Rishikesh लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Rishikesh लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 23 जनवरी 2020

चोपता से कार्तिक स्वामी की यात्रा 2

अपनी यात्रा के पिछले भाग में मैंने बताया था किस प्रकार से चोपता के लिये निकलते ही सूचना प्राप्त हुई कि भारी बर्फबारी के कारण चोपता जाने के रास्ते बंद हो चुके है। इसके बावजूद भी हमने अंतिम क्षण तक प्रयास करने का निश्चय किया और हरिद्वार से चोपता के लिये प्रस्थान कर गए।
हरिद्वार में ही दो लड़के मेरे साथ और जुड़ गए जो बीएचयू के विद्यार्थी थे। उनसे मेरी बात यात्रा के महीनों पहले से हो रही थी, हम फेसबुक द्वारा ही मिले थे और सहयात्री बन गए। किसी प्रकार जोड़ तोड़ करते कराते हम बर्फ में चलते पड़ते आखिरकार तुंगनाथ मुख्य द्वार तक जा पहुंचे।
उस समय दोपहर हो चुकी थी, तुंगनाथ द्वार के समक्ष स्थित मार्ग पर तीन तीन फीट बर्फ जमी हुई थी। हमारे मुंह से ठंडी भांप निकल रही थी, चूंकि दोपहर हो चुकी थी और द्वार पर कुछ पस्त पड़े ट्रेकर्स का जत्था अस्तव्यस्त और हैरान दिखाई दे रहा था तो यात्रा पूर्ण होने की संभावना काफी कम दिखाई दे रही थी। हमने उनमे से कुछ से आगे का हाल पूछा तो बताया गया कि बामुश्किल आधा किलोमीटर चलकर वे वापस आ गए, आगे बर्फ इतनी ज्यादा पड़ी हुई है कि उससे ज्यादा आगे बढ़ना सम्भव ही नही। हमने द्वार की ओर देखा वहां बर्फ का ढेर लगा हुआ था, हमारी हिम्मत टूट सी गई थी। उसी समय दो व्यक्ति कमर तक भीगे हुये ट्रेक से वापस आते दिखे, द्वारा की सीढ़ियों पर बर्फ पिघल कर जम गई थी जिस कारण भयँकर फिसलन हो गई थी। उन दोनों में से एक लड़का बेधड़क चलते हुये आया और फिसल गया , वह फिसल कर सीढ़ियों से नीचे आ गिरता लेकिन उसने गजब की फुर्ती दिखाते हुये द्वार की घण्टी पकड़ ली और बंदर की भांति झूल गया। हालांकि यह अनपेक्षित रूप से हो गया था, उसके चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थी। हमने उसे सीढ़ियों के मध्य के बजाय किनारे से आने के लिये कहा, किनारों पर अब भी कोनो में भुरभुरी बर्फ थी जिससे फिसलन कम होती। उसने ऐसा ही किया और सकुशल नीचे आ पहुंचा। फिर उसका साथी आगे बढ़ा और वह भी फिसल कर अपने दोस्त की तरह घण्टी की जंजीर से जा लटका, उसके लटकने का अंदाज देखकर मुझे टार्जन की याद आ गई, हमारी हंसी छूट गई। वह बेचारा किसी प्रकार किनारे से होते हुये नीचे उतरा। मै अपना उपन्यास लेकर आया था, तो मैंने तुंगनाथ द्वार पर ही उसकी तस्वीर भी खींच ली।
दोपहर होती जा रही थी और हमे ट्रेक भी करना था, पिछले दिसम्बर की यादें अब तक जेहन में ताजा थी, मैं जानता था उस समय इतनी कम बर्फ के बावजूद मेरी हालत खस्ता हो गई थी तो इस समय तो बर्फ के अलावा और कुछ भी दिखाई नही दे रहा था। यात्रा आरम्भ करने से पूर्व कुछ खाना पीना आवश्यक था तो हमने द्वार के सामने स्थित ढाबे पर आलू के परांठे, मैगी और चाय पी। यश भाई खाने के मूड में बिल्कुल नही थे, वो मुंह बना रहे थे। उनके अनुसार आलू के परांठे वगैरह हैवी हो जाएंगे तो ट्रेकिंग में तकलीफ देंगे तो वो ब्राउन ब्रेड और पीनट बटर खाने की सोचने लगे जो हम साथ लाये थे। जी, हम अपने साथ खाने पीने की कुछ वस्तुएं साथ रखे हुये थे ताकि भगवान न करें यदि कहीं फंस जाए तो उस परिस्थिति में काम आ सके।
मैंने उन्हें समझाया ऐसे मौसम में कितना भी हेवी ठूंस लो लेकिन उसे पचने में कुछ ही देर लगेगी। ऊर्जा और गर्मी चाहिये तो ब्रेड बटर को मारो गोली और चापो गरमा गरम परांठे, वो न माने। मैं और केशव मजे से परांठे खाने लगे, परांठे वाकई बेहद स्वादिष्ट थे, हम मजे लेकर खाते और तारीफ करते रहे तो यश भाई भी ललचा कर बैठ गए और एक परांठा खा कर ही माने। सब खाने पीने के बाद अब बारी थी घुटनों भर बर्फ से भरे पथ पर चलने की तैयारी करने की। मैंने वुडलैंड के ट्रेकिंग शूज पहन रखे थे जो बर्फ में बढ़िया पकड़ बनाये हुये थे, अब तक के मार्ग में यश और केशव अनगिनत बार गिरे थे किंतु मैं एक बार भी नही गिरा।
ढाबे से ही उन्होंने बूट्स किराये पर लिये और हमने ढाबे वाले चाचा जी के पास ही अपने बैग्स रखवा दिये और बम भोले, हर हर महादेव का उद्घोष करते हुये द्वार पर माथा टेक दिया और पहला कदम आगे बढ़ा दिया, द्वार की चंद सीढ़ियों से ऊपर चढ़ने में जो गफलत हुई उसने साबित कर दिया कि आगे का रास्ता बिल्कुल भी आसान नही होने वाला है। केशव और यश ने रेनकोट पहन रखे थे और मैं अपनी जैकेट पर ही था। घण्टी से लटके युवक की लाठी सीढ़ियों पर ही गिरी थी जो मैंने कब्जा ली थी।
हम कुछ ही मीटर चले होंगे कि पैर घुटनो तक बर्फ में धंसने लगे, चारो ओर सफेद चमचमाती बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही थी, ट्रेक के आरम्भ में लगभग एक किलोमीटर तक जंगल पड़ता है, जंगल का सारा भाग बर्फ से ढंका हुआ था। मैं ऐसा नजारा पहले भी देख चुका था लेकिन केशव और यश ने इतनी बर्फ पहली बार ही देखी थी, वो दोनो अत्यधिक रोमांचित थे और उत्साह से चीख रहे थे चिल्ला रहे थे। आसपास के पेड़ों पर से बर्फ गिर रही थी जो स्नोफॉल का वहम पैदा करती थी। हम घुटने धँसाते धँसाते आगे बढ़ने लगे। यश भाई आरम्भ में ही हिम्मत हारने लगे, वो अनेक बार अपना संतुलन खो कर बर्फ में गिरते पड़ते रहे।
हमने किसी प्रकार एक किलोमीटर पार किया, मैं भी समझ रहा था कि हम बेकार की जिद में है, क्योकि इस भयंकर बर्फ में तुंगनाथ तक पहुंचना लगभग असंभव सा था, वैसे भी 2 बज रहे थे, दो घण्टे में ही अंधेरा होना शुरू हो जाएगा, यदि हम सुबह प्रयास करते तो ऊपर पहुंचने के बारे में सोच भी सकते थे किंतु इस समय यह सम्भव ही नही था। यदि किसी प्रकार गिरते पड़ते मंदिर तक पहुंच भी जाते तो रात हो जाती और नीचे आना असम्भव हो जाता। ऊपर से बर्फ में भीगने के कारण और तापमान में भयँकर गिरावट के चलते हम ठंड से अकड़ जाते। 
तो मैंने निर्णय लिया कि हम उस स्थान तक जाएंगे जहां से चौखम्बा, केदारनाथ और सतोपंथ पर्वत श्रृंखलाएं दिखाई देती है, मैंने दोनो को समझाया कि वहां पहुंचकर आप जो दृश्य देखोगे वह आजीवन याद रहेगा, अविस्मरणीय अवर्णनीय और अकल्पनीय सुंदरता होगी, उस दिव्य अनुभव के लिये चलते है। वे मान गए, मैं और केशव द्रुत गति से चलते रहे लेकिन यश भाई अपने जूतों के कारण धीमे पड़ गए और गिरते पड़ते रहे। सम्पूर्ण मार्ग में केवल हम तीन ही दिखाई दे रहे थे। 
आखिरकार हम उस स्थान पर पहुंचे जहां घने जंगल वाला हिस्सा समाप्त होता है और चौखम्बा, केदारनाथ,सतोपंथ इत्यादि पर्वत श्रृंखलाएं दिखाई देती है। यश और केशव एकम अवाक से थे, मैंने यह दृश्य पहले भी देखा था किंतु फिर भी प्रतीत हो रहा था मानो पहली बार ही देख रहा हूँ।हम तीनों थक कर चूर हो चुके थे और वही बर्फ में कुछ देर बैठ गए, मैंने उनसे कहा कि कुछ दूर और चलते है, अभी भी आगे कुछ पैरों के निशान है तो हम आखरी निशान से कम से कम बीस कदम आगे जाकर ही वापस आएंगे। वो मान गए। थोड़ी ही दूर जाकर पैरों के निशान गायब हो गए, हम शायद पहले थे जो उन पैरों के निशानों से भी काफी आगे आ चुके थे। दूर दूर तक बस सफेद बर्फ से ढंके पहाड़ और जंगल ही नजर आ रहा था, केशव और यश फोटोग्राफी में व्यस्त हो गए और मैं इस दिव्य वातवरण को निहारने लगा। उसी समय मुझे कोई आवाज सुनाई दी, मैंने अपने बाई ओर की ढलान पर देखा, आवाज वहीं से आई थी, फिर मुझे लगा शायद भरम हुआ हो। ऐसी जगहों पर अक्सर वहम हो जाया करते है, लेकिन वह आवाज फिर सुनाई दी। और इस बार यश और केशव दोनो को सुनाई दी।
"भईया यह कैसी आवाज थी?" यश ने घबराकर प्रश्न किया।
"यह भालू की आवाज है, फौरन निकलो यहां से।" मुझे पहचानने में पक्का भूल नही हुई थी।

शेष है....


















सोमवार, 30 दिसंबर 2019

चोपता से कार्तिक स्वामी की यात्रा

इस समय किसी भी हिमालयन ग्रुप में चले जाइये, आपको तुंगनाथ चोपता की तस्वीरें इतनी मिल जाएंगी कि यदि आप नही गए होंगे तो अगली योजना वही जाने की बना लेंगे।
मैं खुशकिस्मत हूँ जो लगातार 2 साल दिसम्बर में वहां जा पाया।
इस बार के हालात मुश्किल हो गए थे, मुम्बई से निकलते ही अपडेट मिली कि चोपता तक जाने के रास्ते भारी बर्फबारी के कारण बंद हो चुके है, मन खराब हो गया लेकिन फिर भी अब घर से निकल चुका था तो बिना प्रयास किये पीछे हटने का प्रश्न ही नही था।
किसी प्रकार हम रुद्रप्रयाग पहुंचे, रात हो चुकी थी और उकीमठ जाने का कोई साधन फिलहाल उपलब्ध नही था किंतु खुशकिस्मती से उकीमठ जाती एक अंतिम बस दिखाई दी हमने बगैर समय गंवाए उसे पकड़ी और उकीमठ आकर रुके।
उकीमठ में ही भरत सेवा संस्थान के आश्रम में रात्रि शरण लेने के पश्चात भोर सवेरे चोपता जाने की जुगाड़ में लग गए, कोई गाड़ी वहां जाने को तैयार नही थी, सबका कहना था कि बर्फ बहुत ज्यादा है। लेकिन फिर भी इतना समीप आकर वापस जाने का प्रश्न ही नही उठता था, ऐसे में एक स्कूल जिप्सी मिली जो ताला तक जा रही थी। हम ताला तक ही चले गए कि चलो जितना नजदीक हो सके उतना ही पहुंचते है उसके बाद कुछ नही मिले तो पैदल यात्रा ही आरम्भ कर देंगे।
लेकिन ताला से एक गाड़ी मिल ही गई जिसने 800 में चोपता पहुंचाने की बात तय की, लेकिन उसने हमें चोपता से 4 किलोमीटर नीचे ही छोड़ दिया कि इससे आगे गाड़ी नही जा पाएगी आप पैदल चले जाओ, हमने मंजिल तक पहुंचने तक के पैसे दिए थे तो हमने थोड़ा कन्सेशन को कहा तो भाई साहब बिदक गए। उनका स्वभाव एकदम बदल गया, अभी तक जो मिलनसार और हँसमुख नजर आ रहे थे वे एक ही बात पर मानो काटने दौड़ने पर उतारू हो गए, मुझे बहस में नही पड़ना था इसलिये मैंने बगैर किसी बहस के 800 उन्हें थमा दिए। 
एक सबक लेकर आगे बढ़ गए, आगे दूसरा सबक हमारी प्रतीक्षा कर रहा था। तुंगनाथ द्वार यहां से कुछ 4 किलोमीटर आगे था, मुझे आसपास का माहौल और निचे की ओर कुछ कैम्पस देखकर फौरन पता चल गया कि यह वही कैम्प है जहां हम पिछली बार रुके थे, तब भी दिसम्बर की 15 तारीख थी और आज दिसम्बर की 16 तारीख थी। उस समय बर्फ इतनी नही थी, घास और जमीन साफ दिख रही थी। इस समय न घास दिखाई दे रही थी और न जमीन, कैम्प से सड़क पर अब काफी सारे कैम्प और छोटे होटलों का झुंड बन चुका था। जंगल के पेड़ों पर बर्फ ही बर्फ जमा थी। बीच बीच मे पेड़ों से गिरती बर्फ किसी स्नोफॉल सा अनुभव कराती थी। इसलिये मैं यह कह सकता हूँ कि मैंने स्नोफॉल का भी अनुभव कर लिया। खैर मेरे साथ आये दोनो मित्रों ने इस मौसम में पहली बार कदम रखा था, बर्फ में उनकी प्रथम यात्रा थी और कहना न होगा कि यात्रा के आरम्भ में ही दबा कर बर्फ मिली थी, इतनी की उनके सात जन्मों तक कि बर्फ देखने की इच्छा ही मिट गई होगी। हमने बर्फ में थोड़ी देर खेला, बर्फ के गोले बना कर एकदूसरे को मारे,
 यश भाई साथ थे जो फेसबुक द्वारा ही मिले थे, बर्फ के गोले बना कर फेंकने की बोहनी उन्होंने ही की थी, लेकिन बर्फ मारने के चक्कर मे पिछवाड़े के बल गिर कर अस्थि मालिश का आरम्भ भी उन्ही से हुआ।
एक गाड़ी सड़क के किनारे बर्फ में धंसी हुई थी, पता चला रात से ही फंसी हुई है। गाड़ी वाले पर्यटक या यात्री नही थे, वे वही के स्थानीय निवासी थे। हमने काफी मेहनत की और अपनी सारी ऊर्जा खत्म करके उन्हें निकालने का प्रयास किया, फावड़े से बर्फ काटी, रास्ता साफ किया, टायर तक बदली करवाये, धक्के मार मार कर अपने पसीने छुड़वाए। लगभग डेढ़ दो घण्टे में गाड़ी अपने स्थान से हिली और मुख्य मार्ग पर आ लगी। अब उसमे कोई और समस्या भी थी जो हमारी समझ से परे था, हमने अपना काम कर दिया था और दोपहर होने वाली थी, हमे अभी 4 किलोमीटर पैदल भी चलना था और तुंगनाथ तक जाना भी था तो हमने उनसे विदा ली और बर्फ में डगमगाते हुये चल पड़े।
पिछली बार मैंने स्पोर्ट्स शूज पहने थे जिस कारण तबियत से गिरा था, लेकिन इस बार फ्लिपकार्ट सेल से वुडलैंड के कैमल शूज मंगवाये थे, रबड़ टायर सोल वाले। उसके रहते मजाल जो एक बार भी गिरा होऊं, लेकिन पिछली बार के फिसलने का डर इस कदर हावी था कि हर कदम फूंक फूंक कर रख रहा था, ब्लैक आइस मेरे पैरों के नीचे तड़क रही थी, जहा पैर रखता था कड़कड़ाने की आवाजें आती थी इसके बावजूद मैं सम्भल कर चल रहा था, दूध का जला था तो छांछ में भी बर्फ डाल रहा था।
बर्फीली वादियों का आनन्द लेते हुए हम एक डेढ़ किलोमीटर तक ही चले होंगे कि जिन भाई साहब की गाड़ी निकाली थी वो अपनी गाड़ी सहित आते दिखे, उन्होंने गाड़ी रोकी और हम सवार हो गए। उन्होंने तुंगनाथ द्वार तक हमे छोड़ा और किसी भी प्रकार की कोई समस्या आने पर फौरन फोन करने को कहा, हमने उनका नम्बर नोट किया और गेट के सामने वाले ढाबे पर गर्मागर्म पराठों का नाश्ता किया।
तुंगनाथ द्वार पर ही एक डेढ़ फीट की बर्फ देख कर होश गुम हो गए, कुछ लोग दिखे जो द्वार से उतरने के प्रयास में फिसल कर द्वार की घण्टियों से ही जा लटके थे।
उनसे पूछा तो बताया कि बस एक किलोमीटर तक जा पाए उससे आगे बर्फ इतनी है कि हिम्मत जवाब दे गई। मैंने यश जी और केशव की ओर देखा और निर्णय लिया कि जितनी दूर हो पायेगा उतनी दूर जाएंगे और अंतिम कदमों के निशान से कम से कम 10 कदम आगे बढ़ कर ही आएंगे।
उनके सामान्य स्पोर्ट्स शूज थे तो उसी होटल से उन्होंने किराये पर बूट्स ले लिए, दोनो बन्धु रेनकोट साथ लाये थे, उन्होंने वो भी पहन लिया। दोपहर के 2 बज रहे थे और हमारे मुंह से ठंड से भांप निकल रही थी, होटल के सामने मार्ग पर ढेर सारी बर्फ थी। में यहां अपना उपन्यास भी लेकर आया था, मेरी इच्छा थी कि मेरे द्वारा लिखित उपन्यास को महादेव का आशीर्वाद प्राप्त हो। मैंने तुंगनाथ द्वार पर ही उपन्यास की कुछ तस्वीरें खींची और हर हर महादेव का जयघोष करते हुऐ हमनी अपनी यात्रा का आरम्भ किया।

यात्रा अभी शेष है,
(अगली कड़ी में भालू जी ने उपस्थिति दर्ज कराई है)


सोमवार, 31 दिसंबर 2018

तुंगनाथ-चोपता यात्रा-4 ( अंतिम भाग )

पिछले 3 भागो की श्रृंखला में मैंने ऋषिकेश से चोपता और चोपता से तुंगनाथ की 
ट्रैकिंग और उसमे आई कठिनाइयों का वर्णन किया, जिसमे बाघ का देखा जाना,
रिवर राफ्टिंग के पहले 

 जिसके पश्चात रात्रि ट्रैकिंग की योजना खारिज कर देना, माइनस तापमान,सड़क पर 
बर्फ जमी होने के कारण 3 किलोमीटर अधिक ट्रैक करना, ऑक्सीजन की कमी और एक
 से डेढ़ फीट बर्फ के कारण हुई थकान, खराब मौसम और कम समय के कारण तुंगनाथ जाकर भी 
चंद्रशिला की योजना खारिज करना, वापसी में दोनो कलाइयां और पीठ तुड़वा कर पस्त होना 
इत्यादि का सविस्तर वर्णन किया। जिसे आप तुंगनाथ-चोपता यात्रा-1, तुंगनाथ-चोपता यात्रा-2 और 
तुंगनाथ-चोपता यात्रा-3 पर क्लिक करके पढ़ सकते है ।
तुंगनाथ से वापस आते ही हमने अपने कैम्प से चेक आउट किया , वे रोकते समझाते रह गए की 
रात्रि में गाड़ियां देवप्रयाग से आगे नही जा पाएंगी इसके बावजूद हम नही माने और उनकी 
बेहतरीन सुविधा और सेवा के लिये सबके गले मिलकर धन्यवाद दिया। 
शाम होते ही फिर वही हाड़ गला देने वाली ठंड आरम्भ हो गई जो हमने आते समय महसूस की थी, 
कांपते हुए किसी प्रकार मैंने अपना रकसैक गाड़ी की डिक्की में रखा, गौरतलब है की दिल्ली में 
हमारे पास तीन बैग्स भरकर सामान थे, साली जी की एक ट्रॉली बैग, श्रीमती जी का बैग और
 मेरा 70 लीटर का रकसैक जो मैंने हाल ही में यात्रा के लिये ही खरीदा था। दिल्ली से हरिद्वार,ऋषिकेश
 और चोपता आने पर हमें तीनो बैग लाने पड़ते जो काफी असुविधाजनक होता। 
तो मैंने सबके दो-दो।एक्स्ट्रा कपड़े और जरूरत का साहित्य केवल अपने रकसैक में रखने के लिये कह 
दिया था जिससे केवल एक रकसैक में तीनों का काम हो जाता और कठिनाई भी नही होती।
हम दिल्ली के जिस होटल में ठहरे थे वही अपने बाकी दोनो बैग्स छोड़ दिये, 
उस होटल में मेरे साले साहब की पहचान थी जिस कारण बैग वहां सुरक्षित थे और
 हमारे जाने के पश्चात साले साहब बैग्स कलेक्ट करके अपने घर पर रख देते जो दिल्ली में ही है। 
खैर इस यूटिलाइजेशन का मुझे बड़ा लाभ हुआ, क्योकि केवल एक रकसैक कंधे पर टांगे घूमना 
कही ज्यादा सुविधाजनक और आरामदेह था बजाय तीन सूटकेस नुमा बैग लटकाए।

 यदि आपको कम समय मे अधिक और लम्बी यात्राएं करनी हो तो कोशिश कीजिये के 
आपके पास बोझ कम हो, फैशन के चक्कर मे पड़ने के बजाय केवल काम के और उपयोगी कपड़ों 
को ही तरजीह देना चाहिए, इससे आप पर अनावश्यक थकान और बोझ नही पड़ता और यात्रा सुगम होती है।
अब हम गाड़ी में थे, शाम के 6 बज रहे थे, लेकिन अंधेरा इतना घना हो चुका था मानो रात 
के बारह बज रहे हो, पहाड़ों में वैसे भी समय का अंदाजा नही लग पाता। मैं तो चोपता में आकर दिन 
और तारीख तक भूल गया था। ड्राइवर बार बार समझाते रहे के हमे रुक जाना चाहिए था,
 मैंने समझाया कोई बात नही, यदि चेक पोस्ट वाले देवप्रयाग पर रोक देंगे तो वही होटल में रुक जाएंगे 
और घाट पर भी चले जायेंगे। 
इसी बीच साले साहब का फोन आया के वे दिल्ली से हरिद्वार पहुंचने वाले है, वे इतने वर्षों से 
दिल्ली में है इसके बावजूद हरिद्वार,और ऋषिकेश से पूर्णतया अनजान है। 
मुझे हैरानी तब हुई जब पता चला के उन्हें हर की पौड़ी और राम झूला,लक्ष्मण झूला तक के नाम नही पता।
 खैर मैंने उन्हें हरिद्वार बस स्टैंड से ऋषिकेश के लिये बस पकड़ने का सुझाव दिया और लक्ष्मण झूला वाले
 इलाके में होटल बुक करने के लिये कहा।
दिल्ली से हरिद्वार आने का सबसे बुरा अनुभव रहा, एक तो हम 11 घण्टे में पहुंचे, 
दूसरे हरिद्वार में ऑटो वालो ने लूट मचा रखी थी, हम जहां उतरे थे वहां से हर की पौड़ी मात्र 3 किमी 
था लेकिन ऑटो वाले 700 से 1000 तक का मुंह फाड़ रहे थे, दूसरी परेशानी यह हुई के 
ऋषिकेश और हरिद्वार में ओला वगैरह नही चलती, बस मैप ही एक सहारा है। 
किसी प्रकार एक साइकल रिक्शा वाले अंकिल ने हमे मुख्य चौराहे तक पहुंचाने के 
लिये कह दिया जहा से किफायती दाम में ऑटो मिल जाती। व्वे बुजुर्ग थे तो मैं रिक्शा
 में बैठने के बजाय श्रीमती जी और साली जी को बिठा कर उनके पीछे पैदल ही निकल चला, 
रास्ते मे कई बार मैंने उनसे साइकिल चलाने का आग्रह किया लेकिन वे नही माने तो भाई हमने
 दो किमी उन्हें साइकिल पीछे से धकेल कर सहायता प्रदान की। वे रास्ते भर ऑटो और वैन वालो 
को गरियाते रहे के लूट मचा रखी है, धर्म की नगरी में अधर्मी यही तो है, श्रद्धालु एवं अनजानों को लूटते है,
 भगवान सब देख रहा है, केदारनाथ ऐसे ही नही बहा था, पाप यहां भी बढ़ रहा है, गंगा मैया
 ही अब सब ठीक करेंगी किसी दिन। 
खैर जहां उन्होंने रोका वहां से मोलभाव करने के पश्चात एक ऑटो वाला 150 में तैयार हो गया
 होटल तक जो गीता भवन के पास ही कही था। जब हम रास्ते मे निकले तब पाया के उसके चार्जेस वाजिब थे, 
मुख्य चौक से हमारे होटल तक का अंतर 7 किमी था। और पूरा रास्ता एकदम निर्मानुष्य भी था।
हरिद्वार का यह अनुभव अब तक मेरे जेहन में था। खैर अब हमारी कैब पूर्ण गति पर थी, 
संयोग अच्छा रहा के जाते समय कही रोड कटिंग और ट्रैफिक नही मिली और हम जस्ट फाटक बंद होते 
होते देवप्रयाग पहुंचे। फिर भी चेक पोस्ट वालों ने आगे बढ़ने देने से मना कर दिया, 
माँ गंगा, हरिद्वार, हर की पौड़ी 

ड्राइवर ने बहुत आग्रह किया वे नही माने तो मैं खुद गया और उनसे निवेदन किया हम काफी दूर से आ 
रहे और बहुत दूर जाना है, ऋषिकेश पहुंचना अत्यंत आवश्यक है, चोपता में अत्यधिक ठंड से तबियत 
भी खराब हो चुकी है तो हम यहां इस ठंड में नही रुक सकते, उस समय वाकई मुझे तीव्र बुखार हो चुका था,
 पता नही अफसर के मन मे क्या आया की उन्होंने गाड़ी नम्बर और ड्राइवर की पूर्ण जानकारी 
दर्ज करके हमे जाने दिया। 
अब गाड़ी सरपट थी, आते समय जहाँ हमे 11 घण्टे लगे थे, जाते समय हम 8-9 घण्टे में ही पहुंच गए थे,
 साले जी ने लक्ष्मण झूला के समीप ही होटल बुक कर लिया था, मुझे लोकेशन मिल चुकी थी 
तो कैब सीधे होटल तक ले गए और उनकी पेमेंट करने के पश्चात होटल में प्रवेश किया। 
साले जी अब साथ थे, मेरे मुंह से अत्यधिक थकान के कारण बोल न फुट रहे थे, 
सम्पूर्ण शरीर दर्द कर रहा था, बुखार के कारण आंखे मानो जल रही थी, कमरे में पहुंचकर मैंने 
बिना एक शब्द कहे बैग पटक दिया और जल्दी से कपड़े बदल कर बिना हाथ मुंह धोए ही बेड पर जा गिरा, 
साले जी मेरा ऐसा रूखा व्यवहार देखकर दुखी हो गए, मैंने बस इतना ही कहा के अभी बात
 करने की हालत में नही हु।
और उसके पश्चात मैं फौरन सो गया, अपनी 31 साल की जिंदगी में मुझे याद नही की मैं कब
 बिस्तर पर पड़ते ही एक मिनट के भीतर सो गया था, वो तो श्रीमती जी ने जबरन क्रोसिन खिलाने के
 लिये जगा दिया। अगली सुबह भी नौ बजे उठा तब थोड़ा सही लगा, बुखार उतर चुका था, साले जी से
 जी भर कर बात चीत की और उन्हें चोपता की थकान भरी यात्रा और अपने चोटिल होने की पूरी कहानी बताई,
 साथ ही साथ पुनः साली साहिबा को धन्यवाद दिया जो उन्होंने मेरी इतनी सहायता की जिसके बगैर मेरा
 वापस लौटना एक स्वप्न ही था। 
अब यहां आकर साली जी को एडवेंचर करने थे, वे रिवर राफ्टिंग के लिये उत्साहित थी। 
मेरे दोनो हाथ दुख रहे थे, एक कलाई में सूजन भी थी, तो मैं रिवर राफ्टिंग नही कर सकता था,
 वैसे मैं करना भी नही चाहता था। मुझे डर लगता था।
तब साली जी ने अपने भाई को इसके लिये तैयार किया, जब साली जी तैयार होने चली गई तो साले 
साहब ने पूछा ये रिवर राफ्टिंग में क्या होता है जीजा जी? मैंने उन्हें यूट्यूब पर वीडियोज दिखाए तो 
उनके होश फाख्ता हो गए। जब साली जी आई तो वे मिन्नते करने लगे की मत जाओ, बहुत खतरनाक है, 
पैसे भी दो और जान भी जोखिम में डालो यह कहा कि समझदारी है? वे अकेले ही जाने के लिए तैयार हो गई,
 उन्हें हर हाल में रिवर राफ्टिंग करनी ही थी।
अब भला उन्हें अकेले कैसे जाने देता तो मरता क्या न करता सोचकर मैं तैयार हो गया ।
फिर हमने नीचे एक एजेंसी से बात की, 500 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से बात तय हुई, 
एजेंसी में विविध प्रकार के एडवेंचर स्पोर्ट्स के कैटलॉग और तस्वीरें लगी हुई थी।
साली जी वही देख रही थी, और मैं मना रहा था की भगवान करे
ये बस रिवर राफ्टिंग तक ही सीमित रहें, लेकिन वे बंजी जम्पिंग वाले कैटलॉग पर आकर रुक गई।
'बंजी जम्पिंग' भी करना है। उन्होंने कहा तो मेरे पसीने छूट गए।
साली साहिबा की जिद के चलते आखिरकार उनके साथ हमे भी उस चोटिल अवस्था मे रिवर राफ्टिंग के लिये तैयार होना पड़ा।  साले जी ने पहले ही हाथ खड़े कर दिए थे के उनसे न हो पायेगा, और श्रीमती जी का स्वास्थ्य उन्हें इस चीज की इजाजत नही देता था, तो एक एजेंसी द्वारा रिवर राफ्टिंग की बात तय हुई और पेमेंट कर दी गई।
 साले जी और उनकी बहन अर्थात श्रीमती जी ने हमारी अनुपस्थिति में लक्ष्मण झूला एवं राम झूला 
घुमने की योजना बनाई। मुझे और साली जी को राफ्टिंग में लगभग ढाई घण्टे लगने थे, वे बंजी 
जम्पिंग करने के लिये भी तैयार थी।
अब उन्हें मैं अपनी जिम्मेदारी पर लाया था तो उन्हें अकेले नही जाने दे सकता था, 
इसलिए उनके हर एडवेंचर में मेरा साथ रहना आवश्यक ही था। रिवर राफ्टिंग तक सही था 
लेकिन बंजी जम्पिंग का मूड देख कर मेरे होश फाख्ता हो गए।
मैंने बहाने मारने आरम्भ कर दिए, यार 3500 ले रहे एक आदमी का बंजी जम्पिंग के लिये, 
ये तो पैसों का वेस्टेज है।
3500 भी दो और और पहाड़ से उल्टे लटक कर भी कूदो, यह कहां तक सही है?
वे बोली पहले राफ्टिंग करते है फिर तय करेंगे। तो हम राफ्टिंग के लिये एजेंसी द्वारा दी गई 
जिप्सी में निकल लिए, हमारा राफ्टिंग पॉइंट हमारे होटल से 16 किमी दूर था। इसी बीच जिप्सी 
में केवल महिलाएं ही दिखाई देने लगी, तब पता चला ये हमारी टीम में है। यानी इस राफ्टिंग में केवल एक 
मैं पुरुष सदस्य था। गाइड को यदि न गिना जाये तो।
कुछ देर बाद हम राफ्टिंग पॉइंट पर पहुंचे, हमारे समक्ष साफ स्वच्छ गंगा की लहरें थी, 
इतना स्वच्छ पानी वह भी बहती नदी का , मैंने और साली जी ने पहली बार ही देखा था।
तब तक जिप्सी पर से राफ्ट उतार दी गई, और हमे लाइफ जैकेट्स और हेलमेट्स पहना दीये गये। 
हमने वहां यादगार के लिये कुछ तस्वीरें खींची। 
गाइड ने हमे राफ्ट और पैडल के प्रयोग के विषय मे जानकारी प्रदान की और कुछ आवश्यक निर्देश भी दिए,
 जिसके अनुसार पूरी राफ्ट की जिम्मेदारी हमारी थी। हमे ही चलाना था और हमे ही गंतव्य तक पहुंचाना भी था। 
जब गाइड ने कहा के सबसे आगे वाले व्यक्ति पर सम्पूर्ण राफ्ट की जिम्मेदारी होगी और वही प्रमुख चालक होगा,
 तब मुझे पता चला के गाइड सबसे पीछे बैठ कर बस निर्देश देगा। अब तक मैं समझ रहा था राफ्ट वही चालएगा, 
तो मैंने ठान लिया के मैं तो मध्य में बैठूंगा।
लेकिन उस टीम में बस महिलाएं ही थी, केवल गाइड और मैं ही पुरुष थे, जिसमे से गाइड भाई 
पहले ही सबसे पीछे बैठने की बात कहके खिसक लिए। गाइड ने कहा की आप सबमे से सबसे मजबूत 
और प्रबल सदस्य आगे बैठ जाये।
तो सबकी सब महिलाओं ने एक साथ मेरी ओर ही देखा। एक ने तो कह भी दिया, आप ही
 सबसे मजबूत और पहलवान टाइप हो, हमारी जिम्मेदारी अब आपके ऊपर है।
मैंने सोचा के कहां फंस गया, एक तो यार मैं राफ्टिंग के लिये भी साली जी के कारण जबरदस्ती आया, 
और आया भी तो अब मुझे ही लीडर शिप करनी थी। 
साली जी ने छेड़ा भी, और बनो हीरो हाफ टी शर्ट पहन कर।
तभी मेरे सामने एक राफ्ट लहरों के मध्य कई फ़ीट तक उछली, जिसे देख कर हम सबकी ऊपर 
की सांस ऊपर और नीचे की सांस नीचे रह गई।
साली जी ने कहा आप फिक्र ना करो, मैं आपके साथ आगे बैठती हु। तब थोड़ी हिम्मत आई और हमने हाई
 फाइव किया और हर हर गंगे कहकर राफ्ट में बताए निर्देशानुसार बैठ गए। धीरे धीरे हमारी राफ्ट किनारे से
 हट कर अब सीधे गंगा मैया की गोद मे थी। 
पानी तो अत्यधिक ठंडा था, और राफ्ट शुरू होते ही भारी लहरों के मध्य इस प्रकार हिचकोले खाई के
 एक संपूर्ण लहर राफ्ट के मध्य प्रवेश करके हम सबको पूर्णतया भिगो कर चली गई।
पूरे बदन में झुरझुरी सी दौड़ गई, इसी प्रकार और भी अनेक लहरों से टकराकर राफ्ट आगे बढ़ी।
मैं अपनी पूरी शक्ति से पैडल चलाता था, किन्तु मेरी टीम की महिलाएं इस मामले में फिसड्डी साबित हुई, जब तक मैं चार बार चप्पू चला लेता तब तक उनका एक राउंड भी ठीक से नही हो पाता था।
हमारी राफ्ट इस बिगड़े तालमेल के कारण घूमने लगी। तब गाइड जी ने महिलाओं को एक लय से पैडल चलाने के निर्देश दिए, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात।
अब हुआ यह के पूर्ण शक्ति से पैडल चलाने के कारण मेरे कंधे दुखने लगे, पीछे वाली टीम से कोई सहायता प्राप्त नही हो रही थी, बस केवल साली जी थी जो पूरी शक्ति लगा रही थी, जिनकी वजह से मैं राफ्ट को दिशा देने में सफल हो रहा था।
शीघ्र ही मैं थक कर चूर हो गया। 
और उसी पल गाइड ने चप्पू रोकने के निर्देश दिए, अब हम सब शांत बैठे थे।
गंगा अब एकदम शांत थी, पहाड़ और जंगलों के मध्य इस निर्मल और स्वच्छ प्रवाह में बहना एक दिव्य अनुभूति सी थी। बीच बीच मे लहरों के कारण ठंडे जल की बूंदे हमे अवश्य भिगो जाती। गाइड ने इसी मध्य हमे बताया की जिसे पानी के मध्य कूदना हो वे राफ्ट की साइड में लगी रस्सियों को थाम कर कूद सकते है।
मैं तो कतई राजी नही था, लेकिन ग्रूप की दो एक लड़कियों ने इच्छा जताई और कूद गई। ये वही थी जो एक चप्पू चलाने में हांफ जाती थी और कूदने की बारी आई तो फौरन कूद गई।
साली जी ने भी पूछा मैं भी कुदू? जैसे मेरे कहने पर वे रुक ही जाती। मैंने हा कह दिया तो वे कूद पड़ी।
अब मुझे भी कूदना ही था, तो महादेव और गंगा मैया का नाम लेकर मैं भी कूद पड़ा।
कूदते ही मानो सीने से नीचे सम्पूर्ण शरीर एकदम से सुन्न हो गया। पानी अत्यधिक ठंडा था, जिस कारण निचला शरीर पूर्ण रूप से सुन्न सा होता प्रतीत हुआ। लेकिन यह मात्र कुछ सेकंड्स तक रहा, धीरे धीरे उस तापमान का आदि होने के बाद हमने खुद को राफ्ट के हवाले कर दिया। 
अब पानी मे छाती तक डुबे हम गंगा में बह रहे थे, मैं आंखे बंद कर इस अनुभव को समेट रहा था, शुरू में भले डर लगा लेकिन अब इसमें आनन्द आने लगा था। 
मन ही मन साली साहिबा को धन्यवाद दिया की उनकी जिद के ही कारण सही किन्तु कम से कम यह अनुभूति प्राप्त करने का अवसर तो मिला।
काफी देर तैरते रहने के पश्चात गाइड ने हमे पुनः राफ्ट में खींच लिया, अब भीतर का डर पूर्णतया गायब हो चुका था।
लहरे तेज होने लगी थी, राफ्ट उछलने लगी। लेकिन अब लहरों का डर खत्म हो गया था, और हमारे चप्पू तेज चलने लगे, कहने की बात नही के इसमे केवल मैं और मेरी पार्टनर ही सबसे अधिक मेहनत कर रहे थे। 
एक जगह आकर पुनः कूदने को कहा गया, साली जी पुनः कूद पड़ी लेकिन अब मेरी कूदने की इच्छा नही थी, मैं बस कुछ क्षण उस प्रवाह में शांत रहना चाहता था। कुछ देर पश्चात लक्ष्मण झूला दिखने लगा, अब हम निर्धारित तट की ओर बढ़ रहे थे।
राफ्टिंग समाप्त हो चुकी थी, करीब डेढ़ पौने दो घण्टे की राफ्टिंग वाकई में एक जबरदस्त और अद्भुत अनुभव था।
मैं यह भी भूल गया था की अभी एक दिन पहले तुंगनाथ ट्रैक के दौरान मेरी दोनो कलाइयां मुड़ चुकी थी।
ट्रैकिंग की पूरी थकान अब उतर चुकी थी।
इसी बीच साले जी का फोन आया, वे राम झूला घूम चुके थे मैंने आधे घण्टे में आने का आश्वासन दिया और जिप्सी में बैठ गया। 
कुछ ही देर में हम होटल में थे, जहां हमने कपड़े बदले और श्रीमती जी और साले साहब की प्रतीक्षा करने लगे।
हरिद्वार, हर की पौड़ी में
यह बात अच्छी हुई के साली साहिबा बंजी जम्पिंग के विषय मे एकदम से भूल ही गई, और मैं तो याद दिलाने वाला ही नही था।

वे लगभग आधे घण्टे में आये, तब योजना बनी की पहले लक्ष्मण झूला चलते है, कुछ खाते है और सीधे हरिद्वार चलते है, हर की पौड़ी पर गंगा आरती देखनी है।
हम अब लक्ष्मण झूला पर थे, सामने ही 13 मंजिला मंदिर था जो हमेशा तस्वीरों एवं फिल्मो में देखता आ रहा था। लेकिन कल की ट्रैकिंग और ट्रेवलिंग के बाद इतनी शक्ति नही थी की 13 मंजिला मंदिर चढ़ सके तो वही घाट पर घूमने के पश्चात हमने एक होटल में कुछ खाया। 
खाना तो वाहियात ही था, आधा मूड वही खराब हो गया। मुम्बई से निकलने के पश्चात बस चोपता में ही सही खाना मिला था, बाकी जगह तो काम चलाऊ कह सकते है।
खैर अब समय हो रहा था, 5 बज रहे थे और हमे जल्द से जल्द हरिद्वार पहुंचना था, ऋषिकेश के ऑटो वाले भी लूटने के मामले में हरिद्वार वालो से पीछे नही थे। 
हमे कोई 1000 कहता तो कोई 800, हमने कहा भाई आप जो किराया है वह लो, हम रिजर्व नही कर रहे पूरी ऑटो। आप और सवारी भी लीजिये। वे नया जानकर बेवकूफ बनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन हम बेवकूफ तो थे नही।
आखिरकार होटल के थोड़ा आगे एक ऑटो स्टैंड था जहा से हर की पौड़ी रेगुलर जाती थी, वहां बात किये तो 400 कहने लगा, हमने कहा प्रति व्यक्ति किराया लेना है तो लो वरना जाने दो।
वरना आरती तो हम परमार्थ आश्रम की ही देख लेंगे।
आखिरकार ऑटो वाले ने मानक किराया बोला 60 रुपये प्रति व्यक्ति, जो कि 50 रुपये प्रति व्यक्ति होता है। ऑटो के भीतर किराए की सूची लगी हुई थी जहां हर की पौड़ी का किराया खुरच दिया गया था। लेकिन अब समय नही था तो हम बैठ गए, तकरीबन पौने या एक घण्टे के बाद हम हर की पौड़ी पहुंच चुके थे। हम गंगा घाट पर पहुंचे, मैंने श्रीमती जी, साली जी और साले जी को निर्देश दिए की घाट पर किसी प्रकार के कर्मकांड में ना पड़े। और ना ही किसी पंडे वगैरह के चक्कर मे पड़ें।
एक धागा या एक आरती भी सीधे 500 का चूना लगा सकती है। श्रद्धा मां गंगा में रखो कर्मकांडो में नही।
उन्हें पर्याप्त निर्देश दिए। और वही हुआ, हर कदम पर कोई ना कोई धागा बांधने वाले, आरती दिलवाने वाले, प्रसाद बांटने वाले मिलने लगे, चूंकि हम पहले ही सावधान थे इसलिये किसी के चक्कर मे नही पड़ें।
यहां आकर पता चला आरती समाप्त हो चुकी है, थोड़ी निराशा हुई लेकिन फिर यह सोचकर रह गया की आरती वगैरह तो बहाना है, असली श्रद्धा और भावना तो माँ गंगा का यह प्रवाह और इसका सानिध्य है, हम घाट पर काफी देर बैठे रहे। 
थोड़ा अफसोस अवश्य था लेकिन गंगा की शीतल लहरों ने जल्द ही सब भुला दिया। 
इसी मध्य श्रीमती जी की इच्छा हुई गंगा में दीप एवं फूल प्रवाहित करने की।
मैंने उन्हें समझाया माँ गंगा को इन सबकी आवश्यकता नही है, उसे स्वच्छ रखो यही पर्याप्त है, फूल पत्तियां दीये बहाकर हम उसे क्यो गंदा करें ? जो गंगा हमे हरिद्वार, ऋषिकेश, देवप्रयाग से इतनी सुंदर और स्वच्छ दिखती है, वह बनारस और प्रयागराज आकर इतनी मैली क्यो दिखती है, यही सब छोटे छोटे कर्मकांड वगैरह ही है जो उसे अस्वच्छ बनाते है, और यहां विभिन्न बोर्ड्स पर लिखा भी है, गंगा को स्वच्छ रखे वही उसकी सच्ची पूजा है। तो यही मान लो। 
फिर भी मैंने एक बार उनका मन रखने के लिये दिये लाने का विचार किया तो उन्होंने ही मना कर दिया।
काफी देर बैठने के पश्चात हमने मुख्य सड़क से अपने होटल की ओर एक ऑटो की और हरिद्वार से निकल लिये।
अगले दिन प्रातः हरिद्वार से दिल्ली के लिये ट्रेन थी तो ज्यादा।समय नही था, माँ गंगे से जब भी अवसर मिलेगा पुनः भेंट देने का निश्चय लेकर हमने विदा ली।
उसके बाद हम 3 दिन दिल्ली रहे, लेकिन हमारे जेहन में बस चोपता-तुंगनाथ-हरिद्वार-ऋषिकेश और उत्तराखंड के पहाड़ और ठंडी हंवाये ही थी। अब मुम्बई पहुंच चुका हूं,लेकिन अब भी महसूस होता है मानो मेरा कुछ हिस्सा वही छूट गया है।
भगवान महादेव और माँ गंगा को धन्यवाद देना चाहूंगा जिनके आशीर्वाद के कारण एक साल से अनेक बार बनते बिगड़ते मेरी यह योजना अंततः सफल हुई, इस योजना को सफल बनाने में मेरी श्रीमती जी, मेरी बच्ची अर्थात मेरी ट्रैकिंग और एडवेंचर पार्टनर साली जी, और साले जी का भरपूर योगदान है। 
अनेकों छोटे मोटे झगड़ो, मनमुटावों के बावजूद आखिरकार हम सब एक साथ थे।
एक साथ हमने अनेक अविस्मरणीय अनुभव किये। इस यात्रा ने कभी न मिट सकने वाली एक अमिट छाप हमारे मन मस्तिष्क में छोड़ दी। और हमारे रिश्तों में संबंधों में और अधिक प्रगाढ़ता और अपनापन बढ़ाया। ईश्वर हमारा साथ यू ही बनाये रखे जिससे हमें जल्द ही पुनः नई योजनाओं पर साथ कार्यरत होने का अवसर प्राप्त हो। साल का इससे बेहतर अंत नही हो सकता था मेरे लिए।

शनिवार, 29 दिसंबर 2018

तुंगनाथ चोपता यात्रा-3


इस यात्रा वृतांत के पिछले भाग पढने के लिए तुंगनाथ-चोपता यात्रा भाग 1 और तुंगनाथ चोपता यात्रा भाग-2 पर क्लिक करें ।
 गिरते पड़ते आखिरकार तुंगनाथ महादेव के मंदिर तक पहुंच ही गया, शाम होने को थी और ऋषि
केश भी वापस पहुंचना था,ऊपर से भारी थकान और बर्फ से ढंकी चोटियों के कारण तुंगनाथ से आगे डेढ़ किलोमीटर चंद्रशिला जाना लगभग असंभव ही था। इस यात्रा और ट्रैक में मेरी सबसे ज्यादा मददगार बनी मेरी साली जी, यदि वे ना होती तो मैं पहुंचता जरूर किन्तु वापसी बेहद दुष्कर हो जाती। 
तुंगनाथ के कपाट इस समय बंद रहते है, जो मैं पहले से जानता था, किन्तु बंद कपाट श्रद्धा के समक्ष कोई मायने नही रखते, मेरा मानना है कपाट बंद होने से महादेव का आभास हट नही जाता। महादेव तो सदैव आसपास ही है। यहां आने का एक कारण बर्फ भी थी, मुझे,श्रीमती जी, और साली जी को बर्फ की सफेद चादरें देखने की तीव्र इच्छा थी। हमने कभी अपने समक्ष इस वातवारण को महसूस नही किया था, यही कारण था के हमने दिसम्बर की योजना बनाई जब बर्फ वृष्टि अपने उफान पर होती है। और कहना ना होगा के हम अपने उद्देश्य में कामयाब भी रहें। अब तो इतनी बर्फ देख चुके थे के मन सूखी जमीन देखने के लिये बेचैन सा हो उठा। 
मंदिर प्रांगण से निकलते समय मुझे ज्ञात हुआ के मेरी लाठी कही गुम हो गई है, वहां बैठे कुछ लड़कों में से एक ने अपनी लाठी मुझे देनी चाही जिसे मैंने नम्रता से अस्वीकार कर दिया। साली जी ने कहा की ले लीजिए आगे बहुत काम आएगी, आपके जूते साथ नही दे रहे, उनके आग्रह के कारण और उस लड़के के पुनः अनुरोध पर मैंने वह लाठी ले ली। यहां एक बात बताना जरूरी समझता हूं, यदि आपके पास ट्रैकिंग स्टिक्स का जुगाड़ नही है तो लाठियां अवश्य लें, आपको आते हुए भले कोई खास सहायता ना मिले लेकिन लाठी का महत्व आपको जाते हुए अवश्य समझ मे आएगा। निस्संदेह ट्रैकिंग के मध्य रास्ते मे पहुंचकर मैं यह निश्चित तौर पर कह सकता हु के जिस लड़के ने मुझे अपनी लाठी दी थी, वह अपने उस निर्णय पर बेहद पछताया होगा। खैर अब बारी थी वापसी की, और तुंगनाथ की सीढ़ियों से उतरते ही मैं धम्म से गिरा। साली जी हंसी, मैं भी हंसते हुए उठा और उनके साथ हो लिया, उनके ट्रैकिंग शूज बर्फ में पकड़ बनाये चल रहे थे और मैंने ट्रैकिंग पथ के बजाय उसके किनारों पर जमी भुरभुरी बर्फ में चलना उचित समझा। पथ पर बर्फ कड़ी हो जाती है जिससे भयंकर फिसलन होती है, लेकिन किनारों पर भुरभुरी बर्फ होने से पैर धँसते है जिससे गिरने का खतरा कम हो जाता है, लेकिन यहां आपको ध्यान देना होता है क्योंकि इससे आपको आगे किसी खन्दक,गड्ढे या नाली के होने का भी आभास नही होता, जिससे आप खुद को चोट पहुंचा सकते है। ऐसे में लाठी काम आती है, जिसे आगे धंसा कर बर्फ ना केवल बर्फ की गहराई जांची जा सकती है, बल्कि
विपरीत बल देकर अनावश्यक फिसलन से भी खुद को बचाया जा सकता है।
 

थोड़ा आगे जाकर साली जी भी फिसल कर गिरी, और अब हंसने की बारी मेरी थी, हमने हंसी मजाक में प्रतियोगिता शुरू कर दी के नीचे उतरने तक देखते है कौन कितनी बार गिरता है। जो सबसे कम गिरेगा वह विजेता कहलायेगा, उन्होंने मान लिया। और गिनती आरंभ हो गई।
कभी वे गिरती कभी मैं, 15 बार गिरने के बाद मैं गिनती गिनना ही भूल गया, प्रतियोगिता की बात ही छोड़ो। फिर कितनी बार गिरे इसकी गिनती ही नही रही। एक जगह कठोर बर्फ थी, मैंने वहां लगी रेलिंग पर मजबूत पकड़ बनाई और आगे बढ़ने को हुआ ही था के पैर फिसल गए, लेकिन रेलिंग नही छूटी, परिणाम स्वरूप मेरे भार से कलाई ही मूड गई। अत्यधिक दर्द शुरू हो गया, साली जी भी चिंतित दिखाई देने लगी तो कह दिया सब सामान्य है। किसी प्रकार गिरते पड़ते हमने आधा मार्ग पार किया, एक जगह हमे हमारा शार्ट कट दिखा जो आते समय हमने पकड़ा था, साली साहिबा ने शार्ट कट पकड़ने की इच्छा जताई। मैंने एक नजर ट्रैकिंग पाथ को देखा जो लगभग तीन मोड़ लिए हुए काफी लंबा रास्ता था, और फिसलन भी। 
मैं बुरी तरह पस्त था, अनेक बार गिर चुका था, कलाई मुड़ी हुई थी तो मैं और अधिक फिसलने का जोखिम नही उठा सकता था। मैंने उनके शार्ट कट वाले सुझाव पर हामी भर दी और उनके पीछे चल दिया। 
वह रास्ता सीधा उतार था, और डेढ़ फीट से भी ज्यादा बर्फ वहां बिछी पड़ी थी। और यह रास्ता चुनकर हमने गलती कर दी।
जमी हुई बर्फ पर आपको अंदाजा रहता है की रास्ते मे पैर नही धँसेगे लेकिन इस बर्फ में आपको मार्ग के उतार चढ़ाव का कोई अंदाजा नही रहता, आपके कदम रखते ही भुरभुरी बर्फ अंदर तक धंस जाती है और आप फिसल जाते है। मैं यहां भी कई बार गिरा, साली जी के ट्रैकिंग शूज भी यहां बेकार साबित हो रहे थे। फिर भी वे मेरे लिये सही मार्ग बनाते आगे बढ़ रही थी और मुझे उनके ही पदचिन्हों पर आने का आग्रह कर रही थी।
लेकिन एक जगह मेरा पैर फिसला और मैं लुढ़कते हुए उनसे आ टकराया और उन्हें भी कई फीट तक लिए चला गया। 
अब समझ मे नही आ रहा था की हम इस स्थिति पर हंसे या रोये, साली जी तो हताश होकर बैठी ही रह गई। हम शार्टकट के चक्कर मे ऐसे मोड़ पर आ खड़े हो गए थे जहां से ना आगे बढ़ पा रहे थे और ना पीछे जा सकते थे। 
ट्रैकिंग पाथ दिखाई दे रहा था लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए हमे इस मोटी बर्फ की
चादर को पार करना था, बर्फ में पैर धंसा कर चलने से अधिक ऊर्जा खर्च होती है और थकान जल्दी आती है ऊपर से हम हर दो-तीन मिनट में एक बार गिरते जरूर थे, साली जी फिर भी कम गिरती थी लेकिन मेरे स्पोर्ट्स शूज के कारण मैं इतनी बार गिरा के मानो सम्पूर्ण ऊर्जा ही नष्ट हो गई थी। एक एक कदम भारी हो रहा था।

हम बिना बोले कुछ देर तक उसी बर्फ में धंसे हुए बैठे रहे, और अपनी हांफती साँसों को नियंत्रित करते रहे। यहां साली जी को ध्यान आया के मेरी मुड़ी कलाई के कारण मुझे ट्रैकिंग में हद से ज्यादा असुविधा हो रही है । तो जहां मुझे उनका सहारा बनना चाहिए था वहां वे मेरा सहारा बन गई। 
उनके चेहरे पर थकान और हताशा के भाव स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। वे उठी और कहा की बस थोड़ी देर और फिर हम मुख्य पथ पर होंगे। उन्होंने हाथ पकड़ कर मुझे किसी प्रकार उस बर्फ की दलदल से निकाला और अथक प्रयास और अनेकों बार गिरने के पश्चात हम आखिरकार मुख्य ट्रैकिंग पाथ पर थे, हम आधा रास्ता पार कर चुके थे, शार्ट कट जितना जाते समय उपयोगी था उससे कई गुना ज्यादा आते समय खतरनाक और जोखिमभरा हो जाता है।
इसलिए अब हमने दूसरा शार्ट कट लेने की योजना एकदम खारिज कर दी और सीधे पाथ पर चल पड़े। अचानक से मैं पुनः एक बार फिसला,लेकिन इस बार भुरभरी बर्फ के बजाय ठोस धरातल पर गिरा, अपने आप को बचाने के चक्कर मे मैंने हाथ सीध में जमीन पर रखा,लेकिन सम्पूर्ण शरीर का भार उसपर आ जाने के कारण मेरी वह कलाई भी मुड़ गई।
इस प्रकार मैंने अपनी दोनो कलाइयों का सत्यानाश करवा लिया और रास्ता अभी भी आधा बाकी था, मेरे कपड़े अंदर तक बर्फ से भीग चुके थे, जूते, मोजे,दस्ताने पूर्णतया गीले हो चुके थे,जीन्स भी लगभग गीली थी जिस कारण ठंड अब ज्यादा महसूस होने लगी थी। अब किसी भी हाल में कैम्प तक पहुंचना ही था। साली जी को जब मेरी दूसरी कलाई के विषय मे पता चला और मेरे भीगे कपड़ो को देखा तो बस किसी तरह उनकी रुलाई उन्होंने रोक ली। 
वे जानती थी की इस समय ऐसी किसी हरकत से दूसरे का मनोबल टूट जाता है। वे नीचे पहुंच चुकी थी मेरे लिए खड़ी थी, वे रास्ते का निर्देश दे रहीं थी की यहाँ से आइए,वहां कदम रखिये। मैं किसी प्रकार टूटी फूटी कलाइयों,भीगे कपड़ो और थकान भरे शरीर को धकेलते हुए उन तक पहुंचा तो उन्होंने हिम्मत बढाने के लिए मेरे कंधे और पीठ थपथपाई।
'बस और थोड़ा रह गया है, चलो मैं हु आपके साथ, बस थोड़ा और हिम्मत दिखाइये।' उनके शब्दो मे उनकी थकान और विवशता स्पष्ट झलक रही थी।

मुझे समझ ना आ रहा था, जहां मुझे उनकी हिम्मत बनना था वहां वे मेरी हिम्मत बढ़ा रही थी। एक बारगी तो दोनो साथ फिसलकर बैठे ही रह गए, तब उन्होंने खुद को ट्रैक पर फिसलाना शुरू कर दिया, मैंने भी यही किया, जूतों के जोर पर बैठ कर दोनो हाथों से सतह को धकेल कर मैं भी कई मीटर तक फिसलते रहा उनके पीछे पीछे।
इस प्रकार हमने इतनी तकलीफ के बावजूद भी फिसलन का ना केवल आनन्द उठाया बल्कि रास्ता भी आसान किया, लेकिन ये ज्यादा देर नही चल सकता था,क्योकि आप ऐसे फिसलते हुए रास्तों के तीखे कटाव पार नही कर सकते। इससे आप किसी पत्थर से टकरा सकते है, कठोर बर्फ पर पलट सकते है, या सीधे पथ से नीचे गिर सकते है जिससे आप गंभीर रूप से घायल भी हो सकते है। किसी प्रकार हम अब ठीक ठाक मार्ग पर आ चुके थे, वहां एक वृद्ध की दुकान थी जो आते समय दिखी थी। जिसे देखकर हमारे अंदर उत्साह का संचार हुआ, क्योकि अब हम आधे से अधिक रास्ता पार कर चुके थे। हमने वहां खुद को आराम दिया और गरमागरम चाय और मैगी खाई।
जिससे काफी राहत मिली। आगे का मार्ग हमने एकदूसरे को थामे हुए ही पार किया। मार्ग में वे सरदार जी भी पस्त से पड़े हुये दिखाई दिए जो शुरू में लाठी घुमा कर डांस करते नजर आए थे। अब बर्फीला ट्रैक खत्म हो रहा था, कठोर सतह दिखाई देने लगी थी, जंगलों के मध्य मोनाल पक्षी दिखाई देने लगे तो मैंने साली जी को दिखाया, वे उनकी सुंदरता पर मुग्ध होकर मानो थकान ही भूल गई। मैंने उन्हें बताया के यह उत्तराखंड का प्रमुख पक्षी है। और वहां एक नही बल्कि चार पांच मोनाल दिखे।
उन्हें देखने के बाद अब तुंगनाथ का द्वार दिखाई देने लगा जहां से हमने चढ़ाई आरम्भ की थी। लेकिन एक डर यह भी था की सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण हमें फिर से तीन किलोमीटर बर्फ में चलकर ना जाना पड़े। 
अब इतनी शक्ति ना उनमे बची थी और ना मुझमे। तो वही एक लोकल दुकानदार से गाड़ी की बात की, 300 रुपये से बात शुरू होकर आखिर वे 200 में माने, हमारा कैम्प वहां से बामुश्किल तीन साढ़े तीन किलोमीटर ही था लेकिन अब चलने की शक्ति शेष नही थी। हम गाड़ी में बैठे, दोनो ने तुंगनाथ महादेव के द्वार की ओर अंतिम बार देखा और अपने कैम्प की ओर बढ़ गए। 
कैम्प पहुंचने के पश्चात मैंने श्रीमती जी को कैम्प के बाहर हमारी प्रतीक्षा करते हुए पाया, शाम के साढ़े 5 बज रहे थे और अंधेरा होना आरम्भ हो गया था, तापमान में हद से ज्यादा गिरावट यानी शुरू हो गई थी। साली जी ने अपनी बहन को देखा और दौड़कर उनके पास जाकर गले लग गई। वे एकदम से रोने लगी। मैं भी उनके मध्य शामिल हो गया। मैं रोया नही बस काफी देर तक तीनो एकदूसरे से आलिंगनबद्ध रहे। यह काफी भावुक क्षण था। थोड़ी देर पश्चात वे सामान्य हुई तो हमने फटाफट पैकिंग वगैरह की, कपड़े बदले और कैम्प वाले मेजबान को खाने के लिए कह दिया, वे आज रात्रि रुकने का आग्रह करते रहे लेकिन हमें ऋषिकेश हर हाल में पहुंचना ही था तो हम ने सविनय उनके आग्रह को ठुकरा दिया और खाना वगैरह खाकर चेक आउट किया, ठंड इतनी अधिक बढ़ चुकी थी के एक कदम रखना तक दूभर हो रहा था, ड्राइवर ने भी कह दिया के आगे चेकपोस्ट पर गाड़ी रोक देंगे। देवप्रयाग से आगे नही जा पाएंगे, आठ बजे के बाद ट्रेवलिंग वाली गाड़ियां प्रतिबंधित रहती है। हमने कह दिया जहां रोकेंगे वही रात के लिये होटल कर लेंगे लेकिन फिलहाल यहां से निकलिये।



सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *