गुरुवार, 3 जुलाई 2014

फिल्म एक नजर में : ओल्डबॉय (2005, कोरियन फिल्म )



नोट : ‘ओल्डबॉय’ एक विचलित करनेवाली अडल्ट रेटेड फिल्म है ,
कुछ ऐसी घटनाए है जो मन को विचलित कर सकते है एवं उबकाई भी ला सकते है .

‘पार्क चानऊक ‘ निर्देशित इस कोरियन फिल्म को समीक्षकों ने काफी सराहा एवं काफी सफल भी रही ! इसकी सफलता को भुनाने के लिए बॉलीवुड में ‘संजय गुप्ता ‘ ने प्रेरित होकर ‘संजय दत्त एवं जॉन अब्राहम ‘ स्टारर फिल्म ‘जिन्दा ‘ बनाई , जो फ्रेम टू फ्रेम इसी फिल्म की कॉपी थी ! इसके बावजूद भारतीय दर्शको के लिहाज से इसमें भारी बदलाव भी किये गए .
इस फिल्म का होलीवुड रीमेक भी आया 2013 में इसी नाम से ! 
किन्तु वह सफल नहीं रही ,वजह साफ़ थी फिल्म का क्लाईमेक्स सभी 
को पहले से ही पता था और इस रीमेक में वो बात नहीं थी .
आते है इस फिल्म की ओर ! ‘’डाय सु’’ ( चोई मिन सिक ) नशे में उत्पात मचाने के अपराध में पुलिस की हिरासत में है ,जहा उसे उसका मित्र आकर छुड़ाता है ,
रास्ते में उसका मित्र फोन करने के लिए रुकता है ! 
इसी दौरान ’डाय सु’ का अपहरण हो जाता है .
’डाय सु’ को जब होश आता है तब वह खुद को एक बंद कमरे में पाता है !
जहा एक टीवी ,कमोड़ ,शीशे के अलावा कुछ भी नहीं है .
वह समझ जाता है के उसे किसी ने अपहरण करके कैद किया हुवा है !
किन्तु उसके अपहरण का उद्देश क्या है यह उसे बताया नहीं गया और ना ही कोई उससे सम्पर्क कर रहा है .
उसे खाने के समय दरवाजे में बनी दरार से खाना दे दिया जाता है ,
धीरे-धीरे इस कैद में उसे सालो बीत जाते है ! 
’डाय सु’ अब अपना मानसिक संतुलन खोने लगा है ,और वह आत्महत्या के प्रयत्न भी कर चुका है लेकिन उसकी ऐसी किसी कोशिश पर कमरे में गैस भर जाती है, और वह बेहोश हो जाता है ! होश में आने पर उसे पता चलता है के उसका इलाज हो चुका है ,रोज उसे बेहोश करके दवाईया दी जाती है, ताकि वह पागल न हो जाए .
कैद में बाहरी दुनिया से सम्पर्क का एकमात्र साधन एक टीवी है जिसे वह बाहरी दुनिया की खबरे जान पा रहा है ! और उसे पता चलता है के उसकी बीवी की ह्त्या कर दी गयी है और इल्जाम ’डाय सु’ पर लगाकर उसे फरार घोषित कर दिया गया है .
उसे अपनी बेटी की फ़िक्र है ,और वह उसके लिए निकलना चाहता है ! 
आखिरकार कमरे में फिर गैस भरती है ,और जब ’डाय सु’ की आँखे खुलती है तो वह खुद को खुले आसमान के निचे पाता है कैद से एकदम आजाद .
उसकी जेब में पैसे है ! एक सेल फोन है , अब ’डाय सु’ अपने अपहरणकर्ता को ढूँढना चाहता है ,अपनी बेटी को भी ! इतने सालो पश्चात ’डाय सु’ मानसिक रूप से अस्वस्थ हो चुका है और वह एक रेस्टोरेंट में जाकर बेहोश हो जाता है .
तब वहा की वेट्रेस ‘मीडो ‘ उसे अपने घर ले जाकर उसका उपचार करती है ! 
’डाय सु’ मीडो से प्रभावित होता है ,तब मीडो उसके बारे जानने की इच्छा रखती है , ’डाय सु’ उसे अपनी बेटी और अपहरणकर्ता की तलाश के बारे में कहता है ! 
तब मीडो उसका साथ देती है .
’डाय सु’ अब पूरी तरह से शैतान बन चुका है ! वह अपने अपहरण स्थल पर पहुँचता है ,
जहा उसे पता चलता है के उसके अपहरण के पीछे कोई ऐसा व्यक्ति है जो उससे किसी बात का बदला लेना चाहता है ! जो उससे अपना इच्छित काम करवाना चाहता है ,
उसकी इच्छा ’डाय सु’ की जिन्दगी को नर्क बना देने की है , 
’डाय सु’ बड़ी मुश्किल से दोबारा कैद में जाते-जाते बचता है और फिर तलाश शुरू करता है ! उसकी वजह से मीडो पर खतरे आ चुके है ,
इसलिए वह मीडो को खुद से दूर रखता है फिर क्या होता है ? क्या ’डाय सु’ अपने अपहरणकर्ता को ढूंढ पाता है ?
और उसे कैद में रखे जाने की आखिर वजह क्या थी ? क्या उसकी बेटी उसे फिर मिल सकी ?
इन्ही सब सवालों के जवाब अगले भाग में मिलते है ! 
और जब जवाब मिलने शुरू होते है तब दिमाग चकराना शुरू हो जाता है ,
और अंत आपको घृणा करने पर मजबुर कर देता है .




ओल्ड बॉय (2005 कोरियन फिल्म )
एक विस्फोटक और अकल्पनीय सच जिसकी कल्पना ’डाय सु’ के साथ साथ
दर्शको ने भी नहीं की थी .
कुल मिला कर फिल्म अडल्ट रेटेड है ! रेड बैंड ,फिल्म का ट्रीटमेंट धीमा होने के बावजुद फिल्म बांधे रखती है , एक्टिंग की बात करे तो ’डाय सु’ के चरित्र में चोई मिन सिक वाकई में कमाल का अभिनय करते नजर आते है ! कैद के दृश्य ,कैद से निकलने के बाद की मनोदशा ,हर तरह के भाव में उनकी अभिनय क्षमता लाजवाब है .
एक्शन धीमा है मगर नयापन लिए हुए है ,खासतौर पर फिल्म का वह दृश्य जब
’डाय सु ‘ जेल के बाहर अपहरणकर्ताओं के गुर्गो से भिड़ता है मात्र एक हथौड़ी लिए हुए,जब वह पचासियो से लड़ता है ! ऐसे दृश्य अविश्वसनीय होते है, लेकिन इस दृश्य को देखते हुए ये अविश्वसनीय नहीं लगता ! चोट खाकर गिरना, फिर उठना ,फिर लड़ना फिर घायल होना ,
फिर उठकर लड़ना, बिना किसी मार्शल आर्ट स्टंट के या स्पेशल इफेक्ट के ,
एकदम असल मुवमेंट्स का इस्तेमाल ! इसी निर्माता टीम की अगली फिल्म थी ‘ आई सॉ दी डेविल ‘ ( जिसकी अभी अभी हिंदी रीमेक ‘एक विलेन ‘ भी आई है ) जिसमे खलनायक का किरदार भी ’डाय सु’ का किरदार निभाने वाले चोई मिन सिक ने ही किया है .
लाजवाब थ्रिलर ,एक्सट्रीम खुनखराबा, एक्शन,और सस्पेंस के शौक़ीन यह फिल्म देख सकते है .
किन्तु कुछ बाते है जो असहज कर सकती है .
थ्रिलर ,सस्पेंस ,कहानी के लिहाज से फिल्म चार स्टार ले जाती है ! 
( फाईव भी देता किन्तु इसकी धीमी गति और अडल्ट कंटेंट के कारण एक स्टार कम हो गया )
देवेन पाण्डेय  

रविवार, 29 जून 2014

द्वार खोलो भगवन द्वार खोलो

कल यु ही किसी काम से ‘ घाटकोपर ‘ तक जाने का अवसर प्राप्त हुवा ,

ठाणे से घाटकोपर स्लो लोकल से बीस-पच्चीस मिनट ( आधा घंटा ही समझ लो ) लगते है ! 

हमारी ट्रेन जैसे ही ‘मुलुंड ‘ पहुंची वैसे ही भीडभाड भरी बोगी में और भीड़ हो गई ,

सब अपने अपने में मशगुल थे कोई खिड़की से देख रहा था ,कोई अखबार पढ़ रहा था ! 

द्वार खोलो भगवन द्वार खोलो !चूँकि मुझे न तो मोबाईल में गेम खेलने का शौक है, और न ही भीड़भाड़ में गाने सुनने अथवा चैटिंग करने का ,
तो हम यु ही बोगी में यहाँ वहा देख रहे है ( कोई शिकार मिले और की बोर्ड खडखड़ाने का मौका मिले ) तभी कही से किसी के बडे ही दयनीय स्वर ने ध्यान खिंचा , मराठी में कोई भजन गा रहा था.
‘’ देहाची तिजोरी भक्ति साच ठेवा ! उघड दार देवा आता उघड दार देवा ‘’
अर्थात ( शरीर की तिजोरी में भक्ति संचय कीजे ! द्वार खोलो भगवन द्वार खोलो)
हमने देखा एक व्यक्ति जिसने आँखे मुंदी हुई है वह एक सफ़ेद छड़ी के सहारे टटोल टटोल के चल रहा है ! 
और भजन गाये जा रहा है , मर्मान्तक स्वर था उसका यात्रिगण में से कुछ यात्री उसे चिल्लर पकड़ा दे रहे थे, और वह टटोल टटोल कर आगे बढ़ता रहा ! मेरे पास से गुजरा तो मुझे भी संकोच हुवा और मैंने पर्स में से पांच का सिक्का निकाला और उसकी हथेली में थमा दिया , वह आगे बढ़ा गाना निरंतर था ! यात्रीगण भी दयाभाव दिखा रहे थे ( हां उनकी संख्या कम ही थी ) ! तब तक अगला स्टेशन आ गया ,और अगली बोगी में जाने का प्रयास करता अंध व्यक्ति पल भर को ठहर गया, और बड़ी तेजी से छड़ी को टटोलते टटोलते बोगी से बाहर निकलने का प्रयत्न करने लगा, लोगो ने ध्यान नहीं दिया ,लेकिन उसकी तेजी मुझे खटकी और मै देखने लगा ! वह बोगी के दरवाजे तक तो टटोल-टटोल के बड़ी तेजी से पहुंचा, लेकिन जब निचे उतरने को हुवा तब मैंने उसकी आँखों को खुलते देखा .
अबे ये क्या ????? ये तो अँधा नहीं है ! मेरे मुंह से हल्के से यह निकला, लेकिन बगल में बैठे हेडफोन ठुंसे बन्दों को कोई फर्क नहीं पड़ा ( एक अँधा बन रहा था तो ये बहरे बन रहे थे )
और हम ???
हम मूर्ख बन गए थे ! लेकिन हमें अफ़सोस नहीं हुवा क्योकि हमने तो अपना कर्म किया अच्छा समझ के अब सामनेवाला ऐसा निकले तो हमारा दोष नहीं .
लेकिन कुछ भी हो भाई मूर्ख बनने का अहसास वाकई में बड़ी खीज पैदा करता है .


युवा और कुल ड्यूड्स के कानो में हेडफोन्स ठुंसे हुए थे ,जो हेडफोन्स से महरूम थे, वे फोन पर बड़ी तेजी से टाईप कर रहे थे ! अगल बगल में कौन आ रहा है कौन जा रहा है, इसकी तनिक भी फ़िक्र नहीं! मजाल जो आंखे उठा कर देख ले .

फिल्म समीक्षा : एक विलेन




कलाकार : सिद्धार्थ मल्होत्रा, रितेश देशमुख, श्रद्धा कपूर ,
रेमो फर्नाडींज, शाद रंधावा,
निर्देशक : मोहित सूरी   
निर्माता : शोभा कपूर
फ़िल्मी पन्ना  गुरु (सिद्धार्थ मल्होत्रा) एक गैंग्स्टर है और वह ‘सीजर ('रेमो फर्नाडींस) के लिए काम करता है !
 गुरु एक बेहद क्रूर एवं हत्यारा व्यक्ति है, जो हरदम आवेश में रहता है ! 
ऐसे में ‘आयशा ‘ ( श्रद्धा कपुर ) उसकी काली अँधेरी दुनिया में एक रौशनी की किरण बन कर आती है ! आयशा लोगो को खुश देखना पसंद करती है ,
जिसके लिए वह कई अटपटे कारनामे करती रहती है ! 
अपने ऐसे ही एक कारनामे में वह गुरु को जबरन शामिल कर लेती है , 
तो गुरु उस से पीछा छुड़ाने की कोशिश करता है ,
लेकिन आयशा को एक लाईलाज बिमारी है ( कौन सी ,
यह बताना निर्देशक ने जरुरी नहीं समझा )  
इस से गुरु को उसके प्रति हमदर्दी हो जाती है और वो आयशा के सपने पूरे
 करने में उसका साथ देने लगता है ,
और यह हमदर्दी धीरे धीरे मोहब्बत में तब्दील हो जाती है .
आयशा और गुरु शादी कर लेते है !
दूसरी ओर एक साधारण सी टेलीफोन कम्पनी में मैकेनिक के तौर पर काम करनेवाला राकेश
( रितेश देशमुख ) एक नाकामयाब व्यक्ति है जिसे हमेशा जिल्लत ही मिलती रही है ,
उसकी बीवी सोनु( आमना शरीफ )भी आए दिन उसे ताने देती रहती है, 
लेकिन वह चाहने के बावजुद भी अपनी बीवी को कुछ नहीं कर सकता 
क्योकि वह उसे बेहद चाहता है ! अपनी बीवी के लिए अंदर ही अंदर पनपता गुस्सा उसे मानसिक रूप से विकृत बना देता है ,
और वह अपनी बीवी को छोड़ हर उस औरत का कत्ल करने लगता है 
जो उस पर चिल्लाती है तंज कसती है .
गुरु भी अपने अपराध की दुनिया को अलविदा कह चुका है ,
और सीजर को भी इस से कोई आपत्ति नहीं ! अब वह एक सामान्य व्यक्ति की तरह आयशा के साथ खुश है ,
लेकिन उनकी खुशियों को ग्रहण लग जाता है जब आयशा का राकेश से सामना होता है .
राकेश आयशा का बेरहमी से कत्ल कर देता है ,जिसके बाद गुरु पागल सा हो जाता है, 
और वह उस सीरियल किलर की तलाश में निकल पड़ता है , गुरु और राकेश का आमना सामना होता है लेकिन गुरु उसे बुरी तरह घायल करके छोड़ देता है !
गुरु उसे एकदम से नहीं मारना चाहता वह राकेश को तिल तिल करके मारना चाहता है ,
लेकिन गुरु की वजह से राकेश की असलियत दुनिया के सामने आ जाती है ,
और उसकी बीवी भी पुलिस की हिरासत में आ जाती है ! 
जिस वजह से राकेश क्रोध में आ जाता है और वह खुद गुरु की तलाश में निकल पड़ता है ,
फिर क्या होता है ? जब दो जुनूनी और पागल व्यक्ति एकदूसरे के जान के प्यासे हो ? दोनों के टकराव का क्या अंजाम होता है ? यही बाकी कहानी है .
यह एक सस्पेंस फिल्म नहीं है ,जैसा के प्रचारीत किया गया है ! 
क्योकि सीरियल किलर के रूप में रितेश की शिनाख्त पहले ही बता दी जाती है ,
फिल्म थ्रिलर और रोमांटिक एंगल लिए हुए है .
अभिनय की बात करे तो श्रद्धा कपूर अपनी ओवर एक्टिंग के बावजूद 
प्रभाव छोड़ने में सफल है ,लें फिल्म जिन दो कंधो पर टिकी है वे है सिद्धार्थ और रितेश देशमुख , 
जहा सिद्धार्थ के साथ ही अपना डेब्यू करनेवाले वरुण धवन चालु मसाला फिल्मो में नजर आ रहे है वही सिद्धार्थ ने सही वक्त पर सही फिल्म को चुनकर समझदारी का परिचय दिया ! 
सिद्धार्थ की अदाकारी ( हालांकि की कई जगहों पर उनके एक से भाव अखरते भी है ,
किन्तु कहानी के हिसाब से सही है ) प्रभावित करती है .
फिल्म का रोमांटिक एंगल भी बढ़िया बन पड़ा है ,
आयशा और गुरु की प्रेमकहानी फिल्म की मजबुत नींव बनती है .
वही एक बेबस और लाचार व्यक्ति के रूप में रितेश सहानुभूति के पात्र बनते है किन्तु साईको किलर के रूप में घृणा के भी ! 
रितेश ने दोनों पहलु बखूबी प्रस्तुत किये है .
कहानी में यदि दिमाग लगाए तो बहुत से लुप होल्स मिलेंगे 
जैसे इतने खतरनाक गैंग्स्टर गुरु का खुलेआम समाज में रहना, घुलना मिलना !
उसके खिलाफ एक महिला का गवाही सिर्फ इसलिए न देना के उसे उपरवाले की सजा पर
यकींन है जो वो गुरु को देगा ,पूरी फिल्म में ऑफिसर बने ‘शाद रंधावा ‘गुरु के हर इरादे को नाकाम करते रहते है, किसी बदले वदले की बात को लेकर
( जो क्या है यह बताना भी जरुरी नहीं समझा गया ) और भी कई है जो तार्किकता की कसौटी पर खरे नहीं उतरते, किन्तु फिर भी फिल्म प्रभाव छोडती है और दर्शको को बांधे रखती है अंत तक .
संगीत पक्ष मधुर है और कई गीत पहले ही हिट हो चुके है ! 
‘तेरी गलिया ,बंजारा ,जरुरत ! आदि गीत रूमानी अहसास लिए हुए है जो दिल में उतर जाते है , हां कमाल खान भी एक छोटी सी भूमिका में नजर आते है जो राकेश के मित्र के रूप में है वह जितना राकेश को इरिटेट करता है, उतना ही दर्शको को भी ! 
पता नहीं निर्माताओ की कौन सी मज़बूरी रही होगी .
बहरहाल मधुर संगीत एवं थ्रिलर के शौक़ीन दर्शको को यह फिल्म अवश्य पसंद आयेगी .
तीन स्टार पांच में से
देवेन पाण्डेय

गुरुवार, 26 जून 2014

‘जय हो पंखो वाली मईया ‘



कल से ही देख रहा हु ! 

कुछ दिनों पहले ही हमारे गोदाम में एक खम्बे पर एक कबूतरी ने अंडे दिए थे
जो अब बच्चो में परिवर्तित हो चुके है ! 
चूँकि वे एक बंद गोदाम में जन्मे है इसलिए बाहरी वातावरण की तुलना में 
उन्हें उड़ने का अभ्यस्त होने में जरुरत से ज्यादा समय लगना है ,
‘जय हो पंखो वाली मईया ‘
बच्चे माँ की आधी बराबरी इतने बड़े तो हो ही चुके है ,
 माँ को भी शायद फ़िक्र है के बच्चे इतने बड़े हो चुके है किन्तु अभी तक उड़ना नहीं सिखा .
इसी चिंता में माता दो दिन से बच्चो के पीछे पड़ी है ,
लेकिन बच्चे जो है अपनी शरारतो से माँ की नाक में दम किये हुए है ! 
कबूतरी उन्हें खम्बे से निचे धकेलने का भरसक प्रयत्न कर रही है किन्तु बच्चे भी पक्के ढ़ीट है वे निचे गिरते ही नहीं बल्कि जोरो से पंखो को फडफडा कर माँ को दूर कर देते है ! 
कबूतरी उन्हें अपनी चोच से पकड कर निचे की और गिराने का प्रयत्न करती है लेकिन बच्चे खम्बे को मजबूती से पकडे हुए है ! 
अब यह तरिका काम नहीं आया तो कबूतरी ने खुद उड़कर ‘प्रैक्टिकल ‘ करके भी दिखाया जिसके नतीजे में बच्चे भी बैठे बैठे बिना उड़े पंख जोर जोर से फडफडा रहे है !
एक बच्चा थोडा सा ऊपर उठा तो कबूतरी चहचहाने लगी जोर जोर से,
 मानो वो उसकी हिम्मत बढ़ा रही हो ! 
किन्तु इतनी मेहनत के बाद हुयी थकान से बच्चा वापस धरातल पर आ गया .
माँ शायद समझ गई ,और वह तुरंत वहा से उड़कर निचे जमीं पर आ गई,
 और निचे से बच्चो की और देखने लगी इस उम्मीद में के शायद बच्चे भी माँ की और आने का प्रयत्न करे ,बच्चे माँ को दूर देखकर बेचैनी में पंख फडफडा रहे है ,
लेकिन निचे आने में डर रहे है ! कुछ देर पंख फडफडाने के बाद वो शांत बैठ गए !
अब माँ ने यहाँ वहा पड़े चावल ,दाने आदि चुगने शुरू कर दिये और कुछ ही पलो में वापस अपने घोंसले पर जा पहुंची,
 उसके पहुँचने की देर थी के बच्चे चोंच खोल कर माँ की और लपक पड़े और माँ ने बड़े प्यार से बारी बारी अपनी चोंच से उन दोनों बच्चो के चोंच में कुछ दाने डाल दिए ! 
बच्चो की भूख मिटते ही माँ उनसे रूठी सी प्रतीत हुयी !
 और वह खम्बे के दूसरी और चलते हुए चली गई ,
किन्तु बच्चो को माँ की नाराजगी की परवाह ही नहीं ,वे तो माँ के पीछे पीछे पैदल ही चल रहे है !
माँ बार बार पीछे मुडती और उन्हें परे धकेलती किन्तु वे माँ से दूर नहीं जा रहे और दोबारा करीब आ गए ,कुछ देर धक्का मुक्की यु ही चलती रही 
और आख़िरकार माँ ने हार मान ली और घोंसले में आकर बैठ गई,
 दोनों बच्चे माँ के समीप आ गए मानो जैसे माँ को आलिंगन दे रहे हो .
और माँ फिर से गोदाम के छप्पर की ओर देख रही है ,
मानो सोच रही हो आज तो बच गए कल देखती हु कैसे नहीं उड़ते .
बड़ा ही अप्रतिम दृश्य था ,मै तो अपलक करीब एक घंटे तक उनकी हरकतों को निहारता रहा ! किन्तु माता के प्रयत्न पर मुझे पूरा विश्वास है ,
बच्चे आज नहीं तो कल जब उड़ेंगे तो उनसे ज्यादा ख़ुशी उस अबोध मूक पक्षी को होगी जो उनकी माता है .
( तस्वीर में कबूतर काफी उंचाई पर है ,इसलिए तस्वीर स्पष्ट नहीं है )

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *