ते की बात ओमकार के काका से चलाते है ! जो आगे चलकर विवाह में बदल जाता है ,परिवार में एक बहु के आ जाने के बाद परिवार का सूनापन खत्म हो जाता है और चन्दन को भाभी के रूप में एक ममतामयी छाँव मिल जाती है और ओमकार को पत्नी के रूप में संगिनी !
दोनों परिवारों में रिश्ता जुड़ने से चन्दन का अक्सर नदी पार आना जाना होने लगता है और इन मुलाकातों से चंदन और गूंजा एकदूसरे के करीब हो जाते है और एकदूसरे से प्रेम करने लगते है .
समय पश्चात इनका प्रेम और प्रगाढ़ होते जाता है और चन्दन एक भतीजे का चाचा भी बन जाता है ! अब परिवार में नए सदस्य के आने से सभी खुश है लेकिन अचानक खुशियों को नजर सी लग जाती है ,और मायके में हुयी दुर्घटना में भाभी की अकस्मात मृत्यु हो जाती है .
भाभी की मृत्यु के पश्चात चंदन अपने भाई की चिंता में टूट सा गया है ,और वहा बच्चे के भविष्य हेतु दोनों परिवारों की रजामंदी से ओमकार के साथ ‘गूंजा ‘ का विवाह तय हो जाता है ! चंदन अपने भाई की खुशियों खातिर कुछ नहीं कहता एवं मौन रहकर इस निर्णय को स्वीकार कर लेता है ,सच्चाई पता चलने पर गूंजा भी चन्दन का निर्णय मान लेती है ,
किन्तु विवाह के समय दोनों के प्रेम के विषय में ओमकार को पता चल जाता है और वह अपने भाई से गूंजा की शादी करवा देता है ,और कहानी का सुखमय अंत होता है .
स्वर्गीय निर्देशक गोविंद मूनिस जी के बेहतरीन निर्देशन की जितनी प्रशंशा की जाए उतनी ही कम है ,फिल्म में कही भी बनावटीपण नहीं है , फिल्म में यही बात दिल को छूती सी प्रतीत होती ! फिल्म की अधिकांश फिल्मांकन
जौनपुर क्षेत्र के गाँवों में हुवा है तो फिल्म देखते वक्त आपको यदि गाँव की मिटटी की सुगंध आये तो समझ लीजिये आप इस फिल्म का हिसा बन चुके है , महिला किरदारों में आप स्वाभाविक सुन्दरता पायेंगे नाम मात्र के मेकअप में और चटखीले कपड़ो के बजाय साधारण से कपड़ो में, चलने बोलने के ढंग में नखरो के बजाय गाँव की छोरियों सी सुघड़ता कही भी आपको इन किरदारों के अवास्तविक होने का अहसास नहीं होने देती ! चन्दन के किरदार में सचिन कही भी आपको उत्तर भारत से बाहर का व्यक्ति नहीं लगता, दिल जीत लेता है पूरी फिल्म में चाहे अपनी भौजी के प्रति उसका प्रेम हो चाहे बड़े भाई के प्रति सम्मान चाहे गूंजा के प्रति उसका निश्छल प्रेम , संवाद मानो लिखे ना होकर सीधे उतारे गए हो ,
गीत संगीत पक्ष भी उतना ही मजबूत है जितना की फिल्म की कहानी या अभिनय ! इन गीतों के बगैर फिल्म अधूरी सी होती ,हर गीत कर्णप्रिय एवं सदाबहार है ,जिसे बारम्बार सुना जा सकता है ,ओमकार की शादी के दौरान गया गीत ‘जब तक पुरे ना हो फेरे साथ ‘ शादी बियाह को और रस्मो को बहुत बढ़िया तरीके प्रस्तुत करता है, वही चंदन का अपने भाभी के प्रति प्रेम दर्शाता और उसकी भावनाओं का वर्णन करता गीत ‘’ साँची कहे तोहरे आवन से हमरे अंगना में आईल बहार भौजी ‘ हो !
या फिर गूंजा और चन्दन के प्रेम का इजहार करता गीत ‘कौन दिसा में लेके चला रे बटोहिया ‘
बहुत ही प्यारा और आत्ममुग्ध करता सा गीत है ,होली के मौको पर जहा अन्य क्षेत्रीय फ़िल्मकार अपनी फिल्मो में द्विअर्थी एवं अश्लील गीतों को तरजीह देकर बट्टा लगाते है वही इस फिल्म में मस्तीभरा गीत ‘’जोगी जी धीरे धीरे जोगीजी वाह जोगीजी ‘ पूर्ण रूप से गरिमामयी और नटखट है .बिछोह के दौरान आया हुवा गीत ‘गूंजा रे ‘’ ,चन्दन और गूंजा के आपसी भावनाओं को उजागर करता है एकदूसरे के प्रति .
साधना सिंग की सरलता और सचिन का अभिनय तो फिल्म को वास्तविक बनाता ही है किन्तु अन्य कलाकारों का अभिनय भी फिल्म को मजबूत बनाता है , फिल्म में जौनपुर के गाँवों की वास्तविक लोकेशन चाहे वह सफ़ेद मिटटी के घर हो ,नदिया ,कच्ची पगडंडी हो ,साँझ की मद्धिम रौशनी हो ,या रात्री की चांदनी उजियारा आपको 'नास्टेलजिक' बना ही देती है .
ऐसी फिल्मो की समीक्षा करने की कुव्वत मुझमे नहीं है ,

 इसलिए इस फिल्म को मै पांच में दस स्टार देना चाहूँगा .
 
 


 

‘’ दी अमेजिंग स्पाईडर मैन 2’’ अपने प्रथम भाग के मुकाबले कही ज्यादा बेहतर बनी है .

इस साल मार्वल की कई बड़ी सुपर हीरोज फिल्मो का दर्शको को बेसब्री से इन्तेजार है ! जिनमे से इस साल की पहली दो फिल्मे आ चुकी है ,प्रथम फिल्म थी ‘कैप्टेन अमेरिका : विंटर सोल्जर ‘ जो काफी पसंद की गयी औ...र सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर गयी .
इसी क्रम में आई है ‘’ दी अमेजिंग स्पाईडर मैन 2’’ ! जब इस फिल्म के पहले भाग के लिए ‘टॉबी ‘ के बजाय ‘एंड्रयू गारफील्ड ‘ को चुना गया था ,तब कई लोगो को शंका थी के शायद ‘एंड्रयू ‘ इस रोल के साथ न्याय न कर सके .
लेकिन ऐसा नहीं हुवा ! फिल्म आने के बाद सभी की शंका निर्मूल साबित हुयी और ‘एंड्रयू ‘ स्पाईडर मैन ‘ के रोल में छा गए थे ,हालांकि आलोचकों को फिल्म उतनी रास नहीं आई थी ,
यहाँ यह बात साफ़ कर देना चाहूँगा के ‘’ दी अमेजिंग स्पाईडर मैन 2’’ अपने प्रथम भाग के मुकाबले कही ज्यादा बेहतर बनी है .
ज्यादा भूमिका न बांधते हुए सीधे कहानी पर आते है ! पिटर पार्कर उर्फ़ स्पाईडर मैन ,अपनी निजी जिन्दगी और सुपरहीरो वाली जिन्दगी के बिच संतुलन बनाने की कोशिश में आये दिन समझौते कर रहा है ! जिसका असर उसकी जाती जिन्दगी और रिश्तो पर भी पड़ रहा है , पिटर ‘ग्वेन ‘ को बहुत चाहता है ,किन्तु ग्वेन के पिता को दिए हुए वचन की वजह से पिटर और ग्वेन का ब्रेक अप हो जाता है .
पिटर अपने माता पिता की मृत्यु के पीछे का सच जानने को उत्सुक है ! जिसकी वह छानबीन कर रहा है , वही दूसरी और पिटर का बचपन का मित्र ‘हैरी ओस्बोर्न ‘ अपने पिता की गंभीर विकृति के चलते हुयी मौत से परेशान है , अब वह ‘ओस्कोर्प ‘ का सी .ए .बन चूका है ,किन्तु उसे भी अपने पिता की बिमारी विरासत में मिली है ! जिस वजह से वह कभी भी मर सकता है ,उसे अपनी जिन्दगी बचाने का एक ही रास्ता नजर आता है और वह है स्पाईडर मैन का खून ,
जिसके जरिये वह अपने शरीर में इस रहस्यमय बिमारी से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता विकसित करना चाहता है ! और वह इसके लिए पिटर की मदद लेता है ,पिटर इस के पक्ष में नहीं है ,उसका मानना है के स्पाईडर मैन का डीएनए हो सकता है के हैरी पर बहुत बुरा असर करे ! लेकिन हैरी नहीं मानता ,वही दूसरी और स्पाईडर मैन का सनकी प्रशंशक ‘मैक्स ‘ जो के हैरी की कम्पनी ओस्कोर्प में कर्मचारी है, की एक दुर्घटना की वजह से पहचान बदल जाती है ! और वह एक इंसान से ‘विद्युत् मानव ‘ में तब्दील हो जाता है ,कुछ गलतफहमियो के बाद वह स्पाईडर मैन के प्रशंषक से उसके दुश्मन में बदल जाता है ,किन्तु स्पाईडर मैन बड़ी मुश्किल से उसपर काबू पाकर उसे कैद कर लेता है ,हैरी को ओस्कोर्प में हुयी इस दुर्घटना के बारे में नहीं पता ! और जब उसे पता लगता है तब उसे ओस्कोर्प से निकाल दिया जाता है और उसके सारे अधिकार छीन लिए जाते है ,अब हैरी स्पाईडर मैन का खून हासिल करने के लिए ‘विद्युत् मानव ‘ इलेक्ट्रो ‘ उर्फ़ मैक्स से मदद लेता है और उसे आजाद करवाता है ,जिसके बाद उसे किसी तरह से डीएनए प्रप्त हो जाता है ,किन्तु उसके प्रयोग से उसमे भयंकर बदलाव हो जाते है और वह एक खतरा बनकर उभरता है, जो स्पाईडर मैन को एक कभी न भर सकनेवाला घाव देकर अपना बदला लेता है !
इन ताकतवर दुश्मनों से कैसे स्पाईडर मैन निपटता है और लोगो में अपने प्रति भरोसा कायम रखता है यही शेष कहानी है .
फिल्म के द्वितीय भाग में पिटर के जीवन का सबसे बड़ी अनसुलझी पहेली यानी उसके माता पिता की मौत की वजह भी पर्दों से बाहर आती है ,पिटर के माता पिता की मौत का सम्बन्ध ‘ओस्कोर्प ‘ जुड़ता है ! फिल्म बहुत बढ़िया बन पड़ी है ,फिल्म में सिर्फ एक्शन दृश्यों पर ही ध्यान दिया गया है ऐसा नहीं है ,फिल्म भावनात्मक रूप से भी जोड़े रखती है , पिटर और ग्वेन का रोमांस भी फिल्म का एक अहम हिस्सा है जो स्पाईडर मैन की विवशता भी दिखाता है !
फिल्म के एक्शन दृश्य लाजवाब बन पड़े है ! थ्रीडी में इसके इफेक्ट्स निखर कर सामने आते है ,पहली फिल्म के मुकाबले यह फिल्म काफी आगे है और अच्छी बन पड़ी है !
फिल्म के अंतिम क्षणों में स्पाईडर मैन का फिर से लौट कर आने का अंदाज काफी पसंद आएगा जहा एक नए खलनायक ‘’राईनो ‘’ को भी दिखाया गया है .
पूरी तरह से मनोरंजक फिल्म है चाहे एक्शन हो चाहे इमोशन चाहे रोमांस यहाँ तक की कॉमेडी भी ,हर तरह का स्वाद है सामान रूप से .
कैप्टन अमेरिका : विंटर सोल्जर से ज्यादा तो नहीं किन्तु उस से कम भी नहीं है ! देख सकते है .
साढ़े चार स्टार ( सुपरहीरो फिल्म की कैटेगरी के हिसाब से )
आधा स्टार इसकी गति के लिए कम हो गया ,फिल्म मध्यांतर के बाद गति पकडती है .
देवेन पाण्डेय

गुरुवार, 6 फ़रवरी 2014

मोबाईल ले लो ,टैबलेट ले लो !



कल्पना कीजिये !!! जिस तरह से आज घर घर सब्जी वाले या फेरीवाले अपना सामान बेचते है !
यदि ऐसा ही रहा तो वह दिन दूर नहीं जब हमें लैप्टॉप ,मोबाईल ,कम्प्यूटर भी घर पे मिलेंगे
वह भी भाव ताव के साथ ! आपकी पसंद होगी के आपको कौन सा गैजेट कौन से भाव में चाहिये ,
ईस डिजिटल क्रान्ति की वजह से बड़ी बड़ी कम्पनिया आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते 
काफी कुछ समझौते कर लेगी
( वैसे भी हमने कुछ लोगो को मोबाईल्स ,टैब ,सडक पर बेचते देखा है ,मुंबई में यह नज़ारे आम मिल जायेंगे , )
कल्पना कीजिये एक ऐसा ही विक्रेता आपके घर आया है .
विक्रेता : मोबाईल ले लो ,टैबलेट ले लो ! किलो का माल पाँव के दाम में ले लो .
ग्राहक : ऐ भईया ! कौन कौन से टैबलेट है आपके पास ?
विक्रेता : साहब जी अभी फिलहाल तो ‘सिमसिंग ,इप्प्ल , लेच पी ‘ का है जी !
 फ्रेश माल है जी ताज़ी ताज़ी एकदम कल ही मंडी से उठाया है .
ग्राहक : अरे लेकिन यह मोडल तो पिछले महीने का है !
 और आप बता रहे हो कल ही उठाया है मंडी से .
विक्रेता : बाबूजी ,डिमांड है माल की इसलिए बिक रहा है ,यह ‘’लेच पी ‘’ 
ले लीजिये सस्ते में पड़ेगा .
ग्राहक : अच्छा दिखाओ .
विक्रेता अपनी टोकरी निचे करते हुये ,अब वह टोकरी में से लेच पी के टैब निकाल रहा है .
ग्राहक : अरे वह वाला मत दो , यह नया पेडी पैक वाला दिखाओ ,
विक्रेता : बाबूजी वह भी नया है ,अभी मोहल्ले में चार बहनों ने खरीदा है ,
खरीदारी में देखते वक्त बक्सवा तनिक मुड गया है .
ग्राहक : इसके फीचर क्या है ?
विक्रेता : साहब इसमें पांच मेगा पिक्सल का रियर  कैमरा ,दो मेगा पिक्सल फ्रंट ! 
एल इ डी फ्लैश के साथ ! अन्द्रोयिद का पचासवा संस्करण है जी इसमें ! 
डेढ़ गीगा हर्ट्स का फाईव कोर प्रोसेसर ,थ्रीडी एवं सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जी ,
साथ इंच की कैपेसिटिव टच स्क्रीन ...औ
र भी बहुत कुछ .
ग्राहक : यह तो ‘सिमसिंग ‘ महागैलेक्सी टैब में भी मिल रहा है ! 
अभी तो कलुवा के ठेले से पड़ोस के जानकी बाबु ने ख़रीदा था कल .
विक्रेता : वह ससुरा मार्केट से  फालटी पीस उठा कर बेच देता है और कौनो गारंटी भी नहीं देता ! 
हम पुरे एक साल का गारंटी देता हु पेपर का साथ ,
और सिमसिंग का मार्किट अब कहा रहा बाबु ?
 ऊ तो बस अपना स्टाक खपा रहा है .
ग्राहक  : ‘लोकिया ‘ कितने में मिलेगा ?
विक्रेता : बाबु ‘लोकिया ‘ सस्ते में मिल जायेगा ! 
होलसेल भाव में है जी ,लेकिन उसमे वह बात नहीं है , 
पिछले महीने ही क्विंटल भर माल मंडी से उठाये थे ! आधी बिक्री भी नहीं हुयी ,
अगला आर्डर कैंसिल कर दिये है .
ग्राहक : बाते ना बनाओ भाई ! हम अच्छे से जानते है पिछली बार 
श्रीमती जी को सिमसिंग कह कर ‘’मिनी मैक्स ‘’चिपका दिये थे मंडी वाले .
विक्रेता : ऐसा खोटा काम हम नहीं करते बाबूजी ! आप तो हमें जानत हो ,
शाम को चौराहे की मंडी में ठेला लगावत है ! 
कौनो शिकायत मिले पिस में तो चले आईयेगा बदल कर मिल जायेगा .
ग्राहक : अच्छा ठीक है ‘लेच पी ‘ का भाव है ?
विक्रेता : पांच सौ सत्तर रूपये पर पिस साहब .
ग्राहक : अरे अभी परसों तक तो साढ़े तीन सौ में मिल रहा था बजार में .
विक्रेता : साहब परसों तक माल से बजार अटा पड़ा था ! 
किन्तु जमाखोरों ने आफत मचा रखी है , अब माल मुश्किल से मिलता है जी ,
जहा पहले तीन सौ में माल खरीद कर साढ़े तीन में बेचते थे अब पांच  सौ में खरीदी पड़ रही है ,
अब हम मुनाफा छोड़ डे तो कैसे चलेगा .
ग्राहक : अच्छा चलो आठ सौ लगा दो तो दो लेते है .
विक्रेता : सब आठ सौ में नहीं परवडेगा ! खरीदी भी नहीं निकल पाएगी ,
मुनाफा तो दूर की बात है .
ग्राहक : तब जाने दो भाई , करीम से ले लूँगा .
विक्रेता : करीम से नहीं ले पायेंगे उसने ईस बार ‘लेच पी ‘ का माल ही नहीं उठाया ! 
‘’कोर्बन –लोवा ‘ के माल उठा रहा है ,आप ले लीजिये जी वह बजट में पड़ेगा आपके ! 
लेकिन क्वालिटी माल की उम्मीद ना करे .
ग्राहक : अच्छा ठीक है ठीक कुछ तो भाव ताव करो भाई .
विक्रेता : साब धंदे का टाईम है इसलिए ज्यादा बहस नहीं करूँगा ! 
साठ रूपये कम दे दीजियेगा .कम से कम कमाई कुछ तो मिलेगी ,
अब ईस से कम नहीं होगा ,कहे तो दू नहीं तो अगले मोहल्ले में कई लोगो ने कहा है ‘लेच पी ‘ के लिये .
ग्राहक ( पैसे निकालते हुये ) : अच्छा ठीक है यह लो ,
 मज़बूरी है इसलिए लूट मचा रखी है सबने .अरे कम से कम थैली में 
तो दो उसके पचास पैसे भी बचाओगे का ?
विक्रेता ने दो लेच पी के टैब निकाले ,एवं टोकरी में से एक तुड़ी मुड़ी थैली में डाल कर दे दिया .

विक्रेता ( एक रसीद लिखते हुये ) : साहब यह लीजिये आपकी  गारंटी की रसीद ,
धन्यवाद .
इतना कह कर वह अपनी टोकरी उठा कर अगली गली में चल दिया ,
आवाज लगाते हुये .
(नोट : तस्वीर प्रतीकात्मक है ,वह कोई विक्रेता नहीं है ! हमने ही खिंची है )
समाप्त

रविवार, 19 जनवरी 2014

मेरी नये साल के आगमन पर प्रकाशित रचनाये ,

''रुबरु दुनिया '' के 'दिसंबर ' अंक में प्रकाशित मेरी द्वितीय रचना !
 भोपाल से  प्रकाशित होनेवाले मासिक ''रुबरु दुनिया '' के 'दिसंबर ' अंक में प्रकाशित मेरी द्वितीय रचना !
इसी के साथ मेरी तृतीय रचना भी प्रकाशित हुई मुम्बई से प्रकाशित मासिक पत्रिका '' सुलभ सुरभि '' में।
एवं पुन: 'रुबरु दुनिया ' के जनवरी अंक में मेरी एक कहानी प्रकाशित हुई।
नये साल कि शुरुवात काफी सुखद रही।

'रुबरु दुनिया ' के जनवरी अंक में मेरी एक कहानी
'रुबरु दुनिया ' के जनवरी अंक में मेरी एक कहानी


मुम्बई से प्रकाशित मासिक पत्रिका '' सुलभ सुरभि '' में।

सोमवार, 13 जनवरी 2014

''धूम 4'' की समीक्षा ( व्यंग्य )

{ आनेवाली फिल्म की समीक्षा )
नोट : यह समीक्षा मै अपने मित्र 'यूधवीर सिंग ' को समर्पित करना चाहूँगा .
धूम फोर : फिल्म एक नजर में ,
धूम थ्री की अपार सफलता के साथ ही फिजा में  सुगबुगाहट और उत्सुकता फ़ैल रही थी धूम की अगली फ्रेंचाईजी के बारे में ! लोगो ने कयास लगाने शुरू कर दिये थे ,
धूम सीरिज में जॉन अब्राहम ,ऋतिक रोशन ,
एवं आमिर खान ने अपना करिश्मा बतौर खलनायक दिखाया ,
''धूम 4'' की समीक्षा ( व्यंग्य )
 फिल्म स्टार्स धूम सीरिज में नायक की बजाय खलनायक की भूमिका में दिलचस्पी लेने लगे ,
इसी बिच अगली फिल्म के लिये शाहरुख़ का नाम भी फाईनल हुवा था ,
किन्तु बाईक्स और कुछ एक्शन दृश्यों को फिल्माते समय उनकी बूढी हड्डियों ने जवाब दे  दिया
और मजबूरन उन्हें बेड रेस्ट लेना पड़ा ,
जिसकी वजह से उनकी अगली फिल्म 'दोस्ताना थ्री '' भी खटाई में पड़ गई ,
ज्ञात हो के दोस्ताना थ्री में शाहरख के अपोजिट करन जौहर भी एक रोमांटिक भूमिका में थे .
खैर जब बात आगे बढ़ी तो सलमान का नाम फाईनल हुवा ,
किन्तु सलमान ने शर्त रखी के फिल्म में बाईक्स के अधिकतर दृश्यों में वे शर्ट लेस रहेंगे ,
किन्तु निर्माता ईस बात पर राजी नहीं थे लेकिन सल्लू भक्तो के चलते उन्होंने मांगे मान ली
 और सलमान फाईनल कर लिये गये !
क्लाईमेक्स में सलमान मरने को राजी नहीं हुये और तो और उन्होंने हिरोइन के लिये एक नई लडकी का भी सुझाव दिया जिसपर निर्माता ने उन से हाथ जोड़ना ही बेहतर समझा ,
अक्षय कुमार को ईस फिलम के लिये फाईनल किया गया ,और फिल्म कैसी बनी है वह आपके सामने है !
फिल्म ने पहले ही दिन सौ करोड़ की कमाई कर के आजतक के सारे रिकोर्ड्स ध्वस्त कर दिये है !
स्टीवन स्पीलबर्ग को भी धूम के दौरान अपनी महत्वकांशी फिल्म 'अवतार टू '' को प्रदर्शित करने का खामियाजा एक जबर्दस्त फ्लॉप के रूप में भुगतना पड़ा ,जिसके बाद उन्होंने भारतीय दर्शको की महत्ता को समझा और स्व राजेश खन्ना अभिनीत फिल्म 'अवतार ' के रीमेक के राईट्स भी खरीद लिये .
खैर फिल्म की कहानी पर आते है , फिल्म के शुरवाती दृश्यों में ही
एक बहुत ही खूंखार इंटर नैशनल खिलाड़ी के हाथो एक पुलिसवाले की हत्या होती है ,
मृतक पुलिसवाला 'अली ' ( उदय चोपड़ा ) की मौत से इंस्पेक्टर 'जय ' को सदमा लगता है ( अभिषेक )
 जिसके चलते वह पागलखाने में एडमिट हो जाता है ,
वही खुद को खिलाड़ी कहनेवाला व्यक्ति ( अक्षय ) स्विस बैंक लूट लेता है ,
स्विस बैंक लूटने के बाद सारी दुनिया की पुलिस उसके पीछे लग जाती है ,
किन्तु वह सबसे बचते हुये लूटा हुवा धन लेकर भारत पहुँचता है ,
स्विस बैंक से लूटा हुवा पैसा असल में भारत का ही '' काला धन '' है
जिसे खिलाड़ी वापस भारत लाता है ,
लेकिन यहाँ आकर वह चारो ओर से घिर जाता है !
क्योकि उसने अब तक जिन दुश्मनों से मुकाबला किया वे सभी हाईटेक थे ,
लेकिन भारत में विलेन्स की एक जमात बैठी हुयी थी जिनका मकसद था,
 जनता का पैसा स्विस बैंक में जमा करना और देश को हजारो करोडो के कर्ज में डुबोना !
खिलाड़ी के दिये हुये पैसे फिर से स्विस बैंक पहुंचाने प्रयास होता है ,
अब खिलाड़ी कैसे इन पैसो को फिर से देश से बाहर जाने से रोकता है यही कहानी है .
फिल्म में अली की शुरवाती मौत के दृश्यों में दिखाई गई विभत्सता से बचा जा सकता था !
किन्तु निर्माता का कहना था के दर्शको की भावनाओं को झकझोरने के लिये अली की वैसी मौत जरुरी थी .
 रही बात जय की ,तो वह अपनी नाकामी से शुब्ध होकर अंत में खिलाड़ी से मिल जाता है!
 और एक नये विलेन के रूप में उभरता है ! अब खिलाड़ी और अभिषेक साथ है ,
लेकिन यहाँ पर पुलिस डिपार्टमेंट भी एक शातिराना चाल चलती है ,
और पहले भाग में पहाड़ी से गिरते ही निचे मौजूद पानी में गिरकर बच जानेवाले कबीर ( जॉन ) ,
और धूम टू में शराफत की जिन्दगी जीने की कोशिश करनेवाले ऋतिक ,
धूम थ्री  में पहाड़ी से निचे कूदने पर भी बच जानेवाले साहिर और समर के साथ
 मिलकर एक टीम बनाते है जो अब अभिषेक और खिलाडी को रोकेगी ,
ईस भयानक जंग में मिग जहाजो पर फिल्माए गये एक्शन दृश्य बहुत ही जबर्दस्त बन पड़े है ,
क्लाईमेक्स में इसरो द्वारा छोड़े जा रहे मंगल यान की सतह पर जब खिलाड़ी अपने सभी प्रतिद्वंदी से लड़ता है तो तकनिकी दृष्टि से वह दृश्य होलीवूड को भी मात देता नजर आता है ,
फिल्म के एक्शन दृश्य और अक्षय की अदाकरी फिल्म की जान है ,
हिरोइन के तौर पर 'रवीना टंडन 'शिल्पा शेट्टी ,प्रियंका चोपड़ा ने भी जबर्दस्त अभिनय किया है !
फिल्म की यु एस पी है सनी लियोन पर फिल्माए इमोशनल दृश्य !
उन्हें जरुर फिल्मफेयर अवार्ड मिलेगा उनकी गजब की परफोर्मेंस देखकर
 भंडारकर ने उन्हें अपनी अगली फिल्म '' इस रात की सुबह नहीं '' के लिये साईंन  किया है !
ट्रेड विश्लेशको के अनुसार यह फिल्म पहले ही हफ्ते में एक हजार करोड़ का  कलेक्शन कर लेगी .
संगीत पक्ष काफी जानदार रहा है ! ईस बार धूम सोंग हिमेश रेशमिया के संगीत से सजा है ,
उदित नारायण ,कुमार सानु ने अपनी पूरी जान लगा दी है ,
पंकज उधास जी का द्वारा गया गीत 'धूम मचा ले '' दर्शको के जेहन में छाप छोड़ जाता है
अवश्य देखे ,
फिल्म को पांच में से छ स्टार दिये जाते है .
देवेन पाण्डेय

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *