तुंगनाथ चोपता यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
तुंगनाथ चोपता यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 23 जनवरी 2020

चोपता से कार्तिक स्वामी की यात्रा 2

अपनी यात्रा के पिछले भाग में मैंने बताया था किस प्रकार से चोपता के लिये निकलते ही सूचना प्राप्त हुई कि भारी बर्फबारी के कारण चोपता जाने के रास्ते बंद हो चुके है। इसके बावजूद भी हमने अंतिम क्षण तक प्रयास करने का निश्चय किया और हरिद्वार से चोपता के लिये प्रस्थान कर गए।
हरिद्वार में ही दो लड़के मेरे साथ और जुड़ गए जो बीएचयू के विद्यार्थी थे। उनसे मेरी बात यात्रा के महीनों पहले से हो रही थी, हम फेसबुक द्वारा ही मिले थे और सहयात्री बन गए। किसी प्रकार जोड़ तोड़ करते कराते हम बर्फ में चलते पड़ते आखिरकार तुंगनाथ मुख्य द्वार तक जा पहुंचे।
उस समय दोपहर हो चुकी थी, तुंगनाथ द्वार के समक्ष स्थित मार्ग पर तीन तीन फीट बर्फ जमी हुई थी। हमारे मुंह से ठंडी भांप निकल रही थी, चूंकि दोपहर हो चुकी थी और द्वार पर कुछ पस्त पड़े ट्रेकर्स का जत्था अस्तव्यस्त और हैरान दिखाई दे रहा था तो यात्रा पूर्ण होने की संभावना काफी कम दिखाई दे रही थी। हमने उनमे से कुछ से आगे का हाल पूछा तो बताया गया कि बामुश्किल आधा किलोमीटर चलकर वे वापस आ गए, आगे बर्फ इतनी ज्यादा पड़ी हुई है कि उससे ज्यादा आगे बढ़ना सम्भव ही नही। हमने द्वार की ओर देखा वहां बर्फ का ढेर लगा हुआ था, हमारी हिम्मत टूट सी गई थी। उसी समय दो व्यक्ति कमर तक भीगे हुये ट्रेक से वापस आते दिखे, द्वारा की सीढ़ियों पर बर्फ पिघल कर जम गई थी जिस कारण भयँकर फिसलन हो गई थी। उन दोनों में से एक लड़का बेधड़क चलते हुये आया और फिसल गया , वह फिसल कर सीढ़ियों से नीचे आ गिरता लेकिन उसने गजब की फुर्ती दिखाते हुये द्वार की घण्टी पकड़ ली और बंदर की भांति झूल गया। हालांकि यह अनपेक्षित रूप से हो गया था, उसके चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थी। हमने उसे सीढ़ियों के मध्य के बजाय किनारे से आने के लिये कहा, किनारों पर अब भी कोनो में भुरभुरी बर्फ थी जिससे फिसलन कम होती। उसने ऐसा ही किया और सकुशल नीचे आ पहुंचा। फिर उसका साथी आगे बढ़ा और वह भी फिसल कर अपने दोस्त की तरह घण्टी की जंजीर से जा लटका, उसके लटकने का अंदाज देखकर मुझे टार्जन की याद आ गई, हमारी हंसी छूट गई। वह बेचारा किसी प्रकार किनारे से होते हुये नीचे उतरा। मै अपना उपन्यास लेकर आया था, तो मैंने तुंगनाथ द्वार पर ही उसकी तस्वीर भी खींच ली।
दोपहर होती जा रही थी और हमे ट्रेक भी करना था, पिछले दिसम्बर की यादें अब तक जेहन में ताजा थी, मैं जानता था उस समय इतनी कम बर्फ के बावजूद मेरी हालत खस्ता हो गई थी तो इस समय तो बर्फ के अलावा और कुछ भी दिखाई नही दे रहा था। यात्रा आरम्भ करने से पूर्व कुछ खाना पीना आवश्यक था तो हमने द्वार के सामने स्थित ढाबे पर आलू के परांठे, मैगी और चाय पी। यश भाई खाने के मूड में बिल्कुल नही थे, वो मुंह बना रहे थे। उनके अनुसार आलू के परांठे वगैरह हैवी हो जाएंगे तो ट्रेकिंग में तकलीफ देंगे तो वो ब्राउन ब्रेड और पीनट बटर खाने की सोचने लगे जो हम साथ लाये थे। जी, हम अपने साथ खाने पीने की कुछ वस्तुएं साथ रखे हुये थे ताकि भगवान न करें यदि कहीं फंस जाए तो उस परिस्थिति में काम आ सके।
मैंने उन्हें समझाया ऐसे मौसम में कितना भी हेवी ठूंस लो लेकिन उसे पचने में कुछ ही देर लगेगी। ऊर्जा और गर्मी चाहिये तो ब्रेड बटर को मारो गोली और चापो गरमा गरम परांठे, वो न माने। मैं और केशव मजे से परांठे खाने लगे, परांठे वाकई बेहद स्वादिष्ट थे, हम मजे लेकर खाते और तारीफ करते रहे तो यश भाई भी ललचा कर बैठ गए और एक परांठा खा कर ही माने। सब खाने पीने के बाद अब बारी थी घुटनों भर बर्फ से भरे पथ पर चलने की तैयारी करने की। मैंने वुडलैंड के ट्रेकिंग शूज पहन रखे थे जो बर्फ में बढ़िया पकड़ बनाये हुये थे, अब तक के मार्ग में यश और केशव अनगिनत बार गिरे थे किंतु मैं एक बार भी नही गिरा।
ढाबे से ही उन्होंने बूट्स किराये पर लिये और हमने ढाबे वाले चाचा जी के पास ही अपने बैग्स रखवा दिये और बम भोले, हर हर महादेव का उद्घोष करते हुये द्वार पर माथा टेक दिया और पहला कदम आगे बढ़ा दिया, द्वार की चंद सीढ़ियों से ऊपर चढ़ने में जो गफलत हुई उसने साबित कर दिया कि आगे का रास्ता बिल्कुल भी आसान नही होने वाला है। केशव और यश ने रेनकोट पहन रखे थे और मैं अपनी जैकेट पर ही था। घण्टी से लटके युवक की लाठी सीढ़ियों पर ही गिरी थी जो मैंने कब्जा ली थी।
हम कुछ ही मीटर चले होंगे कि पैर घुटनो तक बर्फ में धंसने लगे, चारो ओर सफेद चमचमाती बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही थी, ट्रेक के आरम्भ में लगभग एक किलोमीटर तक जंगल पड़ता है, जंगल का सारा भाग बर्फ से ढंका हुआ था। मैं ऐसा नजारा पहले भी देख चुका था लेकिन केशव और यश ने इतनी बर्फ पहली बार ही देखी थी, वो दोनो अत्यधिक रोमांचित थे और उत्साह से चीख रहे थे चिल्ला रहे थे। आसपास के पेड़ों पर से बर्फ गिर रही थी जो स्नोफॉल का वहम पैदा करती थी। हम घुटने धँसाते धँसाते आगे बढ़ने लगे। यश भाई आरम्भ में ही हिम्मत हारने लगे, वो अनेक बार अपना संतुलन खो कर बर्फ में गिरते पड़ते रहे।
हमने किसी प्रकार एक किलोमीटर पार किया, मैं भी समझ रहा था कि हम बेकार की जिद में है, क्योकि इस भयंकर बर्फ में तुंगनाथ तक पहुंचना लगभग असंभव सा था, वैसे भी 2 बज रहे थे, दो घण्टे में ही अंधेरा होना शुरू हो जाएगा, यदि हम सुबह प्रयास करते तो ऊपर पहुंचने के बारे में सोच भी सकते थे किंतु इस समय यह सम्भव ही नही था। यदि किसी प्रकार गिरते पड़ते मंदिर तक पहुंच भी जाते तो रात हो जाती और नीचे आना असम्भव हो जाता। ऊपर से बर्फ में भीगने के कारण और तापमान में भयँकर गिरावट के चलते हम ठंड से अकड़ जाते। 
तो मैंने निर्णय लिया कि हम उस स्थान तक जाएंगे जहां से चौखम्बा, केदारनाथ और सतोपंथ पर्वत श्रृंखलाएं दिखाई देती है, मैंने दोनो को समझाया कि वहां पहुंचकर आप जो दृश्य देखोगे वह आजीवन याद रहेगा, अविस्मरणीय अवर्णनीय और अकल्पनीय सुंदरता होगी, उस दिव्य अनुभव के लिये चलते है। वे मान गए, मैं और केशव द्रुत गति से चलते रहे लेकिन यश भाई अपने जूतों के कारण धीमे पड़ गए और गिरते पड़ते रहे। सम्पूर्ण मार्ग में केवल हम तीन ही दिखाई दे रहे थे। 
आखिरकार हम उस स्थान पर पहुंचे जहां घने जंगल वाला हिस्सा समाप्त होता है और चौखम्बा, केदारनाथ,सतोपंथ इत्यादि पर्वत श्रृंखलाएं दिखाई देती है। यश और केशव एकम अवाक से थे, मैंने यह दृश्य पहले भी देखा था किंतु फिर भी प्रतीत हो रहा था मानो पहली बार ही देख रहा हूँ।हम तीनों थक कर चूर हो चुके थे और वही बर्फ में कुछ देर बैठ गए, मैंने उनसे कहा कि कुछ दूर और चलते है, अभी भी आगे कुछ पैरों के निशान है तो हम आखरी निशान से कम से कम बीस कदम आगे जाकर ही वापस आएंगे। वो मान गए। थोड़ी ही दूर जाकर पैरों के निशान गायब हो गए, हम शायद पहले थे जो उन पैरों के निशानों से भी काफी आगे आ चुके थे। दूर दूर तक बस सफेद बर्फ से ढंके पहाड़ और जंगल ही नजर आ रहा था, केशव और यश फोटोग्राफी में व्यस्त हो गए और मैं इस दिव्य वातवरण को निहारने लगा। उसी समय मुझे कोई आवाज सुनाई दी, मैंने अपने बाई ओर की ढलान पर देखा, आवाज वहीं से आई थी, फिर मुझे लगा शायद भरम हुआ हो। ऐसी जगहों पर अक्सर वहम हो जाया करते है, लेकिन वह आवाज फिर सुनाई दी। और इस बार यश और केशव दोनो को सुनाई दी।
"भईया यह कैसी आवाज थी?" यश ने घबराकर प्रश्न किया।
"यह भालू की आवाज है, फौरन निकलो यहां से।" मुझे पहचानने में पक्का भूल नही हुई थी।

शेष है....


















सोमवार, 30 दिसंबर 2019

चोपता से कार्तिक स्वामी की यात्रा

इस समय किसी भी हिमालयन ग्रुप में चले जाइये, आपको तुंगनाथ चोपता की तस्वीरें इतनी मिल जाएंगी कि यदि आप नही गए होंगे तो अगली योजना वही जाने की बना लेंगे।
मैं खुशकिस्मत हूँ जो लगातार 2 साल दिसम्बर में वहां जा पाया।
इस बार के हालात मुश्किल हो गए थे, मुम्बई से निकलते ही अपडेट मिली कि चोपता तक जाने के रास्ते भारी बर्फबारी के कारण बंद हो चुके है, मन खराब हो गया लेकिन फिर भी अब घर से निकल चुका था तो बिना प्रयास किये पीछे हटने का प्रश्न ही नही था।
किसी प्रकार हम रुद्रप्रयाग पहुंचे, रात हो चुकी थी और उकीमठ जाने का कोई साधन फिलहाल उपलब्ध नही था किंतु खुशकिस्मती से उकीमठ जाती एक अंतिम बस दिखाई दी हमने बगैर समय गंवाए उसे पकड़ी और उकीमठ आकर रुके।
उकीमठ में ही भरत सेवा संस्थान के आश्रम में रात्रि शरण लेने के पश्चात भोर सवेरे चोपता जाने की जुगाड़ में लग गए, कोई गाड़ी वहां जाने को तैयार नही थी, सबका कहना था कि बर्फ बहुत ज्यादा है। लेकिन फिर भी इतना समीप आकर वापस जाने का प्रश्न ही नही उठता था, ऐसे में एक स्कूल जिप्सी मिली जो ताला तक जा रही थी। हम ताला तक ही चले गए कि चलो जितना नजदीक हो सके उतना ही पहुंचते है उसके बाद कुछ नही मिले तो पैदल यात्रा ही आरम्भ कर देंगे।
लेकिन ताला से एक गाड़ी मिल ही गई जिसने 800 में चोपता पहुंचाने की बात तय की, लेकिन उसने हमें चोपता से 4 किलोमीटर नीचे ही छोड़ दिया कि इससे आगे गाड़ी नही जा पाएगी आप पैदल चले जाओ, हमने मंजिल तक पहुंचने तक के पैसे दिए थे तो हमने थोड़ा कन्सेशन को कहा तो भाई साहब बिदक गए। उनका स्वभाव एकदम बदल गया, अभी तक जो मिलनसार और हँसमुख नजर आ रहे थे वे एक ही बात पर मानो काटने दौड़ने पर उतारू हो गए, मुझे बहस में नही पड़ना था इसलिये मैंने बगैर किसी बहस के 800 उन्हें थमा दिए। 
एक सबक लेकर आगे बढ़ गए, आगे दूसरा सबक हमारी प्रतीक्षा कर रहा था। तुंगनाथ द्वार यहां से कुछ 4 किलोमीटर आगे था, मुझे आसपास का माहौल और निचे की ओर कुछ कैम्पस देखकर फौरन पता चल गया कि यह वही कैम्प है जहां हम पिछली बार रुके थे, तब भी दिसम्बर की 15 तारीख थी और आज दिसम्बर की 16 तारीख थी। उस समय बर्फ इतनी नही थी, घास और जमीन साफ दिख रही थी। इस समय न घास दिखाई दे रही थी और न जमीन, कैम्प से सड़क पर अब काफी सारे कैम्प और छोटे होटलों का झुंड बन चुका था। जंगल के पेड़ों पर बर्फ ही बर्फ जमा थी। बीच बीच मे पेड़ों से गिरती बर्फ किसी स्नोफॉल सा अनुभव कराती थी। इसलिये मैं यह कह सकता हूँ कि मैंने स्नोफॉल का भी अनुभव कर लिया। खैर मेरे साथ आये दोनो मित्रों ने इस मौसम में पहली बार कदम रखा था, बर्फ में उनकी प्रथम यात्रा थी और कहना न होगा कि यात्रा के आरम्भ में ही दबा कर बर्फ मिली थी, इतनी की उनके सात जन्मों तक कि बर्फ देखने की इच्छा ही मिट गई होगी। हमने बर्फ में थोड़ी देर खेला, बर्फ के गोले बना कर एकदूसरे को मारे,
 यश भाई साथ थे जो फेसबुक द्वारा ही मिले थे, बर्फ के गोले बना कर फेंकने की बोहनी उन्होंने ही की थी, लेकिन बर्फ मारने के चक्कर मे पिछवाड़े के बल गिर कर अस्थि मालिश का आरम्भ भी उन्ही से हुआ।
एक गाड़ी सड़क के किनारे बर्फ में धंसी हुई थी, पता चला रात से ही फंसी हुई है। गाड़ी वाले पर्यटक या यात्री नही थे, वे वही के स्थानीय निवासी थे। हमने काफी मेहनत की और अपनी सारी ऊर्जा खत्म करके उन्हें निकालने का प्रयास किया, फावड़े से बर्फ काटी, रास्ता साफ किया, टायर तक बदली करवाये, धक्के मार मार कर अपने पसीने छुड़वाए। लगभग डेढ़ दो घण्टे में गाड़ी अपने स्थान से हिली और मुख्य मार्ग पर आ लगी। अब उसमे कोई और समस्या भी थी जो हमारी समझ से परे था, हमने अपना काम कर दिया था और दोपहर होने वाली थी, हमे अभी 4 किलोमीटर पैदल भी चलना था और तुंगनाथ तक जाना भी था तो हमने उनसे विदा ली और बर्फ में डगमगाते हुये चल पड़े।
पिछली बार मैंने स्पोर्ट्स शूज पहने थे जिस कारण तबियत से गिरा था, लेकिन इस बार फ्लिपकार्ट सेल से वुडलैंड के कैमल शूज मंगवाये थे, रबड़ टायर सोल वाले। उसके रहते मजाल जो एक बार भी गिरा होऊं, लेकिन पिछली बार के फिसलने का डर इस कदर हावी था कि हर कदम फूंक फूंक कर रख रहा था, ब्लैक आइस मेरे पैरों के नीचे तड़क रही थी, जहा पैर रखता था कड़कड़ाने की आवाजें आती थी इसके बावजूद मैं सम्भल कर चल रहा था, दूध का जला था तो छांछ में भी बर्फ डाल रहा था।
बर्फीली वादियों का आनन्द लेते हुए हम एक डेढ़ किलोमीटर तक ही चले होंगे कि जिन भाई साहब की गाड़ी निकाली थी वो अपनी गाड़ी सहित आते दिखे, उन्होंने गाड़ी रोकी और हम सवार हो गए। उन्होंने तुंगनाथ द्वार तक हमे छोड़ा और किसी भी प्रकार की कोई समस्या आने पर फौरन फोन करने को कहा, हमने उनका नम्बर नोट किया और गेट के सामने वाले ढाबे पर गर्मागर्म पराठों का नाश्ता किया।
तुंगनाथ द्वार पर ही एक डेढ़ फीट की बर्फ देख कर होश गुम हो गए, कुछ लोग दिखे जो द्वार से उतरने के प्रयास में फिसल कर द्वार की घण्टियों से ही जा लटके थे।
उनसे पूछा तो बताया कि बस एक किलोमीटर तक जा पाए उससे आगे बर्फ इतनी है कि हिम्मत जवाब दे गई। मैंने यश जी और केशव की ओर देखा और निर्णय लिया कि जितनी दूर हो पायेगा उतनी दूर जाएंगे और अंतिम कदमों के निशान से कम से कम 10 कदम आगे बढ़ कर ही आएंगे।
उनके सामान्य स्पोर्ट्स शूज थे तो उसी होटल से उन्होंने किराये पर बूट्स ले लिए, दोनो बन्धु रेनकोट साथ लाये थे, उन्होंने वो भी पहन लिया। दोपहर के 2 बज रहे थे और हमारे मुंह से ठंड से भांप निकल रही थी, होटल के सामने मार्ग पर ढेर सारी बर्फ थी। में यहां अपना उपन्यास भी लेकर आया था, मेरी इच्छा थी कि मेरे द्वारा लिखित उपन्यास को महादेव का आशीर्वाद प्राप्त हो। मैंने तुंगनाथ द्वार पर ही उपन्यास की कुछ तस्वीरें खींची और हर हर महादेव का जयघोष करते हुऐ हमनी अपनी यात्रा का आरम्भ किया।

यात्रा अभी शेष है,
(अगली कड़ी में भालू जी ने उपस्थिति दर्ज कराई है)


शुक्रवार, 28 दिसंबर 2018

तुंगनाथ चोपता यात्रा - 2


पिछली पोस्ट में मैंने ऋषिकेश से
श्री महादेव तुंगनाथ का मंदिर 
चोपता पहुंचने और मार्ग के रोमांचक अनुभवों के विषय मे

 सविस्तार से बताया था।
जिसे आप यहाँ क्लिक करके पढ़ सकते है 
मौसम और माइनस 5 डिग्री ठंड के कारण हमने रात्रि ट्रैकिंग खारिज करके सुबह तुंगनाथ ट्रैक करने की योजना बनाई।
तुंगनाथ मन्दिर के शीर्ष से दिखाई देती वृहद पर्वत श्रृंखला 
 हम कुछ घण्टो पश्चात तुंगनाथ के मुख्य द्वार पर थे, अब यहां से लगभग 3 किमी की ट्रैकिंग थी। हमने मुख्य द्वार पर बैठे अफसरों द्वारा पर्ची कटवाई और अपने पास मौजूद वस्तुओं का ब्यौरा दिया, वैसे हमारे पास बस दो पानी की बोतलें और एक छोटा डिब्बा ड्राई फ्रूट्स का ही था। मैं और मेरी साली जी ने महादेव का जयघोष करते हुए ट्रैक पथ पर कदम रखा।
तुंगनाथ ट्रैकिंग के लिये उस समय अधिक भीड़ नही थी, बमुश्किल दो तीन लोगों का दल ही जाते दिखाई दिया। ट्रैकिंग आरंभ करते ही पथरीले मार्ग पर जमी सख्त बर्फ से सामना हुआ। भुरभुरी बर्फ की तुलना में सख्त बर्फ पर फिसलने का खतरा अधिक होता है, और उस पर चोट लगने का जोखिम भी सबसे अधिक होता है। मैं अनेकों बार अपने स्पोर्ट्स शूज में फिसलते फिसलते बचा, साली जी के ट्रैक शूज के कारण उन्हें पकड़ बनाने में सहायता मिल रही थी, वे बिना लड़खड़ाए चलती रही। थोड़ी दूर चलने के बाद ही आलम यह था के हमारे चारों ओर केवल बर्फ की सफेद चादर ही दिखाई दे रही थी। एक ओर जंगल तो दूसरी ओर बर्फ से ढंकी पर्वतशृंखलाये। एक क्षण तो ऐसा आया के अब तक सुंदर दिखाई देने वाली चीजें ही उकताहट पैदा करने लगी, ऐसा होने के पीछे प्रमुख कारण थकान थी। अब हवा भी भारी होती प्रतीत हो रही थी, सांसे धौंकनी की तरह चलने लगी थी, यहां तक के कुछ फ़ीट के अंतर की दूरी पर चलने वाली साली जी की सांसे तक स्पष्ट सुनाई देने लगी, वे हांफ रही थी। ऐसे ही गिरते पड़ते डेढ़ दो घण्टे बीत गए, फिर हमने लंबे लंबे मोड़ लेते ट्रैकिंग पथ को देखा और निर्णय लिया के हम शार्ट कट लेते है, जो मुड़ कर जाने के बजाय सीधी चढ़ाई थी। हमारे पीछे एक दल आ रहा था जिसमे दो सरदार भी थे। एक दुबला पतला सरदार काफी जोशीला लग रहा था, वह बर्फ से ढंके एक टीले पर चढ़ कर अपनी लाठी घुमा कर डांस भी करने लगा। हमने एक नजर उसकी तरफ देखा, मैंने साली जी से कहा भी की इसका यह जोश बस यही तक है। उतरते वक्त देखते है कितना शेष रहता है, उन्हें वैष्णो देवी यात्रा की अब तक याद थी। वैष्णो देवी जाते समय वे फुर्ती से दौड़ी चली गई थी बिना थकान के। लेकिन आते समय उनकी हालत खराब हो गई थी, आधा पहाड़ मेरे कंधों के सहारे ही उतरी थी। हमने शार्ट कट लिया जहा कड़ी बर्फ के बजाय भुरभुरी बर्फ थी। एक एक फ़ीट तक बर्फ में पैर धँसाते हुए हम आगे बढ़े। मेरे स्पोर्ट शूज में बर्फ जाती स्पष्ट महसूस हुई। मेरे हैंड ग्लव्स जो ऊनि थे वे भी बर्फ से गीले हो रहे थे। हमने यहां एकाध बार स्नो बॉल बना कर एक दूसरे को मारा भी। लेकिन थकान अधिक होने और ठंड के कारण यह खेल भी छोड़ना पड़ा। मैं कई बार बर्फ में पैर धंसने के कारण गिरा लेकिन चोट वगैरह नही आई। सीधी चढ़ाई वाला फिसलन नही था लेकिन अधिक थकाऊ अवश्य था। कई बार साली जी ने ही मुझे सहारा दिया। मैं डील डौल में पहलवानों जैसा हु, वजन में भी 95 किलो का हु। वे दुबली पतली सी वजन में मुझसे आधी ही होंगी, तो मेरी सहायता करना खुद उनके थकान का कारण बनता जा रहा था। जहां तक हो सके मैं उनकी सहायता नजरअंदाज करने का प्रयास करता रहा । इसी प्रकार हमने दो लंबे शार्ट कट्स लिए, जो सीधी चढ़ाई थी। यहां मैंने एक सबक सीखा की यदि आपके पास ट्रैकिंग शूज नही है तो आप शार्ट कट ना ले, सीधी चढ़ाई वाले तो कतई नही। धीरे धीरे मेरी काली जीन्स सफेद बर्फ के निशानों से रंग चुकी थी। साली जी भी कई मर्तबा फिसली और गिरी भी। हम दोनों एक दूसरे को गिरते पड़ते उठाते रहे और चलते रहे। दो शार्ट कट के बाद अब तीसरा शार्ट कट लेने की हिम्मत नही बची थी। हम बीच बीच मे पानी पीते रहे, मैंने उन्हें एक बार मे अधिक पानी पीने के बजाय घूंट घूंट करके थोड़ी थोड़ी देर बाद पानी पीने की सलाह दी जिससे थकान और प्यास जल्दी नही लगती। मार्ग में मुझे यह देखकर कई जगहों पर ट्रैकर्स द्वारा छोड़ा गया कचरे का ढेर देखकर बड़ी ही घृणा हुई के हम इंसान इतनी सुंदर जगहों पर भी अपनी नीचता से बाज नही आते। अनेक जगहों पर तो बियर की खाली कैन्स और बोतलें तक दिखाई दे रही थी। चॉकलेट्स, पानी की खाली बोतलें और स्नैक्स के खाली पैकेट्स तो इफरात में थे। पता नही वो किस मानसिकता के लोग होंगे जिन्हें ऐसी सुंदर जगह पर गंद फैलाते उनकी आत्मा नही धिक्कारती। तुंगनाथ जैसे पंचकेदार पर शराब पीने में भी जिन्हें हिचक नही होती। हमारा मन वितृष्णा से भर गया । मैं रास्ते भर ऐसे लोगो को कोसता चला आ रहा था। खैर ऊपर से हमे नीचे आते कुछ यात्री दिखे जिनकी हालत खस्ता थी, कुछ मोड़ पर करने के पश्चात ही एक जानी पहचानी चोटी देखकर मैं उछल पड़ा। वो चंद्रशिला शिखर था, मैंने साली जी को तुंगनाथ और चंद्रशिला के काफी वीडियोज दिखाए थे आने के पहले, तो वे भी पहचान गई। तुंगनाथ मंदिर परिसर स्पष्ट दिखाई देने लगा था, एक नई शक्ति और ऊर्जा का संचार हुआ। लेकिन थकान फिर भी जस की तस ही थी, हमने एक जगह बैठ कर चारो ओर देखा, यह एकदम स्वर्ग के दृश्य जैसा था, बर्फ की सफेद चोटियां और चारो ओर विशालकाय पहाड़ ही पहाड़, मानो हम दुनिया के सबसे शीर्ष पर आ बैठे हो। केदार और चौखम्बा पर्वत श्रृंखलाओं पर हवा से सफेद बादलों की तरह उड़ता हुआ कुछ दिखाई दे रहा था, हमने ऐसा दृश्य पहले कभी नही देखा था। हम काफी देर तक निहारते रहे और कुछ तस्वीरें भी निकाल ली। फिर हमने थोड़े ड्राई फ्रूट्स खाये और पानी के घूंट लेने के पश्चात आगे बढ़े। एक बोतल खाली हो चुकी थी जिसे मैंने क्रश करके अपनी जैकेट की जेब मे ही ठूंस दिया, वहां फेंकने का प्रश्न ही नही उठता था। अब हम तुंगनाथ की सीढ़ियों पर पहुंच चुके थे, साली जी ने लगभग मेरा हाथ खींचते हुए मुझे सीढ़ियों पर चढ़ाया। मुख्य द्वार पर पहुंच कर मैंने माथा टेका और घण्टी बजाई, अब मैं मंदिर के प्रांगण में था। वहां दूसरे दलों के लोग भी थे, जो फिलहाल सेल्फी और वीडियोज में व्यस्त थे। मुझे इन चीजो का होश नही था। मैं मंदिर के समक्ष जा खड़ा हुआ , कपाट बंद थे जो मुझे पहले से ही ज्ञात था। एक अद्भुत अनुभूति सी हो रही थी वहां, मैं अपने आप मंदिर के समक्ष बैठ गया। साली जी ने भी उस समय मुझे नही टोका। वे मंदिर को चारों ओर से निहार रही थी। मैं बर्फ के ढेर पर काफी देर आंखे बंद किये बैठा रहा। लगभग बीस मिनट शांत बैठे रहने के पश्चात मैंने मंदिर के सामने से दिखाई देने वाले दृश्यों की ओर नजर दौड़ाई। वाकई स्वर्ग को यदि परिभाषित किया जाए तो यह वही दृश्य था, मैं भावुक हो गया था, साली जी मेरे पास आई। वे जानती है के मैं थोड़ा भावुक व्यक्ति हु। मैंने उनको धन्यवाद दिया के उन्होंने एक साल से मेरा तुंगनाथ आने का सपना पूर्ण करने में अपना सहयोग दिया और मेरे साथ यहां तक आई। उन्होंने धन्यवाद के लिए मुझे डांट दिया, की आप ऐसा ना बोला करो। मुझे भी यहां आने का मन था। कुछ देर हम यू ही मंदिर को देखते निहारते रहे। दोपहर के ढाई बजे रहे थे, थकान और मौसम को देखते हुए चंद्रशिला जाना उचित नही था। मेरा मन था लेकिन हमें शाम को ही ऋषिकेश भी निकलना था और चंद्रशिला जाने के बाद यह सम्भव न रहता, दूसरे वे भी थकी हुई थी तो वो असमर्थ थी। तीसरे अभी हमे सबसे कठिन कार्य करना था और वो था उतरना। वैसे भी चंद्रशिला पर जाने का मतलब था वापसी में अंधेरा होना जो के उन रास्तो पर कतई घातक होता। तो हमने महादेव के दर्शन करके ही इति कर ली। चंद्रशिला जाने की योजना निरस्त करने वाले केवल हम ही नही थे, मंदिर परिसर में जितने भी दल थे लगभग सभी चंद्रशिला योजना निरस्त कर चुके थे। मार्ग में बर्फ सूख कर कड़ी होने के कारण फिसलन भी थी जिस वजह से चंद्रशिला का मार्ग थोड़ा अधिक खतरनाक था। तो हमने महादेव के समक्ष माथा टेक कर और यादगार के लिये कुछ फोटोज खींचकर विदा ली और तुंगनाथ से नीचे की ओर यात्रा आरम्भ कर दी, असली कठिनाई तो अब आरम्भ होने वाली थी।


सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *