गुरुवार, 27 दिसंबर 2018

तुंगनाथ चोपता यात्रा - 1

तुंगनाथ प्रवेश द्वार 
बर्फ की सफ़ेद चादरों से ढंका तुंगनाथ मंदिर 
ट्रेकिंग के पहले एक बार जी भर कर नज़रों को कैद करने की इच्छा 



कैम्प परिसर से दिखाई देती केदार पर्वत श्रृंखला 







हमारा शानदार कैम्प 

आखिरकार एक वर्ष की प्रतिक्षा और बनती बिगड़ती अनिश्चित योजनाओं के पश्चात आखिरकार इस दिसम्बर में
चोपता-तुंगनाथ जाने की योजना सफल हुई। मैंने अपने जीवन मे प्रथम ही बर्फ की सफेद चादर देखी थी।
मैंने ऋषिकेश से एक कैब बुक कर रखी थी जिसमे वापसी किराया शामिल था। बस वगैरह की सुविधा थी लेकिन
वो थोड़ा अनिश्चित एवं भागदौड़ भरा पर्याय लगा इसलिये खुद की कैब ज्यादा सुविधाजनक लगी भले पैसे थोड़े
तुंगनाथ ट्रेकिंग से पहले ही मनोरम दृश्य 
ज्यादा खर्च करने पड़े।
ऋषिकेश से चोपता तक का लगभग 200 किमी का अंतर मानो कटने का नाम ही नही ले रहा था,
मैंने अनुमान लगाया था के 50 किमी प्रतिघन्टा भी यदि कैब चली तो भी अधिकतम 5 घण्टो में हम चोपता में रहेंगे,
 लेकिन सारा गणित तब बिगड़ गया जब गाड़ी 30 किमी प्रतिघन्टा के हिसाब से चलने लगी।
ऊपर से चार धाम योजना सड़क निर्माण के कारण जगह जगह कटिंग चल रही थी, जिस कारण हमें
उकीमठ पहुंचने तक ही अच्छी खासी रात हो गई, रास्ते मे जब थकान अधिक हो गई तब एक छोटे से
 होटल में रुक कर गरमागरम चाय और मैगी का नाश्ता किया, मैंने इतना स्वादिष्ट मैगी आज तक नही खाया था,
मन प्रफुल्लित हो गया, इस समय तक हवा में ठंडक भी काफी हो चुकी थी। 
हम पुनः अपनी कैब में सवार हो अपनी मंजिल की ओर चल पड़े, सात घण्टे बीत चुके थे,
कुछ घण्टो बाद हम उकीमठ पहुंचने वाले ही थे के कैब के सामने ही रास्ते के मध्य एक जीव ने छलांग लगाई।
हमारी सांसे तब रुक गई जब उसे गौर से देखा। वह एक बाघ था, बाघ को पिंजरे में और फिल्मों में देखना अलग बात है,
इसके लिए तो शब्द ही नही 
और चलते रस्ते में देखना अलग। हमारी सिट्टी पिट्टी इस शानदार जीव को देखकर गुम हो गई थी,
खैर बाघ को हमसे कोई फर्क नही पड़ता था तो वह चुपचाप सड़क पर करके झाड़ियों में कही गुम हो गया,
तब ड्राइवर ने बताया के यहां बाघ वगैरह सामान्य बात है, चोपता में भी पहाड़ो पर बर्फ जमने के बाद बाघ नीचे उतर आते है,
बाघ तो फिर भी ठीक लेकिन अक्सर भालू सामने पड़ जाता है, इस समय तो होंगे ही।
हमारी सुबह 3 बजे तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रैकिंग की योजना थी लेकिन अब सामने बाघ देखने के बाद हिम्मत
ही नही हुई के अंधेरे में ट्रैक करें, बाघ को इस प्रकार रास्ते के मध्य चहलकदमी करते देख हमारी सांस मानो रुक सी गई,
 वो तो भला हो के श्रीमती जी सो रही थी, उन्हें इसकी भनक तक नही लगी।
केवल मैंने ,ड्राइवर ने और मेरी साली जी ने ही बाघ को देखा। बाघ झाड़ियों में लुप्त हो गया तब ड्राइवर ने
बताया के बाघ यहां सामान्य है, सर्दियों में पहाड़ियों पर बर्फ गिरने से बाघ और भालू जैसे जानवर नीचे आ जाते है,
इसलिए इस समय रात की ट्रैकिंग खतरनाक मानी जाती है। बाघ को इस तरह बेफिक्र घूमता देख और भालू का
 उल्लेख सुनकर साली जी ने फौरन रात्रि ट्रैकिंग की योजना खारिज कर दी।
 हमारी योजनानुसार केवल हम दोनों ही तुंगनाथ और चंद्रशिला की ट्रैकिंग करने वाले थे,
श्रीमती जी का स्वास्थ्य ट्रैकिंग के अनुकूल न होने की वजह से उन्हें कैम्प में ही रुकना था।
उनकी छोटी बहन और मुझमे अच्छी ट्यूनिंग है, और हम थोड़ा फुर्तीले भी है, हमे पिछले वर्ष वैष्णो देवी का
 भी अच्छा खासा अनुभव था। यहाँ बताना चाहूंगा के कही भी जब घूमने की योजना बनती है
तब मैं किसी दोस्त के साथ नही जाता। मैं श्रीमती जी और साली जी, हमारी स्वयं की तीन मेम्बर्स की टीम है
 जो हमेशा नई नई जगहों पर घूमने जाती है और खूब मजे करती है, इसलिए मुझे किसी अन्य मित्र की कभी
आवश्यकता नही पड़ी। एक साल से उत्तराखंड घूमने की योजना बन रखी थी, विभिन्न ट्रैवेल ग्रुप्स से मुझे
चोपता-तुंगनाथ के विषय मे पता चला, मैंने गूगल से चोपता-तुंगनाथ के विषय मे अनेक आलेख,
और जानकारीपूर्ण ब्लॉग पढ़े, यूट्यूब पर वीडियोज भी देखे और मंत्रमुग्ध रह गया के अब यही जाना है,
बाकी जगहें भले ना जाये। इससे पहले ऋषिकेश,हरिद्वार,मसूरी और धनौल्टी की योजना बनी थी।
मसूरी और धनौल्टी केवल स्नो फॉल हेतु जाने की इच्छा थी। किन्तु चोपता-तुंगनाथ के विषय मे पढ़ -देख-सुन
 कर उत्कंठा इतनी बढ़ी की मसूरी और धनौल्टी अपने आप इस योजना से बाहर हो गये।
अब यात्रा का मुख्य उद्देश्य केवल तुंगनाथ रह गया था। खैर हम अब उकीमठ पार कर चुके थे,
कुछ ही देर में हम चोपता पहुंचने वाले थे, रास्ते के दोनों किनारों पर बर्फ की सफेद चादरें दिखाई देने लगी थी।
मैंने श्रीमती जी को जगाया और बर्फ दिखाई, वे किसी बच्चे की भांति किलकारी मार उठी और देखने लगी,
उस अंधेरे में भी केदार,चौखम्बा पर्वतशृंखलाओ की सफेद चोटियां चांद की दूधिया रोशनी में स्पष्ट चमक रही थी।
 वह वाकई बेहद अद्भुत और दिव्य दृश्य था, एक ओर घना जंगल मध्य में संकरा रास्ता,
तुंगनाथ ट्रेकिंग के दौरान विश्राम 
 बर्फ की झिलमिल चादरें, सितारों भरा स्पष्ट आकाश, और दूध से सफेद बर्फाच्छादित पर्वत श्रृंखलाएं,
यह एक परिकथा के परिवेश जैसा था, कुछ कुछ हमे नार्निया जैसी फिल्मों की याद आ गई।
हम तीनों सदैव बकबक करने वाले प्राणी है किंतु वह परिवेश देख कर हम मन्त्रमुग्ध से हो गए थे।
 भावनाएं अपने चरम पर थी, बस आंखों के कोनो में नमी सी महसूस हुई, कुछ ही क्षणों में हम
अपनी मंजिल पर पहुंच चुके थे, कैम्प वाले भाई साहब का लगातार फोन आ रहा था और वे
 हमारे स्वागत के लिये खड़े थे, मैंने कैम्प और चार्जेस के विषय मे एक महीने पहले ही जानकारी
निकाल कर बात तय कर रखी थी। और ज्यादा ना भटकते हुए अपनी बात वही सिमित रखी।
 इसलिए मुझे स्पष्ट पता था के मुझे कहा जाना है, मेरी साली जी हैरान थी के मुझे उन सारी जगहों के विषय
 मे एकदम सटीक जानकारी कैसे थी, उन्होंने कई बार पूछा भी की आप यहां पहले भी आ चुके है?
 मैंने ना में सर हिला दिया अब उन्हें क्या बताता के पिछले दस महीनों से मैं केवल चोपता-चंद्रशिला-तुंगनाथ
 में ही आकंठ डूबा हुआ था। खैर हमारी कैब रुकी और दरवाजा खुला, दरवाजा खोलते ही मेरे दोनो कान
एकदम सुन्न हो गए, उंगलियां मानो जमी हुई बर्फ में चले गए से प्रतीत हो रहे थे।
चोपता में तो कल्पना से भी अधिक ठंड थी। फौरन कंपकंपी आरम्भ हो गई,
हमारे मेजबान ने फौरन जैकेट्स पहनने को कहा, हमारे पास सामान्य गर्म कपड़े थे,
लेकिन इसके बावजूद मैंने करोल बाग से आने के पहले ही सस्ते दामों में कुछ बढ़िया गर्म जैकेट्स खरीद लिए थे,
वे वाकई उपयोगी साबित हुये, दस्ताने और कनटोप भी मैंने सुरक्षा के लिए पहले ही खरीद रखे थे,
अब तक उनका उपयोग नही हुआ था, गाड़ी से बाहर आते ही हमने सबसे पहले दो जैकेट्स पहन,
दस्ताने और कनटोप पहन लिये। बात ही नही हो पा रही थी, और दांत किटकिटा रहे थे। हमारे मेजबान ने
 दूर से दिखाया और मार्गदर्शक बनकर चलने लगे, कैम्प मुख्य सड़क से लगभग हजार कदम की दूरि पर था,
किन्तु यह मामूली दूरी भी इस प्रकार भारी पड़ रही थी मानो हम किसी खड़े पहाड़ पर चढ़ रहे हो,
किसी प्रकार हम कैम्प पहुंचे और अपना बैग वहां पटक दिया।
कैम्प पहुंचते ही कल्पना से भी अधिक ठंड से हमारा सामना हुआ, हमारे मेजबान ने हमे बताया
के इस समय यहां का तापमान माइनस 5 डिग्री है। अविश्वास का प्रश्न ही नही उठता था, सड़क से कुछ
 दूर स्थित कैम्प में पहुंचने तक मार्ग में पड़ते नालियों का पानी तक बर्फ में जमा हुआ दिखाई दिया।
कुछ ही देर में हम कैम्प में थे, मेजबान ने बताया की कुछ दिनों पहले इसी कैम्प में सारा अली खान
रुकी थी जिसमे हम ठहरे थे, खुशनसीबी यह रही के मेरी श्रीमती जी और इनकी सिस्टर को सारा
अली खान के विषय मे कुछ पता नही था। और मुझे तो फर्क ही नही पड़ता था, मैंने मजाक में मेजबान
से कहा भी, के मैं सारा के ठहरने की वजह से कोई एक्सट्रा चार्जेस नही दूंगा, तो वे हंस पड़े।
श्रीमती जी की बहन का सपना था के वे किसी जंगल अथवा हिल स्टेशन पर बोन फायर का आनन्द उठाये,
इस विषय मे उन्होंने गाड़ी में भी चर्चा की थी। तो पहुंचते ही मेजबान ने कुर्सियां रखवा कर लकड़ियां
सुलगाकर अलाव की व्यवस्था करवा दी। वाकई उस गला देने वाली ठंड में अलाव तापने का अपना ही मजा था।
 हम ने जल्दी जल्दी से अपने कपड़े बदले और बाहर कुर्सियों पर बैठ अलाव का मजा लेने लगे। कैम्प बेहद
 खूबसूरत जगह पर था, जहां से केदार पर्वतशृंखलाये इस अंधेरे में भी किसी मोती की भांति चमकती स्पष्ट
 दिखाई दे रही थी। कुछ ही देर में खाना भी लग गया, खाना सादा ही था लेकिन इतने दिन से मुम्बई-दिल्ली-
हरिद्वार-ऋषिकेश के खानों से मन उकता गया था, और यह सादा खाना हमारे लिये किसी लजीज व्यंजन से
कम नही था। मैं कई बार दिल्ली आया हु, कह सकता हु के दिल्ली का खाना बड़ा भारी हो जाता है।
मजे की बात यह हुई के जब भी मेजबान गरमागरम दाल परोसते, कुछ ही क्षणों में वह एकदम ठंडी हो जाती।
 इस समय खाने और मुंह से समान मात्रा में ठंडी भांप निकल रही थी। हमने किसी प्रकार खाना निपटाया और
अलाव के सामने बैठे ढेर सारी बातें की। कल की योजना थी चंद्रशिला से सूर्योदय देखने की,
जो मौसम को देखते हुए अभी भी अनिश्चित ही थी। हमारे कैम्प परिसर में चारो ओर बर्फ फैली हुई थी।
कई जगह बर्फ ठोस हो चुकी थी जिसपर फिसलन भी थी, मेजबान ने बताया इससे कई गुना अधिक
 बर्फ इस समय तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रैक पर है, अंधेरे में ट्रैकिंग इस समय खतरनाक है, दिन में भी
 इस मौसम में जाना कठिन हो जाता है तो रात्रि 3 बजे निकलना बेहद दुष्कर है, ऊपर से जंगली जानवरों
का डर भी इस मौसम में अधिक होता है। साली साहिबा बाघ देखकर पहले ही थोड़ी दहशत में थी तो
उन्होंने स्पष्ट कर दिया के अंधेरे में ट्रैकिंग नही जाना, सुबह उजाला होते ही चलेंगे, बात तार्किक भी थी ,
मैं केवल एडवेंचर करने के चक्कर मे उन्हें जोखिम में नही डाल सकता था। ऊपर से जिस तरह का मौसम
 था उस मौसम में सूर्योदय का मजा भी नही आना था। दूसरे तुंगनाथ का मुख्य द्वार हमारे कैम्प से चार
किमी दूरी पर था, मेजबान ने बताया के तुंगनाथ द्वार तक सड़क पर ठोस बर्फ जमी है, जिस कारण
 फिसलन है और गाड़ियां आगे नही जा पा रही । सुबह जहां तक गाड़ी जाएगी वहां जाएंगे और
बाकी रास्ते पर से ही ट्रैक शुरू हो जाएगी। मैंने हा कर दिया। फिर हम अपने कैम्प में आये, तीन मोटी
 रजाइयों के बावजूद ठंड से ठिठुरते हुए पूरी रात कटी। सुबह लगभग छह बजे मेरी नींद खुली,
मैंने ब्रश करने के लिये नल का पानी चेक किया तो पानी आ ही नही रहा था, मैंने कैम्प के कर्मचारियों
को इस बाबत सूचित किया तो पता चला टँकी में पानी है लेकिन ठंड से जम जाने के कारण नही आ रहा।
फिर उन्होंने 3 बाल्टियां गर्म पानी पहुंचाया । इसके बाद मैं बाहर आया, कैम्प के बाहर की ठंड मानो सुइयां
सी चुभोती प्रतीत हो रही थी। मैंने अपने आसपास के वातावरण का जायजा लिया, रात के अंधेरे में कुछ भी
 स्पष्ट नही दिखाई दिया था, सुबह के उजाले में वह दृश्य किसी परिकथा में दर्शाये वातावरण सा सुंदर लग रहा था,
जंगलों और पहाड़ों पर जमी हुई बर्फ, पक्षियों का कलरव और दूर स्थित केदार पर्वत श्रृंखलाओं पर पड़ती सूर्य
 की पहली किरण। मैं समझ गया था के अब कुछ ही क्षणों में यह पर्वत चोटियां सूर्य की किरणों से स्वर्ण की
भांति दमकने लगेंगी। मैं दौड़ कर कैम्प में गया और श्रीमती जी को जगाया के बाहर चलो फौरन। वे जाग गई
 किन्तु उनकी बहन सोने के मामले दिलदार है लेकिन मैंने भी उन्हें जबरन जगाया और लगभग खींचते हुये
 कैम्प के बाहर लाया। और उन्हें केदार पर्वत की ओर देखने के लिये कहा। पहले तो वे आधी नींद के कारण
 झुंझलाई किन्तु सामने का दृश्य देखकर अवाक रह गई। सूर्य की किरणों से बर्फ से ढंकी चोटियां सुनहरे रंग
में यू दमक रही थी मानो उनपर किसी ने सोने का पानी चढ़ा दिया हो। ऐसा अद्भुत दृश्य बस तस्वीरों और
इंटरनेट पर ही देखते आये थे। आज हम तीनों उसके सामने खड़े थे। मैं इस खूबसूरत पल को मोबाइल
और फोटोग्राफी के चक्कर मे गंवाना नही चाहता था। हम तीनों एक साथ खड़े होकर हाथों में हाथ डाले
प्रकृति की इस अद्भुत सुंदरता को मन्त्रमुगद्ध होकर निहार रहे थे। ठंडी हवाएं अपने चरम पर थी किन्तु इस
दृश्य का मोह उस पर भारी पड़ रहा था। जी भर कर इस दृश्य को निहारने के पश्चात हमने यादगार के तौर
पर कुछ तस्वीरें खींची। ऋषिकेश से निकलने के पश्चात ही हर पड़ाव पर हम अपने वीडियोज बनाते आ रहे थे,
 ताकि यादें जेहन में हमेशा बनी रहे, तो दो वीडियोज यहां भी बनाकर इन खूबसूरत अप्रतिम मनमोहक
अद्वितीय अद्भुत सुंदर दृश्यों को कैमरे में सदैव के लिए बंदिस्त कर लिया। अब सुबह के 7 बज चुके थे,
हमने ब्रश वगैरह किया। नाश्ता वगैरह बनते बनते 9 बज चुके थे। साढ़े नौ बजे ट्रैकिंग शुरू करनी थी,
हमने गणित लगाया के 3 बजे तक हम वापस आ चुके होंगे और आते ही पुनः ऋषिकेश निकल लेंगे।
और रात दस बजे तक पहुंच जाएंगे। लेकिन जैसा के आरंभ से मेरा हर गणित गड़बड़ाता आ रहा था
 तो यहां भी वही हुआ। ट्रैकिंग आरम्भ करने से पहले ट्रैकिंग शूज की आवश्यकता थी,
मुझे ग्यारह नम्बर के जूते लगते है जो  के मेजबान के पास उपलब्ध नही थे। साली जी के साइज के नए जूते
 मिल गए किन्तु वे उन्हें पहनने में आनाकानी कर रही थी क्योकि वे भारी और सेफ्टी शूज टाइप के थे।
वे अड़ी रही के अपने स्पोर्ट शूज पर ही जाएंगी। मैंने जबरदस्ती उनकी एक न सुनी और उन्हें ट्रैकिंग शूज पहना दिए।
वे अनमने मन ने मुंह बनाये देखती रही, श्रीमती जी ने प्यार से समझाया, मेरे पास कोई पर्याय नही था तो मैं
अपने स्पोर्ट शूज के ही भरोसे था, मैं मौसम को हल्के में ले रहा था जो आगे जाकर मेरी लापरवाही ही साबित हुई।
 खैर श्रीमती जी से विदा लेकर मैं और साली जी ट्रैकिंग के लिये रवाना हो गए, ट्रैकिंग लम्बी होने के कारण दो
बोतलें पानी की और खाने के लिए भारी सामान के बजाय एक डिब्बा ड्राई फ्रूट का ले लिया,
ड्राई फ्रूट मुझे सदैव ट्रैकिंग के लिये उपयुक्त लगते है, एक तो अनावश्यक बोझ नही होता दूजे कम
 मात्रा में ही अधिक पोषण मिल जाने के कारण ऊर्जा बनी रहती है। हमारी गाड़ी अब मार्ग पर थी
लेकिन डेढ़ किमी चलकर ड्राइवर ने आगे का खतरनाक रास्ता और जमी बर्फ देखकर चलने से मना कर दिया।
जबरदस्ती करने का सवाल ही नही उठता था , वह अपनी जगह सही था। हमने वही से ट्रैकिंग शुरू करने
का निर्णय लिया मेजबान हमारे गाइड की भूमिका में थे, वे आगे बढ़े और हम उनके पीछे। कुछ दूर एक
डेढ़ फीट की भुरभुरी बर्फ में चलने के बाद यही सुंदर और मनमोहक दिखती बर्फ भयंकर थकान का कारण
 बनने लगी। अभी हम कुछ ही दूर चले थे कि थकान होने लगी। मैंने पढ़ रखा था के यहां ऑक्सीजन
 लेवल सामान्य से कम है जिस कारण थकान होती ही है। साली जी थोड़ी थोड़ी दूरी पर जाकर बैठ जाती थी,
उनके बहाने मैं भी आराम कर लेता। लगभग दो किमी बर्फ की ऊंची नीची पगडंडियों पर लड़खड़ाते चलते
 आखिरकार हम तुंगनाथ प्रवेश द्वार पर पहुंचे। साली जी ने पूछा अभी और कितना बाकी है।
 तो मैंने कहां यहां से तो ट्रैकिंग आरंभ होती है। उनके चेहरे पर थकान अवश्य थी लेकिन उत्साह भी
स्पष्ट दिखलाई दे रहा था। गाइड ने हमे दो लाठियां थमा दी जो हमारे हिसाब से बेफिजूल सी थी।
वैष्णों देवी की यात्रा के दौरान ऐसी लाठियां किसी काम नही आने के कारण हमने फेंक दी थी तो
यहां भी वही लगा। किन्तु यही लाठियां इस ट्रैक में सबसे बड़ी मददगार बनने वाली थी। ब्लैक
 टी पीने के पश्चात हमने तुंगनाथ जी के प्रवेशद्वार पर मत्था टेका और हर हर महादेव का जयघोष किया।
 कुछ सेकंड्स का एक वीडियो और फोटोज खींचकर अब हम यात्रा ट्रैक पर पहला पग रख चुके थे।




मंगलवार, 4 दिसंबर 2018

हिंदी फिल्मो को टक्कर देती दक्षिण फ़िल्में ( 2.O एक नजर में )

काफी अरसे बाद किसी फिल्म के विषय मे चर्चा कर रहा हु, इस रविवार को ही रजनीकांत और 
अक्षय की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म '2.O' देखी, बाहुबली के पश्चात यदि किसी फिल्म की सबसे 
अधिक प्रतिक्षा थी तो यह 2.O ही थी।
मैंने रिलीज के पश्चात ही ढेरों समीक्षाएं पढ़ी, देखी, समझी। 
जो मिलीजुली थी। कई समीक्षाओं में मैने विशेष तौर पर हॉलीवुड से तुलना देखी, 
समीक्षक और दर्शक निराश थे के इतने बजट के बाद भी हॉलीवुड से उन्नीस ही रही। 
तो सबसे पहले मैं यह बात साफ कर दु, के मैं भारतीय फिल्म को भारतीय मानकों और गुणवत्ता के 
आधार पर ही तुलना करना उचित मानता हूं। 
आपको हॉलीवुड तक जाने की कतई आवश्यकता नही है, यदि तुलना करनी ही है तो बॉलीवुड से कीजिये,
 तब पता चलेगा के साउथ सिनेमा अब बॉलीवुड से कही आगे जा चुका है, और कंटेंट ओरियंटेड हो रहा है। 
जी मसाला फिल्में भी थोक में आती है किंतु उसी हिसाब से नए और प्रयोगात्मक कॉन्सेप्ट्स भी
 निरन्तर आ रहे है, बाहुबली के बाद से ही दक्षिण सिनेमा के प्रति नजरिया बदल चुका है, 
और बॉलीवुड की घटिया लव स्टोरीज, फेक फेमिनिज्म, यूथ फलाना ओरिएंटेड फिल्मो की सड़ांध 
से त्रस्त दर्शकों को एक नया पर्याय मिला है। 
शंकर हमेशा से एक प्रयोगवादी सिनेमाकार माने गए है, हिंदुस्तानी,नायक, अपरिचित,आई, रोबोट, 
और 2.O तक उन्होंने हमेशा एक अनूठा कॉन्सेप्ट ही चुना है और हर बार दर्शकों का प्यार पाया है।
 साउथ की प्रयोगवादिता वाकई अचंभित करती है ,मगधीरा, मक्खी, 24, रोबोट, 2.O, गाजी अटैक,
 जैसी अनगिनत फिल्में है जो कुछ अलग देखने का अहसास देती है। 
कल्पनाशीलता देखिये मक्खी के बदला लेने जैसे विषय की हजम ना होमेवाली कहानी को भी 
जिस प्रकार प्रस्तुत किया जाता है के दर्शक शुरू से अंत तक बंध जाता है।
बात करे 2.O की तो मैं पहले ही रिव्यूज वगैरह के चक्कर मे पढ़कर कोई सोच बनाकर नही जाता। 
मुझे शंकर पर यकीन है, इसलिए मैं कही भी निराश नही हुआ, शुरुवाती दृश्यों में जब चिट्टी की
 एंट्री होती है, वीएफएक्स भले बनावटी और नकली से लगते है, लेकिन जल्द ही इसमे सुधार
 स्पष्ट देखा और महसूस किया जा सकता है, यही वह बदलाव था जिस कारण फ़िल्म के
 वीएफएक्स पर दोबारा काम किया गया और फ़िल्म रिलीज में एक साल की देरी हो गई। 
फ़िल्म की गति इतनी तीव्र है के बिना किसी गाने, फालतू मसाले, लव एंगल, 
और लटके झटकों के बिना भी ढाई घण्टे की फ़िल्म भागती सी महसूस होती है।
कह सकते है के फ़िल्म का अस्सी प्रतिशत भाग केवल एक्शन सीक्वेंस ही है,
 लेकिन हर सीक्वेंस इस कदर भव्यता से और शानदार कल्पनाशीलता से भरा है के सीट से एक क्षण 
भी उठने का मन नही करता के पता नही कौन सा दृश्य छूट जाए।
अभिनय में रजनीकांत हमेशा लाउड रहे है, और वही है भी। रोबो के रूप में उनका आर्टिफिशियल
 मेकअप झलकता है लेकिन इतना चलता है, आप एक वृद्ध, व्यक्ति को मेकअप से रिक्रिएट कर रहे
 है तो इतनी कमियां नज़रन्दाज कर ही देना चाहिए, अक्षय कुमार फ़िल्म का मजबूत पक्ष अवश्य रहे है, 
फ्लैशबैक में पक्षीराजन के रूप में उनकी छटपटाहट और विवशता भावुक कर देती है। 
(हैरत होती है के कुछ प्रबुद्ध दर्शक गणों को यह बनावटी और इमोशन लेस प्रतीत हुआ।) 
फ़िल्म का नायक असल में पक्षीराजन ही लगता है। लेकिन जो सहानुभूति उससे उसके 
फ्लैशबैक के बाद होती है वही सहानुभूति क्लाइमैक्स में रजनीकांत के औरा तले दबा दी गई सी प्रतीत होती है। 
कुछ बुद्धिजीवी और प्रबुद्ध दर्शकों का कहना है फ़िल्म इलॉजिकल है, तो उनसे यही निवेदन करना चाहूंगा के आप 
फिक्शन ,और फंतासी देख रहे हो तो आप इलॉजिकल -लॉजिकल जैसे तर्को में ना ही पड़े। साई-फाई,
फिक्शन-फंतासी इत्यादि में लॉजिक का कोई लेना देना नही होता।
लॉजिक वगैरह सब कहानी के हिसाब से ही मोड़ा जाता है, रचा जाता है। यदि इतनी बात नही समझ मे आती
 तो फिक्शन-फंतासी आपका जेनर है ही नही। 
आप गामा रेडिएशन से एक मनुष्य के हरे दानव में परिवर्तित होने पर मजे लेते है, 
शरीर मे कंकाल की जगह धातु बदल कर हाथ से धातुई पंजे निकालने वाले वूल्वरिन से अटैच हो जाते है,
 रेडियोएक्टिव मकड़ी के काटने पर मनुष्य का स्पाइडर मैन बनना लॉजिकल लगता है,
 सुपरहीरोज का अस्तित्व लॉजिकल और तर्कपूर्ण लगता है, गैलेक्सिज में युद्ध करना,ग्रहों को ब्रम्हांड 
को तबाह करना आपको तर्कपूर्ण लगता है
और आप एन्जॉय करते है, लेकिन बात जैसे ही भारतीय फिल्मों की आती है आपके अंदर का 
लॉजिक मैन जाग जाता है। यह बदलना चाहिए, यदि कुछ अच्छे प्रयोग हो रहे है तो उसकी सराहना
 होनी चाहिए, 2.O माना के कई लोगो का हाजमा खराब करती है, लेकिन इतनी भी बुरी नही है के 
उसे नकार दिया जाए, किसी ने कहा था हॉलीवुड में स्टार वार्स के आने के बाद जो बदलाव हुये थे, 
भारत मे बाहुबली के आने के बाद वही बदलाव आरम्भ हो गए है। 
बाहुबली ने एक ऐसा मानक स्थापित कर दिया जिसे तोड़ना एकदम से नाको चने चबाने के समान हो गया है,
 बॉलीवुड तो कतई यह नही कर सकता, ठग्स ऑफ हिंदुस्तान जैसे वाहियात उदाहरण सामने ही है, 
यदि कोई यह रिकॉर्ड तोड़ सकता है तो निस्संदेह वह साउथ ही होगा। 
यहां तो भयंकर प्रकृतिक आपदा पर भी फिल्में बनाएंगे तो उसमें भी अपनी घटिया आइडियोलॉजी
 और लव स्टोरी घुसा देंगे, केदारनाथ की भयंकर आपदा पर भी भी बॉलीवुड उसमे जब केवल लव 
स्टोरी ही खोज पाता है, तब असली जरूरत है लॉजिक से परखने की के आखिर कहां समस्या है? 
ये आखिर कब तक दर्शकों को बेवकूफ बनाते रहेंगे ? प्रयोग के नाम पर एक वृद्ध हो चले स्टार को 
बौना बना देते है लेकिन हरकते वही छिछोरी करवाते है, ये प्रयोग है बॉलीवुड के ?
भगवान का शुक्र है के अब बॉलीवुड भी साउथ के 
बढ़ते प्रभाव से घबराया हुआ है और उसे अपना लेवल पता चल रहा है, निस्संदेह 'साहो, और केजीएफ' जैसी
 आगामी फिल्में बॉलीवुड के सड़े गले कॉन्सेप्टस के ताबूत में एक और कील साबित होने वाली है। 
बॉलीवुड में यदि प्रयोगात्मक कॉन्सेप्ट है तो वो केवल छोटे बजट और आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव,
 जैसे अभिनेताओं की फिल्मों में ही नजर आते है।
बाकी बॉलीवुड के कर्णधार तो अब बस केवल झूठा स्टारडम बचाने की जुगत में ही नजर आ रहे है, 
वो बदलना नही चाहते। 
खैर इतना ही कहूंगा के यदि 2.O देखने जा रहे है तो कृपया हॉलीवुड स्टैंडर्ड्स दिमाग मे लेकर ना जाये, 
बॉलीवुड स्टैंडर्ड्स के हिसाब से देखेंगे तो फ़िल्म आपको बॉलीवुड के लेवल से आगे की चीज ही लगेगी। 
फालतू की समीक्षाओं के चक्कर मे पड़कर सोच ना बनाये, यदि आप एक फिक्शन-फंतासी-साई-फाई
 देखना चाहते है तो आपका मनोरंजन अवश्य होगा और पसन्द भी आएगी।
ऐसी फिल्मों का सफल होना ही बॉलीवुड और हर विषय मे प्यार मोहब्बत जैसी सड़ांध के मुंह पर एक तमाचा है। 
इस तमाचे में दर्शकों का सहयोग आवश्यक है, यदि फिल्मिंग में नए कॉन्सेप्ट्स आ रहे है,
 बदलाव हो रहे है, स्टैंडर्ड्स बढ़ रहे है तो उसे प्रोत्साहन जरुरी है। 
बाकी 2.O थ्रीडी में ही देखिये, और खो जाइये, (रोमांस,गाना, मसाला वाले दर्शक अपना रुख 7 
तारीख को केदारनाथ जैसी प्रोपेगण्डा बेस्ड फिल्मो की ओर कर सकते है , 
उनके लिये 2.O भारी निराशा ही होगी।)
रही बात लॉजिक और तार्किकता की या साइंस की तो भाई मैट्रिक्स जैसी फिल्मों में भी
 आपको इन सबका जनाजा निकलता स्पष्ट देखने को मिल जाएगा यदि खोजो तो। 
बहुत दिनों पश्चात फ़िल्म के विषय मे कुछ लिखा है तो जोश जोश में ज्यादा हो गया इसके लिये क्षमा प्रार्थी😋

रविवार, 12 अगस्त 2018

यूट्यूब टुटोरियल्स पदवी धारी



तकनीक ने आजका जीवन एकदम सुगम कर दिया है। कोई भी समस्या ऐसी नही रह गई है
जिसका हल आपको इंटरनेट और तकनीक के सहारे नही मिल सकता। कुछ वर्षो पहले नेट
बैंकिंग एक बहुत ही मानी हुई चीज मानी जाती थी। जिसे नेटबैंकिंग आती तो उसका रुतबा ही अलग होता था।
किन्तु समय बदला जहा पहले एक जीबी इंटरनेट के लिए ढाई सौ रूपये खर्च करने पड़ते थे, वही अब डेढ़ से तीन जीबी
डेटा भी मात्र दो चार सौ रूपये में तीन महीने के लिए मुफ्त मिल जाता है। अब हर चीज यूट्यूब से सिखना आसान हो गया है,
लोग कम्प्यूटर में खराबी आने पर भी चुटकियों में यूट्यूब पर टुटोरियल्स देख कर उसे बनाना सिख लेते है।
इंटरनेट बैंकिंग हो, नेट सर्फिंग हो या फिर अंग्रेजी या अन्य भाषओं को सीखना, सबसे सुगम है यूट्यूब बस मतलब के चीज
का उल्लेख सर्च बॉक्स में कीजिये, आपकी मातृभाषा में ही आपको सैकड़ों टुटोरियल मिल जायेंगे।
नेट की सरल उपलब्धता के कारण अब देखने वालो की संख्या असीमित हो चुकी है, जहा तक सडकें तक न पहुंची हो,
इंटरनेट की पहुँच वहा तक हो चुकी है। धडाधड सैकड़ो यूट्यूब चैनल्स खुल रहे है। हर कोई अपना यूट्यूब चैनल खोले बैठा हुआ है।
जिसे ज़रा भी कौशल आता है या कौशल आने का भ्रम है वे सभी अपने अपने चैनल्स बना कर ‘रिच’ बना भी रहे है और ‘रिच’ भी बन रहे है।
किन्तु इस भागादौड़ी में कंटेंट और विविधता की इतनी कमी हो गई है,के २ मिनट का भी टुटोरियल बनाना हो तो उसे खिंच खांच कर पन्द्रह
मिनट का बना देंगे। उन पन्द्रह मिनट में से केवल २ ही मिनट विषय पर केन्द्रित होगा, बाकी मैटर बस भूमिका बनाने में निकल जायेगा
( जैसा इस वक्त मै कर रहा हु।) इसी प्रकार एक सज्जन थे जिनकी पसंदीदा पतलून फट गई थी।
वे भी यूट्यूब यूनिवर्सिटी से ज्ञान प्राप्त पदविधारी ही थे। तो झटपट मोबाइल में यूट्यूब ओपन किया और हिंदी
टाइपिंग की सहायता से ही सर्च में अपने मतलब की चीज टाइप कर ली “फटी पैंट उपयोगी कैसे बनाये?” और इंटर मार दिया।
सबसे उपर एक विडिओ का थम्बनेल दिखा जिसपर एक महाशय कुर्ता पहने और कंधे पर इंची टेप लटकाए भद्दी मुस्कान के साथ खड़े थे।
उनका अवतार ही ऐसा था के इन पदवीधारी महाशय को ये काम के और अनुभवी भी लगे। विडिओ की अवधि देखि तो १५ मिनट की थी।
चलो अब डेटा की फ़िक्र तो थी ही नहीं, इसलिए पन्द्रह मिनट क्या डेढ़ घंटे भी कोई महत्व नही रखते थे।
महाशय के विडिओ पर क्लिक करते ही सर्वप्रथम आपका टूथपेस्ट,नमक, कोयला, शुद्ध पानी वगैरह टाइप के एड आये,
गनीमत यह थी वहा स्किप करने का भी पर्याय उपलब्ध नही था। मजबूरन उन्होंने उसे झेला और विडिओ शुरू होती भयंकर म्यूजिक बजा
जिसका कपड़े सिलने सिलाने वाले प्रोफेशन से तो दूर दूर तक कोई नाता नही था। सम्भवत यह धुन किसी अंग्रेजी गाने के मध्य से सीधे
उठा कर चेप लिया गया था। एक कामचलाऊ और सस्ते ग्राफिक डिजाइन से जैसे तैसे बना यूट्यूब चैनल का लोगो एक आग
में से निकलता दिखाई दिया। जल्द ही आग का दायरा बुझ गया और उससे ही चैनल का नाम बन गया।
किसी सी ग्रेड फिल्म और साउथ फिल्मों की घटिया डबिंग वर्जन में प्रयुक्त किये जाने वाले ग्राफिक डिजाइन जैसे शीर्षक दिखे।
और अंतत: टुटोरियल के कर्ता धर्ता प्रस्तुत हुए। होते ही, हमारा चैनल सबस्क्राइब कीजिये, नोतिसिकिशन सबसे पहले प्राप्त करने
हेतु बेल आइकन दबाइए वगैरह बकैती की और काम शुरू कर दिया। पदवीधारी महोदय ने चश्मा ठीक किया, इयरफोन अच्छे
से कान में खोंसा।
“हे फ्रेंड्स! स्वागत है हमारे यूट्यूब चैनल ‘फटी जींस निकला धागा’ में।‘ एंकर ने बत्तीसी दिखाई, एंकर के पीले दांत हल्के से दिखाई दिए।
“क्या आप अपनी पतलून, जींस और पजामे के फटने से परेशांन है? और रफू करवाके अपने स्टेट्स पर रफू नही करवाना चाहते
तो यकीनन यह विडिओ आपके मतलब का है, आप सही जगह आये है। दोस्तों कई बार ऐसा होता है के कही आते जाते,
उठते बैठते हमारी पैंट किसी चीज में अटक कर फट जाती है, ऐसे में हमे बड़ी शर्मिंदगी उठानी पड़ जाती है........
.( कुछ मिनटों तक ऐसी ही बकतियाँ चलती रही। और निदान के बजाय कारण गिनाये जाते रहे।)
पदवीधारी बड़े धैर्य से सुनते जा रहे थे, मानों वे गहनता से हर बात की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हो।
“सर्वप्रथम आपको इसके लिए आवश्यक साहित्य की जानकारी होना चाहिए। आपके पास होना चाहिए एक इंचीटेप,
एक कैंची, एक नीले रंग का चोक, और एक टेबल। सिलाई मशीन। “ एंकर ने कहा। इसी के साथ बैकग्राउंड में एक ऐसे गीत
की धुन बजने लगी, जिसे आप पहचान ही नहीं पायेंगे के कहा से चुराई गई है। हल्के से याद आएगा लेकिन पहचान नही पाएंगे,
कुछ मिनट तक वह धुन आपको स्वयम के पहचाने जाने का दबाव डालते रहेगी किन्तु आप उसे नजरअंदाज करके आगे बढ़ जायेंगे।
“टेबल? सिलाई मशीन?” पदविधारी चौंक पड़े।
“जी हां। सही सुना आपने टेबल। वरना आप किस पर रख कर पैंट पर कार्य करेंगे? और सिलाई किससे करेंगे जनाब?
मशीन तो लगेगी ही। सुई धागे से बेहतरीन सिलाई तो होगी नही।“ एंकर मानो उन्ही के प्रश्न की उम्मीद लगाये बैठा था।
“नीले रंग की चोक ही क्यों?” पदवीधारी के मन में पुन:कुतुहल जागा।
“उसके पीछे कोई तकनीकी कारण नही है। नीला रंग मुझे पसंद है। आपके पास जिस भी रंग का उपलब्ध हो
आप उसे प्रयोग कर सकते है।“
एंकर मानो पदवीधारी के मन की बात पढ़ रहा हो।
पदवीधारी अब उद्विग्न होने लगे थे। सात मिनट बीत चुके थे।
“आप सबसे पहले पैंट को लीजिये। फिर अपनी कमर से घुटने तक इंचीटेप से नापिए।“
पदवीधारी ने बात नोट कर ली।
“अब अपनी कमर से घुटने तक का नाप आप ध्यान में रखिये। अब दुसरा स्टेप, जिस टेबल के बारे में बताया था उसी टेबल पर पैंट रखिये।
और पैंट की कमर से लेकर घुटने तक नाप लीजिये। उसके पश्चात अपने नाप के नम्बर तक एक नील चोक से निशान बना लीजिये।
या चाहे जो भी रंग का उपलब्ध हो आप उससे निशान बना लीजिये।“
पदवीधारी आगे की प्रक्रिया देखने को अत्यधिक उत्सुक थे।
“अब आपको लेनी है कैंची। कैंची से आपने पैंट के जहा तक निशान किया था, उस निशान से एक समानांतर रेखा
में कैंची से उसे काटिए।“
“फिर?” पदवीधारी ने पूछा।
“इसी प्रकार आप पैंट का दुसरा पायंचा भी समानांतर रेशा में काट लीजिये। उसके बाद प्रयोग होगा सिलाई मशीन का।“
एंकर मुस्कुराता हुआ यु बोला मानो कोई रहस्यमई प्रक्रिया दिखाने वाला हो।
“अब आप फटे हुए पायंचो को सलीके से एक इंच अंदर की ओर मोड़िये और उसपर सिलाई मशीन चला दीजिये।
सिलाई मशीन कैसे चलाए इस पर आप मेरा पिछला विडिओ देख सकते है, जो इसी चैनल पर मौजूद है।
अब आपकी पैंट के दोनों पायंचे अंदर से सिल चुके है। और आपकी पैंट एक स्टायलिश ‘चड्ढा’ बन चुकी है जिसे आप
शार्ट थ्री फॉर या बरमूडा भी कह सकते है, जो आपको निहायत ही सेक्सी लुक देगा। देखा कितना आसान है ना फटे हुए
पैंट को उपयोगी बनाना? तो मित्रों उम्मीद है आपको यह विडिओ पसंद आया होगा। ऐसे ही और उपयोगी टूटोरियल्स
के लिये सबस्क्राइब कीजिये और शेयर करना हरगिज न भूलिए। कमेन्ट बॉक्स में कमेंट्स कीजिये और लाइक भी।
अगले वीडियो तक के लिए विदा।“ कहकर एंकर ने मुस्कुराते हुए विदा ली, और फिर वही भयानक म्यूजिक बजी जिसका
कपड़े की सिलाई से या कपड़े से संबंधित किसी भी क्षेत्र से कोई लेना देना ही नहीं था। सी ग्रेड और सस्ता ग्राफिक डिजाइन दिखा
और अगला विडियो प्ले होने के लिए तैयार हो गया।
पदवीधारी त्रस्त हो गए, गुस्से में इयरफोन निकाला, और भुनभुनाने लगे।
“अबे मेरी पैंट पीछे से फटी है, पीछे से। और दूसरी बात जब पैंट फाडकर कर बरमुडा ही बनाना है तो सीधे सीधे काहे नही बोलता।“
भुनभुनाते हुए वे उठ खड़े हुए नेट बंद कर दिया। 

बुधवार, 7 फ़रवरी 2018

बातें किताबें मुलाकातें भाग ४

हम अब सोनीपत से उपन्यासों की ताजातरीन गर्मागर्म प्रतियाँ लेकर घर पहुँच चुके थे। वहा पहुँचते ही दुबारा अभीराज को आवाज दी। आखिर सामान भी तो उठवाना था ना। अभिराज और आदित्य भाई के होनहार बेटे सिद्धार्थ किताबो के बक्से उठाये। जी मैंने भी उठाये और अपनी साइज के अनुपात में दुगुना वजन ही उठाया, न भाई बेईमानी वाला काम नहीं।
अब सब पैकेट्स घर पर पहुँच चुके थे। सुबह दिल्ली पहुँचने के बाद से काफी भागदौड़ हो चुकी थी। घर आते आते साढ़े आठ बज गए। अब सभी हाथ मुंह धोकर फ्रेश हो चुके थे। भूख तगड़ी लगी थी। फिर ध्यान आया के यार मै और शुभानन्द जी तो कल से नहाए ही नहीं है। मिथिलेश को कहा तो उसने कह दिया कल सुबह नहा लेना मै भी पहले दिन नही नहाया था,ठंड ही इतनी थी। चूँकि ठंड में हम हाइवे का लंबा सफर करके आये हुए थे इसलिए ठंड के मारे मेरी दुबारा हिमत न हुई के शुभानन्द जी को कहू नहाने के लिए। अब हम सभी एक साथ बैठे हुए थे। भाभी जी लजीज व्यंजन बनाये थे जो इतना स्वादिष्ट था के हमने गले तक ठूंस लिया। फिर आदित्य जी का शुभानन्द जी के प्रति प्यार उमड़ा और उन्होंने अपने हाथो से उनको निवाला खिलाया अब इसको देखकर ट्रेंड बना और सभी ने एकदूसरे को खिलाना शुरू कर दिया। असल मजा तब आया जब मैंने अभिराज को मिर्ची ही खिला दी और बेचारा बंधू प्रेम में खा भी गया। फिर जब लगा के अब खाना हद से ज्यादा खा चुके उसी समय भाभी जी ने गाजर का हलवा ला दिया, अब पहले तो खाने का मन ही न किया। लेकिन फिर भी मैंने खानापूर्ति के लिए थोडा सा लिया और अभिराज ने भी वही दोहराया जबकि उसका भी मन भर चूका था। अब हलवा इतना ज्यादा स्वादिष्ट बना था के मैंने दो तीन बार मांग के खा लिया और अभिराज जो शायद संकोच कर रहा था उसने भी मुझे देखकर हिम्मत करते हुए दुबारा लिया और देखते ही देखते आधा हलवा हम दोनों ही चट कर गए। खाने के बाड़ अब कल की योजना बनानी थी। सभी एकजुट हुए काम शुरू हुवा प्लानिंग बनी। सबको उनके उनके हिस्से का रोल दे दिया गया। और यही अमित जी के कवी होने की बात भी पता चली जब उन्होंने दो बहुत ही बेहतरीन कविताएं सुनाई। अब जब सब कुछ हो गया तब विश्लेष्ण शुरू हो गए साहित्य पर,आदित्य भाई ने बकलोल में प्रयुक्त कुछ अनावश्यक शब्दों पर चर्चा शुरू की और महफ़िल जम गई। मजा आने लगा था, अब चर्चा ने बहस का स्वरूप ले लिया तो भाभी जी ने आदित्य भाई को सो जाने का आदेश किया और उस आदेश का पालन भी हुवा। और इस तरह हम चौथे विश्वयुद्ध को बचा गए जो संभावित था।
सब निपटाकर रात २ बजे सोना हुवा और सुभ जल्दी सभी उठ कर रेडी भी हो गए। आदित्य भाई पुरे जोश में थे और सबको लापरवाहियो पर घुड़क रहे थे। जो भी सुस्त दिखता उसे डांट अवश्य पडती,मै,मिथिलेश और शुभानन्द जी भी उनकी डांट का शिकार हुए। खैर छोले भठूरे का तगड़ा नाश्ता करके हम सभी अब आयोजन स्थल की ओर बढ़ गए। मोहित जी का फोन आया पता चला के वे आयोजन स्थल पर पहुँच चुके है। हम तीनो सबसे पहले आगे निकले। और मोहित जी से जाकर मिले। मोहित जी से यह मेरी दूसरी मुलाक़ात थी शुभानन्द जी की पहली और मिथिलेश शायद दो तीन बार मिल चुका था। शुभानन्द जी अब तक हमारी संस्था में केवल मुझे ही सबसे तगड़ा मानते आये थे किन्तु मोहित जी को देखकर उनका वहम टूट गया।
अब साढ़े दस होने को थे मोहित भाई से कोई औपचारिकता करनी ही नहीं थी। वे तो अपने ही है। अब मैंने और मिथ ने बैनर वगैरह लाने का जिम्मा लिया और निकल लिए। शुभानन्द जी और मोहित जी ने स्थल की कमान सम्भाली।
जब हम प्रिंटिंग वाले के पास पहुंचे तो वह बंद दिखा, अब परेशानी के बल मिथिलेश के और मेरे माथे पर दिखने लगे के तभी प्रिंटिंग वाला आया और उसने दकान खोलकर बैनर निकाला और बोला तैयार करने में कुछ देर लगेगी। अब कोई और रास्ता था ही नहीं, ग्यारह बजने को थे फिर बीस पच्चीस मिनट में जब बैनर बना तो उसकी हाईट और साइज देखकर हैरान हो गया इतना बड़ा लेकर कैसे जायेंगे? मिथिलेश ने और मैंने किसी तरह से बैनर को ई रिक्शा पर टांगा और ऐसे ही आयोजन स्थल की ओर बढ़ गए। जब आयोजन स्थल पहुंचे तो वहा एक लडकी को देखकर चौंक गए। अबे मिथिलेश अपने पाठको में लडकियाँ भी है क्या? या ये कही और आई है? मिथिलेश की जौहरी नजरो ने लडकी को आयोजन स्थल के बैनर की तस्वीर खींचते देख लिया और बोल उठा हां आयोजन के लिए ही आई है। फिर मै बिना किसी भाव के उतरा और सीधे बैनर उतार कर लाद लिया और हम अंदर पहुँच गए। वहा पहुंचकर हमने बैनर को बैक स्टेज पर फिट करने का पूरा प्रयास किया किन्तु असफल रहे। तभी सबसे पहले कुलविंदर सोना सिंग भाई जी पहुंचे। हम सभी उनसे गर्मजोशी से मिले तो उन्होंने बैनर फिट करने के लिए बैनर को तिरछा करने को कहा। उनके सुझाव पर अमल करते ही बैनर फिट हो गया। उसके बाद एक स्टैंडी पर पोस्टर लगाने में जो माथापच्ची हुई वो देखने लायक थी। तब तक शम्भु भाई अपने साजोसामान के साथ पहुँच चुके थे। उन्हें कार्यक्रम के सारे क्षणों को कैमरे में कैद करने का जिम्मा दिया था। मै उनसे मिला उनके साथ ही साथ अलाहाबाद अंशु धुसिया भाई भी आये थे। अंशु भाई बड़े जोशीले और खतरनाक आवाज के स्वामी थे। इनसे भी पहली बार मिलना हुवा।
मैंने प्रथम बार कैनवस शूज पहने हुए थे जो समतल होने के कारण मुझे थोडा परेशान से कर रहे थे और मैंने पैरों को घिसटते हुए मूनवाल्क करने की नाकाम कोशिश की। शम्भु भाई देख रहे थे तो मैंने उनसे पूछा “ मूनवाक” करके दिखाऊ?
उन्हें वाकई यह सच लगा और उन्होंने हैरानी से पूछा भी “ आपको आता है?” मै हंसते हुए कहा के बकलोली कर रहा हु भाई।
अब सब कुछ व्यस्थित हो गया था,मंच कुर्सिया माइक,साउंड सब चेक हो गया। लोग आने लगे। फिर अभिराज ने उस समय तक कार्यक्रम में आई एकमात्र कन्या से परिचय करवाया उनका नाम तन्वी था। मै वैसे तो बड़ा बकबकिया रहू किन्तु महिलाओं को देखते ही शर्म का पुतला बन जाता हु और मै चुपके से वहा से असहज होते हुए खिसक लिया। अब सभी पाठक, श्रोता पहुँच गए थे और मंच की जिम्मेदारी मोहित जी और मिथिलेश ने संभाल ली। सभी मेहमानों का स्वागत आरंभ हुवा, मै भी जिससे मिलता उन्हें गले लगा लेता।
क्रमश:
 

रविवार, 4 फ़रवरी 2018

बातें किताबें मुलाकातें भाग ३

बातें किताबें मुलाकातेंभाग ३पिछली दो पोस्ट

शुभानन्द जी, मै और मिथिलेश ,रेप्लिका प्रेस की इमारत के सामने 

में मैंने जिक्र किया किस तरह मै और शुभानन्द जी सूरज पॉकेट बुक्स के कार्यक्रम के लिए मुंबई से दिल्ली पहुंचे और आदित्य जी एवं बाकी लेखको, कलाकारों से मिले।अब मै,मिथिलेश और शुभानन्द जी कैब में सवार थे। हमे दिल्ली से सोनीपत पहुँचने में काफी समय लगना था। हम पहले भी एकदूसरे से एक साथ मिल चुके थे, इसलिए सूरज पॉकेट बुक्स की टीम में हम तीनो की बॉन्डिंग भी सबसे अलग और मजबूत है क्योकि हम शुरुवात से साथ जुड़े है और एकदूसरे का काम देखते सराहते आये है। शुभानन्द जी के सेल्फ पब्लिश नोवेल्स से मिथिलेश की वो भयानक रात और जस्ट लाइक दैट, के बाद मेरी खुद की पुस्तक इश्क बकलोल और एस सी बेदी,परशुराम जी के बाद अंतर्राष्ट्रीय साहित्य के अधिकार से लेकर अब एक स्वतंत्र और निर्भर पब्लिकेशन तक का सफर मैंने या कहू हमने साथ साथ देखा है इसलिए हमारी ट्यूनिंग सबसे अलग है ( भले अपने मुंह तारीफ़ कर लू, इतना तो बनता है ) तो यहाँ इस भूमिका से आशय यह था के दिल्ली आने के पश्चात पहली बार हम तीनो सही मायने में एक साथ थे। आदित्य जी के घर पे भी साथ ही थे किन्तु वहा हम सभी अलग अलग तैय्यारियो एवं भागदौड़ में लगे हुए थे। तो अब हमने अपने अचीवमेंट्स पर गौर किया और यह कोई अतिश्योक्ति नही थी। यदि आपने जर्रे से शुरुवात करके एक इमारत खड़ी की हो तो स्वाभाविक है के आप खुश होंगे, भाऊक होंगे, आपका अधिकार बनता है।हम तीनो प्रसन्न थे। मिथिलेश जी और शुभानन्द जी यही बाते कर रहे थे के हमने कैसे शुरुवात की और आज हम दिल्ली में अपना एक स्वयम का छोटा सा कार्यक्रम करने जा रहे है। सभी के मन में उल्लास तो था ही। साथ ही साथ कल होने वाले आयोजन की कल्पना से ही रोम रोम पुलकित हो रहा था और उत्सुकता चरम पर थी। आज रात नींद तो आनि ही नहीं थी। हमारी बाते चल ही रही थी के मुझे एक गाँव का साइन बोर्ड दिखाई दिया और मै चौंक पड़ा।“अरे मिथिलेश! वो देखो ‘बकलोली’ गाँव।“ मैंने हैरत से कहा तो दोनों ने उधर देखा और पहले उन्होंने भी वही पढ़ा फिर जब वे समझे तो हंस पड़े के ये बकलोली नही “बकौली” था।“अरे का पाण्डेजी हर जगह बकलोली ही नजर आ रही है आपको।“ कहकर मिथिलेश हंस दिया,और हम भी शामिल हो गए। अब किसी भी बेवकूफी या मजाकिए वाकये के लिए “बकलोली” शब्द हमारी पूरी टीम का तकिया कलाम बन चुका था। मै मुंबई से निकलने के पश्चात अब तक कई बार बकलोली शब्द सुन चूका था। यहाँ तक के अभी मुंबई पहुँचने के बाद भी एक पोस्ट पर मिथिलेश जी ने कोई गलत कमेन्ट कर दिया था जो शायद कमजोर नेटवर्क के कारण वो डिलीट नही कर पा रहे थे तो उन्होंने मुझे फ़ोन किया “ अरे देवेन भाई एक ‘बकलोली’ हो गई यार। एक गलत कमेन्ट आ गया है आपकी पोस्ट पर वह डिलीट नही हो रहा आप कर दीजिये।“ तो मै पहले हंसा और फिर वह कमेन्ट डिलीट कर दिया। खैर ! बातों का रुख बकलोली की ओर से हटा कर यात्रा की ओर करते है।तो गूगल मैप का सहारा लिए हुए हम लगभग सवा या डेढ़ घंटे में रेप्लिका प्रेस के दिए पते पर पहुंचे। वह अपेक्षाकृत बड़ा कमर्शियल काम्प्लेक्स था जहा रेप्लिका के दो बड़े ऑफिस थे। हमे दुसरे में जाना था और हमने कई लोगो से रेप्लिका के बारे में पूछा तो उन्होंने अनभिज्ञता दिखाई। फिर एक जगह दो बंदे जा रहे थे, गाडी रुका कर जब उनसे पूछा तो पहले वे अचम्भे में पड़े के ऐसा कुछ यहाँ नहीं है, फिर जब प्रिंटिंग वगैरह का उल्लेख किया तो एक व्यक्ति चौंका “ रिपालिका!!!” हमने कहा हां “रिपालिका” तब उन्होंने आगे जाकर लेफ्ट लेने के लिए कह दिया। हम बढ़े और हमे यह ज्ञान हुवा के लोग रेप्लिका को रिपालिका भी कहते है लोकल एक्सेंट में। अब हम रेप्लिका के सामने खड़े थे। हमने कैब वाले को वेटिंग पर रखा और पहले गेट की ओर बढ़े तो वहा उपस्थित सिक्योरिटी ने दुसरे गेट पर भेजा, अब वह गेट लगभग ढाई सौ मीटर दूर था और हम फिर वहा गए तो वहा उपस्थित सुरक्षा प्रहरी ने हमे उसी गेट पर जाने को कहा जहा से हम आये थे। अब हमें हंसी भी आ रही थी और खीज भी शुभानन्द जी ने तब रेप्लिका में फोन किया। हमें अंदर बुलाने का आदेश लेकर एक व्यक्ति आये और हमने सबसे पहले तो प्रेस की इमारत के साथ एक सेल्फी खिंच ली ताकि यादो में सहेज सके। अब कुछ ही देर में हम प्रेस में थे, शुभानन्द जी ने जिनसे बात की थी वे हमसे काफी गर्मजोशी से मिले। हम तीनो पहली बार किताबे प्रिंट,बाइंडिंग और डिजाइन होते अपनी आँखों से देख रहे थे। एक तरह से वह हम जैसे लेखक कम पाठको के लिए स्वर्ग था। हम तीनो कौतुहुलता से पुस्तको को बनते देख रहे थे, कही लोग पृष्ठों को जोड़ रहे थे, कही मशीन में चमकदार पन्नो पर विभिन्न कवर्स प्रिंट हो रहे थे। कही कटिंग हो रही थी कही पैकिंग हो रही थी, हर ओर वातवरण में कागज़ और स्याही की खुशबु फैली हुई थी। खैर हम यहाँ जिस काम के लिए आये थे पहले वह निपटाना आवश्यक था। हम तीनो अब मीटिंग रूम में थे और पुस्तको के ले आउट, डिजाइन, आवरण,प्रिंटिंग आदि से सम्बंधित विवरण ले रहे थे और ज्ञान वृद्धि कर रहे थे। हम इस तरह से व्याकुल थे जैसे किसी बच्चे को किसी मिठाई के दूकान में खुला छोड़ दिया गया हो। हमने हर सम्भव प्रश्न किये और उन महाशय ने बड़ी ही विनम्रता से हमारी हर उत्सुकता को शांत किया। उसके बाद जब तक हमारी पुस्तके पैक होती तब तक उन्होंने हमे अपना प्रेस दिखाने के लिए आमंत्रित किया, हमे यही तो चाहिए था। हम निकल पड़े और वे हर चीज बताते, फिर एक विशेष तरह की डिजाइन के लिए मिथिलेश ने जानकारी ली तो उन्होंने हमे एक उदाहरण दिखाने के लिए बुलाया, वहा उनके कुछ और बंदे आये और उन्होंने मिथिलेश और मेरी ओर देखकर असमंजस सी नजरो में देखा, मानो पहचानने का प्रयास कर रहे हो। फिर उन्होंने पुछ ही लिया “ ये दोनों ऑथर्स है ना ?” मै और मिथिलेश बड़े प्रसन्न हुए के यार ये देखो ये है असली कमाई। एक पहचान! जो छोटी ही सही लेकिन एक स्वतंत्र पहचान है जो लेखन की वजह से है। शुभानन्द जी ने अपना हुलिया बदल रखा था उन्होंने मूंछे रखनी शुरू की थी और उनकी तस्वीरो में वे क्लीन शेव्ड है इसलिए उन्हें वे न पहचान पाए तो मिथिलेश ने जब उनका परिचय कराया तो वे भी हैरान हो गए और काफी प्रसन्न भी दिखे। फिर हमारी पुस्तके पैक हो गयी और अब हमे निकलना भी था। ड्राइवर ने भी फोन करना शुरू कर दिया, बेचारे को घबराहट हो गई होगी के भाग तो नहीं गए बिना पेमेंट दिए। मैंने फ़ोन रिसीव करके उसे समझाया के हम आ ही रहे है। तब हमने समय देखा तो हमे एक घंटा हो गया था प्रेस में आये हुए जबकि हमारे अनुमान से केवल पन्द्रह या बीस मिनट ही हुए होंगे। यहाँ आकर समय का पता ही नहीं चला। अब हम लोडिंग एरिया में थे और ख़ुशी इतनी थी के उन्हें बक्से लोड करवाने का भी अवसर नहीं दिया और हमने खुद ही बक्से उठा कर कैब में रख दिए। उनका आदमी सर,सर अरे नहीं सर कहता ही रह गया और हमने सब भर दिया। मैंने कहा भी “ये करने दो भाई, बाड़ में हमे कहने का अवसर भी मिलेगा के हमने इसमें अपना पसीना बहाया है।“ सब हंस दिए और ख़ुशी ख़ुशी सबसे विदा हो लिए।मैंने मिथिलेश ने कहा “मिथिलेश यही जॉब के लिए अप्लाई कर दे यार।“ मिथिलेश मुस्कुराया और बोला“जॉब की छोडो! मै तो दिल्ली में ही अपने ऑफिस के सपने देख रहा हु।“ हम तीनो इस बात पर मुस्कुराए। किन्तु हमें ही पता था के अब तक की हुई हर चीज हमारे लिए सपना ही थी। चाहे पुस्तक छपवाना हो, पब्लिशर के तौर पर शुरुवात करना हो, बड़े लेखको के साथ काम करना हो या अंतर्राष्ट्रीय साहित्य के अधिकार लेना हो या फिर अपना खुद का आयोजन दिल्ली में करना हो। यह सभी एक समय नामुमकिन सा था लेकिन हर सपना स्टेप बाई स्टेप पूर्ण हुवा तो मिथिलेश की इस बात को हमने ख़ुशी से स्वीकार किया। अब हम वापस दिल्ली की ओर थे और रात हो चुकी थी। सफर के दौरान ही मोहित जी का फोन आया और हमने कल के लिए कुछ जरुरी विषयों पर चर्चा की, मोहित जी ने बताया वे दस बजे तक सीधे हॉल पहुँच जायेंगे।अब हम घर पहुँचने वाले थे ......क्रमश:x
x

शनिवार, 3 फ़रवरी 2018

बातें,किताबें,मुलाकातें भाग 2


दिल्ली में पहला दिनपिछली पोस्ट में जिक्र था के किस तरह से मुंबई से दिल्ली 

आने की योजना पर ग्रहण लगा किन्तु फिर भी हम पहुँच ही गए

बातें,किताबें,मुलाकातें भाग l 
हम इवेंट हॉल का जायजा लेने पहुंचे 
 अब चूँकि आदित्य जी से मिल चुके थे, उनकी गर्मजोशी और अपनापन भी देख चुके थे। तो दिल से अब संकोच भी समाप्त हो गया। मिथिलेश जी ने अमित श्रीवास्तव और अभिराज भाई से परिचय कराया। मिथिलेश ने कहा भी के जैकेट पहन लीजिये ठंड बहुत है। किन्तु मैंने मना कर दिया, उपर से उन्होंने मुझे सैंडल पहने देख लिया। 
सभी ने एक साथ तस्वीरे ली 
“देवेन भाई यह तो न चल पाएगी ठंड में। घर चलो पता चलेगा जब जुते पहनने होंगे।” मिथिलेश ने कहा तो मै मुस्कुरा दिया। तब पता चला के अभिराज इस पूरी मुलाक़ात की विडीयोग्राफी कर रहा था, किन्तु आदित्य भाई इतनी तेज रफ्तार से मिलने के लिए भागे थे के कैमरे ने उन्हें कैप्चर ही नहीं किया था। खैर! हम घर पहुंचे तो आदित्य जी ने हमे एक कमरे में बिठाया, मै और शुभानन्द जी अभिराज और अमित जी के साथ सोफे पर बैठे थे की भाभी जी आ गई। इन्होने भी सबका स्वागत बड़े जोशो खरोश से किया और उन्होंने भी मेरी पोलो टी शर्ट देखकर डांट लगा दी के “ठंड लग जायेगी, जैकेट पहन लो।” और वाकई में आदित्य जी के घर का तापमान बाहर के तापमान के मुकाबले कही ज्यादा ठंडा था। लेकिन मैंने फिर भी मना कर दिया। फिर चाय नाश्ता हुवा, भाभी जी ने लड्डू लाये थे और वे लड्डू मुझे इतने स्वादिष्ट लगे के सारा संकोच भुला कर मैंने तीन चार लड्डू तो ठूंस ही लिए। अब इसके पश्चात हमें हमारा रुकने का कमरा दिखाया गया। वह कमरा हम जैसे नवलेखको एवं पाठको के लिए कमरा न होकर एक स्वर्ग जैसा था। वहा दो अलमारिया भर कर उपन्यासों का अद्भुत संग्रह भरा पड़ा था। जिसे देखकर आँखे फट फटने को उतारू हो गई, किन्तु उपन्यासों के संग्रह से ज्यादा मेरा ध्यान खिंचा कॉमिक्स के संग्रह ने। मैंने उतावलेपन में सारी कॉमिक्स उलट पुलट कर देख डाली, एक से एक रेयर और दुर्लभ कॉमिक्स देख कर मन ललचा गया। अमित जी ने कहा भी के तुझे जो पसंद आये वो ले जा, सब अपने भाइयो के लिए ही है। अब ये तो वो बात हुई के आप महीनो के भूखो के सामने छप्पन भोग परोस दो। और मैंने यह बात उनसे कही भी। किन्तु मैंने कोई कॉमिक्स नहीं ली क्योकि एक संग्रहकर्ता किस तरह अपने संग्रह में एक एक पुस्तक जोड़ता है,कितनी शिद्दत से एक एक पुस्तक के लिए भागदौड़ करता है वो सब मै जानता था। और इतनी आसानी से उनके संग्रह से मै बिना मेहनत कुछ ले जाऊ यह मुझे सही नहीं लगा। फिर हम सबने अपने अपने बैग्स रखे और उसके बाद सबसे अच्छे से मिले। भाभी जी ने गर्मागर्म स्वादिष्ट चाय और नाश्ता कराया तो रही सही झिझक भी पूर्णतया खत्म हो गई। उनके व्यवहार और अपनेपन को देखकर मै भूल ही गया के मै होटल में रुकनेवाला था। अब चूँकि सब निपट चूका था, और कल इवेंट था और तैय्यारी करने के लिए केवल हम चार पांच लोग ही थे इसलिए सब काम निपटाने थे आज के आज। अब मै और शुभानन्द जी इवेंट हॉल देखना चाहते थे,लेकिन पहले हमे माइक और साउंड का बंदोबस्त करने जाना था तो हम निकल लिए। और मै फिर टी शर्ट और सैंडल पर रवाना हो गया। सभी जाकर माइक और साउंड वाले से बात करके और स्टेज का बंदोबस्त करके घर लौट आये। अब ठंड लगने लगी थी। मुझे भी मेरे हाथो एवं कान पर ठंड से गलन का अहसास होने लगा था। तो घर से निकलने से पहले मैंने जैकेट और मोज़े पहन लिए, जूते न पहने क्योकि मुझे वो काफी असुविधाजनक महसूस हो रहा था। उसी तरह हम सभी इवेंट वाले हॉल में पहुँचे और हॉल का जायजा लिया, हालांकि हॉल की तस्वीरे पहले ही आदित्य जी और मिथिलेश व्हाट्स अप पर भेज चुके थे। किन्तु असल में हॉल काफी बड़ा और अच्छा लगा। हर लिहाज से यह उत्तम जगह लगी। फिर हमने जगह देखकर हर चीज के लिए सही जगह तय की, माइक कहा होगा,स्टेज कैसे लगेगा, पाठक कहा बैठेंगे,बैनर्स कहा लगेंगे और स्टैंडी कहा लगायेंगे। पुस्तके कहा होंगी। पुस्तके सम्भालने की जिमेदारी अभिराज को दे दी गई। उसने सहर्ष यह जिम्मेदारी स्वीकार कर ली। फिर हम घर पहुंचे, बैनर्स,पोस्टर्स अब तक प्रिंट नही हुए थे और शाम के ४ बजने को थे। मिथिलेश लगातार निशांत से सम्पर्क में था। निशांत ही सारे बैनर्स,पोस्टर्स की डिजायनिंग कर रहा था। इतने सारे आर्टिस्ट,लेखको को एक बैनर में समेटने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही थी। निशांत भी बड़े ही शांत तरीके से सब संभाल रहा था। वह मौजूद न होते हुए भी अपने हिस्से का काम बखूबी संभाल रहा था। हडबडी में पता चलता किसी लेखक की तस्वीर छूट गई है तो कभी पता चलता किसी लेखक की तस्वीर ही नहीं है किसी के पास। इसके बावजूद शाम तक डिजाइन फाइनल हो गया। बाकी इन कामो के लिए मेहनत हम कर रहे थे और इस मेहनत के लिए पर्याप्त ऊर्जा उपलब्ध करवाने का कार्य आदित्य भाई और डॉली भाभी संभाल रहे थे। भाभी जी हर एकाध घंटे पर चाय या कुछ न कुछ खाने पिने की वस्तु लेकर पहुँच जाती और इस तरह घुलमिल जाती के किसी को पता ही नही चलता के हमारे बिच में कोई ऐसा भी है जिससे हम पहली बार मिल रहे है ।फिर डिजायनिंग फाइनल हुई और हम पांचो प्रिंटिंग के लिए निकल पड़े, अब हवा में ठंडक बढ़ चुकी थी तो मैंने भी सैंडल हटा कर जूते पहनने उचित समझा। और हम कुछ ही देर की पैदल यात्रा के पश्चात बैनर वाले के पास पहुंचे। वहा उसे कुछ हिदायते दी गयी तो पता चला के प्रिंट सुबह से पहले ना मिलनेवाले। और सुबह ग्यारह बजे से ही लोगो का आना जाना शुरू हो जाने वाला था। अब थोड़ी फ़िक्र हुई। उसी समय शुभानन्द जी को पता चला के रेप्लिका प्रेस से कल के लिए जो किताबे रिप्रिंट होकर आज आनेवाली थी वो आज नही आ पाएंगी। नए सेट की पुस्तके तो पहुँच ही चुकी थी किन्तु रिप्रिंट की आवश्यकता भी थी। फिर शुभानन्द जी और मैंने तय किया के हम अभी के अभी सोनीपत स्थित रेप्लिका प्रेस जाकर रिप्रिन्ट्स कलेक्ट करेंगे। तो हमने लगे हाथो कैब बुक कर ली,दस मिनट में कैब पहुंची और हम सवार हुए तो अमित भाई आये और हमे जाते देखकर कहा।“मै भी साथ चलूँगा।”मिथिलेश जी ने पूछा “कहा ?”उनका जवाब आया” मुझे नही पता लेकिन चलूँगा।” उनके इस भोलेपन पर हमे बड़ी हंसी आई और उन्हें समझा दिया गया के कैब में हम ३ आदमी और ड्राइवर है, आते समय पुस्तको के बक्से भी होंगे तो आप यही पर रहकर तैय्यारी कीजिये हम आते है।”अमित जी थोड़े से निराश दिखे लेकिन अपने आदमी थे तो वापस आकर मनाना कोई मुश्किल ना लगा। और हमारी सवारी सोनीपत की ओर कुंच कर गई जो हरियाणा में थी।वहा का अनुभव भी बड़ा दिलचस्प रहा, बाड़ में हम खुश हुए के अच्छा हवा उन्होंने पुस्तके नहीं भेजी।

क्रमश :  x
x

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

बातें,किताबें, मुलाकातें भाग 1

सूरज पॉकेट बुक्स के संस्थापक शुभानन्द जी और मै मुंबई से राजधानी में 
दिल्ली में २७ जनवरी ३० जनवरी तक बिताया समय जीवन का एक अविस्मरणीय समय रहा, जिसने बहुत सी प्यारी यादो का गुलदस्ता सा दियाl और बहुत से मित्र भी, जिनसे पहली बार मिलकर भी ऐसा प्रतीत ही नही हुवा के पहली बार मिल रहे हैl इन यादो को शब्दों में उतारने का प्रयास कर रहा हु, किन्तु इतनी सारी चीजों को एक ही बार में लिखना मुश्किल है, इसलिए इसे कुछ कड़ीयो में पोस्ट कर रहा हुl

दिल्ली के लिए प्रस्थान. 1



सूरज पॉकेट बुक्स की ओर से आयोजित कार्यक्रम “बाते किताबे मुलाकातें” के लिए अचानक से दिल्ली जाने की योजना बनीl मै अभी हाल ही में दो महीने पहले ही दिल्ली से लौटा था, किन्तु अब दुबारा आनन फानन में मिथिलेश ने योजना बना ली और फोन भी कर दिया के देवेन भाई और शुभानन्द जी आपको आना हैl
अब जल्दबाजी में फ्लाईट की टिकट भी बुक हो गईl चूँकि यह मेरी पहली फ्लाईट यात्रा होती इसलिए भी रोमांचित थाl दिल्ली में रहेंगे कहा? यह प्रश्न था, तो इसके लिए मैंने दिल्ली में मौजूद अपने सूत्रों से होटल में रहने की योजना बनाई जिसे शुभानन्द एवं मिथिलेश ने सीधे नकार दियाl वे आदित्य वत्स जी के घर रुकने की योजना बना चुके थेl आदित्य जी से मेरा सामना एक उपन्यास सम्बंधित ग्रुप में हुवा थाl यहाँ सामना इसलिए लिखना पड़ा क्योकि जिस तरह से हमारी तनातनी और बहस हुई थी, उसे मुलाक़ात तो हरगिज नही कहा जा सकता थाl किसी बात पर हमारी बहस हुई थीl और मैंने अपने मन में आदित्य जी की एक नकारात्मक छवि गढ़ ली और इनसे पर्याप्त दुरी बनाने लगाl अब जब इन्ही के यहाँ रुकने की योजना बनी थी तो मुझे झिझक हुई और मैंने कहा के मै होटल में रुकुंगा आप लोग वहा रुक जाइएगाl
शुभानन्द जी और मै नई दिल्ली स्टेशन पर 
फिर पता नहीं क्या हुवा,शायद मेरी झिझक आदित्य जी ने भांप ली और इनबॉक्स में मैसेज करके नम्बर लिया और फोन कियाl फोन पर हुई बातो से हमारी आपसी गलतफहमियां दूर हो गई किन्तु फिर भी मन की शंका न जा रही थी और मेरा वहा रुकने का निर्णय अब भी डावांडोल ही थाl खैर! २६ जनवरी का वह दिन भी आ गया जब हमे दिल्ली के लिए निकलना थाl शाम को ८ बजे फ्लाईट थी, शुभानन्द जी और मैंने रास्ते में मिलने की योजना बना लीl जितना याद हो सका उतना जरुरी सामान भी पैक कर लिया, तब तक ग्यारह बजे शुभानन्द जी ने मैसेज किया के कोहरे के कारण फ्लाईट रद्द हो गयीl अब प्रश्न सामने था के क्या करे? २८ को इवेंट था उससे पहले पहुंचना बेहद जरुरी थाl शुभानन्द जी ने तुरंत उसी दिन की राजधानी का टिकट निकाल लियाl खैर! जहा दो घंटे में दिल्ली पहुंचना था वहा १५ घंटे का सफ़र हो गया, दूसरी फ्लाईट बुक करने का जोखिम भी नही उठा सकते थे के कही वह भी कैंसिल न हो जायेl यह भी अच्छा ही हुवा, क्योकि इससे पहले मै शुभानन्द जी से एक ही बार मिला थाl लेकिन उस समय हम एकदूसरे को अच्छे से नही जान पाए थे तो एक साथ १५ घंटे के सफ़र में एकदूसरे से वाकिफ होने का बढिया अवसर भी मिल गया थाl
मै एक घंटे पहले ही स्टेशन पहुँच गयाl शुभानन्द जी तिलक नगर से बैठ चुके थे और मुझे बोरीवली सुविधाजनक था इसलिए मै बोरीवली स्टेशन पहुँच गयाl साढ़े पांच बजे ट्रेन आई और शुभानन्द जी दरवाजे पर ही खड़े मिलेl बड़ी ही गर्मजोशी से हम दोनों मिले और अपना अपना आसन ग्रहण कियाl
फिर जो बातों का सिलसिला शुरू हुवा तो खत्म होने का नाम ही ना लियाl नाश्ता हो गया, खाना हो गया लेकिन हमारी बाते खत्म ही न हो रही थी यहाँ तक की पूरी बोगी सो गईl आखिरकार हमारे सहयात्री बुजुर्ग ने हमसे हाथ जोड़ लिए के बेटा अब बस भी करोl तब कही जाकर हम रुके और सो गएl
मिथिलेश बार बार मैसेज कर कर के अपडेट्स दे रहा थाl बता रहा था के काफी ठंड पड़ रही है, जैकेट्स वगैरह पहन लो,तैय्यारी कर लोl फिर अगले दिन ट्रेन एक घंटे लेट हुई और हम पौने ग्यारह बजे नई दिल्ली पहुंचेl शुभानन्द जी ने जैकेट पहन लिया था किन्तु मै अब भी केवल पोलो टी शर्ट में ही थाl मुझे ठंडी हवाए महसूस हुई लेकिन इतनी भी नही के जैकेट पहन लूl हमने कैब बुक की, मिथिलेश ने लाइव लोकेशन भेजी जिसके सहारे हमने गलत रास्ता पकड़ लियाl
गंतव्य की ओर प्रस्थान 
मिथिलेश ने हमारी भेजी हुई तस्वीरे देखि और मुझे टी शर्ट में देखकर कहा के पाण्डेयजी आपको भले ही वहा ठंड न लग रही हो,लेकिन आदित्य जी के घर आकर आपको अहसास होगा ठंड काl मैंने बात हंसी में उड़ा थीl अब हम सही जगह पहुँच तो गए थे किन्तु घर का पता ना मिल पा रहा थाl मिथिलेश को फोन किया तो वह भी पूरी टीम लेकर हमारी खोज में चल पड़ाl हमने कैब वाले को भी हैरान होते देख पैसे देकर चलता कर दिया और बैग लेकर बताई हुई गली की ओर बढ़ गए तब वहा कुछ ही दुरी पर मिथिलेश दिखा, आदित्य जी उनके साथ थेl मिथिलेश से दो बार मिल चुका हु तो उसे न पहचानने का प्रश्न ही नही उठता थाl आदित्य जी की भी शक्लो सुरत ऐसी थी के उन्हें भी एक ही बार में पहचान लियाl अब आदित्य जी की नजरे हम पर पड़ी और वे तीव्र गति से दौड़ते हुए आगे बढ़े, मै घबरा कर पीछे हट गया के कही टकरा कर गिरा न देl वे दौड़ते हुए ही आये और शुभानन्द जी से गले मिले और हमें भी लपेटे में ले लियाl बड़ी ही गर्मजोशी एवं अपनेपन से उन्होंने हमारा स्वागत कियाl तब तक मिथिलेश ने हमारा परिचय अभिराज ठाकुर एवं अमित श्रीवास्तव जी से भी करा दिया थाl मै सभी से गले मिला और फिर सबने मिलकर हमारा सामान उठा लिया और बाते करते हुए हम आदित्य जी के घर की ओर बढ़ गए......

क्रमश: 

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *