सामयिक आलेख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सामयिक आलेख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 4 दिसंबर 2018

हिंदी फिल्मो को टक्कर देती दक्षिण फ़िल्में ( 2.O एक नजर में )

काफी अरसे बाद किसी फिल्म के विषय मे चर्चा कर रहा हु, इस रविवार को ही रजनीकांत और 
अक्षय की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म '2.O' देखी, बाहुबली के पश्चात यदि किसी फिल्म की सबसे 
अधिक प्रतिक्षा थी तो यह 2.O ही थी।
मैंने रिलीज के पश्चात ही ढेरों समीक्षाएं पढ़ी, देखी, समझी। 
जो मिलीजुली थी। कई समीक्षाओं में मैने विशेष तौर पर हॉलीवुड से तुलना देखी, 
समीक्षक और दर्शक निराश थे के इतने बजट के बाद भी हॉलीवुड से उन्नीस ही रही। 
तो सबसे पहले मैं यह बात साफ कर दु, के मैं भारतीय फिल्म को भारतीय मानकों और गुणवत्ता के 
आधार पर ही तुलना करना उचित मानता हूं। 
आपको हॉलीवुड तक जाने की कतई आवश्यकता नही है, यदि तुलना करनी ही है तो बॉलीवुड से कीजिये,
 तब पता चलेगा के साउथ सिनेमा अब बॉलीवुड से कही आगे जा चुका है, और कंटेंट ओरियंटेड हो रहा है। 
जी मसाला फिल्में भी थोक में आती है किंतु उसी हिसाब से नए और प्रयोगात्मक कॉन्सेप्ट्स भी
 निरन्तर आ रहे है, बाहुबली के बाद से ही दक्षिण सिनेमा के प्रति नजरिया बदल चुका है, 
और बॉलीवुड की घटिया लव स्टोरीज, फेक फेमिनिज्म, यूथ फलाना ओरिएंटेड फिल्मो की सड़ांध 
से त्रस्त दर्शकों को एक नया पर्याय मिला है। 
शंकर हमेशा से एक प्रयोगवादी सिनेमाकार माने गए है, हिंदुस्तानी,नायक, अपरिचित,आई, रोबोट, 
और 2.O तक उन्होंने हमेशा एक अनूठा कॉन्सेप्ट ही चुना है और हर बार दर्शकों का प्यार पाया है।
 साउथ की प्रयोगवादिता वाकई अचंभित करती है ,मगधीरा, मक्खी, 24, रोबोट, 2.O, गाजी अटैक,
 जैसी अनगिनत फिल्में है जो कुछ अलग देखने का अहसास देती है। 
कल्पनाशीलता देखिये मक्खी के बदला लेने जैसे विषय की हजम ना होमेवाली कहानी को भी 
जिस प्रकार प्रस्तुत किया जाता है के दर्शक शुरू से अंत तक बंध जाता है।
बात करे 2.O की तो मैं पहले ही रिव्यूज वगैरह के चक्कर मे पढ़कर कोई सोच बनाकर नही जाता। 
मुझे शंकर पर यकीन है, इसलिए मैं कही भी निराश नही हुआ, शुरुवाती दृश्यों में जब चिट्टी की
 एंट्री होती है, वीएफएक्स भले बनावटी और नकली से लगते है, लेकिन जल्द ही इसमे सुधार
 स्पष्ट देखा और महसूस किया जा सकता है, यही वह बदलाव था जिस कारण फ़िल्म के
 वीएफएक्स पर दोबारा काम किया गया और फ़िल्म रिलीज में एक साल की देरी हो गई। 
फ़िल्म की गति इतनी तीव्र है के बिना किसी गाने, फालतू मसाले, लव एंगल, 
और लटके झटकों के बिना भी ढाई घण्टे की फ़िल्म भागती सी महसूस होती है।
कह सकते है के फ़िल्म का अस्सी प्रतिशत भाग केवल एक्शन सीक्वेंस ही है,
 लेकिन हर सीक्वेंस इस कदर भव्यता से और शानदार कल्पनाशीलता से भरा है के सीट से एक क्षण 
भी उठने का मन नही करता के पता नही कौन सा दृश्य छूट जाए।
अभिनय में रजनीकांत हमेशा लाउड रहे है, और वही है भी। रोबो के रूप में उनका आर्टिफिशियल
 मेकअप झलकता है लेकिन इतना चलता है, आप एक वृद्ध, व्यक्ति को मेकअप से रिक्रिएट कर रहे
 है तो इतनी कमियां नज़रन्दाज कर ही देना चाहिए, अक्षय कुमार फ़िल्म का मजबूत पक्ष अवश्य रहे है, 
फ्लैशबैक में पक्षीराजन के रूप में उनकी छटपटाहट और विवशता भावुक कर देती है। 
(हैरत होती है के कुछ प्रबुद्ध दर्शक गणों को यह बनावटी और इमोशन लेस प्रतीत हुआ।) 
फ़िल्म का नायक असल में पक्षीराजन ही लगता है। लेकिन जो सहानुभूति उससे उसके 
फ्लैशबैक के बाद होती है वही सहानुभूति क्लाइमैक्स में रजनीकांत के औरा तले दबा दी गई सी प्रतीत होती है। 
कुछ बुद्धिजीवी और प्रबुद्ध दर्शकों का कहना है फ़िल्म इलॉजिकल है, तो उनसे यही निवेदन करना चाहूंगा के आप 
फिक्शन ,और फंतासी देख रहे हो तो आप इलॉजिकल -लॉजिकल जैसे तर्को में ना ही पड़े। साई-फाई,
फिक्शन-फंतासी इत्यादि में लॉजिक का कोई लेना देना नही होता।
लॉजिक वगैरह सब कहानी के हिसाब से ही मोड़ा जाता है, रचा जाता है। यदि इतनी बात नही समझ मे आती
 तो फिक्शन-फंतासी आपका जेनर है ही नही। 
आप गामा रेडिएशन से एक मनुष्य के हरे दानव में परिवर्तित होने पर मजे लेते है, 
शरीर मे कंकाल की जगह धातु बदल कर हाथ से धातुई पंजे निकालने वाले वूल्वरिन से अटैच हो जाते है,
 रेडियोएक्टिव मकड़ी के काटने पर मनुष्य का स्पाइडर मैन बनना लॉजिकल लगता है,
 सुपरहीरोज का अस्तित्व लॉजिकल और तर्कपूर्ण लगता है, गैलेक्सिज में युद्ध करना,ग्रहों को ब्रम्हांड 
को तबाह करना आपको तर्कपूर्ण लगता है
और आप एन्जॉय करते है, लेकिन बात जैसे ही भारतीय फिल्मों की आती है आपके अंदर का 
लॉजिक मैन जाग जाता है। यह बदलना चाहिए, यदि कुछ अच्छे प्रयोग हो रहे है तो उसकी सराहना
 होनी चाहिए, 2.O माना के कई लोगो का हाजमा खराब करती है, लेकिन इतनी भी बुरी नही है के 
उसे नकार दिया जाए, किसी ने कहा था हॉलीवुड में स्टार वार्स के आने के बाद जो बदलाव हुये थे, 
भारत मे बाहुबली के आने के बाद वही बदलाव आरम्भ हो गए है। 
बाहुबली ने एक ऐसा मानक स्थापित कर दिया जिसे तोड़ना एकदम से नाको चने चबाने के समान हो गया है,
 बॉलीवुड तो कतई यह नही कर सकता, ठग्स ऑफ हिंदुस्तान जैसे वाहियात उदाहरण सामने ही है, 
यदि कोई यह रिकॉर्ड तोड़ सकता है तो निस्संदेह वह साउथ ही होगा। 
यहां तो भयंकर प्रकृतिक आपदा पर भी फिल्में बनाएंगे तो उसमें भी अपनी घटिया आइडियोलॉजी
 और लव स्टोरी घुसा देंगे, केदारनाथ की भयंकर आपदा पर भी भी बॉलीवुड उसमे जब केवल लव 
स्टोरी ही खोज पाता है, तब असली जरूरत है लॉजिक से परखने की के आखिर कहां समस्या है? 
ये आखिर कब तक दर्शकों को बेवकूफ बनाते रहेंगे ? प्रयोग के नाम पर एक वृद्ध हो चले स्टार को 
बौना बना देते है लेकिन हरकते वही छिछोरी करवाते है, ये प्रयोग है बॉलीवुड के ?
भगवान का शुक्र है के अब बॉलीवुड भी साउथ के 
बढ़ते प्रभाव से घबराया हुआ है और उसे अपना लेवल पता चल रहा है, निस्संदेह 'साहो, और केजीएफ' जैसी
 आगामी फिल्में बॉलीवुड के सड़े गले कॉन्सेप्टस के ताबूत में एक और कील साबित होने वाली है। 
बॉलीवुड में यदि प्रयोगात्मक कॉन्सेप्ट है तो वो केवल छोटे बजट और आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव,
 जैसे अभिनेताओं की फिल्मों में ही नजर आते है।
बाकी बॉलीवुड के कर्णधार तो अब बस केवल झूठा स्टारडम बचाने की जुगत में ही नजर आ रहे है, 
वो बदलना नही चाहते। 
खैर इतना ही कहूंगा के यदि 2.O देखने जा रहे है तो कृपया हॉलीवुड स्टैंडर्ड्स दिमाग मे लेकर ना जाये, 
बॉलीवुड स्टैंडर्ड्स के हिसाब से देखेंगे तो फ़िल्म आपको बॉलीवुड के लेवल से आगे की चीज ही लगेगी। 
फालतू की समीक्षाओं के चक्कर मे पड़कर सोच ना बनाये, यदि आप एक फिक्शन-फंतासी-साई-फाई
 देखना चाहते है तो आपका मनोरंजन अवश्य होगा और पसन्द भी आएगी।
ऐसी फिल्मों का सफल होना ही बॉलीवुड और हर विषय मे प्यार मोहब्बत जैसी सड़ांध के मुंह पर एक तमाचा है। 
इस तमाचे में दर्शकों का सहयोग आवश्यक है, यदि फिल्मिंग में नए कॉन्सेप्ट्स आ रहे है,
 बदलाव हो रहे है, स्टैंडर्ड्स बढ़ रहे है तो उसे प्रोत्साहन जरुरी है। 
बाकी 2.O थ्रीडी में ही देखिये, और खो जाइये, (रोमांस,गाना, मसाला वाले दर्शक अपना रुख 7 
तारीख को केदारनाथ जैसी प्रोपेगण्डा बेस्ड फिल्मो की ओर कर सकते है , 
उनके लिये 2.O भारी निराशा ही होगी।)
रही बात लॉजिक और तार्किकता की या साइंस की तो भाई मैट्रिक्स जैसी फिल्मों में भी
 आपको इन सबका जनाजा निकलता स्पष्ट देखने को मिल जाएगा यदि खोजो तो। 
बहुत दिनों पश्चात फ़िल्म के विषय मे कुछ लिखा है तो जोश जोश में ज्यादा हो गया इसके लिये क्षमा प्रार्थी😋

सोमवार, 21 सितंबर 2015

टैक्सीवाले भाईजान

कल कही से वापसी में ऑटो मिल नहीं रही थी ! बारिश की वजह से ट्रैफिक बहुत थी .
रिक्शा मिल नहीं रही थी ,एक काली पिली वैगन मिली जिसमे बैठ गया .
ड्राइवर चालु भाषा का इस्तेमाल कर रहा था ,,
ट्रैफिक लगेली है ,मूड की माँ बहन हो रेली है !!!!!! वगैरह वगैरह .
खैर बैठा और गाडी चल पड़ी , रस्ते में ट्रैफिक की वजह से काफी लोग पैदल जा रहे थे .
उनमे काफी तादाद में लडकिया भी थी !
और इन भाई साहब की नजरे उन्ही पर मेहरबान थी , कोई भी लड़की देखि तो उनके शब्द निम्नप्रकार के होते थे .
'क्या माल है बाप '
जबर आइटम है भाई ,
फुर्सत से बनायेला भाई .
क्या बोलते हो बड़े भाई ? उसने मुझसे पूछा .
पहले तो यार उसकी भाषा से ही चिढ हो रही थी ,ऊपर से उसकी यह बेहूदगी .
मै कुछ नहीं बोला ,
उसके बाद मैंने कुछ ऑब्जर्व किया ,गाडी में एक धर्म विशेष के स्टिकर लगे हुए थे 
( यहाँ किसी धर्म विशेष को टारगेट नहीं कर रहा हु कृपया अन्यथा न ले )
तो मैंने यु ही आगे कुछ बुर्के वाली लड़कियों को देख कर उसे सुनाने की गरज से कहा .
'क्या माल है , '
जबरदस्त आइटम लग रही है भाई '
वो कहने लगा 'क्या कह रेले हो बड़े भाई ,वो तो बुर्कानशींन है आप किधर से आइटम और माल देख रेले हो ? '
मैंने कहा ' भाई नजर होनी चाहिए सब दिखता है , फिगर देख कर पता चलता है '
भाई ऐसा मत बोलो , उसने कहा
मैंने बोला क्या बात कर रहे हो भाई ,माल ही तो है ,
भाई वो बुर्केवाली है , ईमान वाली ,रोजेदार ,उसके बारे में ऐसी बाते नहीं करनी चाहिए .
तो मैंने कहा .
'तो दुसरो की माँ बहने क्या ईमान बेच खायी है जो उन्हें यह सब कह रहे हो ? '' 
'आप खामखाह गुस्सा हो रेले हो , मै पहनावे से बोल रेल था देखो बुर्के में जिस्म ढंका हो तो अच्छा लगता है ,
मैंने कहा 'भाई ईमान तो तुम्हारा खराब है लड़कियों का नहीं ! अपनी वासना पर पर्दा रखो सारी लडकिया पर्दानशींन नजर आएगी .
यदि लडकिया पर्दा कर रही है तो ये उनका ईमान नहीं ,तुम्हारी बेईमानी है , अपनी नजरो पे पर्दा करो भाई .
'आप नहीं जानते इसलिए बोल रेले हो भाई .
गाडी चलाओ , नजर रस्ते पर रखे !
मैंने गुस्से में कहा .
उसने फिर चुपचाप गाडी चलाई ,और रास्ते भर माल आइटम का नाम नहीं लिया .

सोमवार, 23 मार्च 2015

धर्म के सेल्समैन !

आज शाम को ऑफिस से आकर ज्यो ही आराम करने बैठा के दरवाजे पर दस्तक हुयी !
मैंने दरवाजा खोला तो सामने दो युवक खड़े थे ,दोनों के हाथ में हैंडबैग थे ,
मैंने पहले उन्हें देखा उन्होंने मुस्कुराहट दिखाई और न जाने क्यों मुझे ऐसा लगा के ये या तो सेल्समैन है या किसी धर्म के प्रचारक ! मन तो किया के दरवाजा तुरंत बंद कर दू ,किन्तु ऐसा करना उचित नहीं लगा ,
‘जी कहिये ‘ मैंने कहा 
‘सर मै आपके सिर्फ कुछ मिनट्स लूँगा ,यदि आपको कोई आपत्ति न हो तो ?’ उसने कहा .
‘हा क्यों नहीं ‘ सोचा के सुन लेने में क्या जाता है ?
‘’ सर एक टोपिक पर आपसे बात करना चाहता हु ,आपको क्या लगता है जिन लोगो की मृत्यु हो जाती है ,क्या वे दुबारा जिवित हो सकते है ? क्या हम उन्हें दुबारा उन्हें देख पाएंगे ? ‘ उसने मुस्कुराते हुए मेरी जिज्ञासा को बढाने के इरादे से कहा , लेकिन ऐसी बेसिरपैर की बातो से भला अपनी जिज्ञासा कभी बढ़ी है ?
मै समझ गया के ये वही लोग है ,’बड़ी बड़ी बाते और शौचालय में जाकर वडा पाँव खाते ‘’
यानी प्रचारक ,या कहे प्रलोभन या ऐसा ही कुछ !
मैंने कहा ‘ सो फाईनली इट्स रिलेटेड टू ‘’बाईबल ‘’ आई थिंक ?’’
एक पल में बंदा थोडा प्रभावित हुवा ,उसे शायद चड्डी बनियान में खड़े देहाती जैसे दिखनेवाले शख्स से अंग्रेजी की उम्मीद नहीं थी ( अब ये खुद मुझे नहीं पता के इन नमूनों को देखकर पता नहीं कहा से अंग्रेजी निकल गई ,ग्रामर की माता बहन हुयी हो तो अलग बात है )
‘ यस सर ,बट वी आर नोट गोइंग टू एनी रिलीजियस वे ‘’ उसने समझाने के स्वर में कहा ( अपने को यही सुनाई दिया )
हम आपको यह दिखाना चाहते है ,कहकर उसने बैग खोली और मुझे पर्चिया दिखी ‘चंगाई का दिन ,परिवर्तन का अनुभव ,प्रभु बुलाते है , आपसे प्यार करते है ‘

 यानी ऐसी ही मोहब्बत भरे कुछ खत भरे पड़े थे ! उसने एक पर्ची निकाली और थमा दी 
जिसका नाम था ‘ क्या मरे हुवो को दोबारा जीवन मिलेगा ?’’
मैंने कहा ‘ भाई आदमी जी के तो कुछ कर नहीं पा रहा ,वापस आकर भला क्या कर लेगा ? 

यहाँ मरे हुवो को जीवन मिलेगा से ज्यादा महत्वपूर्ण सवाल है ‘’ क्या मुझे कन्फर्म टिकट मिलेगा ?’’ मैंने कहा
‘ जी मै समझा नहीं ? ‘’ उसने न समझने का अभिनय किया .
मैंने कहा ‘ दुनिया की आबादी पहले ही अधिक है ,

उसमे से यदि मरनेवाले भी जीवित होने लगेंगे तो भाई रहेंगे कहा ? खायेंगे क्या ?
उसने दुसरे बंदे की तरफ देखा , दूसरा बंदा मुस्कुराया ,

( मै समझ गया अब यह आगे आनेवाला है )
‘’ देखिये सर ,हर कोई जीवित नहीं होगा ,सीर्फ वो ही जीवित होंगे और अपनी कब्रों में से निकलेंगे जो भले होंगे ‘ 

कहते हुए उसने एक नीली जिल्द चढ़ी पॉकेट साईज पुस्तक निकाली ,और तुरंत एक पृष्ठ खोला ,
और कुछ पंक्तिया दिखाने लगा पृष्ठ के उपरी कोने पर कुछ ‘युहन्ना या यहोबा ‘ लिखा था .
‘देखिये सर ,हम आपको उदाहरण भी दिखायेंगे ,ऐसे आठ उदाहरण है जहा परमेश्वर ने लोगो को जीवित किया ‘
‘’भाई लेकिन मेरे ख्याल से जो भी परमेश्वर की शरण में गया उसके पाप क्षमा हो जायेंगे और वह 

भी परमेश्वर की सानिध्य का हकदार होगा ,सही है न ?’’ मैंने पुछा ,
‘’ जी बिलकुल सही समझे आप ‘’
‘यानी इसका मतलब तो यह हुवा संसार में मौजूद सारे व्यक्ति मरेंगे तो भी वे भले ही कहलायेंगे ? 

यानी के जो भी मरेगा वो दोबारा आएगा ? इसका मतलब दुनिया में पैदा होनेवाले पैदा होते रहेंगे और मरनेवाले आते रहेंगी ! 
धीरे धीरे संसाधन खत्म होंगे ,जलवायु दूषित होगी ,अन्न की कमी होगी ,फिर दुबारा ....’’
नहीं सर ...( उसने मेरी बात बिच में काटी )
‘देवेन ,मेरा नाम देवेन पाण्डेय है , और मैंने जिस पुस्तक को पढ़ा है या कभी देखा है ,उतने में इतना समझा है ,

के आप मरने के बाद जीने की तमन्ना लिए फिरोगो तो आपका जीवन भी मृत्यु सदृश्य हो जायेगा ,
कर्म से मोक्ष को प्राप्ति होगी ,न की किसी पुस्तक को रटने से , मनुष्य नहीं मरता देह मरती है ,
आत्मा तो आदि है अनंत है फिर चोला बदलेगी किसी रूप में ,तो क्यों इस आत्मा को देह रूपी बंधन में बांधे रखे,
 हमेशा मर के जीने की आस लिए ? मेरे जो मुंह में आया मै बकता गया .
कुछ देर तक दोनों चुप रहे ,मुस्कान गायब हुयी ,लेकिन दोबारा मुस्कान चेहरे पर लाते हुए कहा ,
‘’सर यह विषय एक मिनट में समझने का नहीं है ,यह वृहद विषय है !

 हम इसके लिए दुबारा आएंगे तब विस्तार से चर्चा करेंगे और आपकी शंकाओ को दूर करेंगे ‘’
‘आपके पहले भी कुछ महीने पहले दो लोग आये थे , उन्होंने दो पुस्तके दी थी ‘नया नियम ,और पता नहीं क्या ,’’ मैंने कहा .
‘’ तो आपने उन्हें पढ़ा ? ‘’ उन्होंने चहकते हुए कहा .
‘’ नहीं शुरुवात की और बोर हो गया ,रखी है वैसे ही, आपको चाहिए तो ले जाओ वापस ,

वरना पुस्तको को कही पड़े रहने देना ,धुल खाने देना मुझे अच्छा नहीं लगता ! ‘’ मैंने कहा तो उन्होंने कहा .
‘परमेश्वर आपकी सहायता करे ‘’
‘’आपकी भी ‘’ मैंने कहा और दरवाजा बंद कर दिया .

धर्म न हुआ ससुरा फ्लिपकार्ट बिग बैंग सेल हो गया

रविवार, 15 मार्च 2015

गहन खामोशी

'बिटिया ' सयानी होने लगी थी , अब थोड़ी सी फ़िक्र होने लगी थी !
बेटा भी तो बड़ा था दो साल ,किन्तु  बिटिया की चिंता थोड़ी अधिक थी !
ममता या प्रेम तो था ही किन्तु एक डर भी था जिससे हर बिटिया वाले का सामना
 यदा कदा होता ही रहता ही !
पड़ोस की सहेलिया सलाह देने लगी 'बिटिया बड़ी  हो गई है ,
ध्यान दिया करो थोडा,  कोई उंच नीच न होने पाए '
उसी दिन बिटिया को समझाया '' अब तुझे थोड़ी सावधानी बरतनी होगी ,
घर आने के लिए देरी मत किया कर ''
बिटिया ने पुछा 'क्यों माँ ?'
अब क्या कहू ?
'' अब बाहर जमाना ठीक नहीं रहा , लडको से खतरा है ,परेशान करेंगे  ''
कैसे बैसे संक्षिप्त में समझाने का प्रयास किया .
उसने तुरंत बड़े भाई का नाम लिया .
'फिर भैया को भी बोलिए न जल्दी आने के लिए ,प्रमिला को परेशान करता है हमेशा !
 क्या उससे लडकियों को खतरा नहीं ? ''

गहन खामोशी छा गई 

रविवार, 1 मार्च 2015

‘पचास ठो परछाई आफ 'ग्रे 'भूरा ,नीला ,काला ( जो भी हो )

आजकल एक फिल्म की बड़ी चर्चा सुनी है ,
जो किसी कामुक उपन्यास को आधार बना कर लिखी गयी है !
( कहा से देखि यह मत पूछिए ,लिंक याद नहीं ,किसी भी मूवी साईट पर मिल जाएगी ,
हा इंग्लिश सबटाईटलस नहीं मिल पायेंगे फिलहाल और चाईनीज सबस अटैच रहेंगे )
 वैसे भी ऐसी फिल्म कोई डायलोग सुनने के लिए थोड़े ही देखता है ( हीहीही ) ! 
फिल्म का नाम तो समझ ही गए होंगे ‘फिफ्टी शेड्स ऑफ़ ग्रे ‘ !
इसमें एक अरबपति है ,एक एक कॉलेज इन्टर्न है ,उनकी लव स्टोरी है ( बाबाजी का  #@ ) ! 
होता यु है के हिरोइन जिसका नाम कुछ अजीब सा है याद नहीं रहता ! 
कुछ रुसी टोन लिए हुए ,लास्ट के कुछ अक्षर ही याद है ‘स्टिसिया ‘ जैसा कुछ , 
तो ये एक कॉलेज इन्टर्न है और इसी सिलसिले में एक अरबपति बिजनेसमैन के इंटरव्यू के लिए आती है !
  ( उसका नाम भी याद नहीं ,जब हिरोइन का नाम नहीं याद तो हीरो ( खलनायक )
 का नाम याद रखने की उम्मीद बेमानी है हीहीही )  तो उस उद्योगपति को यह ‘स्टिसिया ‘ 
या जो भी है कुछ ज्यादा पसंद आ जाती है ,और स्टिसिया भी उसे पसंद करने लगती है ,
 खलनायक या हीरो एक मतलबी इंसान है कामुक है और सैडिस्ट है  ( सैडिस्ट बड़ी कुत्ती चीज होते है , 
सात खून माफ़ वाला इरफ़ान खान याद कर लीजिये ) और वह स्टिसिया से एक
 कांट्रेक्ट साईंन करवा लेता है जिसमे वह उससे प्यार में बाधा उत्पन्न नहीं करेगी 
और जैसे चाहे वैसे प्यार करने देगी !
अब हिरोइन को का मालुम ई कैसन प्यार करी ? तो रेडी हो जाती है ,
खलनायक या नायक बचपन में अपनी किसी महिला रिश्तेदार द्वारा सताया हुवा है है
 इसलिए वह ही सैडिस्ट है ! तो शुरू होता है एक अभूतपूर्व अविस्मरनीय प्रेम के
 शाश्वत अनुभुतिवाला सिलसिला ,जो शुरू शुरू में तो ‘स्टिसिया ‘ को अच्छा लगता है
 लेकिन बाद में पता चलता है के ‘’ ई तुमसे न हो पायेगा ‘’ और नायक खलनायक
 ( अब इग्नोर करूँगा इस शब्द को ,बड़ी तकलीफ दे रहा है )
 नित नई नयी प्रक्रियाये आजमाता है ! 
प्यार में उपयोगी अस्त्र शस्त्रों से सुसज्जित कमरे में इतनी वैरायटी भरी पड़ी है के अमेरिका की
 डिफेन्स मिनिस्ट्री भी पानी भरे ! तो आखिरकार नायिका या जो भी है ,
उसके बर्दाश्त की हद पार हो जाती है और वह ब्रेकअप करने का फैसला लेती है
 ( हर और से ‘ब्रेक ‘ होने के बाद )
और कांट्रेक्ट की ऐसी तैसी करते हुए सब खत्म कर लेती है , 
( ऐसा कान्ट्रेक्ट बनता कहा है ? कौन सी सरकार है भाई ? )

इसी के साथ फिलिम या ‘ब्लू ‘ वाली जो भी कहो खत्म हो जाती है ! 
बस फिल्म खत्म होते समय फिल्म के नायक या खलनायक को देख कर ‘मर्डर ‘ का ‘इमरान हाश्मी ‘ 
याद आ जाता है ,चलो चलो भट्ट घराने के लिए एक और इंस्पिरेशन मिल गयी अगले फिल्म के लिए ! 
तैयार रहिएगा बोलीवूड के थके वर्जन के लिए ( वैसे ओरिजनल कौन सी कम थकी हुई है )

शनिवार, 9 अगस्त 2014

रिश्तो का बाजार !

( यह कोई लम्बी चौड़ी पोस्ट नहीं है , केवल अपने मन की बात है संक्षेप में )
अब चूँकि त्योहारों का मौसम आ चुका है ! 
इसलिए त्योहारों में रिश्तो की दूकान सजाने 
विदेशी कंपनिया भी अपने काम पर लग चुकी है , 
अब ये जता रहे है मानो इन्हें भारतीय त्योहारों की
 आत्मीयता का पूरा ख्याल है ,'@री मिल्क ' @डबरी ' ऐसे जता रहे है
 मानो 'रक्षाबंधन ' का त्यौहार इनके बिना अधूरा है !
माने भाई बहन का संबंध कुछ भी नहीं है !
रिश्ते में मिठास तो इन्ही के कारण है ! तरह तरह की विदेशी कम्पनिया जिनके 
यहाँ इन रिश्तो की कोई अहमियत नहीं वो भी यहाँ रिश्तो के पाठ पढ़ा रही है ,
मतलब मार्किट बना रही है ! हमें पता ही नहीं चलता और ये विदेशी हमारे त्योहारों
 में अपने मार्केट को ठूंस के रिश्तो को दिन ब दिन 'खोखला और दिखावे ' की वस्तु बनाते जा रहे है !
अब कोई भी शुभ काम करने से पहले 'मीठा ' खिलाने के लिए भी चोकलेट की प्रेरणा इन्ही ने दी है ,
भले ही वह शुभकाम किसी लडकी को फ्लर्ट करने का ही क्यों न हो ! 
( याद ही होगा ,''मेरी माँ ने कहा है कोई भी शुभ काम करने से पहले मिठा जरुर खा लेना ) 
भले ही एक बाईट की भिख मांग लो ! '' लार लिसडी हुयी ,गलती टपकती घिन्न आती
 दुसरे की झूठन चाटने ,वह भी बेटी अपने बाप के सामने अपने बोयफ्रेंड से ,
और बहन भाई के सामने बॉयफ्रेंड के मुंह में मुंह डाले बिजबिजाती चोकलेटी लार चाटती
 हुयी कहेगी 'किस मी क्लोज यूउर आईज ''!!!! 
और ये हमें रिश्तो की अहमियत सिखायेंगे , विकृत कही के .
तो भाईयो और बहनों ....इन विदेशियों की मार्केटिंग का शिकार बनकर 
रिश्तो को औपचारिकता न बनने दे ,हमें इनसे सिखने की जरुरत नहीं ! 
ये तो माल बेचने आए है किन्तु हम रिश्तो का मोल क्यों लगाने लगे ? 
रिश्तो को आत्मीयता से 'मिठा ' बनाईये ,डेरी मी*या @डबरी ' से नहीं .
सभी मित्रो ,एवं बहनों को रक्षा बंधन की शुभकामनाये !

सोमवार, 21 जुलाई 2014

जागरूकता या फूहड़ता ?

'यूट्यूब ' और शोशल साईट्स पर इस महीने कोई ''किसिंग प्रैंक ' 
विडिओ और 'गर्ल्स आस्क फॉर कॉन्डमस ' नाम के वीडियोज हिट हो रहे है ! 
और इसके जरिये बताया जा रहा है के ये युवाओं में सेक्स और खुलेपन के 
प्रति जागरूकता फैला रहा है ! ....
एक वीडियो में लडकी आते जाते लोगो से पूछ रही है ' कॉन्डम कहा मिलेंगे ?
 कौन सी क्वालिटी का अच्छा रहेगा ? इत्यादि '
और इस सवाल पर लोगो के रिएक्शन्स देखकर कहा जा रहा है के अभी भी पर्याप्त जागरूकता
 नहीं है लोगो में सेक्स और कॉन्डम के इस्तेमाल के प्रति !
ये आखिर साबित क्या करना चाहते है ? क्या देश में इस वक्त सबसे बड़ा मुद्दा सिर्फ कॉन्डम का 
इस्तेमाल कैसे करे ही रह गया है ? इन्हें इतनी सी बात समझ में नहीं आती के 'सेक्स ' जैसी
 चीज किसी को सिखने की जरुरत नहीं होती बल्कि जानते सब है किन्तु उसकी चर्चा यदि 
आप खुले में करे तो यह असभ्यता कहलाएगी ! 
आप परदे के पीछे की निजी चीजो को सार्वजनिक करके पब्लिक का रेस्पोंस देख रही है ? 
यदि इतनी ही शिक्षा एवं जागरूकता की परवाह है तो शुरुवात घर से कीजिये ! 
घरवालो को जागरूक कीजिये पहले ,अपने पिता से जाकर पूछिए 'कौन सा कॉन्डम सही रहेगा '
माँ से पूछिए ''कॉन्डम कहा मिलेगा ''
बेटी बहन भाई को ज्ञान दीजिये '' कॉन्डम कैसे इस्तेमाल करे का ''
पता नहीं क्यों ऐसा लगता है मानो इनके लिए युवाओ की प्राथमिकता 
इस वक्त सिर्फ 'सेक्स ' ही नजर आती है ! 
आप रिएक्शन देखना चाहती है न !!!!! सरेराह किसी भी आते जाते व्यक्ति से 'कॉन्डम कहा मिलेगा ' 
जैसा मूर्खतापूर्ण सवाल पूछकर आप साबित क्या करना चाहती है ? 
ऐसे तो कोई वेश्या भी नहीं पूछती होगी किसी से !
हद है यार मोडर्न होना मात्र 'शरिरित चंचलता ,सेक्स , 
खुलेआम फूहडपन ही रह गया है ''
एक और आए दिन बलात्कार जैसी घृणित घटनाओं में वृद्धि हो रही है और दूसरी 
और इन्हें ' कॉन्डम कहा मिलेंगे ? जैसा सवाल ही अधिक महत्वपूर्ण दिखता है .
इस वीडियो में जब लडकी ने एक बन्दे से कंडोम के बारे में पुछा तो उस बन्दे ने नहले पे दहला मारा
 और उसे कहा 'कंडोम ? एक मिनट रुकिए ' और उसने जेब टटोली और एक पैकेट निकल कर उसके हाथ में ही दे दिया !
 लडकी भी झेंप गयी एक पल को ..लेकिन यही पर विडिओ एडिट हो गया और इस दृश्य को ज्यादा फूटेज नहीं मिली !

रविवार, 29 जून 2014

द्वार खोलो भगवन द्वार खोलो

कल यु ही किसी काम से ‘ घाटकोपर ‘ तक जाने का अवसर प्राप्त हुवा ,

ठाणे से घाटकोपर स्लो लोकल से बीस-पच्चीस मिनट ( आधा घंटा ही समझ लो ) लगते है ! 

हमारी ट्रेन जैसे ही ‘मुलुंड ‘ पहुंची वैसे ही भीडभाड भरी बोगी में और भीड़ हो गई ,

सब अपने अपने में मशगुल थे कोई खिड़की से देख रहा था ,कोई अखबार पढ़ रहा था ! 

द्वार खोलो भगवन द्वार खोलो !चूँकि मुझे न तो मोबाईल में गेम खेलने का शौक है, और न ही भीड़भाड़ में गाने सुनने अथवा चैटिंग करने का ,
तो हम यु ही बोगी में यहाँ वहा देख रहे है ( कोई शिकार मिले और की बोर्ड खडखड़ाने का मौका मिले ) तभी कही से किसी के बडे ही दयनीय स्वर ने ध्यान खिंचा , मराठी में कोई भजन गा रहा था.
‘’ देहाची तिजोरी भक्ति साच ठेवा ! उघड दार देवा आता उघड दार देवा ‘’
अर्थात ( शरीर की तिजोरी में भक्ति संचय कीजे ! द्वार खोलो भगवन द्वार खोलो)
हमने देखा एक व्यक्ति जिसने आँखे मुंदी हुई है वह एक सफ़ेद छड़ी के सहारे टटोल टटोल के चल रहा है ! 
और भजन गाये जा रहा है , मर्मान्तक स्वर था उसका यात्रिगण में से कुछ यात्री उसे चिल्लर पकड़ा दे रहे थे, और वह टटोल टटोल कर आगे बढ़ता रहा ! मेरे पास से गुजरा तो मुझे भी संकोच हुवा और मैंने पर्स में से पांच का सिक्का निकाला और उसकी हथेली में थमा दिया , वह आगे बढ़ा गाना निरंतर था ! यात्रीगण भी दयाभाव दिखा रहे थे ( हां उनकी संख्या कम ही थी ) ! तब तक अगला स्टेशन आ गया ,और अगली बोगी में जाने का प्रयास करता अंध व्यक्ति पल भर को ठहर गया, और बड़ी तेजी से छड़ी को टटोलते टटोलते बोगी से बाहर निकलने का प्रयत्न करने लगा, लोगो ने ध्यान नहीं दिया ,लेकिन उसकी तेजी मुझे खटकी और मै देखने लगा ! वह बोगी के दरवाजे तक तो टटोल-टटोल के बड़ी तेजी से पहुंचा, लेकिन जब निचे उतरने को हुवा तब मैंने उसकी आँखों को खुलते देखा .
अबे ये क्या ????? ये तो अँधा नहीं है ! मेरे मुंह से हल्के से यह निकला, लेकिन बगल में बैठे हेडफोन ठुंसे बन्दों को कोई फर्क नहीं पड़ा ( एक अँधा बन रहा था तो ये बहरे बन रहे थे )
और हम ???
हम मूर्ख बन गए थे ! लेकिन हमें अफ़सोस नहीं हुवा क्योकि हमने तो अपना कर्म किया अच्छा समझ के अब सामनेवाला ऐसा निकले तो हमारा दोष नहीं .
लेकिन कुछ भी हो भाई मूर्ख बनने का अहसास वाकई में बड़ी खीज पैदा करता है .


युवा और कुल ड्यूड्स के कानो में हेडफोन्स ठुंसे हुए थे ,जो हेडफोन्स से महरूम थे, वे फोन पर बड़ी तेजी से टाईप कर रहे थे ! अगल बगल में कौन आ रहा है कौन जा रहा है, इसकी तनिक भी फ़िक्र नहीं! मजाल जो आंखे उठा कर देख ले .

गुरुवार, 26 जून 2014

‘जय हो पंखो वाली मईया ‘



कल से ही देख रहा हु ! 

कुछ दिनों पहले ही हमारे गोदाम में एक खम्बे पर एक कबूतरी ने अंडे दिए थे
जो अब बच्चो में परिवर्तित हो चुके है ! 
चूँकि वे एक बंद गोदाम में जन्मे है इसलिए बाहरी वातावरण की तुलना में 
उन्हें उड़ने का अभ्यस्त होने में जरुरत से ज्यादा समय लगना है ,
‘जय हो पंखो वाली मईया ‘
बच्चे माँ की आधी बराबरी इतने बड़े तो हो ही चुके है ,
 माँ को भी शायद फ़िक्र है के बच्चे इतने बड़े हो चुके है किन्तु अभी तक उड़ना नहीं सिखा .
इसी चिंता में माता दो दिन से बच्चो के पीछे पड़ी है ,
लेकिन बच्चे जो है अपनी शरारतो से माँ की नाक में दम किये हुए है ! 
कबूतरी उन्हें खम्बे से निचे धकेलने का भरसक प्रयत्न कर रही है किन्तु बच्चे भी पक्के ढ़ीट है वे निचे गिरते ही नहीं बल्कि जोरो से पंखो को फडफडा कर माँ को दूर कर देते है ! 
कबूतरी उन्हें अपनी चोच से पकड कर निचे की और गिराने का प्रयत्न करती है लेकिन बच्चे खम्बे को मजबूती से पकडे हुए है ! 
अब यह तरिका काम नहीं आया तो कबूतरी ने खुद उड़कर ‘प्रैक्टिकल ‘ करके भी दिखाया जिसके नतीजे में बच्चे भी बैठे बैठे बिना उड़े पंख जोर जोर से फडफडा रहे है !
एक बच्चा थोडा सा ऊपर उठा तो कबूतरी चहचहाने लगी जोर जोर से,
 मानो वो उसकी हिम्मत बढ़ा रही हो ! 
किन्तु इतनी मेहनत के बाद हुयी थकान से बच्चा वापस धरातल पर आ गया .
माँ शायद समझ गई ,और वह तुरंत वहा से उड़कर निचे जमीं पर आ गई,
 और निचे से बच्चो की और देखने लगी इस उम्मीद में के शायद बच्चे भी माँ की और आने का प्रयत्न करे ,बच्चे माँ को दूर देखकर बेचैनी में पंख फडफडा रहे है ,
लेकिन निचे आने में डर रहे है ! कुछ देर पंख फडफडाने के बाद वो शांत बैठ गए !
अब माँ ने यहाँ वहा पड़े चावल ,दाने आदि चुगने शुरू कर दिये और कुछ ही पलो में वापस अपने घोंसले पर जा पहुंची,
 उसके पहुँचने की देर थी के बच्चे चोंच खोल कर माँ की और लपक पड़े और माँ ने बड़े प्यार से बारी बारी अपनी चोंच से उन दोनों बच्चो के चोंच में कुछ दाने डाल दिए ! 
बच्चो की भूख मिटते ही माँ उनसे रूठी सी प्रतीत हुयी !
 और वह खम्बे के दूसरी और चलते हुए चली गई ,
किन्तु बच्चो को माँ की नाराजगी की परवाह ही नहीं ,वे तो माँ के पीछे पीछे पैदल ही चल रहे है !
माँ बार बार पीछे मुडती और उन्हें परे धकेलती किन्तु वे माँ से दूर नहीं जा रहे और दोबारा करीब आ गए ,कुछ देर धक्का मुक्की यु ही चलती रही 
और आख़िरकार माँ ने हार मान ली और घोंसले में आकर बैठ गई,
 दोनों बच्चे माँ के समीप आ गए मानो जैसे माँ को आलिंगन दे रहे हो .
और माँ फिर से गोदाम के छप्पर की ओर देख रही है ,
मानो सोच रही हो आज तो बच गए कल देखती हु कैसे नहीं उड़ते .
बड़ा ही अप्रतिम दृश्य था ,मै तो अपलक करीब एक घंटे तक उनकी हरकतों को निहारता रहा ! किन्तु माता के प्रयत्न पर मुझे पूरा विश्वास है ,
बच्चे आज नहीं तो कल जब उड़ेंगे तो उनसे ज्यादा ख़ुशी उस अबोध मूक पक्षी को होगी जो उनकी माता है .
( तस्वीर में कबूतर काफी उंचाई पर है ,इसलिए तस्वीर स्पष्ट नहीं है )

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *