देवेन पाण्डेय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
देवेन पाण्डेय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 27 दिसंबर 2018

तुंगनाथ चोपता यात्रा - 1

तुंगनाथ प्रवेश द्वार 
बर्फ की सफ़ेद चादरों से ढंका तुंगनाथ मंदिर 
ट्रेकिंग के पहले एक बार जी भर कर नज़रों को कैद करने की इच्छा 



कैम्प परिसर से दिखाई देती केदार पर्वत श्रृंखला 







हमारा शानदार कैम्प 

आखिरकार एक वर्ष की प्रतिक्षा और बनती बिगड़ती अनिश्चित योजनाओं के पश्चात आखिरकार इस दिसम्बर में
चोपता-तुंगनाथ जाने की योजना सफल हुई। मैंने अपने जीवन मे प्रथम ही बर्फ की सफेद चादर देखी थी।
मैंने ऋषिकेश से एक कैब बुक कर रखी थी जिसमे वापसी किराया शामिल था। बस वगैरह की सुविधा थी लेकिन
वो थोड़ा अनिश्चित एवं भागदौड़ भरा पर्याय लगा इसलिये खुद की कैब ज्यादा सुविधाजनक लगी भले पैसे थोड़े
तुंगनाथ ट्रेकिंग से पहले ही मनोरम दृश्य 
ज्यादा खर्च करने पड़े।
ऋषिकेश से चोपता तक का लगभग 200 किमी का अंतर मानो कटने का नाम ही नही ले रहा था,
मैंने अनुमान लगाया था के 50 किमी प्रतिघन्टा भी यदि कैब चली तो भी अधिकतम 5 घण्टो में हम चोपता में रहेंगे,
 लेकिन सारा गणित तब बिगड़ गया जब गाड़ी 30 किमी प्रतिघन्टा के हिसाब से चलने लगी।
ऊपर से चार धाम योजना सड़क निर्माण के कारण जगह जगह कटिंग चल रही थी, जिस कारण हमें
उकीमठ पहुंचने तक ही अच्छी खासी रात हो गई, रास्ते मे जब थकान अधिक हो गई तब एक छोटे से
 होटल में रुक कर गरमागरम चाय और मैगी का नाश्ता किया, मैंने इतना स्वादिष्ट मैगी आज तक नही खाया था,
मन प्रफुल्लित हो गया, इस समय तक हवा में ठंडक भी काफी हो चुकी थी। 
हम पुनः अपनी कैब में सवार हो अपनी मंजिल की ओर चल पड़े, सात घण्टे बीत चुके थे,
कुछ घण्टो बाद हम उकीमठ पहुंचने वाले ही थे के कैब के सामने ही रास्ते के मध्य एक जीव ने छलांग लगाई।
हमारी सांसे तब रुक गई जब उसे गौर से देखा। वह एक बाघ था, बाघ को पिंजरे में और फिल्मों में देखना अलग बात है,
इसके लिए तो शब्द ही नही 
और चलते रस्ते में देखना अलग। हमारी सिट्टी पिट्टी इस शानदार जीव को देखकर गुम हो गई थी,
खैर बाघ को हमसे कोई फर्क नही पड़ता था तो वह चुपचाप सड़क पर करके झाड़ियों में कही गुम हो गया,
तब ड्राइवर ने बताया के यहां बाघ वगैरह सामान्य बात है, चोपता में भी पहाड़ो पर बर्फ जमने के बाद बाघ नीचे उतर आते है,
बाघ तो फिर भी ठीक लेकिन अक्सर भालू सामने पड़ जाता है, इस समय तो होंगे ही।
हमारी सुबह 3 बजे तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रैकिंग की योजना थी लेकिन अब सामने बाघ देखने के बाद हिम्मत
ही नही हुई के अंधेरे में ट्रैक करें, बाघ को इस प्रकार रास्ते के मध्य चहलकदमी करते देख हमारी सांस मानो रुक सी गई,
 वो तो भला हो के श्रीमती जी सो रही थी, उन्हें इसकी भनक तक नही लगी।
केवल मैंने ,ड्राइवर ने और मेरी साली जी ने ही बाघ को देखा। बाघ झाड़ियों में लुप्त हो गया तब ड्राइवर ने
बताया के बाघ यहां सामान्य है, सर्दियों में पहाड़ियों पर बर्फ गिरने से बाघ और भालू जैसे जानवर नीचे आ जाते है,
इसलिए इस समय रात की ट्रैकिंग खतरनाक मानी जाती है। बाघ को इस तरह बेफिक्र घूमता देख और भालू का
 उल्लेख सुनकर साली जी ने फौरन रात्रि ट्रैकिंग की योजना खारिज कर दी।
 हमारी योजनानुसार केवल हम दोनों ही तुंगनाथ और चंद्रशिला की ट्रैकिंग करने वाले थे,
श्रीमती जी का स्वास्थ्य ट्रैकिंग के अनुकूल न होने की वजह से उन्हें कैम्प में ही रुकना था।
उनकी छोटी बहन और मुझमे अच्छी ट्यूनिंग है, और हम थोड़ा फुर्तीले भी है, हमे पिछले वर्ष वैष्णो देवी का
 भी अच्छा खासा अनुभव था। यहाँ बताना चाहूंगा के कही भी जब घूमने की योजना बनती है
तब मैं किसी दोस्त के साथ नही जाता। मैं श्रीमती जी और साली जी, हमारी स्वयं की तीन मेम्बर्स की टीम है
 जो हमेशा नई नई जगहों पर घूमने जाती है और खूब मजे करती है, इसलिए मुझे किसी अन्य मित्र की कभी
आवश्यकता नही पड़ी। एक साल से उत्तराखंड घूमने की योजना बन रखी थी, विभिन्न ट्रैवेल ग्रुप्स से मुझे
चोपता-तुंगनाथ के विषय मे पता चला, मैंने गूगल से चोपता-तुंगनाथ के विषय मे अनेक आलेख,
और जानकारीपूर्ण ब्लॉग पढ़े, यूट्यूब पर वीडियोज भी देखे और मंत्रमुग्ध रह गया के अब यही जाना है,
बाकी जगहें भले ना जाये। इससे पहले ऋषिकेश,हरिद्वार,मसूरी और धनौल्टी की योजना बनी थी।
मसूरी और धनौल्टी केवल स्नो फॉल हेतु जाने की इच्छा थी। किन्तु चोपता-तुंगनाथ के विषय मे पढ़ -देख-सुन
 कर उत्कंठा इतनी बढ़ी की मसूरी और धनौल्टी अपने आप इस योजना से बाहर हो गये।
अब यात्रा का मुख्य उद्देश्य केवल तुंगनाथ रह गया था। खैर हम अब उकीमठ पार कर चुके थे,
कुछ ही देर में हम चोपता पहुंचने वाले थे, रास्ते के दोनों किनारों पर बर्फ की सफेद चादरें दिखाई देने लगी थी।
मैंने श्रीमती जी को जगाया और बर्फ दिखाई, वे किसी बच्चे की भांति किलकारी मार उठी और देखने लगी,
उस अंधेरे में भी केदार,चौखम्बा पर्वतशृंखलाओ की सफेद चोटियां चांद की दूधिया रोशनी में स्पष्ट चमक रही थी।
 वह वाकई बेहद अद्भुत और दिव्य दृश्य था, एक ओर घना जंगल मध्य में संकरा रास्ता,
तुंगनाथ ट्रेकिंग के दौरान विश्राम 
 बर्फ की झिलमिल चादरें, सितारों भरा स्पष्ट आकाश, और दूध से सफेद बर्फाच्छादित पर्वत श्रृंखलाएं,
यह एक परिकथा के परिवेश जैसा था, कुछ कुछ हमे नार्निया जैसी फिल्मों की याद आ गई।
हम तीनों सदैव बकबक करने वाले प्राणी है किंतु वह परिवेश देख कर हम मन्त्रमुग्ध से हो गए थे।
 भावनाएं अपने चरम पर थी, बस आंखों के कोनो में नमी सी महसूस हुई, कुछ ही क्षणों में हम
अपनी मंजिल पर पहुंच चुके थे, कैम्प वाले भाई साहब का लगातार फोन आ रहा था और वे
 हमारे स्वागत के लिये खड़े थे, मैंने कैम्प और चार्जेस के विषय मे एक महीने पहले ही जानकारी
निकाल कर बात तय कर रखी थी। और ज्यादा ना भटकते हुए अपनी बात वही सिमित रखी।
 इसलिए मुझे स्पष्ट पता था के मुझे कहा जाना है, मेरी साली जी हैरान थी के मुझे उन सारी जगहों के विषय
 मे एकदम सटीक जानकारी कैसे थी, उन्होंने कई बार पूछा भी की आप यहां पहले भी आ चुके है?
 मैंने ना में सर हिला दिया अब उन्हें क्या बताता के पिछले दस महीनों से मैं केवल चोपता-चंद्रशिला-तुंगनाथ
 में ही आकंठ डूबा हुआ था। खैर हमारी कैब रुकी और दरवाजा खुला, दरवाजा खोलते ही मेरे दोनो कान
एकदम सुन्न हो गए, उंगलियां मानो जमी हुई बर्फ में चले गए से प्रतीत हो रहे थे।
चोपता में तो कल्पना से भी अधिक ठंड थी। फौरन कंपकंपी आरम्भ हो गई,
हमारे मेजबान ने फौरन जैकेट्स पहनने को कहा, हमारे पास सामान्य गर्म कपड़े थे,
लेकिन इसके बावजूद मैंने करोल बाग से आने के पहले ही सस्ते दामों में कुछ बढ़िया गर्म जैकेट्स खरीद लिए थे,
वे वाकई उपयोगी साबित हुये, दस्ताने और कनटोप भी मैंने सुरक्षा के लिए पहले ही खरीद रखे थे,
अब तक उनका उपयोग नही हुआ था, गाड़ी से बाहर आते ही हमने सबसे पहले दो जैकेट्स पहन,
दस्ताने और कनटोप पहन लिये। बात ही नही हो पा रही थी, और दांत किटकिटा रहे थे। हमारे मेजबान ने
 दूर से दिखाया और मार्गदर्शक बनकर चलने लगे, कैम्प मुख्य सड़क से लगभग हजार कदम की दूरि पर था,
किन्तु यह मामूली दूरी भी इस प्रकार भारी पड़ रही थी मानो हम किसी खड़े पहाड़ पर चढ़ रहे हो,
किसी प्रकार हम कैम्प पहुंचे और अपना बैग वहां पटक दिया।
कैम्प पहुंचते ही कल्पना से भी अधिक ठंड से हमारा सामना हुआ, हमारे मेजबान ने हमे बताया
के इस समय यहां का तापमान माइनस 5 डिग्री है। अविश्वास का प्रश्न ही नही उठता था, सड़क से कुछ
 दूर स्थित कैम्प में पहुंचने तक मार्ग में पड़ते नालियों का पानी तक बर्फ में जमा हुआ दिखाई दिया।
कुछ ही देर में हम कैम्प में थे, मेजबान ने बताया की कुछ दिनों पहले इसी कैम्प में सारा अली खान
रुकी थी जिसमे हम ठहरे थे, खुशनसीबी यह रही के मेरी श्रीमती जी और इनकी सिस्टर को सारा
अली खान के विषय मे कुछ पता नही था। और मुझे तो फर्क ही नही पड़ता था, मैंने मजाक में मेजबान
से कहा भी, के मैं सारा के ठहरने की वजह से कोई एक्सट्रा चार्जेस नही दूंगा, तो वे हंस पड़े।
श्रीमती जी की बहन का सपना था के वे किसी जंगल अथवा हिल स्टेशन पर बोन फायर का आनन्द उठाये,
इस विषय मे उन्होंने गाड़ी में भी चर्चा की थी। तो पहुंचते ही मेजबान ने कुर्सियां रखवा कर लकड़ियां
सुलगाकर अलाव की व्यवस्था करवा दी। वाकई उस गला देने वाली ठंड में अलाव तापने का अपना ही मजा था।
 हम ने जल्दी जल्दी से अपने कपड़े बदले और बाहर कुर्सियों पर बैठ अलाव का मजा लेने लगे। कैम्प बेहद
 खूबसूरत जगह पर था, जहां से केदार पर्वतशृंखलाये इस अंधेरे में भी किसी मोती की भांति चमकती स्पष्ट
 दिखाई दे रही थी। कुछ ही देर में खाना भी लग गया, खाना सादा ही था लेकिन इतने दिन से मुम्बई-दिल्ली-
हरिद्वार-ऋषिकेश के खानों से मन उकता गया था, और यह सादा खाना हमारे लिये किसी लजीज व्यंजन से
कम नही था। मैं कई बार दिल्ली आया हु, कह सकता हु के दिल्ली का खाना बड़ा भारी हो जाता है।
मजे की बात यह हुई के जब भी मेजबान गरमागरम दाल परोसते, कुछ ही क्षणों में वह एकदम ठंडी हो जाती।
 इस समय खाने और मुंह से समान मात्रा में ठंडी भांप निकल रही थी। हमने किसी प्रकार खाना निपटाया और
अलाव के सामने बैठे ढेर सारी बातें की। कल की योजना थी चंद्रशिला से सूर्योदय देखने की,
जो मौसम को देखते हुए अभी भी अनिश्चित ही थी। हमारे कैम्प परिसर में चारो ओर बर्फ फैली हुई थी।
कई जगह बर्फ ठोस हो चुकी थी जिसपर फिसलन भी थी, मेजबान ने बताया इससे कई गुना अधिक
 बर्फ इस समय तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रैक पर है, अंधेरे में ट्रैकिंग इस समय खतरनाक है, दिन में भी
 इस मौसम में जाना कठिन हो जाता है तो रात्रि 3 बजे निकलना बेहद दुष्कर है, ऊपर से जंगली जानवरों
का डर भी इस मौसम में अधिक होता है। साली साहिबा बाघ देखकर पहले ही थोड़ी दहशत में थी तो
उन्होंने स्पष्ट कर दिया के अंधेरे में ट्रैकिंग नही जाना, सुबह उजाला होते ही चलेंगे, बात तार्किक भी थी ,
मैं केवल एडवेंचर करने के चक्कर मे उन्हें जोखिम में नही डाल सकता था। ऊपर से जिस तरह का मौसम
 था उस मौसम में सूर्योदय का मजा भी नही आना था। दूसरे तुंगनाथ का मुख्य द्वार हमारे कैम्प से चार
किमी दूरी पर था, मेजबान ने बताया के तुंगनाथ द्वार तक सड़क पर ठोस बर्फ जमी है, जिस कारण
 फिसलन है और गाड़ियां आगे नही जा पा रही । सुबह जहां तक गाड़ी जाएगी वहां जाएंगे और
बाकी रास्ते पर से ही ट्रैक शुरू हो जाएगी। मैंने हा कर दिया। फिर हम अपने कैम्प में आये, तीन मोटी
 रजाइयों के बावजूद ठंड से ठिठुरते हुए पूरी रात कटी। सुबह लगभग छह बजे मेरी नींद खुली,
मैंने ब्रश करने के लिये नल का पानी चेक किया तो पानी आ ही नही रहा था, मैंने कैम्प के कर्मचारियों
को इस बाबत सूचित किया तो पता चला टँकी में पानी है लेकिन ठंड से जम जाने के कारण नही आ रहा।
फिर उन्होंने 3 बाल्टियां गर्म पानी पहुंचाया । इसके बाद मैं बाहर आया, कैम्प के बाहर की ठंड मानो सुइयां
सी चुभोती प्रतीत हो रही थी। मैंने अपने आसपास के वातावरण का जायजा लिया, रात के अंधेरे में कुछ भी
 स्पष्ट नही दिखाई दिया था, सुबह के उजाले में वह दृश्य किसी परिकथा में दर्शाये वातावरण सा सुंदर लग रहा था,
जंगलों और पहाड़ों पर जमी हुई बर्फ, पक्षियों का कलरव और दूर स्थित केदार पर्वत श्रृंखलाओं पर पड़ती सूर्य
 की पहली किरण। मैं समझ गया था के अब कुछ ही क्षणों में यह पर्वत चोटियां सूर्य की किरणों से स्वर्ण की
भांति दमकने लगेंगी। मैं दौड़ कर कैम्प में गया और श्रीमती जी को जगाया के बाहर चलो फौरन। वे जाग गई
 किन्तु उनकी बहन सोने के मामले दिलदार है लेकिन मैंने भी उन्हें जबरन जगाया और लगभग खींचते हुये
 कैम्प के बाहर लाया। और उन्हें केदार पर्वत की ओर देखने के लिये कहा। पहले तो वे आधी नींद के कारण
 झुंझलाई किन्तु सामने का दृश्य देखकर अवाक रह गई। सूर्य की किरणों से बर्फ से ढंकी चोटियां सुनहरे रंग
में यू दमक रही थी मानो उनपर किसी ने सोने का पानी चढ़ा दिया हो। ऐसा अद्भुत दृश्य बस तस्वीरों और
इंटरनेट पर ही देखते आये थे। आज हम तीनों उसके सामने खड़े थे। मैं इस खूबसूरत पल को मोबाइल
और फोटोग्राफी के चक्कर मे गंवाना नही चाहता था। हम तीनों एक साथ खड़े होकर हाथों में हाथ डाले
प्रकृति की इस अद्भुत सुंदरता को मन्त्रमुगद्ध होकर निहार रहे थे। ठंडी हवाएं अपने चरम पर थी किन्तु इस
दृश्य का मोह उस पर भारी पड़ रहा था। जी भर कर इस दृश्य को निहारने के पश्चात हमने यादगार के तौर
पर कुछ तस्वीरें खींची। ऋषिकेश से निकलने के पश्चात ही हर पड़ाव पर हम अपने वीडियोज बनाते आ रहे थे,
 ताकि यादें जेहन में हमेशा बनी रहे, तो दो वीडियोज यहां भी बनाकर इन खूबसूरत अप्रतिम मनमोहक
अद्वितीय अद्भुत सुंदर दृश्यों को कैमरे में सदैव के लिए बंदिस्त कर लिया। अब सुबह के 7 बज चुके थे,
हमने ब्रश वगैरह किया। नाश्ता वगैरह बनते बनते 9 बज चुके थे। साढ़े नौ बजे ट्रैकिंग शुरू करनी थी,
हमने गणित लगाया के 3 बजे तक हम वापस आ चुके होंगे और आते ही पुनः ऋषिकेश निकल लेंगे।
और रात दस बजे तक पहुंच जाएंगे। लेकिन जैसा के आरंभ से मेरा हर गणित गड़बड़ाता आ रहा था
 तो यहां भी वही हुआ। ट्रैकिंग आरम्भ करने से पहले ट्रैकिंग शूज की आवश्यकता थी,
मुझे ग्यारह नम्बर के जूते लगते है जो  के मेजबान के पास उपलब्ध नही थे। साली जी के साइज के नए जूते
 मिल गए किन्तु वे उन्हें पहनने में आनाकानी कर रही थी क्योकि वे भारी और सेफ्टी शूज टाइप के थे।
वे अड़ी रही के अपने स्पोर्ट शूज पर ही जाएंगी। मैंने जबरदस्ती उनकी एक न सुनी और उन्हें ट्रैकिंग शूज पहना दिए।
वे अनमने मन ने मुंह बनाये देखती रही, श्रीमती जी ने प्यार से समझाया, मेरे पास कोई पर्याय नही था तो मैं
अपने स्पोर्ट शूज के ही भरोसे था, मैं मौसम को हल्के में ले रहा था जो आगे जाकर मेरी लापरवाही ही साबित हुई।
 खैर श्रीमती जी से विदा लेकर मैं और साली जी ट्रैकिंग के लिये रवाना हो गए, ट्रैकिंग लम्बी होने के कारण दो
बोतलें पानी की और खाने के लिए भारी सामान के बजाय एक डिब्बा ड्राई फ्रूट का ले लिया,
ड्राई फ्रूट मुझे सदैव ट्रैकिंग के लिये उपयुक्त लगते है, एक तो अनावश्यक बोझ नही होता दूजे कम
 मात्रा में ही अधिक पोषण मिल जाने के कारण ऊर्जा बनी रहती है। हमारी गाड़ी अब मार्ग पर थी
लेकिन डेढ़ किमी चलकर ड्राइवर ने आगे का खतरनाक रास्ता और जमी बर्फ देखकर चलने से मना कर दिया।
जबरदस्ती करने का सवाल ही नही उठता था , वह अपनी जगह सही था। हमने वही से ट्रैकिंग शुरू करने
का निर्णय लिया मेजबान हमारे गाइड की भूमिका में थे, वे आगे बढ़े और हम उनके पीछे। कुछ दूर एक
डेढ़ फीट की भुरभुरी बर्फ में चलने के बाद यही सुंदर और मनमोहक दिखती बर्फ भयंकर थकान का कारण
 बनने लगी। अभी हम कुछ ही दूर चले थे कि थकान होने लगी। मैंने पढ़ रखा था के यहां ऑक्सीजन
 लेवल सामान्य से कम है जिस कारण थकान होती ही है। साली जी थोड़ी थोड़ी दूरी पर जाकर बैठ जाती थी,
उनके बहाने मैं भी आराम कर लेता। लगभग दो किमी बर्फ की ऊंची नीची पगडंडियों पर लड़खड़ाते चलते
 आखिरकार हम तुंगनाथ प्रवेश द्वार पर पहुंचे। साली जी ने पूछा अभी और कितना बाकी है।
 तो मैंने कहां यहां से तो ट्रैकिंग आरंभ होती है। उनके चेहरे पर थकान अवश्य थी लेकिन उत्साह भी
स्पष्ट दिखलाई दे रहा था। गाइड ने हमे दो लाठियां थमा दी जो हमारे हिसाब से बेफिजूल सी थी।
वैष्णों देवी की यात्रा के दौरान ऐसी लाठियां किसी काम नही आने के कारण हमने फेंक दी थी तो
यहां भी वही लगा। किन्तु यही लाठियां इस ट्रैक में सबसे बड़ी मददगार बनने वाली थी। ब्लैक
 टी पीने के पश्चात हमने तुंगनाथ जी के प्रवेशद्वार पर मत्था टेका और हर हर महादेव का जयघोष किया।
 कुछ सेकंड्स का एक वीडियो और फोटोज खींचकर अब हम यात्रा ट्रैक पर पहला पग रख चुके थे।




मंगलवार, 4 दिसंबर 2018

हिंदी फिल्मो को टक्कर देती दक्षिण फ़िल्में ( 2.O एक नजर में )

काफी अरसे बाद किसी फिल्म के विषय मे चर्चा कर रहा हु, इस रविवार को ही रजनीकांत और 
अक्षय की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म '2.O' देखी, बाहुबली के पश्चात यदि किसी फिल्म की सबसे 
अधिक प्रतिक्षा थी तो यह 2.O ही थी।
मैंने रिलीज के पश्चात ही ढेरों समीक्षाएं पढ़ी, देखी, समझी। 
जो मिलीजुली थी। कई समीक्षाओं में मैने विशेष तौर पर हॉलीवुड से तुलना देखी, 
समीक्षक और दर्शक निराश थे के इतने बजट के बाद भी हॉलीवुड से उन्नीस ही रही। 
तो सबसे पहले मैं यह बात साफ कर दु, के मैं भारतीय फिल्म को भारतीय मानकों और गुणवत्ता के 
आधार पर ही तुलना करना उचित मानता हूं। 
आपको हॉलीवुड तक जाने की कतई आवश्यकता नही है, यदि तुलना करनी ही है तो बॉलीवुड से कीजिये,
 तब पता चलेगा के साउथ सिनेमा अब बॉलीवुड से कही आगे जा चुका है, और कंटेंट ओरियंटेड हो रहा है। 
जी मसाला फिल्में भी थोक में आती है किंतु उसी हिसाब से नए और प्रयोगात्मक कॉन्सेप्ट्स भी
 निरन्तर आ रहे है, बाहुबली के बाद से ही दक्षिण सिनेमा के प्रति नजरिया बदल चुका है, 
और बॉलीवुड की घटिया लव स्टोरीज, फेक फेमिनिज्म, यूथ फलाना ओरिएंटेड फिल्मो की सड़ांध 
से त्रस्त दर्शकों को एक नया पर्याय मिला है। 
शंकर हमेशा से एक प्रयोगवादी सिनेमाकार माने गए है, हिंदुस्तानी,नायक, अपरिचित,आई, रोबोट, 
और 2.O तक उन्होंने हमेशा एक अनूठा कॉन्सेप्ट ही चुना है और हर बार दर्शकों का प्यार पाया है।
 साउथ की प्रयोगवादिता वाकई अचंभित करती है ,मगधीरा, मक्खी, 24, रोबोट, 2.O, गाजी अटैक,
 जैसी अनगिनत फिल्में है जो कुछ अलग देखने का अहसास देती है। 
कल्पनाशीलता देखिये मक्खी के बदला लेने जैसे विषय की हजम ना होमेवाली कहानी को भी 
जिस प्रकार प्रस्तुत किया जाता है के दर्शक शुरू से अंत तक बंध जाता है।
बात करे 2.O की तो मैं पहले ही रिव्यूज वगैरह के चक्कर मे पढ़कर कोई सोच बनाकर नही जाता। 
मुझे शंकर पर यकीन है, इसलिए मैं कही भी निराश नही हुआ, शुरुवाती दृश्यों में जब चिट्टी की
 एंट्री होती है, वीएफएक्स भले बनावटी और नकली से लगते है, लेकिन जल्द ही इसमे सुधार
 स्पष्ट देखा और महसूस किया जा सकता है, यही वह बदलाव था जिस कारण फ़िल्म के
 वीएफएक्स पर दोबारा काम किया गया और फ़िल्म रिलीज में एक साल की देरी हो गई। 
फ़िल्म की गति इतनी तीव्र है के बिना किसी गाने, फालतू मसाले, लव एंगल, 
और लटके झटकों के बिना भी ढाई घण्टे की फ़िल्म भागती सी महसूस होती है।
कह सकते है के फ़िल्म का अस्सी प्रतिशत भाग केवल एक्शन सीक्वेंस ही है,
 लेकिन हर सीक्वेंस इस कदर भव्यता से और शानदार कल्पनाशीलता से भरा है के सीट से एक क्षण 
भी उठने का मन नही करता के पता नही कौन सा दृश्य छूट जाए।
अभिनय में रजनीकांत हमेशा लाउड रहे है, और वही है भी। रोबो के रूप में उनका आर्टिफिशियल
 मेकअप झलकता है लेकिन इतना चलता है, आप एक वृद्ध, व्यक्ति को मेकअप से रिक्रिएट कर रहे
 है तो इतनी कमियां नज़रन्दाज कर ही देना चाहिए, अक्षय कुमार फ़िल्म का मजबूत पक्ष अवश्य रहे है, 
फ्लैशबैक में पक्षीराजन के रूप में उनकी छटपटाहट और विवशता भावुक कर देती है। 
(हैरत होती है के कुछ प्रबुद्ध दर्शक गणों को यह बनावटी और इमोशन लेस प्रतीत हुआ।) 
फ़िल्म का नायक असल में पक्षीराजन ही लगता है। लेकिन जो सहानुभूति उससे उसके 
फ्लैशबैक के बाद होती है वही सहानुभूति क्लाइमैक्स में रजनीकांत के औरा तले दबा दी गई सी प्रतीत होती है। 
कुछ बुद्धिजीवी और प्रबुद्ध दर्शकों का कहना है फ़िल्म इलॉजिकल है, तो उनसे यही निवेदन करना चाहूंगा के आप 
फिक्शन ,और फंतासी देख रहे हो तो आप इलॉजिकल -लॉजिकल जैसे तर्को में ना ही पड़े। साई-फाई,
फिक्शन-फंतासी इत्यादि में लॉजिक का कोई लेना देना नही होता।
लॉजिक वगैरह सब कहानी के हिसाब से ही मोड़ा जाता है, रचा जाता है। यदि इतनी बात नही समझ मे आती
 तो फिक्शन-फंतासी आपका जेनर है ही नही। 
आप गामा रेडिएशन से एक मनुष्य के हरे दानव में परिवर्तित होने पर मजे लेते है, 
शरीर मे कंकाल की जगह धातु बदल कर हाथ से धातुई पंजे निकालने वाले वूल्वरिन से अटैच हो जाते है,
 रेडियोएक्टिव मकड़ी के काटने पर मनुष्य का स्पाइडर मैन बनना लॉजिकल लगता है,
 सुपरहीरोज का अस्तित्व लॉजिकल और तर्कपूर्ण लगता है, गैलेक्सिज में युद्ध करना,ग्रहों को ब्रम्हांड 
को तबाह करना आपको तर्कपूर्ण लगता है
और आप एन्जॉय करते है, लेकिन बात जैसे ही भारतीय फिल्मों की आती है आपके अंदर का 
लॉजिक मैन जाग जाता है। यह बदलना चाहिए, यदि कुछ अच्छे प्रयोग हो रहे है तो उसकी सराहना
 होनी चाहिए, 2.O माना के कई लोगो का हाजमा खराब करती है, लेकिन इतनी भी बुरी नही है के 
उसे नकार दिया जाए, किसी ने कहा था हॉलीवुड में स्टार वार्स के आने के बाद जो बदलाव हुये थे, 
भारत मे बाहुबली के आने के बाद वही बदलाव आरम्भ हो गए है। 
बाहुबली ने एक ऐसा मानक स्थापित कर दिया जिसे तोड़ना एकदम से नाको चने चबाने के समान हो गया है,
 बॉलीवुड तो कतई यह नही कर सकता, ठग्स ऑफ हिंदुस्तान जैसे वाहियात उदाहरण सामने ही है, 
यदि कोई यह रिकॉर्ड तोड़ सकता है तो निस्संदेह वह साउथ ही होगा। 
यहां तो भयंकर प्रकृतिक आपदा पर भी फिल्में बनाएंगे तो उसमें भी अपनी घटिया आइडियोलॉजी
 और लव स्टोरी घुसा देंगे, केदारनाथ की भयंकर आपदा पर भी भी बॉलीवुड उसमे जब केवल लव 
स्टोरी ही खोज पाता है, तब असली जरूरत है लॉजिक से परखने की के आखिर कहां समस्या है? 
ये आखिर कब तक दर्शकों को बेवकूफ बनाते रहेंगे ? प्रयोग के नाम पर एक वृद्ध हो चले स्टार को 
बौना बना देते है लेकिन हरकते वही छिछोरी करवाते है, ये प्रयोग है बॉलीवुड के ?
भगवान का शुक्र है के अब बॉलीवुड भी साउथ के 
बढ़ते प्रभाव से घबराया हुआ है और उसे अपना लेवल पता चल रहा है, निस्संदेह 'साहो, और केजीएफ' जैसी
 आगामी फिल्में बॉलीवुड के सड़े गले कॉन्सेप्टस के ताबूत में एक और कील साबित होने वाली है। 
बॉलीवुड में यदि प्रयोगात्मक कॉन्सेप्ट है तो वो केवल छोटे बजट और आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव,
 जैसे अभिनेताओं की फिल्मों में ही नजर आते है।
बाकी बॉलीवुड के कर्णधार तो अब बस केवल झूठा स्टारडम बचाने की जुगत में ही नजर आ रहे है, 
वो बदलना नही चाहते। 
खैर इतना ही कहूंगा के यदि 2.O देखने जा रहे है तो कृपया हॉलीवुड स्टैंडर्ड्स दिमाग मे लेकर ना जाये, 
बॉलीवुड स्टैंडर्ड्स के हिसाब से देखेंगे तो फ़िल्म आपको बॉलीवुड के लेवल से आगे की चीज ही लगेगी। 
फालतू की समीक्षाओं के चक्कर मे पड़कर सोच ना बनाये, यदि आप एक फिक्शन-फंतासी-साई-फाई
 देखना चाहते है तो आपका मनोरंजन अवश्य होगा और पसन्द भी आएगी।
ऐसी फिल्मों का सफल होना ही बॉलीवुड और हर विषय मे प्यार मोहब्बत जैसी सड़ांध के मुंह पर एक तमाचा है। 
इस तमाचे में दर्शकों का सहयोग आवश्यक है, यदि फिल्मिंग में नए कॉन्सेप्ट्स आ रहे है,
 बदलाव हो रहे है, स्टैंडर्ड्स बढ़ रहे है तो उसे प्रोत्साहन जरुरी है। 
बाकी 2.O थ्रीडी में ही देखिये, और खो जाइये, (रोमांस,गाना, मसाला वाले दर्शक अपना रुख 7 
तारीख को केदारनाथ जैसी प्रोपेगण्डा बेस्ड फिल्मो की ओर कर सकते है , 
उनके लिये 2.O भारी निराशा ही होगी।)
रही बात लॉजिक और तार्किकता की या साइंस की तो भाई मैट्रिक्स जैसी फिल्मों में भी
 आपको इन सबका जनाजा निकलता स्पष्ट देखने को मिल जाएगा यदि खोजो तो। 
बहुत दिनों पश्चात फ़िल्म के विषय मे कुछ लिखा है तो जोश जोश में ज्यादा हो गया इसके लिये क्षमा प्रार्थी😋

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

बातें,किताबें, मुलाकातें भाग 1

सूरज पॉकेट बुक्स के संस्थापक शुभानन्द जी और मै मुंबई से राजधानी में 
दिल्ली में २७ जनवरी ३० जनवरी तक बिताया समय जीवन का एक अविस्मरणीय समय रहा, जिसने बहुत सी प्यारी यादो का गुलदस्ता सा दियाl और बहुत से मित्र भी, जिनसे पहली बार मिलकर भी ऐसा प्रतीत ही नही हुवा के पहली बार मिल रहे हैl इन यादो को शब्दों में उतारने का प्रयास कर रहा हु, किन्तु इतनी सारी चीजों को एक ही बार में लिखना मुश्किल है, इसलिए इसे कुछ कड़ीयो में पोस्ट कर रहा हुl

दिल्ली के लिए प्रस्थान. 1



सूरज पॉकेट बुक्स की ओर से आयोजित कार्यक्रम “बाते किताबे मुलाकातें” के लिए अचानक से दिल्ली जाने की योजना बनीl मै अभी हाल ही में दो महीने पहले ही दिल्ली से लौटा था, किन्तु अब दुबारा आनन फानन में मिथिलेश ने योजना बना ली और फोन भी कर दिया के देवेन भाई और शुभानन्द जी आपको आना हैl
अब जल्दबाजी में फ्लाईट की टिकट भी बुक हो गईl चूँकि यह मेरी पहली फ्लाईट यात्रा होती इसलिए भी रोमांचित थाl दिल्ली में रहेंगे कहा? यह प्रश्न था, तो इसके लिए मैंने दिल्ली में मौजूद अपने सूत्रों से होटल में रहने की योजना बनाई जिसे शुभानन्द एवं मिथिलेश ने सीधे नकार दियाl वे आदित्य वत्स जी के घर रुकने की योजना बना चुके थेl आदित्य जी से मेरा सामना एक उपन्यास सम्बंधित ग्रुप में हुवा थाl यहाँ सामना इसलिए लिखना पड़ा क्योकि जिस तरह से हमारी तनातनी और बहस हुई थी, उसे मुलाक़ात तो हरगिज नही कहा जा सकता थाl किसी बात पर हमारी बहस हुई थीl और मैंने अपने मन में आदित्य जी की एक नकारात्मक छवि गढ़ ली और इनसे पर्याप्त दुरी बनाने लगाl अब जब इन्ही के यहाँ रुकने की योजना बनी थी तो मुझे झिझक हुई और मैंने कहा के मै होटल में रुकुंगा आप लोग वहा रुक जाइएगाl
शुभानन्द जी और मै नई दिल्ली स्टेशन पर 
फिर पता नहीं क्या हुवा,शायद मेरी झिझक आदित्य जी ने भांप ली और इनबॉक्स में मैसेज करके नम्बर लिया और फोन कियाl फोन पर हुई बातो से हमारी आपसी गलतफहमियां दूर हो गई किन्तु फिर भी मन की शंका न जा रही थी और मेरा वहा रुकने का निर्णय अब भी डावांडोल ही थाl खैर! २६ जनवरी का वह दिन भी आ गया जब हमे दिल्ली के लिए निकलना थाl शाम को ८ बजे फ्लाईट थी, शुभानन्द जी और मैंने रास्ते में मिलने की योजना बना लीl जितना याद हो सका उतना जरुरी सामान भी पैक कर लिया, तब तक ग्यारह बजे शुभानन्द जी ने मैसेज किया के कोहरे के कारण फ्लाईट रद्द हो गयीl अब प्रश्न सामने था के क्या करे? २८ को इवेंट था उससे पहले पहुंचना बेहद जरुरी थाl शुभानन्द जी ने तुरंत उसी दिन की राजधानी का टिकट निकाल लियाl खैर! जहा दो घंटे में दिल्ली पहुंचना था वहा १५ घंटे का सफ़र हो गया, दूसरी फ्लाईट बुक करने का जोखिम भी नही उठा सकते थे के कही वह भी कैंसिल न हो जायेl यह भी अच्छा ही हुवा, क्योकि इससे पहले मै शुभानन्द जी से एक ही बार मिला थाl लेकिन उस समय हम एकदूसरे को अच्छे से नही जान पाए थे तो एक साथ १५ घंटे के सफ़र में एकदूसरे से वाकिफ होने का बढिया अवसर भी मिल गया थाl
मै एक घंटे पहले ही स्टेशन पहुँच गयाl शुभानन्द जी तिलक नगर से बैठ चुके थे और मुझे बोरीवली सुविधाजनक था इसलिए मै बोरीवली स्टेशन पहुँच गयाl साढ़े पांच बजे ट्रेन आई और शुभानन्द जी दरवाजे पर ही खड़े मिलेl बड़ी ही गर्मजोशी से हम दोनों मिले और अपना अपना आसन ग्रहण कियाl
फिर जो बातों का सिलसिला शुरू हुवा तो खत्म होने का नाम ही ना लियाl नाश्ता हो गया, खाना हो गया लेकिन हमारी बाते खत्म ही न हो रही थी यहाँ तक की पूरी बोगी सो गईl आखिरकार हमारे सहयात्री बुजुर्ग ने हमसे हाथ जोड़ लिए के बेटा अब बस भी करोl तब कही जाकर हम रुके और सो गएl
मिथिलेश बार बार मैसेज कर कर के अपडेट्स दे रहा थाl बता रहा था के काफी ठंड पड़ रही है, जैकेट्स वगैरह पहन लो,तैय्यारी कर लोl फिर अगले दिन ट्रेन एक घंटे लेट हुई और हम पौने ग्यारह बजे नई दिल्ली पहुंचेl शुभानन्द जी ने जैकेट पहन लिया था किन्तु मै अब भी केवल पोलो टी शर्ट में ही थाl मुझे ठंडी हवाए महसूस हुई लेकिन इतनी भी नही के जैकेट पहन लूl हमने कैब बुक की, मिथिलेश ने लाइव लोकेशन भेजी जिसके सहारे हमने गलत रास्ता पकड़ लियाl
गंतव्य की ओर प्रस्थान 
मिथिलेश ने हमारी भेजी हुई तस्वीरे देखि और मुझे टी शर्ट में देखकर कहा के पाण्डेयजी आपको भले ही वहा ठंड न लग रही हो,लेकिन आदित्य जी के घर आकर आपको अहसास होगा ठंड काl मैंने बात हंसी में उड़ा थीl अब हम सही जगह पहुँच तो गए थे किन्तु घर का पता ना मिल पा रहा थाl मिथिलेश को फोन किया तो वह भी पूरी टीम लेकर हमारी खोज में चल पड़ाl हमने कैब वाले को भी हैरान होते देख पैसे देकर चलता कर दिया और बैग लेकर बताई हुई गली की ओर बढ़ गए तब वहा कुछ ही दुरी पर मिथिलेश दिखा, आदित्य जी उनके साथ थेl मिथिलेश से दो बार मिल चुका हु तो उसे न पहचानने का प्रश्न ही नही उठता थाl आदित्य जी की भी शक्लो सुरत ऐसी थी के उन्हें भी एक ही बार में पहचान लियाl अब आदित्य जी की नजरे हम पर पड़ी और वे तीव्र गति से दौड़ते हुए आगे बढ़े, मै घबरा कर पीछे हट गया के कही टकरा कर गिरा न देl वे दौड़ते हुए ही आये और शुभानन्द जी से गले मिले और हमें भी लपेटे में ले लियाl बड़ी ही गर्मजोशी एवं अपनेपन से उन्होंने हमारा स्वागत कियाl तब तक मिथिलेश ने हमारा परिचय अभिराज ठाकुर एवं अमित श्रीवास्तव जी से भी करा दिया थाl मै सभी से गले मिला और फिर सबने मिलकर हमारा सामान उठा लिया और बाते करते हुए हम आदित्य जी के घर की ओर बढ़ गए......

क्रमश: 

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *