Travel लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Travel लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 3 फ़रवरी 2020

चोपता से कार्तिक स्वामी की यात्रा 3

 

अपनी चोपता दिसम्बर यात्रा के पिछले भागों में मैंने भारी बर्फबारी एवं बन्द रास्तों के बावजूद कैसे चोपता पहुंचा उसका वर्णन किया है। सोशल मीडिया से मिले बनारस के दो छात्र मेरी इस यात्रा के साथी बने थे। भाग 1,  भाग 2
हम घुटनों तक बर्फ में डूबे हुये तुंगनाथ मार्ग पर चलते रहे, लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर बर्फीला रास्ता पार करके हम उस स्थान पर पहुंचे जहां से केदारनाथ,केदारनाथ डोम, सतोपंथ एवं चौखम्बा पर्वतश्रृंखला अपने विशाल स्वरूप में दिखाई देते है। इस स्थान पर एक होटल था जो इस समय बर्फ में पूर्णतया डूबा हुआ था, मेरी पिछली यात्रा के दौरान जब वापसी में मेरे कसबल ढीले हुये थे तब हमने यही पर चाय और मैगी खाई थी, उस होटल के सामने ही सीधी चढ़ाई वाला वह स्थान था जहां पिछली बार मैं और मेरी साली जी बुरी तरह फंस गए थे, जहां से वे मुझे लगभग लादते उठाते वापस लाइ थीं। वह शॉर्टकट था, सीधा रास्ता समतल था लेकिन इस समय वह बर्फ में इस कदर धंस गया था कि उसका दिखाई देना ही सम्भव नही था।
यश और केशव फोटोग्राफी में व्यस्त थे, उसी समय एक अजीब सी आवाज सुनाई दी, पहले तो मेरा वहम समझ कर नजरअंदाज कर दिया किन्तु वह आवाज फिर गूंजी तो मैंने सबको पैकअप करने के लिये कह दिया। 
यह निस्संदेह भालू की आवाज थी, उस वातावरण का प्रभाव था या सच मे मैंने भालू का स्वर सुना यह कह नही सकता, किन्तु आवाज स्पष्ट थी और मेरे अलावा यश और केशव ने भी सुनी थी इसलिये संदेह का कोई प्रश्न ही नही उठता था। वे डर गए मैं नही डरा कहूंगा तो झूठ ही कहूंगा क्योकि वहां उस यात्रा में सारे रास्ते मे केवल हम 3 ही व्यक्ति थे। वैसे भी जहां हम खड़े थे वहां से तुंगनाथ तक का मार्ग एकदम बंद दिखाई दे रहा था। तो हमने लौटने में कोई हर्ज नही समझा और उल्टे पांव तेजी से वापस जाने लगे, रास्ते मे यश भाई अनेक बार गिरते रहे, बर्फ में धँसते रहे, हम तीनों की नजरें चौकस थी, वृक्षों की गिरी हुई शाखाओं से हमने कुछ मजबूत डालियां तोड़ कर अपने साथ ले ली, यह किसी भी तरह की अकस्मात स्थिति से बचने के लिये बचकानी तैयारी थी, रास्ते भर हमारी नजरें जहां सी आहट ,पत्तो को सरसराहट और बर्फ गिरने की आवाज पर चौंक जाती। रास्ता अब भी काफी दूर था, मुझे बर्फ में कदमों के निशानों के मध्य लाल रंग के कुछ धब्बे दिखाई दे रहे थे जिसे मैंने केशव को बताया लेकिन उन्होंने गंभीरता से नही लिया। मुझे यही लगा शायद हमसे पहले आये किसी यात्री के पैरों में चोट लगने से यह धब्बे बने हो। 
आधा किलोमीटर जाते ही एक दल आता दिखाई दिया, वे चार पांच लड़के थे, सभी उत्तराखंडी ही थे। हम वापस जा रहे थे तो सोचा इन्हें भी आगाह कर दे।
उनमे से एक को हमने बताया कि आगे रास्ता नही है, हमने भी बहुत प्रयास किया और दूसरी बात हमे भालू की आवाज भी सुनाई दी है, आपको मना नही कर रहा किन्तु सावधान रहिएगा। उनपर शायद ही हमारी बात का असर हुआ हो, वे आगे बढ़ गए। उनके आगे बढ़ते ही मेरे मन मे आया कि यदि ये इस बर्फ में जा सकते है तो हम क्यो नही? इतनी दूर आकर, इतनी बर्फ में डेढ़ दो किलोमीटर चढ़कर क्या वापस आने के लिये आये है? आगे तो भालू का और बर्फ का डर था लेकिन अब तो कुछ लोग और है तो क्यो न प्रयास किया जाए, मैंने केशव को अपनी योजना बताई उसके उत्साह में बिल्कुल कमी नही आई थी। वह जोशीला लड़का था, यश भाई उसके विपरीत थे, वे जल्दी थक जाते और चिड़चिड़े हो जाते थे, हमने वापस जाने का कहा तो उनका मुंह बन गया। लेकिन हम फिर आगे बढ़े तो वो भी साथ चल दिये, कुछ ही देर में हम उस स्थान तक पहुंचने वाले थे जहां से वापस आये थे कि हमने देखा यश जी बहुत पीछे छूट गए है, उनके साथ दल के दो लोग भी थे, उन्होंने से किसी ने चीख कर कहा आपके दोस्त के पांव में से खून निकल रहा है।
हम भौंचक्क रह गए, अब तो वापस जाना ही था किसी को भी ऐसी हालत में लेकर या उसे छोड़कर जाना हमारी यात्रा और संवेदनशीलता को स्वीकार्य नही था, हम बर्फ चीरते हुए वापस लगभग 400 मीटर पीछे गए और यश भाई से जूते उतरवाए, उन्हें कुछ भी नही पता चल रहा था और न ही किसी प्रकार का दर्द हो रहा था। बर्फ में अत्यधिक ठंड में त्वचा संवेदनाहीन हो जाती है यह मैं जानता हूँ किन्तु यहां इस माहौल में भी ऐसा हो सकता है यह जानकर मैं अचंभित और घबराया हुआ था। जब जूते खोले तो भाई साहब के दोनो पैर सही सलामत, एक भी खरोंच नही।
फिर मैंने जूते देखे तो बड़ा गुस्सा आया कि जूतों के सोल का रंग हल्का लाल था जो यहां वहां छप जा रहा था।
हमे यश भाई पर बड़ा गुस्सा आया कि कैसे व्यक्ति है जो यह नही समझ सकता कि उसे चोट लगी है या नही,उनके चक्कर मे फिर से हम इतने पीछे आ गए थे कि वापस जाने के नाम पर ही दिमाग घूमने लगा था किंतु फिर भी हमने हार नही मानी और आगे बढ़ गए, इस बार रास्ता भर यश भाई को सुनाते गए, उन्हें कोई फ़र्क न पड़ना था और न पड़ा।
अब फिर हम उसी बर्फ से ढंके होटल के पास खड़े थे, हमारे आगे गए लड़के वापस आने लगे थे। मैंने उस ढलान को देखा मुझे पिछली बार की अवस्था याद आ गई, आज मैं इस ढलान को पार करके ही दिखाऊंगा, और इसी हालत में करूँगा। एक विचित्र सी जिद्द हो गई थी जबकि मार्ग में स्पष्ट रूप से बर्फ अब कमर तक होने लगी थी, मैं इस मार्ग को लेकर आश्वस्त था कि यहां मध्य में कोई गड्ढा या दरार जैसा कुछ नही है जहां फंसा जा सके या जोखिम हो, पिछली बार आने के कारण यह अच्छे से पता था इसलिये मैं आगे बढ़ गया, केशव मेरे पीछे पीछे चलने लगा। धीरे धीरे बर्फ कमर से ऊपर होने लगी, मैं ढलान के शीर्ष से कुछ ही मीटर तक पहुंचा था की बर्फ कमर से और ऊपर तक जाने लगी, दोनो हाथों से रास्ता बनाने लगा। अब शाम होने को थी, इस प्रयास में मेरे जूते, मोजे और जीन्स बुरी तरह भीग चुकी थी, शाम होते ही रास्ते मे मुश्किल आएंगी, किसी प्रकार तुंगनाथ पहुंच भी गए तो ऐसी बर्फ में वापसी असम्भव सी थी, अब ठंड बढ़ने लगी थी। मैंने अब जिद छोड़ने का निश्चय किया और अबकी बार पुनः मई में आकर दर्शन करने का निश्चय किया और वापस मुड़ गया। यश को मानो मुंह मांगी मुराद मिल गई, वापसी का सुनकर ही वो जोश में चिल्लाने लगे थे, शाम होते ही भयँकर रूप से वातावरण में गलन होने लगती जिसे हम हमारे भीगे हुए कपडों के साथ बिल्कुल सह नही पाते इसलिये समझदारी वापसी में ही थी।
अचानक मुझे प्यास महसूस हुई, यश को भी तीव्र प्यास लगी थी। बैग केवल केशव के पास थी और उसमे पानी की बोतल थी ही नही,मैंने माथा पीट लिया कि कितनी बड़ी मूर्खता थी यह कि हमने पानी की बोतल ली ही नही, मैं यश के भरोसे रह गया था और यश हमारे।
यश जोर से पछतावे भरे स्वर में बोला "भईय्या हम जरूरी चीज तो भूल ही गए,शीट!"
"और वह क्या?" मैं व्यंग्य से बोला।
"सनस्क्रीन,आपके बैग में थी। हमने उसे अपने साथ रखा ही नही।" यश ने कहा तो मुझे समझ नही आया कि क्या प्रतिक्रिया व्यक्त करूँ? यार किसी बन्दे को पानी से ज्यादा सनस्क्रीन कैसे जरूरी लग सकती है? मैंने और केशव दोनो ने उसे फटकारा। उस समय एक कपल हमे आता दिखाई दिया, दोनो पति पत्नी थे और युवा थे। वे हमारी अवस्था देखकर ऊपर जाने के अपने निर्णय से मानो हिल गए थे, उन्होंने पूछा आगे कितनी बर्फ है?
"मेरे सीने तक है।" मैंने कहा, उन महिला का कद मेरे सीने से भी नीचे था तो उनके आगे बढ़ने का निर्णय एक झटके में बदल गया। इधर यश भाई प्यास के मारे गमछे में बर्फ बांध कर पानी निचोड़कर पीने के मूड में थे लेकिन उस कपल ने इसके लिये मना करके अपनी बोतल हमे दे दी, मैंने केवल यश को पीने के लिये कहा क्योकि वह थका हुआ था, एक बोतल में भला कितने पीते, आखिर जिन्होंने दिया उन्हें भी चाहिए होगा। उन्होंने हमारी सकुचाहट को भांपते हुये कहा
"आप भी पी लो, हमारे पास एक और बोतल है।" तो हमने भी दो दो घूंट ले लिये और उन्हें धन्यवाद किया, वे यही तसवीरें खिंचवाने के लिये रुकने वाले थे तो मैंने उन्हें भालू वाली बात भी बता दी कि ज्यादा देर न करें और न ही फोटो के चक्कर मे उल्टी सीधी जगहों पर जाए आगे तो जाना है नही तो जल्दी निपटाकर निकल लीजिएगा।
फिर हम आगे बढ़े और उन्ही रास्तों में गिरते पड़ते चलते रहे, इस बार मैं बिल्कुल भी नही गिरा था और ना ही कोई चोट लगी थी, तुंगनाथ तक भले ही नही पहुंचे लेकिन यात्रा रोमांचक रही। हम तीनों बर्फ में चलते चलते बुरी तरह थक चुके थे, काफी देर पश्चात हम प्रवेशद्वार पर पहुंच चुके थे। शाम हो आई थी, चारो ओर सूर्य की लालिमा फैलने लगी थी, प्रवेशद्वार के आसपास के जंगल लाल होकर दमक रहे थे, यह वही दृश्य था जिसे देखने के मैं स्वप्न देखा करता था। मैं उस दृश्य का हिस्सा बन चुका था। हमने फटाफट अपने बैग्स होटल से उठाए और अंधेरा होने के पहले आश्रय की व्यवस्था में जुट गए, जिन भाई साहब की गाड़ी हमने बर्फ से निकाली थी हम उन्ही के बताए ढाबे की ओर बढ़ने लगे।
वहां कुछ और व्यक्ति भी थे जो ट्रेकिंग के उद्देश्य से आये थे लेकिन बर्फ देखते हुए उनकी हिम्मत ही नही हुई, उन्हें उस स्थान के बारे में कोई जानकारी नही थी तो मैंने उन्हें पंचकेदार की कहानी और अपने पिछले ट्रैक्स के अनुभव बताये, हमारी बातें सुनकर एक स्थानीय दुकानदार आगे आये और मेरी ओर देखकर प्रश्न किया।
"आप कहाँ रहते है?"
"जी,मुम्बई में।"
"तभी ऐसा लगा कि आपको कहीं देखा हुआ सा क्यो लग रहा है।" उनकी बात सुनकर मैं अचंभित हो गया कि ये क्या कह रहे है? वो मुझे कैसे जानते है।
"आप सीरियल में काम करते है ना? मैंने आपको कई बार देखा है।" मैं उनकी बात पर झेंप गया, क्या प्रतिक्रिया दूं यह समझ मे नही आया,मुझे उनकी मासूमियत पर बड़ी हंसी आई, मैंने उन्हें धन्यवाद कहा और समझाया हर मुम्बईकर सिरियल में काम नही करता, आप किसी और के धोखे में मुझे समझ रहे है। फिर हम आगे बढ़े तो हमारे आगे चौखम्बा पर्वत एकदम किसी तप्त कोयले की भांति लाल होकर दहकता सा नजर आ रहा था,बाकी की पर्वतशृंखलाये भी सोने की भांति कांतिमान हो रही थी, संपूर्ण वातावरण में अद्भुत छटा फैली हुई थी, यहां तक कि मुझे इल्यूजन सा होने लगा कि शायद मैं किसी गहरे सपने में हूँ, मैंने खुद को चिकोटी भी काटी किन्तु वाकई महसूस तक नही हुई, यदि यह स्वप्न था तो मैं इस स्वप्न से बाहर नही आना चाहता था। हतप्रभ सा होकर मैं और मेरे साथी उस अद्वितीय सौंदर्य को देख रहे थे, लेकिन कुछ ही पलों तक, कुछ ही क्षणों में सूर्य अचानक से अस्त हो गए,मतलब जैसा मैदानी क्षेत्रों में होता है धीरे धीरे एक घण्टे में अस्त होते है, ऐसे नही, बल्कि एकदम एक झटके में, एक ही मिनट में अंधेरा हो गया। 
हम उस ढाबे तक पहुंचे तो हमे ढाबे के पीछे बर्फ में एकदम डूबा हुआ सा कमरा मिल गया, 1500 का बोलकर 1000 रुपये में कमरा तय हुआ, इस समय हम भाव ताव के मूड में बिल्कुल नही थे, भयँकर गलन हो रही थी, हमारे कपड़ें भीगे हुये थे, पैर भीगे जूते और मोजों से अकड़ रहे थे, यह स्थिति घातक रूप ले सकती थी इसलिये बस किसी भी प्रकार आश्रय का जुगाड़ आवश्यक था तो हम उस कमरे तक जाने लगे, उस कमरे तक जाना भी किसी एडवेंचर से कम नही था, एक डेढ़ फीट की बर्फ में सम्भलते सम्भालते हम वहां पहुंचे, कमरे में सुविधाएं न के बराबर थी जो ऐसी जगहों पर वैसे भी मिलनी मुश्किल थी। एक बेड और कम्बल ही इस समय लक्जरी थी हमारे लिये। यह कमरा ऐसे स्थान पर था जहां से सूर्योदय देखना काफी रोमांचक अनुभव रहने वाला था। कमरे में पहुंचते ही सर्वप्रथम हमने कपड़े बदले, मोजे उतारे और नए मोजे पहन कर कम्बलों में जा घुसे, केशव खाने पीने का सामान लाया था तो हमने ब्रेड, बटर,खोवा, और नमकीन खाया तो पेट भर गया।
अब समय था सोने का, सुबह जल्द ही उठना था, सूर्योदय को देखना था। यही पर कार्तिक स्वामी जाने की योजना भी बन गई। 
हम कार्तिक स्वामी भी गए, और वहाँ की यात्रा इससे भी अधिक रोमांच साबित हुई।
वह अगली श्रृंखला में.....










गुरुवार, 23 जनवरी 2020

चोपता से कार्तिक स्वामी की यात्रा 2

अपनी यात्रा के पिछले भाग में मैंने बताया था किस प्रकार से चोपता के लिये निकलते ही सूचना प्राप्त हुई कि भारी बर्फबारी के कारण चोपता जाने के रास्ते बंद हो चुके है। इसके बावजूद भी हमने अंतिम क्षण तक प्रयास करने का निश्चय किया और हरिद्वार से चोपता के लिये प्रस्थान कर गए।
हरिद्वार में ही दो लड़के मेरे साथ और जुड़ गए जो बीएचयू के विद्यार्थी थे। उनसे मेरी बात यात्रा के महीनों पहले से हो रही थी, हम फेसबुक द्वारा ही मिले थे और सहयात्री बन गए। किसी प्रकार जोड़ तोड़ करते कराते हम बर्फ में चलते पड़ते आखिरकार तुंगनाथ मुख्य द्वार तक जा पहुंचे।
उस समय दोपहर हो चुकी थी, तुंगनाथ द्वार के समक्ष स्थित मार्ग पर तीन तीन फीट बर्फ जमी हुई थी। हमारे मुंह से ठंडी भांप निकल रही थी, चूंकि दोपहर हो चुकी थी और द्वार पर कुछ पस्त पड़े ट्रेकर्स का जत्था अस्तव्यस्त और हैरान दिखाई दे रहा था तो यात्रा पूर्ण होने की संभावना काफी कम दिखाई दे रही थी। हमने उनमे से कुछ से आगे का हाल पूछा तो बताया गया कि बामुश्किल आधा किलोमीटर चलकर वे वापस आ गए, आगे बर्फ इतनी ज्यादा पड़ी हुई है कि उससे ज्यादा आगे बढ़ना सम्भव ही नही। हमने द्वार की ओर देखा वहां बर्फ का ढेर लगा हुआ था, हमारी हिम्मत टूट सी गई थी। उसी समय दो व्यक्ति कमर तक भीगे हुये ट्रेक से वापस आते दिखे, द्वारा की सीढ़ियों पर बर्फ पिघल कर जम गई थी जिस कारण भयँकर फिसलन हो गई थी। उन दोनों में से एक लड़का बेधड़क चलते हुये आया और फिसल गया , वह फिसल कर सीढ़ियों से नीचे आ गिरता लेकिन उसने गजब की फुर्ती दिखाते हुये द्वार की घण्टी पकड़ ली और बंदर की भांति झूल गया। हालांकि यह अनपेक्षित रूप से हो गया था, उसके चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थी। हमने उसे सीढ़ियों के मध्य के बजाय किनारे से आने के लिये कहा, किनारों पर अब भी कोनो में भुरभुरी बर्फ थी जिससे फिसलन कम होती। उसने ऐसा ही किया और सकुशल नीचे आ पहुंचा। फिर उसका साथी आगे बढ़ा और वह भी फिसल कर अपने दोस्त की तरह घण्टी की जंजीर से जा लटका, उसके लटकने का अंदाज देखकर मुझे टार्जन की याद आ गई, हमारी हंसी छूट गई। वह बेचारा किसी प्रकार किनारे से होते हुये नीचे उतरा। मै अपना उपन्यास लेकर आया था, तो मैंने तुंगनाथ द्वार पर ही उसकी तस्वीर भी खींच ली।
दोपहर होती जा रही थी और हमे ट्रेक भी करना था, पिछले दिसम्बर की यादें अब तक जेहन में ताजा थी, मैं जानता था उस समय इतनी कम बर्फ के बावजूद मेरी हालत खस्ता हो गई थी तो इस समय तो बर्फ के अलावा और कुछ भी दिखाई नही दे रहा था। यात्रा आरम्भ करने से पूर्व कुछ खाना पीना आवश्यक था तो हमने द्वार के सामने स्थित ढाबे पर आलू के परांठे, मैगी और चाय पी। यश भाई खाने के मूड में बिल्कुल नही थे, वो मुंह बना रहे थे। उनके अनुसार आलू के परांठे वगैरह हैवी हो जाएंगे तो ट्रेकिंग में तकलीफ देंगे तो वो ब्राउन ब्रेड और पीनट बटर खाने की सोचने लगे जो हम साथ लाये थे। जी, हम अपने साथ खाने पीने की कुछ वस्तुएं साथ रखे हुये थे ताकि भगवान न करें यदि कहीं फंस जाए तो उस परिस्थिति में काम आ सके।
मैंने उन्हें समझाया ऐसे मौसम में कितना भी हेवी ठूंस लो लेकिन उसे पचने में कुछ ही देर लगेगी। ऊर्जा और गर्मी चाहिये तो ब्रेड बटर को मारो गोली और चापो गरमा गरम परांठे, वो न माने। मैं और केशव मजे से परांठे खाने लगे, परांठे वाकई बेहद स्वादिष्ट थे, हम मजे लेकर खाते और तारीफ करते रहे तो यश भाई भी ललचा कर बैठ गए और एक परांठा खा कर ही माने। सब खाने पीने के बाद अब बारी थी घुटनों भर बर्फ से भरे पथ पर चलने की तैयारी करने की। मैंने वुडलैंड के ट्रेकिंग शूज पहन रखे थे जो बर्फ में बढ़िया पकड़ बनाये हुये थे, अब तक के मार्ग में यश और केशव अनगिनत बार गिरे थे किंतु मैं एक बार भी नही गिरा।
ढाबे से ही उन्होंने बूट्स किराये पर लिये और हमने ढाबे वाले चाचा जी के पास ही अपने बैग्स रखवा दिये और बम भोले, हर हर महादेव का उद्घोष करते हुये द्वार पर माथा टेक दिया और पहला कदम आगे बढ़ा दिया, द्वार की चंद सीढ़ियों से ऊपर चढ़ने में जो गफलत हुई उसने साबित कर दिया कि आगे का रास्ता बिल्कुल भी आसान नही होने वाला है। केशव और यश ने रेनकोट पहन रखे थे और मैं अपनी जैकेट पर ही था। घण्टी से लटके युवक की लाठी सीढ़ियों पर ही गिरी थी जो मैंने कब्जा ली थी।
हम कुछ ही मीटर चले होंगे कि पैर घुटनो तक बर्फ में धंसने लगे, चारो ओर सफेद चमचमाती बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही थी, ट्रेक के आरम्भ में लगभग एक किलोमीटर तक जंगल पड़ता है, जंगल का सारा भाग बर्फ से ढंका हुआ था। मैं ऐसा नजारा पहले भी देख चुका था लेकिन केशव और यश ने इतनी बर्फ पहली बार ही देखी थी, वो दोनो अत्यधिक रोमांचित थे और उत्साह से चीख रहे थे चिल्ला रहे थे। आसपास के पेड़ों पर से बर्फ गिर रही थी जो स्नोफॉल का वहम पैदा करती थी। हम घुटने धँसाते धँसाते आगे बढ़ने लगे। यश भाई आरम्भ में ही हिम्मत हारने लगे, वो अनेक बार अपना संतुलन खो कर बर्फ में गिरते पड़ते रहे।
हमने किसी प्रकार एक किलोमीटर पार किया, मैं भी समझ रहा था कि हम बेकार की जिद में है, क्योकि इस भयंकर बर्फ में तुंगनाथ तक पहुंचना लगभग असंभव सा था, वैसे भी 2 बज रहे थे, दो घण्टे में ही अंधेरा होना शुरू हो जाएगा, यदि हम सुबह प्रयास करते तो ऊपर पहुंचने के बारे में सोच भी सकते थे किंतु इस समय यह सम्भव ही नही था। यदि किसी प्रकार गिरते पड़ते मंदिर तक पहुंच भी जाते तो रात हो जाती और नीचे आना असम्भव हो जाता। ऊपर से बर्फ में भीगने के कारण और तापमान में भयँकर गिरावट के चलते हम ठंड से अकड़ जाते। 
तो मैंने निर्णय लिया कि हम उस स्थान तक जाएंगे जहां से चौखम्बा, केदारनाथ और सतोपंथ पर्वत श्रृंखलाएं दिखाई देती है, मैंने दोनो को समझाया कि वहां पहुंचकर आप जो दृश्य देखोगे वह आजीवन याद रहेगा, अविस्मरणीय अवर्णनीय और अकल्पनीय सुंदरता होगी, उस दिव्य अनुभव के लिये चलते है। वे मान गए, मैं और केशव द्रुत गति से चलते रहे लेकिन यश भाई अपने जूतों के कारण धीमे पड़ गए और गिरते पड़ते रहे। सम्पूर्ण मार्ग में केवल हम तीन ही दिखाई दे रहे थे। 
आखिरकार हम उस स्थान पर पहुंचे जहां घने जंगल वाला हिस्सा समाप्त होता है और चौखम्बा, केदारनाथ,सतोपंथ इत्यादि पर्वत श्रृंखलाएं दिखाई देती है। यश और केशव एकम अवाक से थे, मैंने यह दृश्य पहले भी देखा था किंतु फिर भी प्रतीत हो रहा था मानो पहली बार ही देख रहा हूँ।हम तीनों थक कर चूर हो चुके थे और वही बर्फ में कुछ देर बैठ गए, मैंने उनसे कहा कि कुछ दूर और चलते है, अभी भी आगे कुछ पैरों के निशान है तो हम आखरी निशान से कम से कम बीस कदम आगे जाकर ही वापस आएंगे। वो मान गए। थोड़ी ही दूर जाकर पैरों के निशान गायब हो गए, हम शायद पहले थे जो उन पैरों के निशानों से भी काफी आगे आ चुके थे। दूर दूर तक बस सफेद बर्फ से ढंके पहाड़ और जंगल ही नजर आ रहा था, केशव और यश फोटोग्राफी में व्यस्त हो गए और मैं इस दिव्य वातवरण को निहारने लगा। उसी समय मुझे कोई आवाज सुनाई दी, मैंने अपने बाई ओर की ढलान पर देखा, आवाज वहीं से आई थी, फिर मुझे लगा शायद भरम हुआ हो। ऐसी जगहों पर अक्सर वहम हो जाया करते है, लेकिन वह आवाज फिर सुनाई दी। और इस बार यश और केशव दोनो को सुनाई दी।
"भईया यह कैसी आवाज थी?" यश ने घबराकर प्रश्न किया।
"यह भालू की आवाज है, फौरन निकलो यहां से।" मुझे पहचानने में पक्का भूल नही हुई थी।

शेष है....


















सोमवार, 30 दिसंबर 2019

चोपता से कार्तिक स्वामी की यात्रा

इस समय किसी भी हिमालयन ग्रुप में चले जाइये, आपको तुंगनाथ चोपता की तस्वीरें इतनी मिल जाएंगी कि यदि आप नही गए होंगे तो अगली योजना वही जाने की बना लेंगे।
मैं खुशकिस्मत हूँ जो लगातार 2 साल दिसम्बर में वहां जा पाया।
इस बार के हालात मुश्किल हो गए थे, मुम्बई से निकलते ही अपडेट मिली कि चोपता तक जाने के रास्ते भारी बर्फबारी के कारण बंद हो चुके है, मन खराब हो गया लेकिन फिर भी अब घर से निकल चुका था तो बिना प्रयास किये पीछे हटने का प्रश्न ही नही था।
किसी प्रकार हम रुद्रप्रयाग पहुंचे, रात हो चुकी थी और उकीमठ जाने का कोई साधन फिलहाल उपलब्ध नही था किंतु खुशकिस्मती से उकीमठ जाती एक अंतिम बस दिखाई दी हमने बगैर समय गंवाए उसे पकड़ी और उकीमठ आकर रुके।
उकीमठ में ही भरत सेवा संस्थान के आश्रम में रात्रि शरण लेने के पश्चात भोर सवेरे चोपता जाने की जुगाड़ में लग गए, कोई गाड़ी वहां जाने को तैयार नही थी, सबका कहना था कि बर्फ बहुत ज्यादा है। लेकिन फिर भी इतना समीप आकर वापस जाने का प्रश्न ही नही उठता था, ऐसे में एक स्कूल जिप्सी मिली जो ताला तक जा रही थी। हम ताला तक ही चले गए कि चलो जितना नजदीक हो सके उतना ही पहुंचते है उसके बाद कुछ नही मिले तो पैदल यात्रा ही आरम्भ कर देंगे।
लेकिन ताला से एक गाड़ी मिल ही गई जिसने 800 में चोपता पहुंचाने की बात तय की, लेकिन उसने हमें चोपता से 4 किलोमीटर नीचे ही छोड़ दिया कि इससे आगे गाड़ी नही जा पाएगी आप पैदल चले जाओ, हमने मंजिल तक पहुंचने तक के पैसे दिए थे तो हमने थोड़ा कन्सेशन को कहा तो भाई साहब बिदक गए। उनका स्वभाव एकदम बदल गया, अभी तक जो मिलनसार और हँसमुख नजर आ रहे थे वे एक ही बात पर मानो काटने दौड़ने पर उतारू हो गए, मुझे बहस में नही पड़ना था इसलिये मैंने बगैर किसी बहस के 800 उन्हें थमा दिए। 
एक सबक लेकर आगे बढ़ गए, आगे दूसरा सबक हमारी प्रतीक्षा कर रहा था। तुंगनाथ द्वार यहां से कुछ 4 किलोमीटर आगे था, मुझे आसपास का माहौल और निचे की ओर कुछ कैम्पस देखकर फौरन पता चल गया कि यह वही कैम्प है जहां हम पिछली बार रुके थे, तब भी दिसम्बर की 15 तारीख थी और आज दिसम्बर की 16 तारीख थी। उस समय बर्फ इतनी नही थी, घास और जमीन साफ दिख रही थी। इस समय न घास दिखाई दे रही थी और न जमीन, कैम्प से सड़क पर अब काफी सारे कैम्प और छोटे होटलों का झुंड बन चुका था। जंगल के पेड़ों पर बर्फ ही बर्फ जमा थी। बीच बीच मे पेड़ों से गिरती बर्फ किसी स्नोफॉल सा अनुभव कराती थी। इसलिये मैं यह कह सकता हूँ कि मैंने स्नोफॉल का भी अनुभव कर लिया। खैर मेरे साथ आये दोनो मित्रों ने इस मौसम में पहली बार कदम रखा था, बर्फ में उनकी प्रथम यात्रा थी और कहना न होगा कि यात्रा के आरम्भ में ही दबा कर बर्फ मिली थी, इतनी की उनके सात जन्मों तक कि बर्फ देखने की इच्छा ही मिट गई होगी। हमने बर्फ में थोड़ी देर खेला, बर्फ के गोले बना कर एकदूसरे को मारे,
 यश भाई साथ थे जो फेसबुक द्वारा ही मिले थे, बर्फ के गोले बना कर फेंकने की बोहनी उन्होंने ही की थी, लेकिन बर्फ मारने के चक्कर मे पिछवाड़े के बल गिर कर अस्थि मालिश का आरम्भ भी उन्ही से हुआ।
एक गाड़ी सड़क के किनारे बर्फ में धंसी हुई थी, पता चला रात से ही फंसी हुई है। गाड़ी वाले पर्यटक या यात्री नही थे, वे वही के स्थानीय निवासी थे। हमने काफी मेहनत की और अपनी सारी ऊर्जा खत्म करके उन्हें निकालने का प्रयास किया, फावड़े से बर्फ काटी, रास्ता साफ किया, टायर तक बदली करवाये, धक्के मार मार कर अपने पसीने छुड़वाए। लगभग डेढ़ दो घण्टे में गाड़ी अपने स्थान से हिली और मुख्य मार्ग पर आ लगी। अब उसमे कोई और समस्या भी थी जो हमारी समझ से परे था, हमने अपना काम कर दिया था और दोपहर होने वाली थी, हमे अभी 4 किलोमीटर पैदल भी चलना था और तुंगनाथ तक जाना भी था तो हमने उनसे विदा ली और बर्फ में डगमगाते हुये चल पड़े।
पिछली बार मैंने स्पोर्ट्स शूज पहने थे जिस कारण तबियत से गिरा था, लेकिन इस बार फ्लिपकार्ट सेल से वुडलैंड के कैमल शूज मंगवाये थे, रबड़ टायर सोल वाले। उसके रहते मजाल जो एक बार भी गिरा होऊं, लेकिन पिछली बार के फिसलने का डर इस कदर हावी था कि हर कदम फूंक फूंक कर रख रहा था, ब्लैक आइस मेरे पैरों के नीचे तड़क रही थी, जहा पैर रखता था कड़कड़ाने की आवाजें आती थी इसके बावजूद मैं सम्भल कर चल रहा था, दूध का जला था तो छांछ में भी बर्फ डाल रहा था।
बर्फीली वादियों का आनन्द लेते हुए हम एक डेढ़ किलोमीटर तक ही चले होंगे कि जिन भाई साहब की गाड़ी निकाली थी वो अपनी गाड़ी सहित आते दिखे, उन्होंने गाड़ी रोकी और हम सवार हो गए। उन्होंने तुंगनाथ द्वार तक हमे छोड़ा और किसी भी प्रकार की कोई समस्या आने पर फौरन फोन करने को कहा, हमने उनका नम्बर नोट किया और गेट के सामने वाले ढाबे पर गर्मागर्म पराठों का नाश्ता किया।
तुंगनाथ द्वार पर ही एक डेढ़ फीट की बर्फ देख कर होश गुम हो गए, कुछ लोग दिखे जो द्वार से उतरने के प्रयास में फिसल कर द्वार की घण्टियों से ही जा लटके थे।
उनसे पूछा तो बताया कि बस एक किलोमीटर तक जा पाए उससे आगे बर्फ इतनी है कि हिम्मत जवाब दे गई। मैंने यश जी और केशव की ओर देखा और निर्णय लिया कि जितनी दूर हो पायेगा उतनी दूर जाएंगे और अंतिम कदमों के निशान से कम से कम 10 कदम आगे बढ़ कर ही आएंगे।
उनके सामान्य स्पोर्ट्स शूज थे तो उसी होटल से उन्होंने किराये पर बूट्स ले लिए, दोनो बन्धु रेनकोट साथ लाये थे, उन्होंने वो भी पहन लिया। दोपहर के 2 बज रहे थे और हमारे मुंह से ठंड से भांप निकल रही थी, होटल के सामने मार्ग पर ढेर सारी बर्फ थी। में यहां अपना उपन्यास भी लेकर आया था, मेरी इच्छा थी कि मेरे द्वारा लिखित उपन्यास को महादेव का आशीर्वाद प्राप्त हो। मैंने तुंगनाथ द्वार पर ही उपन्यास की कुछ तस्वीरें खींची और हर हर महादेव का जयघोष करते हुऐ हमनी अपनी यात्रा का आरम्भ किया।

यात्रा अभी शेष है,
(अगली कड़ी में भालू जी ने उपस्थिति दर्ज कराई है)


शनिवार, 29 दिसंबर 2018

तुंगनाथ चोपता यात्रा-3


इस यात्रा वृतांत के पिछले भाग पढने के लिए तुंगनाथ-चोपता यात्रा भाग 1 और तुंगनाथ चोपता यात्रा भाग-2 पर क्लिक करें ।
 गिरते पड़ते आखिरकार तुंगनाथ महादेव के मंदिर तक पहुंच ही गया, शाम होने को थी और ऋषि
केश भी वापस पहुंचना था,ऊपर से भारी थकान और बर्फ से ढंकी चोटियों के कारण तुंगनाथ से आगे डेढ़ किलोमीटर चंद्रशिला जाना लगभग असंभव ही था। इस यात्रा और ट्रैक में मेरी सबसे ज्यादा मददगार बनी मेरी साली जी, यदि वे ना होती तो मैं पहुंचता जरूर किन्तु वापसी बेहद दुष्कर हो जाती। 
तुंगनाथ के कपाट इस समय बंद रहते है, जो मैं पहले से जानता था, किन्तु बंद कपाट श्रद्धा के समक्ष कोई मायने नही रखते, मेरा मानना है कपाट बंद होने से महादेव का आभास हट नही जाता। महादेव तो सदैव आसपास ही है। यहां आने का एक कारण बर्फ भी थी, मुझे,श्रीमती जी, और साली जी को बर्फ की सफेद चादरें देखने की तीव्र इच्छा थी। हमने कभी अपने समक्ष इस वातवारण को महसूस नही किया था, यही कारण था के हमने दिसम्बर की योजना बनाई जब बर्फ वृष्टि अपने उफान पर होती है। और कहना ना होगा के हम अपने उद्देश्य में कामयाब भी रहें। अब तो इतनी बर्फ देख चुके थे के मन सूखी जमीन देखने के लिये बेचैन सा हो उठा। 
मंदिर प्रांगण से निकलते समय मुझे ज्ञात हुआ के मेरी लाठी कही गुम हो गई है, वहां बैठे कुछ लड़कों में से एक ने अपनी लाठी मुझे देनी चाही जिसे मैंने नम्रता से अस्वीकार कर दिया। साली जी ने कहा की ले लीजिए आगे बहुत काम आएगी, आपके जूते साथ नही दे रहे, उनके आग्रह के कारण और उस लड़के के पुनः अनुरोध पर मैंने वह लाठी ले ली। यहां एक बात बताना जरूरी समझता हूं, यदि आपके पास ट्रैकिंग स्टिक्स का जुगाड़ नही है तो लाठियां अवश्य लें, आपको आते हुए भले कोई खास सहायता ना मिले लेकिन लाठी का महत्व आपको जाते हुए अवश्य समझ मे आएगा। निस्संदेह ट्रैकिंग के मध्य रास्ते मे पहुंचकर मैं यह निश्चित तौर पर कह सकता हु के जिस लड़के ने मुझे अपनी लाठी दी थी, वह अपने उस निर्णय पर बेहद पछताया होगा। खैर अब बारी थी वापसी की, और तुंगनाथ की सीढ़ियों से उतरते ही मैं धम्म से गिरा। साली जी हंसी, मैं भी हंसते हुए उठा और उनके साथ हो लिया, उनके ट्रैकिंग शूज बर्फ में पकड़ बनाये चल रहे थे और मैंने ट्रैकिंग पथ के बजाय उसके किनारों पर जमी भुरभुरी बर्फ में चलना उचित समझा। पथ पर बर्फ कड़ी हो जाती है जिससे भयंकर फिसलन होती है, लेकिन किनारों पर भुरभुरी बर्फ होने से पैर धँसते है जिससे गिरने का खतरा कम हो जाता है, लेकिन यहां आपको ध्यान देना होता है क्योंकि इससे आपको आगे किसी खन्दक,गड्ढे या नाली के होने का भी आभास नही होता, जिससे आप खुद को चोट पहुंचा सकते है। ऐसे में लाठी काम आती है, जिसे आगे धंसा कर बर्फ ना केवल बर्फ की गहराई जांची जा सकती है, बल्कि
विपरीत बल देकर अनावश्यक फिसलन से भी खुद को बचाया जा सकता है।
 

थोड़ा आगे जाकर साली जी भी फिसल कर गिरी, और अब हंसने की बारी मेरी थी, हमने हंसी मजाक में प्रतियोगिता शुरू कर दी के नीचे उतरने तक देखते है कौन कितनी बार गिरता है। जो सबसे कम गिरेगा वह विजेता कहलायेगा, उन्होंने मान लिया। और गिनती आरंभ हो गई।
कभी वे गिरती कभी मैं, 15 बार गिरने के बाद मैं गिनती गिनना ही भूल गया, प्रतियोगिता की बात ही छोड़ो। फिर कितनी बार गिरे इसकी गिनती ही नही रही। एक जगह कठोर बर्फ थी, मैंने वहां लगी रेलिंग पर मजबूत पकड़ बनाई और आगे बढ़ने को हुआ ही था के पैर फिसल गए, लेकिन रेलिंग नही छूटी, परिणाम स्वरूप मेरे भार से कलाई ही मूड गई। अत्यधिक दर्द शुरू हो गया, साली जी भी चिंतित दिखाई देने लगी तो कह दिया सब सामान्य है। किसी प्रकार गिरते पड़ते हमने आधा मार्ग पार किया, एक जगह हमे हमारा शार्ट कट दिखा जो आते समय हमने पकड़ा था, साली साहिबा ने शार्ट कट पकड़ने की इच्छा जताई। मैंने एक नजर ट्रैकिंग पाथ को देखा जो लगभग तीन मोड़ लिए हुए काफी लंबा रास्ता था, और फिसलन भी। 
मैं बुरी तरह पस्त था, अनेक बार गिर चुका था, कलाई मुड़ी हुई थी तो मैं और अधिक फिसलने का जोखिम नही उठा सकता था। मैंने उनके शार्ट कट वाले सुझाव पर हामी भर दी और उनके पीछे चल दिया। 
वह रास्ता सीधा उतार था, और डेढ़ फीट से भी ज्यादा बर्फ वहां बिछी पड़ी थी। और यह रास्ता चुनकर हमने गलती कर दी।
जमी हुई बर्फ पर आपको अंदाजा रहता है की रास्ते मे पैर नही धँसेगे लेकिन इस बर्फ में आपको मार्ग के उतार चढ़ाव का कोई अंदाजा नही रहता, आपके कदम रखते ही भुरभुरी बर्फ अंदर तक धंस जाती है और आप फिसल जाते है। मैं यहां भी कई बार गिरा, साली जी के ट्रैकिंग शूज भी यहां बेकार साबित हो रहे थे। फिर भी वे मेरे लिये सही मार्ग बनाते आगे बढ़ रही थी और मुझे उनके ही पदचिन्हों पर आने का आग्रह कर रही थी।
लेकिन एक जगह मेरा पैर फिसला और मैं लुढ़कते हुए उनसे आ टकराया और उन्हें भी कई फीट तक लिए चला गया। 
अब समझ मे नही आ रहा था की हम इस स्थिति पर हंसे या रोये, साली जी तो हताश होकर बैठी ही रह गई। हम शार्टकट के चक्कर मे ऐसे मोड़ पर आ खड़े हो गए थे जहां से ना आगे बढ़ पा रहे थे और ना पीछे जा सकते थे। 
ट्रैकिंग पाथ दिखाई दे रहा था लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए हमे इस मोटी बर्फ की
चादर को पार करना था, बर्फ में पैर धंसा कर चलने से अधिक ऊर्जा खर्च होती है और थकान जल्दी आती है ऊपर से हम हर दो-तीन मिनट में एक बार गिरते जरूर थे, साली जी फिर भी कम गिरती थी लेकिन मेरे स्पोर्ट्स शूज के कारण मैं इतनी बार गिरा के मानो सम्पूर्ण ऊर्जा ही नष्ट हो गई थी। एक एक कदम भारी हो रहा था।

हम बिना बोले कुछ देर तक उसी बर्फ में धंसे हुए बैठे रहे, और अपनी हांफती साँसों को नियंत्रित करते रहे। यहां साली जी को ध्यान आया के मेरी मुड़ी कलाई के कारण मुझे ट्रैकिंग में हद से ज्यादा असुविधा हो रही है । तो जहां मुझे उनका सहारा बनना चाहिए था वहां वे मेरा सहारा बन गई। 
उनके चेहरे पर थकान और हताशा के भाव स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। वे उठी और कहा की बस थोड़ी देर और फिर हम मुख्य पथ पर होंगे। उन्होंने हाथ पकड़ कर मुझे किसी प्रकार उस बर्फ की दलदल से निकाला और अथक प्रयास और अनेकों बार गिरने के पश्चात हम आखिरकार मुख्य ट्रैकिंग पाथ पर थे, हम आधा रास्ता पार कर चुके थे, शार्ट कट जितना जाते समय उपयोगी था उससे कई गुना ज्यादा आते समय खतरनाक और जोखिमभरा हो जाता है।
इसलिए अब हमने दूसरा शार्ट कट लेने की योजना एकदम खारिज कर दी और सीधे पाथ पर चल पड़े। अचानक से मैं पुनः एक बार फिसला,लेकिन इस बार भुरभरी बर्फ के बजाय ठोस धरातल पर गिरा, अपने आप को बचाने के चक्कर मे मैंने हाथ सीध में जमीन पर रखा,लेकिन सम्पूर्ण शरीर का भार उसपर आ जाने के कारण मेरी वह कलाई भी मुड़ गई।
इस प्रकार मैंने अपनी दोनो कलाइयों का सत्यानाश करवा लिया और रास्ता अभी भी आधा बाकी था, मेरे कपड़े अंदर तक बर्फ से भीग चुके थे, जूते, मोजे,दस्ताने पूर्णतया गीले हो चुके थे,जीन्स भी लगभग गीली थी जिस कारण ठंड अब ज्यादा महसूस होने लगी थी। अब किसी भी हाल में कैम्प तक पहुंचना ही था। साली जी को जब मेरी दूसरी कलाई के विषय मे पता चला और मेरे भीगे कपड़ो को देखा तो बस किसी तरह उनकी रुलाई उन्होंने रोक ली। 
वे जानती थी की इस समय ऐसी किसी हरकत से दूसरे का मनोबल टूट जाता है। वे नीचे पहुंच चुकी थी मेरे लिए खड़ी थी, वे रास्ते का निर्देश दे रहीं थी की यहाँ से आइए,वहां कदम रखिये। मैं किसी प्रकार टूटी फूटी कलाइयों,भीगे कपड़ो और थकान भरे शरीर को धकेलते हुए उन तक पहुंचा तो उन्होंने हिम्मत बढाने के लिए मेरे कंधे और पीठ थपथपाई।
'बस और थोड़ा रह गया है, चलो मैं हु आपके साथ, बस थोड़ा और हिम्मत दिखाइये।' उनके शब्दो मे उनकी थकान और विवशता स्पष्ट झलक रही थी।

मुझे समझ ना आ रहा था, जहां मुझे उनकी हिम्मत बनना था वहां वे मेरी हिम्मत बढ़ा रही थी। एक बारगी तो दोनो साथ फिसलकर बैठे ही रह गए, तब उन्होंने खुद को ट्रैक पर फिसलाना शुरू कर दिया, मैंने भी यही किया, जूतों के जोर पर बैठ कर दोनो हाथों से सतह को धकेल कर मैं भी कई मीटर तक फिसलते रहा उनके पीछे पीछे।
इस प्रकार हमने इतनी तकलीफ के बावजूद भी फिसलन का ना केवल आनन्द उठाया बल्कि रास्ता भी आसान किया, लेकिन ये ज्यादा देर नही चल सकता था,क्योकि आप ऐसे फिसलते हुए रास्तों के तीखे कटाव पार नही कर सकते। इससे आप किसी पत्थर से टकरा सकते है, कठोर बर्फ पर पलट सकते है, या सीधे पथ से नीचे गिर सकते है जिससे आप गंभीर रूप से घायल भी हो सकते है। किसी प्रकार हम अब ठीक ठाक मार्ग पर आ चुके थे, वहां एक वृद्ध की दुकान थी जो आते समय दिखी थी। जिसे देखकर हमारे अंदर उत्साह का संचार हुआ, क्योकि अब हम आधे से अधिक रास्ता पार कर चुके थे। हमने वहां खुद को आराम दिया और गरमागरम चाय और मैगी खाई।
जिससे काफी राहत मिली। आगे का मार्ग हमने एकदूसरे को थामे हुए ही पार किया। मार्ग में वे सरदार जी भी पस्त से पड़े हुये दिखाई दिए जो शुरू में लाठी घुमा कर डांस करते नजर आए थे। अब बर्फीला ट्रैक खत्म हो रहा था, कठोर सतह दिखाई देने लगी थी, जंगलों के मध्य मोनाल पक्षी दिखाई देने लगे तो मैंने साली जी को दिखाया, वे उनकी सुंदरता पर मुग्ध होकर मानो थकान ही भूल गई। मैंने उन्हें बताया के यह उत्तराखंड का प्रमुख पक्षी है। और वहां एक नही बल्कि चार पांच मोनाल दिखे।
उन्हें देखने के बाद अब तुंगनाथ का द्वार दिखाई देने लगा जहां से हमने चढ़ाई आरम्भ की थी। लेकिन एक डर यह भी था की सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण हमें फिर से तीन किलोमीटर बर्फ में चलकर ना जाना पड़े। 
अब इतनी शक्ति ना उनमे बची थी और ना मुझमे। तो वही एक लोकल दुकानदार से गाड़ी की बात की, 300 रुपये से बात शुरू होकर आखिर वे 200 में माने, हमारा कैम्प वहां से बामुश्किल तीन साढ़े तीन किलोमीटर ही था लेकिन अब चलने की शक्ति शेष नही थी। हम गाड़ी में बैठे, दोनो ने तुंगनाथ महादेव के द्वार की ओर अंतिम बार देखा और अपने कैम्प की ओर बढ़ गए। 
कैम्प पहुंचने के पश्चात मैंने श्रीमती जी को कैम्प के बाहर हमारी प्रतीक्षा करते हुए पाया, शाम के साढ़े 5 बज रहे थे और अंधेरा होना आरम्भ हो गया था, तापमान में हद से ज्यादा गिरावट यानी शुरू हो गई थी। साली जी ने अपनी बहन को देखा और दौड़कर उनके पास जाकर गले लग गई। वे एकदम से रोने लगी। मैं भी उनके मध्य शामिल हो गया। मैं रोया नही बस काफी देर तक तीनो एकदूसरे से आलिंगनबद्ध रहे। यह काफी भावुक क्षण था। थोड़ी देर पश्चात वे सामान्य हुई तो हमने फटाफट पैकिंग वगैरह की, कपड़े बदले और कैम्प वाले मेजबान को खाने के लिए कह दिया, वे आज रात्रि रुकने का आग्रह करते रहे लेकिन हमें ऋषिकेश हर हाल में पहुंचना ही था तो हम ने सविनय उनके आग्रह को ठुकरा दिया और खाना वगैरह खाकर चेक आउट किया, ठंड इतनी अधिक बढ़ चुकी थी के एक कदम रखना तक दूभर हो रहा था, ड्राइवर ने भी कह दिया के आगे चेकपोस्ट पर गाड़ी रोक देंगे। देवप्रयाग से आगे नही जा पाएंगे, आठ बजे के बाद ट्रेवलिंग वाली गाड़ियां प्रतिबंधित रहती है। हमने कह दिया जहां रोकेंगे वही रात के लिये होटल कर लेंगे लेकिन फिलहाल यहां से निकलिये।



सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *