रविवार, 2 अगस्त 2015

कारवाँ : ग्राफिक नावेल समीक्षा

कारवां : एक खुनी यात्रा ,
कुछ अरसे पहले कॉमिक्स जगत काफी सदमे झेल चूका था , 
बड़ी बड़ी दिग्गज कॉमिक्स कम्पनीज बंद हो रही थी ! 
वजह कुछ भी रही हो ,पाठको की बदलती रूचि ,मनोरंजन के बढ़ते साधन ,
पढने में रूचि कम होना ,
एवं बदलते समय के साथ कॉमिक्स पाठको के विचार बदलना .
हमारे समाज में कॉमिक्स अभी भी बच्चो की ही चीज मानी जाती रही है ! 
यहाँ अमरीका जैसा कॉमिक्स कल्चर नहीं है जहा कॉमिक्स बच्चो की नहीं बल्कि वयस्कों की चीज है , 
वहा तो कॉमिक्स जगत का अनुठा संसार है जहा हर साल कॉमिक्स पात्रो पर बनी हुयी फिल्मो को
 हाथो हाथ लिया जाता है और अरबो खरबों की कमाई की जाती है ! 
दिलचस्प बात यह है के हमारे भारत में भी ऐसी फिल्मो का बड़ा बाजार बन चुका है ,
किन्तु कितने लोग है जो यह जानते है के परदे पर दिखने वाला यह लाल लोहे का कवच पहने
 व्यक्ति कॉमिक्स की दुनिया से आया है ?
डरावने स्याह लिबास और लबादा पहने वह चमगादड़ सदृश्य जीवट व्यक्ति कॉमिक्स की 
दुनिया से परदे पर आया है ? लाल लबादा और नीली पोशाक धारी शक्तिमान नायक भी
 इन्ही कॉमिक्स की देन है .
आसपास नजरे दौडाए तो हर साल भारत में भी करोडो का व्यापार करने वाली विदेशी फिल्मो
 के यह चरित्र कॉमिक्स की चमकीली दुनिया से ही तो आये है ! 
फिर क्यों लोग कॉमिक्स को बच्चो की चीज कहते है ?
क्योकि हमने इन्हें बना दिया है , कॉमिक्स पढनेवाली पीढ़ी बड़ी हो गयी किन्तु कम्पनीज
 अभी भी बच्चो के दौर में ही है ! 
समय के अनुरूप बदलाव ही नहीं किये गए जबकि परिवर्तन नितांत आवश्यक है ! 
कॉमिक्स इंडस्ट्री के इस नाजुक समय में भी कई कम्पनीज ने इसी तर्ज पर चलते हुए इस
 मिथक को तोड़ने का प्रयत्न किया है के कॉमिक्स बच्चो की चीज नहीं है ,
यह एक सम्पुर्ण मनोरंजन है ! 
आप उपन्यास पढ़ते है , इसी तरह से कॉमिक्स भी उपन्यास का ही एक चित्रित स्वरूप है 
जिसमे विवरण शब्दों की बजाय चित्रों से वर्णित किया जाता है ,किन्तु यह बात जल्द समझ नहीं आती .
इसी प्रयास के तहत सृजन हुवा कॉमिक्स के बदले स्वरूप ‘ग्राफिक नावेल ‘ का , 
यह नाम थोडा वजनदार भी है ,और इसमें से ‘बच्चो ‘ वाली फिलिंग भी नदारद है ! 
आजकल कुछ नए पब्लिशर्स ऐसी ही रचनाये पाठको के सामने प्रस्तुत कर रहे है जो 
कॉमिक्स से जुड़े मिथकों को चुनौउती देते है और सफल भी होते है .
‘याली ड्रीम्ज क्रिएशन ‘ की कुछ समय पहले ‘शामिक दासगुप्ता ‘ जी द्वारा लिखित
 ‘ग्राफिक नावेल ‘ ‘’कारवां ‘ ने काफी प्रशंशा बटोरी थी , जो अंग्रेजी में थी ! 
हां नए पब्लिशर्स हिंदी में अपनी पुस्तक पब्लिश करने का जोखिम नहीं उठाना चाहते क्योकि
 इसका बाजार सिमित था ,और प्रॉफिट की कुछ विवशताए भी थी ! 
कारवाँ भी अंग्रेजी में ही आई थी ,किन्तु इसे काफी सराहा गया और सकारात्मक प्रतिक्रियाये मिली .
समय थोडा और बदला और हिंदी पाठको की सक्रियता को पब्लिशर भी नहीं नकार सके ! 
शायद यही वजह रही हो के यह पुस्तक अब हिंदी में भी प्रकाशित हुयी और जिसकी चर्चा
 पिछले कुछ महीनो से विभिन्न कॉमिक्स ग्रुप्स में जोरो पर रही ! 
हिंदी पाठको की मांग को देखते हुए इसे दोबारा नए कलेवर में हिंदी में रिप्रिंट किया गया जिसके
 परिणाम भी पुस्तक को देखते हुए शत प्रतिशत सकारात्मक एवं उत्साहजनक ही होंगे यह तय है .
कारवाँ की कहानी मै अंग्रेजी में भी पढ़ चूका हु ,किन्तु हिंदी पढने के पश्चात यह लगा के
 हिंदी में जो मनोरंजन की क्षमता थी वह अंग्रेजी में नहीं थी क्योकि कहानी के वातावरण 
के अनुरूप इसमें देसी लहजे का प्रयोग ही अधिक सुविधाजनक होता ! 
जो के हिंदी वर्जन में है ,कहानी एकदम देसी टच लिए हुए है ,गोरखपुरी एवं राजस्थानी टोन लिए हुए , 
बहुत कम पुस्तके होती है जो ट्रांसलेशन के बाद भी अपने मूल रूप से अलग बन पाती है ,
उनमे ट्रांसलेशन की झलक साफ़ दिखती है !
किन्तु इसमे ट्रान्सलेशन लगता ही नहीं ,मानो पुस्तक मूल रूप से हिंदी में ही बनी हो !
 इसके लिए इसके ट्रांसलेटर ‘विशाल पाण्डेय ‘ जी निस्संदेह प्रशंषा के पात्र है ,
अभी तो शुरुवात है इनकी .
कारवाँ कहानी है पिशाचो के एक दल की ,जो वर्षो से दुनिया के बीहड़ इलाको में जाकर
 लोगो के मनोरंजन की आड़ में तबाही का रक्तिम खेल खेलता है और लुप्त हो जाता है !
एक ऐसी ही मुठभेड़ में ‘आसिफ ‘ के अम्मी अब्बू इन पिशाचो का शिकार बन जाते है !
 और सारे गाँव में अकेला आसिफ ही बचता है जिसकी कहानी पर किसी को विश्वास नहीं !
समय के साथ वह एक तस्कर बन चूका है और एक इमानदार पुलिसवाले राठौड़
 के हाथो पकड़ा भी जाता है ,
किन्तु परिस्थितिया कुछ ऐसी बनती है के ,उन्हें मरुस्थल में स्थित एक किले में शरण लेनी पडती है .
जहा बीएसएफ के जवानों ने डेरा डाल रखा है ,जिनका प्रमुख है दरोगा भैरो सिंग ,
जो एक काईयाँ अफसर है ,वह आसिफ को अपने कब्जे में ले लेता है और उसका विरोध करती 
है उसकी भतीजी ‘दुर्गा ‘ जो अपने चाचा के कारनामो से परेशान रहती है ! 
और इसी रात उस किले की ओर रुख करता है ‘कारवाँ ‘
इस बीहड़ और दुर्गम मरुस्थल में कारवाँ में मौजूद सुंदरियों को देख कर हर कोई
 अपनी सोचने समझने की क्षमता ताक पर रख देता है और उन्हें यहाँ नौटंकी की परमिशन दे डी जाती है , 
इस कारवाँ को देखकर आसिफ दहल जाता है और वह इन्हें निमंत्रण न देने को कहता है ,
किन्तु उसकी कोई नहीं सुनता !
अब कारवाँ ने अपना डेरा इस किले में डाल दिया और शुरू होता है खेल जो रात्री के साथ 
साथ खुनी हो जाता है ,मनोरंजन आतंक में तब्दील हो जाता है जब इस कारवाँ और
 उनकी सुंदरियों का असल रूप सामने आता है ,
फिर क्या होता है ? यही शेष भाग है जो काफी दिलचस्प है , इसके बाद सिर्फ जीवित बचे रहने की 
जिजीविषा ही है ! जो कैसे कैसे मोड़ से गुजरती है यह पढना दिलचस्प होता है .
पूरी पुस्तक एक फिल्म की तरह है ,जिसमे पर्याप्त गति है ,क्षमता है बांधे रखने की !
 कंटेंट थोड़े मैच्योर है और चित्रों संवादों में साफ़ नजर आते है ,
किन्तु कहानी के परिवेश के हिसाब से अखरते नहीं है .
चित्रांकन शानदार हुवा है बिनाश्क ,जो मोह लेता है ! खासतौर पर कारवाँ की रूपसियो का
 सजीव चित्रं लाजवाब है ,
अंग्रेजी जहा बड़ी साईज में थी वह हिंदी वर्जन सामान्य कॉमिक्स की साईज है जो देखने में 
और सम्भालने में आकर्षक लगती है ! कवर आर्ट बदल दिया गया है और बेहद सुंदर बनाया गया है ,
किन्तु पुराने कवर्स को भी होना चाहिए था !
इसमें नायक कौन है यह आप शायद निश्चित न कर पाए ,किन्तु इसका नायक न 
आसिफ है,न राठौड़ , इसके नायक है भैरो सिंग और दुर्गा ! गजब के ढीठ और साहसी ,
इतनी विषम परिस्थितियों में भी लड़ने की कुव्वत होना बहुत बड़ी बात होती है ,
और भैरो सिंग का झुझारुपन भी जबरदस्त है , जहा आसिफ और राठौड़ केवल 
अपनी जान बचाते नजर आते है वही भैरो सिंग अकेले कारवाँ को नाको चने चबवा देता है !
यह चरित्र अभी आएगा शायद कहानी के अंत में इसका आशय दर्शाया है ,किन्तु एक नए रूप में !

हिंदी में आये इस प्रयास की सफलता ही हिंदी ग्राफिक नावेल का आगे का मार्ग सुनिश्चित करेगा ! 
कॉमिक फैन्स और पाठको को अवश्य पढनी चाहिए .

रविवार, 19 जुलाई 2015

फिल्म एक नजर में : बजरंगी भाईजान


कबीर खान ने बतौर निर्देशक अपनी फिल्म ‘काबुल एक्सप्रेस ‘ से काफी प्रशंषा बटोरी थी , 
कुछ समय बाद वे सलमान के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘ एक था टाईगर ‘
 में नजर आये जो उनकी पिछली फिल्म से एकदम अलग थी और मसालेदार
 एक्शन से भरी थी ! सलमान भी लगातार एक्शन भूमिकाओं में दिखने लगे 
जिसमे वे काफी जमते भी थे एवं हिट भी रहे !
ऐसे में जब सलमान एक एक्शन स्टार के रूप में अपनी इमेज मजबूत कर चुके है , 
‘बजरंगी भाईजान ‘ जैसी भावुक फिल्म करना एक हिसाब से रिस्क ही कहा जायेगा !
 फिल्म रिलीज के पहले काफी विवाद बटोर चुकी है ,कुछ संगठनों को इसके 
नाम पर ऐतराज था ! किन्तु यदि ये फिल्म और उसका कथानक देखा जाये तो 
आपको इसके नाम पर गर्व होगा न की विषाद .
फिल्म की कहानी के केंद्र में है ‘मुन्नी ‘ ( हर्शाली मल्होत्रा ) जो एक छह साल की बालिका है ,
 एवं एक दुर्घटना के कारण बोल नहीं सकती !
उसकी  माता उसे भारत इसी सिलसिले में लेकर आती है ,और वापसी में ‘अटारी ‘ 
स्टेशन पर मुन्नी बिछड़ जाती है .
और मिलती है ‘पवन चतुर्वेदी ‘ ( सलमान खान ) से जो ‘बजरंगी ‘ 
नाम से ज्यादा प्रसिद्ध है !  पवन एक सीधा साधा व्यक्ति है और बजरंगबली जी का भक्त है ,
 और वह इस बच्ची से पहले तो पीछा छुड़ाना चाहता है 
किन्तु जल्द ही वो इसे वापस अपने घर पहुँचाने की ठान लेता है ! 
उस वक्त उसे पता नहीं होता के मुन्नी पाकिस्तान से है , 
वह एक कट्टर परिवार के साथ रहता है जिसका प्रमुख ( शरत सक्सेना ) उसके 
स्वर्गीय पिता का मित्र है ,और जब उन्हें पता चलता है तो वह उसे पाकिस्तानी
 एम्बेसी छोड़ने के लिए कहते है , किन्तु एम्बेसी के सामने पवन मुन्नी को 
पाकिस्तानी नहीं साबित कर पाता और न ही उसके पास पासपोर्ट है जिसके कारण
  उसे भगा दिया जाता है ! सब रास्ते बंद देख कर पवन स्वयम मुन्नी को पाकिस्तान 
पहुँचाने की ठानता है ,जिसमे उसका साथ देती है ‘रसिका ‘ ( करीना ) 
जिनके यहाँ पवन मेहमान है
अपने प्रयत्नों से पवन पाकिस्तान पहुँच तो जाता है ,किन्तु अवैध प्रवेश  के कारण 
उसे बहुत सी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है ! वहा पहुँचते ही उसे भारतीय जासूस
 घोषित कर दिया जाता है ,और सारी पुलिस और मिलिट्री उसकी तलाश में लग जाती है ,
तब उनका साथ देता है ‘चाँदनवाज ‘ ( नवजुद्दीन सिद्दीकी ) जो एक लोकल पत्रकार है
 और किसी धमाकेदार खबर की तलाश में है ! पहले पहल वह पवन को भारतीय 
जासूस मान लेता है किन्तु उसकी कहानी जानकर वह उसकी सहायता करता है ! 
फिर क्या होता है ,मुन्नी वापस अपने घर पहुँच पाती है या नहीं ? 
पवन सुरक्षित भारत वापस आता है या नहीं ? यही अगली कहानी है ,
जिसे फिल्म में ही देखे तो अच्छा .
कहानी सीधी है ,बिना किसी लागलपेट के ! और दर्शको के मन को छूने वाली , 
सलमान अपनी एक्शन इमेज से विपरीत रहे है ,एकाध एक्शन दृश्य है नाममात्र के ,
वे भी कहानी के हिसाब से सही है ! फिल्म की कहानी के हिसाब से
 यह एक जबरदस्त एक्शन फिल्म हो सकती थी ,किन्तु इससे बचा गया है 
और फिल्म में कही भी रंजकता को स्थान देने के बजे मानवीय मूल्यों को 
अधिक प्राथमिकता दी गयी है .
पवन के चरित्र में सलमान काफी भावुक करते है ,तो मुन्नी के अभिनय में नन्ही 
हर्शाली सबका दिल जीत लेती है ! पूरी फिल्म में बिना एक भी संवाद के वे
 सबका दिल जीत लेती है ! फिल्म में कई भावनात्मक पल है जो बरबस ही 
पलके नम कर देते है तो कभी मुस्कुराने पर विवश कर देते है !
रसिका के अभिनय में करीना मात्र खानापूर्ति करती है ,वैसे भी उनका रोल ज्यादा नहीं है
 मध्यांतर के पश्चात लगभग नदारद रही है ! तो फिल्म में अपनी दमदार छाप छोड़ते है
 ‘नवाजुद्दीन सिद्दीकी ‘ जो एक लोकल मीडियाकर्मी की भूमिका में गुदगुदाते है ,
कही कही तो वे सलमान पर भी भारी पड़ते दिखे है ,
संगीत पक्ष में एकाद हिट गाने ही है ,बाकी बेवजह का कोई गीत हो ऐसा महसूस नहीं हुवा ,
केवल एक युगल गीत को अपवाद रखे तो ,साफ़ सुथरी मनोरंजक फिल्म है जिसे 
पुरे परिवार के साथ देखा जा सकता है ,फिल्म में न तो किसी धर्म का उपहास है 
और न ही किसी मजहब का मजाक ,कोई भाई भरकम उपदेश भी नहीं देती !  
क्लाईमैक्स थोडा नाटकीय हो गया .
चार स्टार

देवेन पाण्डेय 

रविवार, 12 जुलाई 2015

फिल्म एक नजर में : बाहुबली दी बिगनिंग


एस राजामौली इ ऐसे निर्माता निर्देशक है जिनकी फिल्मो की प्रतीक्षा केवल टोलीवूड
 ही नहीं अपितु हिंदी दर्शक भी बेसब्री से करता है ,
उनकी पिछली फिल्मो के बारे में कुछ कहने की जरुरत नहीं है !
बाहुबली जैसी वरिश्द कथानक देने के पश्चात उनका नाम इसी फिल्म से जाना जायेगा 
यह कहना कोई आतिश्योक्ति नहीं होगी .
राजामौली की वर्षो की मेहनत एवं लगन का परिणाम है यह फिल्म ,जिसके हर दृश्य में वह मेहनत साफ़ नजर आती है ! इसे भारत की सबसे महंगी फिल्म बताया गया है जो फिल्म देखने के पश्चात सही भी लगती है ,और ऐसा एक भी दृश्य नहीं दिखता जिसमे ग्राफिक्स बर्बाद किये गए हो ,हां कहानी आपको जरुर नयी न लगे किन्तु इसका भव्य प्रस्तुतिकरण आपकी आँखे चौंधिया देगा और यह वजह पर्याप्त होगा इसे देखने के लिए ! ऐसी फिल्म के लिए दक्षिण के निर्माताओ की प्रसंशा करनी होगी , 

बोलीवूड को न जाने कब ऐसा सौभाग्य प्राप्त होगा .
कहानी है एक ऐसे बालक की जो एक काबिले में पला बढ़ा है जो एक 
विशालकाय गगनचुम्बी जलप्रपात के परीसर में रहता है , उस बालक ‘शिविडू ‘
 ( प्रभास ) के मन में हमेशा से उस जलप्रपात का आकर्षण बना हुवा है ,
वो उस जलप्रपात के ऊपर जाकर देखना चाहता है के वहा कौन रहता है और 
उसका उनसे क्या संबंध है ! उसकी माँ उसके इस व्यवहार से परेशान है और उसे प्रपात 
पर न जाने देने के लिए  लिए तरह तरह यत्न करती है ! 
किन्तु एक दिन ‘शिविडू ‘ अपने प्रयत्न में सफल होता है और जलपर्वत के ऊपर पहुँच जाता है ,
वहा उसकी भेंट होती है ‘अवन्तिका ‘ ( तमन्ना ) से जो एक विद्रोही है, 
और एक विद्रोही संगठन से जुडी हुयी है जिनका राज्य ‘महिष्मति ‘ 
गुलामी की अवस्था में है और उनपर क्रूर शाषक ‘भल्लालदेव ‘ ( राणा दागुबति ) का राज है ,
 शिविडू को अवन्तिका से प्रेम हो जाता है और इसी के साथ उसका संबंध भी खुलता है , 
वह महिष्मती राजपरिवार का वंशज है और उसके पिता ‘बाहुबली ‘ के राज्य के 
साथ ही उसकी ‘माँ ‘  ‘देवसेना ‘ ( अनुष्का ) को भी  भल्लालदेव से स्वतंत्र कराना अब उसकी जिम्मेदारी है ! और यहाँ से खुलता है माहिष्मती इतिहास का रक्तिम अध्याय ,
 जो शिविडू के अतीत के साथ उसके वर्तमान को भी प्रभावित करता है ,
 अब आगे क्या होगा यह प्रश्न तो मात्र एक शुरुवात है !
फिल्म की कहानी एक विचित्र मोड़ पर आकर खत्म होती है , 
दुसरा भाग २०१६ में आना है जिसके पश्चात अनुत्तरित प्रश्नों के उत्तर मिलेंगे !
सबसे पहले बात करूँगा फिल्म के ग्राफिक्स की ,जो इतने लाजवाब है के 
आपको लगेगा ही नहीं के आप कोई भारतीय फिल्म देख रहे है ! 
फिल्म के शुरुवाती दृश्यों में विहंगम जलप्रपात का दृश्य देखते ही हृदय कांप उठता है ,
अलौकिक सुन्दरता अप्रतिम दृश्य के दर्शक उस मनोरम वातवरण में खो जाए ! 
फिल्म का फिल्म का प्रथम भाग थोडा सुस्त लगता है , किन्तु मध्यांतर के पश्चात
 फिल्म द्रुत गति से आगे बढती है, फिल्म के अंत में बाहुबली और उसके भाई ‘भल्लाल देव ‘ 
की एक आदिम काबिले की विशालकाय सेना के  साथ युद्ध के दृश्य आपको 
होलीवूड के समकक्ष दीखते है ,कुछ जगहो पर चर्चा थी के इसके युद्ध दृश्य हाल ही में आई 
‘हरक्युलिस ‘ के युद्ध दृश्यों से प्रभावित है !  किन्तु आप फिल्म देखिये और आपको यह महसूस होगा के युद्ध के दृश्य होलीवूड की उस फिल्म के दृश्य से कई गुना अधिक प्रभावी है बेहतरीन है ! 
वैसे भी यह फिल्म काफी वर्षो से बन रही है और इसकी तुलना इससे नहीं की जा सकती ! 
कुछ दृश्यों में एवं स्टंट्स में अंग्रेजी फिल्म 300 की झलक दिखती है ,
किन्तु उनकी संख्या नगण्य है ,आसानी से नजरअंदाज कर सकते है !
फिल्म की लागत का 85 प्रतिशत भाग फिल्म के ग्राफिक्स पर खर्च किया गया 
जिसका असार परदे पर साफ़ दिखता है और उसकी भव्यता झलकती है ! 
 आजकल थ्रीडी फिल्मो का चलन भी जोर पकड रहा है किन्तु यह फिल्म बिना थ्रीडी 
के भी बेहतरीन लगती है जिसे किसी थ्रीडी टेक्नोलोजी की जरुरत नहीं है !
 फिल्म का कमजोर पक्ष केवल इसके गीत कह सकते है 
( जो शायद हिंदी डब के कारण उकताहट भरे प्रतीत होते है ) जो न केवल फिल्म को बेवजह 
खींचते है बल्कि फिल्म की गति को भी बाधित करते है,केवल कैलाश खेर एवं शान के गाये गाने ही नेपथ्य में जमते है जो कहानी को आगे बढाते है  !
एक्टिंग में प्रभास ,राणा प्रभावी रहे है तो अनुष्का एकदम अलग और ग्लैमर लैस किरदार में है , 
तमन्ना का एक अलग रूप देखने को मिलता है किन्तु कही कही अति
 की शिकार हो गयी लगता है ,’कट्प्पा ‘ के रूप में अभिनेता ‘सत्यराज ‘ भी प्रभावित करते है ,
 एक किरदार के जिक्र के बगैर फिल्म अधूरी है वो है महारानी बनी ‘राम्या कृष्णन ‘ 
जो एक क्रूर महरानी से कब एक ममतामयी माँ में तब्दील हो जाती है इसका पता ही नहीं चलता !,
जो एक तरफ से कुशल राजनीतीज्ञ है तो दूसरी ओर सौम्य हृदय माँ .
एक ख़ास बात और हाल ही मे रिलीज हुई 'जुरासिक वर्ल्ड' और 'बाहुबली' फिल्मों मे एक ही विजुअल इफैक्ट टीम ने काम किया है ! बाहुबली को 4000 सिनेमा घरों मे रिलीज किया गया है जिनमें 135 अकेले अमेरिका मे हैं  बाहुबली स्क्रीन काउंट के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी डबिंग की गई फिल्म है, बाहुबली फिल्म ऐसी पहली भारतीय फिल्म है जो भाषा के बंधन को तोड़कर पूरे देश में चर्चा एवं उत्सुकता बनाने में सफल हुयी है ,ओपनिंग के लिहाज से ये भारतीय फिल्मो की सबसे बड़ी ओपनिंग है ! पहले दिन के आंकड़े 60 करोड़ से 75 करोड़ तक बताये जा रहे है ,यदि यह सत्य है तो शायद ही कोई और भारतीय फिल्म अरसे तक इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर पाये .
फिल्म दो भागो में बनी है जिस कारण कथानक सम्पूर्ण नहीं है , और यह मात्र शुरुवात थी ! जब शुरुवात ऐसी है तो अंत कैसा होगा ? यह उत्सुकता का विषय है .
कुल मिला कर एक भरपूर पैसा वसूल फिल्म है ,जिसे निसंकोच होकर देखा जा सकता है !

मनोरंजन के लिहाज से और ग्राफिक्स के लिहाज से फिल्म को पांच में से पांच अंकन देने का कोई कारण नजर नहीं आता .
देवेन पाण्डेय 

शुक्रवार, 10 जुलाई 2015

पुस्तक समीक्षा : बनारस टाकिज


इस पुस्तक का मैंने हाल ही में बड़ा नाम सुना था ,

काफी चर्चा हो रही थी शोशल जगत की आभासी दुनिया में !हम तो ठहरे पुस्तक प्रेमी ,तो भला हम इससे कैसे अछूते रहते भला ! वैसे भी आजकल हिंदी लेखन भी अपनी पुख्ता पहचान बना रही है ,जो कुछ समय पहले तक लुप्तप्राय समझी जाती थी ,किन्तु नए लेखको ने इसमें जीवन का संचार किया है ! नए लेखक कुछ नया लिखने और उसकी नयी प्रस्तुती जो के आजके युवा मन को छू जाए और हल्का फुल्का मनोरंजन भी करे के प्रयास में ज्यादा रहते है ! और अधिकतर उनमे सफल भी रहते है ,वैसे भी कुछ समय पहले या कहू एक –दो वर्ष पहले ही हिंदी के नाम पर मूल ‘अंग्रेजी ‘ पुस्तक का हिंदी रूपांतर ही मिलता था ! हिंदी में लिखा गया उपन्यास तो क्वचित या न के बराबर था , यहाँ पल्प फिक्शन के धुरंधरों की बात नहीं करूँगा जो हमेशा से अपनी शैली और जेनर में अव्वल रहे है और रहेंगे ! या यु कहू के इनके बाद भारतीय पल्प फिक्शन ,क्राईम राईटिंग अनाथ हो जाएगी तो अतिश्योक्ति नहीं होगी ,खैर बात कर रहा हु नए लेखको की जिन्होंने अपनी लेखन शैली पाठको को प्रभावित किया है , तो हमने भी नयी पीढ़ी के लेखको को समझने एवं कुछ नया पढने की गरज से ‘भगत ‘ जी को पढना शुरू किया और जल्द ही मन उकता गया , पता नहीं क्यों इनमे वो गहराई नहीं मिल पा रही थी जो होनी चाहिए ! मसालेदार कहानी ,रोमांस ,खुलापन ,कॉलेज युवा ,कैम्पस ,बस उनका हर उपन्यास इन्ही चीजो के चारो ओर सिमट के रहा गया ,जो शुरू शुरू में अच्छा लगा किन्तु जल्द ही उकताहट का कारन बनने लगा तो हमने तौबा कर ली !इसी के साथ कुछ अन्य लेखको के हिंदी प्रयास देखे जिन्होंने बिना किसी शोर शराबे और विग्यापनो के चुपचाप आकर और अपनी दमदार उपस्थिति प्रस्तुती करके अपनी लेखन शैली और प्रस्तुती की खूब वाह वाही बटोरी .गत दिनों इसी कड़ी में तीन पुस्तके खरीदी ,जिनमे क्रमवार है ‘जिंदगी ऐस पैस ,बनारस टाकिज ,और इश्क में शहर होना !पहली फुर्सत में ही ‘बनारस टाकिज ‘ निपटा डाली ,अन्य अभी कतार में है और खाली क्षणों की प्रतीक्षा में भी !तो ‘बनारस टाकिज ‘ कहानी है कुछ दोस्तों की जो ‘भगवानदास होस्टल ‘ में है ! और अपनी वकिली पढ़ाई निपटा रहे है ! इनमे एक से एक नमूने भरे पड़े है ,कुछ सीनियर कुछ जूनियर, कही रैगिंग का डर तो कही नए दोस्त जो न चाहते हुए भी दोस्त बन गए  ! जिंदगी बेफिक्र सी लापरवाह आवारा हवा के झौंको की तरह बह रही है ! यहाँ ‘बुद्धिजीवी ‘ कहना आपको ‘गंवार ‘ की श्रेणी में शामिल कर सकता है तो आप यहाँ ‘बी .डी ,जीवी ‘ शब्द का ही प्रयोग करे ,इस होस्टल में एक है ‘जयवर्धन जी , जो हर बात में ‘घंटा ‘ शब्द का प्रयोग करते है , फिर मिलना होगा ‘अनुराग डे ‘ से जो जो विदेशी नाम से प्रसिद्ध है , पुरखे बंगलादेशी रहे होंगे ,ये दादा नाम से जाने जाते है ! फिर है ‘सूरज ‘ जो बाबा भी कहलाते है , रामप्रताप उर्फ़ दुबे जी हर जुगाड़ में माहिर ,हर मर्ज की दवा इनके पास है ! आगे ज्ञान के सागर ‘पाण्डेय जी ‘ भी मिलेंगे , ‘नवेंदु ‘ भी है जो चलता फिरता विकिपीडिया है ‘फिल्मो ‘ का ,और इनकी हर बात फ़िल्मी है !और ये सब है अपने ‘बनारस ‘ में , भोलेनाथ जी की नगरी !बनारस हिन्दू विश्व विद्यालय के होस्टल में !सभी किरदार जाने पहचाने है ! क्योकि आप इन सबसे मिल चुके होंगे पहले भी ,स्कूल में ,कॉलेज में , और सबसे  डरावना और उकताहट भरे शब्द ‘ फैकल्टी ‘ में ! ( इस शब्द से सबसे ज्यादा चिढ और खीज होने लगी है ‘भगत ‘ जी के कारण )पता नहीं क्यों आजकल हर पुस्तक में इस शब्द का वर्णन अवश्य होता है , जहा इस शब्द का जिक्र आया वहा मूड खराब हुवा ही समझो ! किन्तु कहानी का प्रस्तुतिकरण जल्द ही फैकल्टी भुलाने में सहायक बनता है और हम बनारसी छात्रो में घुल मिल जाते है ! उनकी रोजमर्रा की समस्याए ,पढाई की चिंता ,सेमेस्टर का तनाव , चाय की गुन्टी और दुनिया भर की बकलोली ! एकदम देसी मिजाज ! इस उम्र में जो हर युवा की समस्या है वह इनकी भी है जिन्हें ये कोई समस्या नहीं मानते ,वह है लापरवाही और गैरजिम्मेदारी , जिसे लिया हल्के में ही जाता है ,तब तक ,जब तक के कोई बड़ा सबक न मिल जाए !तो ऐसा सबक कैसे मिले ?  अब सब यही चेप देंगे तो पुस्तक में का ‘सम्पादकीय ‘ पढोगे ? ( वो तो है ही नहीं पुस्तक में )हां जिन्हें सुखा सुखा पसंद नहीं है ,उनके लिए ‘लभ इश्टोरी ‘ भी है !  माने हर किसी के लिए कुछ न कुछ है , किन्तु एक बात काफी अखरती रही जिसके चलते हम पृष्ठ कुतरते रहे ,हर दो तीन पृष्ठों के पश्चात ! वह थी गालियाँ , दोस्तों में गालियाँ चलती है किन्तु इतना अधिक भी क्या गलियों का आग्रह ? क्या बनारस की पृष्ठभुमी का उल्लेख आते ही ‘गालियाँ ‘ आवश्यक हो जाती है ?  जो बनारस के नहीं है वे इन्ही पुस्तको से बनारस को जानते है ! ऐसे में क्या बनारस में ‘गालियाँ ‘ प्यार दर्शाती है ,दर्शाकर भ्रामकता फैलाना सही है ? ( माना लेखक का यह उद्देश नही रहा हो ,) क्या हम इस तरह से बनारस का एक विपरीत स्वरूप नहीं प्रस्तुत कर रहे ? सब कुछ सही था किन्तु यही बात कचोटती रही और जहा भी गाली दिखी वहा कुतर दिए ! अब पुस्तको के साथ ऐसा करना मुझे अच्छा नहीं लगता किन्तु रोक न पाया ,उम्मीद करता हु के मै लेखक की अन्य किसी विषय पर आधारित उपन्यास भी जल्द ही पढू ! ( जब प्रकाशित हो ),और उसमे कुछ ऐसा पढू जो अब तक कही और नही पढ़ा , ऐसा न लगे के विषय वही पढ़ रहा हु बस लेखक ‘भगत ‘ के बजाय कोई और है . मिली जुली प्रतिक्रिया रही हमारी .

सोमवार, 6 जुलाई 2015

फिल्म एक नजर में : मैड मैक्स : फुरी रोड


मैड मैक्स से भला कौन नहीं परिचित है , 
मैड मैक्स का नाम आते ही आँखों के सामने ‘मेल गिब्सन ‘ 
की एक माचो हीरो वाली इमेज तैर जाती है ! 
जिसकी तीन भागो की श्रृंखला ने अपार कामयाबी और प्रसिद्धि पाई .
तीसरी श्रृंखला के एक अरसे बाद चौथा भाग ‘मैड मैक्स : फुरी रोड ‘ रिलीज हुवा है ,
जो इस सीरिज के प्रशंषको के लिए एक तोहफे के समान है !
कहानी है उस तबाह हुयी दुनिया की ,जहा हैड्रोजन बम के विस्फोट के पश्चात
 हर चीज की कमतरता है ,जमीन बंजर है ,हरियाली गायब है !
 पानी की कमी के कारण मानवता नाश के कगार पर है और पृथ्वी 
एक मरुस्थल में तब्दील हो चुकी है ,ऐसे में ‘मैक्स ‘ ( टॉम हार्डी ) 
अब भी अपनी पुरानी यादो से पीछा छुडाने की गरज से बिना मकसद की
 जिन्दगी लिए दरबदर भटक रहा है !
उस मरुस्थल में एक तानाशाह का राज है ‘इमोर्टन जोई ‘ ( ,जिसके पास ‘पानी ‘ है ! 
और इसी वजह से वो सर्वेसर्वा बना हुवा है , वह मानवता की नस्लों को तबाह कर रहा है
 और नयी पीढ़ी के युवाओ की एक सेना का मालिक है ,
जो के पूरी तरह से जंगी युवा है जंग ही जिनका जीवन है ,उद्देश है ! 
उसके इस उद्देश की पूर्ति के लिए उसके पास कई बीविया है ,
जिनसे वह और योद्धा चाहता है !
उसकी एक दलपति ‘फ्युरोशिया ‘ ( चार्लीज थेरोन ) , ‘जोई ‘ के
 कब्जे से उसकी बीवियों को छुड़ा लेती है और फरार हो जाती है ! 
इसी दौरान मैक्स भी बंदी बना लिया गया है जोई की सेना द्वारा किन्तु वह
 इन्हें चकमा देकर भाग निकलता है और उसकी मुलाक़ात होती है ‘फ्युरोशिया  ‘ से !
 अब मैक्स और फ्युरोशिया का मकसद एक हो जाता है ,
अब जोई अपनी पूरी पागल योद्धाओ की सेना के साथ फ्युरोशिया के पीछे पड़ा है ,
और शुरू होती है एक न खत्म होनेवाले युद्ध का सिलसिला ,
जिसमे हार या जीत का अर्थ किसी एक का नाश है !
जहा इस सीरिज की पहली तीन फिल्मे ‘पेट्रोल ‘ के लिए जंग के ऊपर आधारित थी !
 वही फिल्म का चौथा भाग ‘पानी ‘ और ‘ लिंग अनुपात ‘ पर आधारित है ,
 फिल्म की जान इसका एक्शन है जो एक्शन प्रेमियों की कसौटी 
पर एकदम खरा उतरेगा .
हम मैड मैक्स का नाम लेते ही इसके मुख्य पात्र मैक्स के रूप में मेल गिब्सन को 
देखने के इतने आदि हो चुके है के ,
यह शंका घर कर जाती है के टॉम हार्डी इस किरदार को ढंग से निभा पायेंगे या नहीं ,
 किन्तु यह शंका एकदम निर्मूल साबित होती है जब आप फिल्म देखना शुरू करते है ! 
तब आप टॉम हार्डी या मेल गिब्सन को यद् नहीं रखते ,याद रहता है तो
 सिर्फ मैक्स जो आणविक युद्धों से तबाह और विकिरणों से ग्रस्त इस धरती पर मौजूद विभिन्न विकारों एवं मानसिक विकृतियों वाले समाज से लड़ रहा है ,
पूरी फिल्म में बमुश्किल से कुछ ही संवाद मिले है उसे ,इसके बावजूद वह सब पर भारी है ! 
फिल्म का दुसरा मुख चरित्र है फ्युरोशिया का जिसे चार्लीज थेरोन ने बखूबी निभाया है ,
कही कही तो वह मैक्स के किरदार पर भी हावी हो जाती है . फिल्म पूरी तरह से एक्शन के तानेबाने पर है ,ऐसा एक्शन जो आपको पलके झपकाने तक का भी अवसर न दे ! रेगिस्तान में सांसे रोक देनेवाले चेजिंग दृश्य वाकई अब तक के बेस्ट चेजिंग दृश्यों में से एक है यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी ! स्पेशल इफेक्ट्स और ग्राफिक्स का शानदार प्रयोग है जिसे देख दांतों तले उंगलिया दबा लेंगी दर्शक .
शुरुवाती एक्शन दृश्यों में वह दृश्य बहुत ही लोमहर्षक बना है जिसमे वार ब्वायज द्वारा फ्युरोशिया एवं मैक्स का पीछा करने के प्रयास में पूरी टोली ‘रेत के भयानक तूफ़ान ‘ में फंस जाती है ! हद दर्जे का पागलपन एवं जुनून , फिल्म शुरू से लेकर अंत तक एक्शन से ही भरी है ,जिसमे दोहराव और उबाऊ क्षण बिलकुल भी नहीं आते ! और एक से बढकर एक स्टंट और ग्राफिक्स देखने को मिलते है !
कहानी दो लाईन की है ,बिलकुल सीधी और सपाट ! 
वैसे भी ये सीरिज एक्शन के लिए जानी जाती है ! और नब्बे एवं अस्सी के दशक के तुलना में २०१५ के ‘मैड मैक्स ‘ का एक्शन जानदार होना ही है .
कुल मिला कर यह फिल्म वैसे भी केवल एक्शन और स्टंट के दीवाने दर्शको के लिए ही है ! 
इसलिए ये शायद अन्य दर्शक वर्ग को इतनी पसंद न आये किन्तु इस जेनर के दीवानों की आशाओं पर यह फिल्म शत प्रतिशत खरी उतरती है ,काफी अरसे बाद एक ऐसी जबरदस्त एक्शन फिल्म आई है जो साँसे रोके थियेटर में बैठने को मजबूर कर देती है .
चूँकि फिल्म केवल एक्शन जेनर के लिए ही बनी है 
इसलिए इसे इस जेनर के लिए पुरे स्टार्स दिए जा सकते है !

देवेन पाण्डेय 

गुरुवार, 28 मई 2015

पुस्तक समिक्षा : कोहबर की शर्त

बड़े दिनों से इस पुस्तक की तलाश थी , बड़ी मुश्किल से मिली और मैंने एकाध पृष्ठ पलट कर देखे , पुस्तक कोई नया संस्करण नहीं था ! पुराना ही संस्करण था ,जिसमे से पुरानी पुस्तक की महक आ रही थी ,जो भीनी भीनी सी थी ! और इसी महक के कारण पुस्तक पढने का वातावरण भी तैयार हो गया , गंवई भाषा को देखकर पुस्तक से अपनत्व जुड़ गया किन्तु खुद को संभाला !
कारण यह था के इस पुस्तक को एक ही बैठक में समाप्त करने की इच्छा हो रही थी ,और इस व्यस्तता भरे जीवन में यह संभव नहीं हो पा रहा था ! उन्ही दिनों किसी कार्य वश गाँव जाना तय हुवा और पुस्तको के संग्रह में यह पुस्तक भी शामिल हो गई ! और सोचा गाँव में आराम से पढेंगे ,
गाँव पहुँचते ही , जैसे ही पहली फुर्सत मिली इस पुस्तक को पकड़ा और शुरू हो गया ! गाँव पहुँचने के पश्चात इस पुस्तक को पढने का आनंद दुगुना हो गया ,क्योकि तब इसके परिवेश से स्वयम को आसानी जोड़ पाया . इस पुस्तक का नाम है ‘’कोहबर की शर्त ‘’ जिसे लिखा स्वर्गीय केशव प्रसाद मिश्र ने .  इस पुस्तक को पढने के पीछे एकमात्र कारण था इस पुस्तक पर बनी फिल्म ‘नदिया के पार ‘  !
 जी इसी पुस्तक पर यह फिल्म आधारित थी ,किन्तु पुस्तक में जो कहानी थी उसे उसी तरह प्रस्तुत करने की हिम्मत दिग्दर्शक लेखक शायद नहीं कर पाए, और पुस्तक के विपरीत फिल्म को एक सुखद  मोड़ पर लाकर समाप्त कर दिया गया .
जबकि पुस्तक में होता इसके विपरीत है ,चरित्र वही है , चन्दन गुंजा , ओमकार , बैद जी ,काका और परिवेश भी वही ,नदी भी वही नदिया का पार भी वही ! चंदन का लड़कपन भी वही तो गूंजा का अल्हडपन भी वही , तो क्या अलग था पुस्तक में ?  वह थी इसकी आत्मा ,
जी हां ,फिल्म देखकर जहा इन पात्रो के जिवंत अभिनय से मंत्रमुग्ध हो उनसे जुड़ गया था ,एवं उनके सुख दुखो में स्वयम को भागीदार मानते हुए फिल्म के एक किरदार की तरह फिल्म को जिया था  ! वही इस पुस्तक को पढ़कर पता लगा के इन किरदारों एवं इनके सुखो को किस तरह ग्रहण लगा हुवा था , किस तरह चंदन का जीवन कभी न खत्म होनेवाले दुखो के अंतहीन सिलसिले से गुजरा था वह पाठको को द्रवित कर देता है ,एक ऐसे जीवन की कहानी जिसमे सुखो की मात्र क्षणिक झलक दिखलाकर नियति कभी न थमने वाली पीड़ा की  सौगात दे जाती है !
ओमकार और चन्दन दो भाई है ,न बाप न माँ , माँ बाप दोनों के रूप में मिले निसंतान ‘काका ‘ !
दोनों भाइयो का आपसी प्रेम देखकर काका के हृदय में ठंडक पड़ जाती है , ‘आगे नाथ न पीछे पगहा ‘ को चरितार्थ करती जोड़ी थी तीनो की ! इन तिन मर्दों ने स्वयम को घर और खेती बाड़ी में बाँध लिया है ,यदि पडाईन मौसी न रहे तो इन्हें कोई पूछे भी नहीं , काका की तबियत खराब हुयी तो नियति चंदन को चौबेछपरा ले गई बैद जी के पास , बैद जी के घर काका की दवाई का व्यवहार शुरू हुवा तो काका की बिमारी तो ठीक हो गई किन्तु ओमकार की बिमारी का भी इलाज हो गया ,बैद की बडकी बिटिया के रूप में उसके अकेलेपन को भी सहारा मिल गया .
अच्छा रिश्ता देख बैद जी ने भी बड़ी बिटिया के लिए ओमकार का हाथ मांग लिया और बियाह भी हुवा , किन्तु इन रिश्तो के बिच एक और रिश्ता पनप रहा था, जो था चंदन एवं बैद जी की छोटी बिटिया गुंजा के बिच ! जो प्रेम में बदल गया , समय के साथ घर में एक नन्हा मेहमान आया और चंदन चाचा बन गया  ! किन्तु सुखो की यह शीतल फुहार हमेशा न रह पायी और इनके सुखो को नजर लग गई  जो सबसे पहले तो भाभी को सबसे अलग कर गई , इतना कम था के नियति ने ऐसा खेल खेला के गुंजा और चंदन का रिश्ता ही बदल गया ! और गुंजा इस घर की दूसरी बहु बनी किन्तु ओमकार की ही पत्नी , न चंदन कुछ कर पाया और न गुंजा ,  अपने इस अपराधबोध के कारण चंदन भी अवसाद में रहने लगा ! हमेशा चंचल अल्हड रहनेवाला चंदन अब हँसना भूल गया ,  यह दुखो का अंत नहीं था , काका का भी साथ छूटा और गाँव में महामारी फ़ैल गई जो न जाने कितने ही परिवारों को ले डूबी ! इन परिवारों में एक परिवार चंदन का भी था .
 इसके बाद जो होता है वह किसी को भी द्रवित कर देने के लिए पर्याप्त है ,
150 पृष्ठों की पुस्तक कब खत्म हो गई पता ही न चला , केशव प्रसाद जी की लेखनी कमाल की है ,वे दर्द को भलीभांति उकेरते है ! ऐसा के आप स्वयम उन पात्रो के दुखो से दुखी होने लगते है ! क्या नियति इतनी भी कठोर हो सकती है ?  क्षण भर सुखो का मूल्य इतने दुखो से चुकाना पड़ता है ?

पुस्तक सुख एवं दुःख के धरातल पर लिखी गई है ,जिसमे दुःख का पलड़ा भारी है ! केशव प्रसाद जी की यह पहली पुस्तक है जो मैंने पढ़ी ,जिसके बाद मुझे उनकी अन्य पुस्तको को पढने की भी तीव्र इच्छा हो रही है ! चूँकि लेखक स्वयम पुस्तक में दर्शाए गाँव के निवासी रह चुके है इसलिए गाँव का सजीव चित्रं भलीभांति किया है जो निखर के सामने आया है ! साहित्य प्रेमियों को अवश्य पढनी चाहिए , 

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *