शुक्रवार, 21 अगस्त 2015

'मांझी दी माउन्टन मैन : ‘शानदार ,जबरजस्त ,जिंदाबाद ‘

बिहार के अतिपिछडे इलाके में जन्मे ‘दशरथ मांझी ‘ की सत्य कथा पर आधारित इस फिल्म के निर्माण होने की घोषणा होने पर उत्सुकता जगी थी के अब बॉलीवूड में कुछ तो सार्थक देखने को मिलेगा .
और फिल्म देखने के पश्चात यह बात सत्य प्रतीत हुयी ,वैसे भी बॉलीवूड की हवा आजकल कुछ बदली हुयी है ! काफी रचनात्मक प्रयास आ रहे है , किन्तु भेडचाल अभी भी जारी है ! स्टारडम के खेल में न जाने कितनी ही उल जलूल फिल्मो से बॉक्स ऑफिस भरा पड़ा रहता है ,एक खोजे तो सौ मिलेंगी ऐसी मनोरंजन के नाम पर कूड़ा फिल्मे , किन्तु कुछ अच्छी एवं साहसिक फिल्मो का नाम लिया जाए तो उंगलियों पर गिनने लायक ही मिलेंगी ! इस साल की सर्वाधिक चर्चित एवं सफल फिल्म भी बॉलीवूड की बजाय दक्षिण की रही ,जिसने बड़े बड़े स्टारों के गुमान को चूर करके एक नया इतिहास रच दिया ,
चूँकि मांझी और बाहुबली दोनों ही में ही जमींन आसमान का फर्क है ,
किन्तु यहाँ दोनों फिल्मे साहसिक प्रयोग के लिए ही चर्चित होंगी इसमें संदेह नहीं .मांझी के निर्माता है ‘केतन मेहता ‘ जिन्होंने ‘मंगल पाण्डेय ‘ से प्रसिद्धि बटोरी थी ,
काफी आलोचना भी झेली थी, इतिहास का गलत चित्रांकन एवं तथ्यों को तोड़मरोड़ कर 
पेश करने के मामले में .उनकी इस फिल्म की चर्चा तो बहुत हुयी किन्तु यह सफल न हो सकी ! 
उनके विवादास्पद प्रयोग जारी रहे और ‘रंगरसिया ‘ फिल्म के रूप में दोबारा वे नजर आये ,
जो के फिल्म के मूल विषय से ज्यादा फिल्म के अन्तरंग दृश्यों से अधिक चर्चा एवं विवादों में रही .इसी क्रम में आती है ‘मांझी ‘ ! 
मांझी के बारे में अधिकतर लोगो को शायद पता न हो , 
किन्तु इस फिल्म के प्रचार प्रसार के दौरान जरुर लोगो के मैन में इस व्यक्ति के प्रति 
उत्सुकता पैदा कर दी,जिसने अकेले एक पहाड़ को बाईस साल तक कड़ी मेहनत से तोड़ मार्ग बनाया .यह हमारे देश का दुर्भाग्य है के यहाँ ऐसे लोग सदैव अभावो में जीते है, 
जो सच में कुछ अच्छा करना चाहते है ! अभाव, गरीबी, ही इनका मुकद्दर है ,
 मांझी पर आमिर खान के कार्यक्रम ‘सत्यमेव जयते ‘ में भी एक विशेष एपिसोड था !किन्तु उससे क्या बदला ? कुछ भी नहीं , मांझी का परिवार उनकी मृत्योपरांत आज 
भी गरीबी रेखा के निचे जी रहा है, और किसी को उनकी सुध नहीं !मांझी जब युवा थे तब दबंगों एवं ऊँची जातियों के बिच पिसते रहे ,
अत्याचार और शोषण सहते रहे , 
मरने के बाद भी मांझी केवल फायदे के लिए ही याद किये जाते है नहीं 
तो किसी को क्या लेना देना .फिल्म की बात करते है ,यहाँ भी सत्य कहानी की नीरसता को महसूस करते हुए 
निर्माता निर्देशक कुछ बिनमतलब  के दृश्यों का छौंका लगाने की मज़बूरी के
 शिकार नजर आये .जो शायद बॉक्स ऑफिस की मज़बूरी भी कह सकते है ,यहाँ जब तक कुछ चटपटा न मिले
 तब तक कोई कुछ देखना नहीं चाहता !‘’दशरथ मांझी ‘( नवजुद्दीन सिद्दीकी ) एक पिछड़ी जाती का युवक है , 
जो एक दुर्गम प्रदेश में रहता है ,जहा कोई भी सुविधा नहीं है ! 
एकमात्र अस्पताल एवं सडक भी पहाड़ के पार है ,जिसे या तो चालीस 
किलोमीटर सडक से पार करे अथवा पहाड़ चढ़ कर .मांझी के पिता गाँव के दबंग मुखिया ( तिग्मांशु धुलिया ) के कर्जे के चलते बंधुवा मजदूरी पर विवश है , 
और तो और मांझी भी बंधुवा बनने की रह पर है किन्तु उसे यह मंजूर नहीं होता
 और वह घर छोड़ कर भाग जाता है .कुछ वर्षो पश्चात उसकी वापसी होती है ,और वह अपनी पत्नी ‘फगुनिया ‘ 
( राधिका आप्टे ) से मिलता है ! जिसके साथ उसका विवाह बाल्यकाल में ही हो जाता है .दोनों में प्रेम अटूट है ,अभावो की मार भी इस अहसास को कमजोर नहीं कर पाती ,किन्तु इनके प्रेम को नजर लग जाती है और फगुनिया पहाड़ से गिर जाती है ,
 समय पर इलाज के अभाव में फगुनिया की मृत्यु हो जाती है  
और मांझी विशिप्त सा हो जाता है .अब वह उस पहाड़ को ही फगुनिया की मृत्यु का कारण मानता है और जुट जाता है
अकेले उस पहाड़ को तोड़ने के लिए .शुरुवात में सभी उसे पागल समझते है ,नजरअंदाज कर देते है ! 
किन्तु शीघ्र ही उसके कार्य का असर दीखता है एवं दबंगों का दबाव भी बढ़ता है ,
 सरकारी मदद भी हडप ली जाती है ,किन्तु मांझी हार नहीं मानता और बिना 
किसी सरकारी मदद के अथक प्रयत्नों से पहाड़ तोड़ कर मार्ग बना देता है .मांझी के किरदार में नवजुद्दीन एकदम सही है ! 
उन्होंने बहुत जल्दी बोलीवूड में अपनी पैठ बना ली है ,आलम यह है के नवाजुद्दीन का भी 
एक अलग दर्शक वर्ग तैयार हो गया है ,जो उनके नाम पर खींचे चले आते है के 
कुछ बढ़िया देखने को मिलेगा .मांझी के किरदार में वेपुरी तरह से राम से गए है , उनकी एक्टिंग फिल्म की आत्मा है  ,
तो वही राधिका आप्टे भी नए नए रोल्स में दिख रही है ! 
यहाँ उन्होंने गलैमरविहीन महिला का किरदार अदा किया है ,
और वे पूरी तरह से उस किरदार में घुल जाती है ,गाँव के मुखिया के किरदार में है तिग्मांशु धुलिया जो स्वयम एक निर्देशक है !  
यहाँ वे गैंग्स ऑफ़ वासेपुर के रामाधिर सिंह  की याद दिलाते है .संगीत पक्ष की बात करे तो फिल्म में गीत संगीत के लिए कोई स्कोप था ही नहीं ,
इसलिए उम्मीद न ही रखे !एक फिल्म के रूप में ‘मांझी ‘ वाकई बढ़िया एवं उत्कृष्ट फिल्म है ,
जिसे सिनेमाप्रेमियो को अवश्य देखना चाहिए ,यहाँ स्टारडम भले ही नहीं है किन्तु कहानी है ,
बढ़िया अभिनय है और बढ़िया प्रस्तुती है .और अंत में फिल्म का एक संवाद जो इसकी कहानी स्वयम प्रस्तुत करता है ,
अब तक के बेहतरीन संवादों में से एक ,मांझी के शब्दों में कहे तो 
‘शानदार ,जबरजस्त ,जिंदाबाद ‘'भगवान के भरोसे नहीं बैठना चाहिए, क्या पता भगवान हमारे भरोसे बैठा हो।'चार स्टारदेवेन पाण्डेय 

रविवार, 2 अगस्त 2015

कारवाँ : ग्राफिक नावेल समीक्षा

कारवां : एक खुनी यात्रा ,
कुछ अरसे पहले कॉमिक्स जगत काफी सदमे झेल चूका था , 
बड़ी बड़ी दिग्गज कॉमिक्स कम्पनीज बंद हो रही थी ! 
वजह कुछ भी रही हो ,पाठको की बदलती रूचि ,मनोरंजन के बढ़ते साधन ,
पढने में रूचि कम होना ,
एवं बदलते समय के साथ कॉमिक्स पाठको के विचार बदलना .
हमारे समाज में कॉमिक्स अभी भी बच्चो की ही चीज मानी जाती रही है ! 
यहाँ अमरीका जैसा कॉमिक्स कल्चर नहीं है जहा कॉमिक्स बच्चो की नहीं बल्कि वयस्कों की चीज है , 
वहा तो कॉमिक्स जगत का अनुठा संसार है जहा हर साल कॉमिक्स पात्रो पर बनी हुयी फिल्मो को
 हाथो हाथ लिया जाता है और अरबो खरबों की कमाई की जाती है ! 
दिलचस्प बात यह है के हमारे भारत में भी ऐसी फिल्मो का बड़ा बाजार बन चुका है ,
किन्तु कितने लोग है जो यह जानते है के परदे पर दिखने वाला यह लाल लोहे का कवच पहने
 व्यक्ति कॉमिक्स की दुनिया से आया है ?
डरावने स्याह लिबास और लबादा पहने वह चमगादड़ सदृश्य जीवट व्यक्ति कॉमिक्स की 
दुनिया से परदे पर आया है ? लाल लबादा और नीली पोशाक धारी शक्तिमान नायक भी
 इन्ही कॉमिक्स की देन है .
आसपास नजरे दौडाए तो हर साल भारत में भी करोडो का व्यापार करने वाली विदेशी फिल्मो
 के यह चरित्र कॉमिक्स की चमकीली दुनिया से ही तो आये है ! 
फिर क्यों लोग कॉमिक्स को बच्चो की चीज कहते है ?
क्योकि हमने इन्हें बना दिया है , कॉमिक्स पढनेवाली पीढ़ी बड़ी हो गयी किन्तु कम्पनीज
 अभी भी बच्चो के दौर में ही है ! 
समय के अनुरूप बदलाव ही नहीं किये गए जबकि परिवर्तन नितांत आवश्यक है ! 
कॉमिक्स इंडस्ट्री के इस नाजुक समय में भी कई कम्पनीज ने इसी तर्ज पर चलते हुए इस
 मिथक को तोड़ने का प्रयत्न किया है के कॉमिक्स बच्चो की चीज नहीं है ,
यह एक सम्पुर्ण मनोरंजन है ! 
आप उपन्यास पढ़ते है , इसी तरह से कॉमिक्स भी उपन्यास का ही एक चित्रित स्वरूप है 
जिसमे विवरण शब्दों की बजाय चित्रों से वर्णित किया जाता है ,किन्तु यह बात जल्द समझ नहीं आती .
इसी प्रयास के तहत सृजन हुवा कॉमिक्स के बदले स्वरूप ‘ग्राफिक नावेल ‘ का , 
यह नाम थोडा वजनदार भी है ,और इसमें से ‘बच्चो ‘ वाली फिलिंग भी नदारद है ! 
आजकल कुछ नए पब्लिशर्स ऐसी ही रचनाये पाठको के सामने प्रस्तुत कर रहे है जो 
कॉमिक्स से जुड़े मिथकों को चुनौउती देते है और सफल भी होते है .
‘याली ड्रीम्ज क्रिएशन ‘ की कुछ समय पहले ‘शामिक दासगुप्ता ‘ जी द्वारा लिखित
 ‘ग्राफिक नावेल ‘ ‘’कारवां ‘ ने काफी प्रशंशा बटोरी थी , जो अंग्रेजी में थी ! 
हां नए पब्लिशर्स हिंदी में अपनी पुस्तक पब्लिश करने का जोखिम नहीं उठाना चाहते क्योकि
 इसका बाजार सिमित था ,और प्रॉफिट की कुछ विवशताए भी थी ! 
कारवाँ भी अंग्रेजी में ही आई थी ,किन्तु इसे काफी सराहा गया और सकारात्मक प्रतिक्रियाये मिली .
समय थोडा और बदला और हिंदी पाठको की सक्रियता को पब्लिशर भी नहीं नकार सके ! 
शायद यही वजह रही हो के यह पुस्तक अब हिंदी में भी प्रकाशित हुयी और जिसकी चर्चा
 पिछले कुछ महीनो से विभिन्न कॉमिक्स ग्रुप्स में जोरो पर रही ! 
हिंदी पाठको की मांग को देखते हुए इसे दोबारा नए कलेवर में हिंदी में रिप्रिंट किया गया जिसके
 परिणाम भी पुस्तक को देखते हुए शत प्रतिशत सकारात्मक एवं उत्साहजनक ही होंगे यह तय है .
कारवाँ की कहानी मै अंग्रेजी में भी पढ़ चूका हु ,किन्तु हिंदी पढने के पश्चात यह लगा के
 हिंदी में जो मनोरंजन की क्षमता थी वह अंग्रेजी में नहीं थी क्योकि कहानी के वातावरण 
के अनुरूप इसमें देसी लहजे का प्रयोग ही अधिक सुविधाजनक होता ! 
जो के हिंदी वर्जन में है ,कहानी एकदम देसी टच लिए हुए है ,गोरखपुरी एवं राजस्थानी टोन लिए हुए , 
बहुत कम पुस्तके होती है जो ट्रांसलेशन के बाद भी अपने मूल रूप से अलग बन पाती है ,
उनमे ट्रांसलेशन की झलक साफ़ दिखती है !
किन्तु इसमे ट्रान्सलेशन लगता ही नहीं ,मानो पुस्तक मूल रूप से हिंदी में ही बनी हो !
 इसके लिए इसके ट्रांसलेटर ‘विशाल पाण्डेय ‘ जी निस्संदेह प्रशंषा के पात्र है ,
अभी तो शुरुवात है इनकी .
कारवाँ कहानी है पिशाचो के एक दल की ,जो वर्षो से दुनिया के बीहड़ इलाको में जाकर
 लोगो के मनोरंजन की आड़ में तबाही का रक्तिम खेल खेलता है और लुप्त हो जाता है !
एक ऐसी ही मुठभेड़ में ‘आसिफ ‘ के अम्मी अब्बू इन पिशाचो का शिकार बन जाते है !
 और सारे गाँव में अकेला आसिफ ही बचता है जिसकी कहानी पर किसी को विश्वास नहीं !
समय के साथ वह एक तस्कर बन चूका है और एक इमानदार पुलिसवाले राठौड़
 के हाथो पकड़ा भी जाता है ,
किन्तु परिस्थितिया कुछ ऐसी बनती है के ,उन्हें मरुस्थल में स्थित एक किले में शरण लेनी पडती है .
जहा बीएसएफ के जवानों ने डेरा डाल रखा है ,जिनका प्रमुख है दरोगा भैरो सिंग ,
जो एक काईयाँ अफसर है ,वह आसिफ को अपने कब्जे में ले लेता है और उसका विरोध करती 
है उसकी भतीजी ‘दुर्गा ‘ जो अपने चाचा के कारनामो से परेशान रहती है ! 
और इसी रात उस किले की ओर रुख करता है ‘कारवाँ ‘
इस बीहड़ और दुर्गम मरुस्थल में कारवाँ में मौजूद सुंदरियों को देख कर हर कोई
 अपनी सोचने समझने की क्षमता ताक पर रख देता है और उन्हें यहाँ नौटंकी की परमिशन दे डी जाती है , 
इस कारवाँ को देखकर आसिफ दहल जाता है और वह इन्हें निमंत्रण न देने को कहता है ,
किन्तु उसकी कोई नहीं सुनता !
अब कारवाँ ने अपना डेरा इस किले में डाल दिया और शुरू होता है खेल जो रात्री के साथ 
साथ खुनी हो जाता है ,मनोरंजन आतंक में तब्दील हो जाता है जब इस कारवाँ और
 उनकी सुंदरियों का असल रूप सामने आता है ,
फिर क्या होता है ? यही शेष भाग है जो काफी दिलचस्प है , इसके बाद सिर्फ जीवित बचे रहने की 
जिजीविषा ही है ! जो कैसे कैसे मोड़ से गुजरती है यह पढना दिलचस्प होता है .
पूरी पुस्तक एक फिल्म की तरह है ,जिसमे पर्याप्त गति है ,क्षमता है बांधे रखने की !
 कंटेंट थोड़े मैच्योर है और चित्रों संवादों में साफ़ नजर आते है ,
किन्तु कहानी के परिवेश के हिसाब से अखरते नहीं है .
चित्रांकन शानदार हुवा है बिनाश्क ,जो मोह लेता है ! खासतौर पर कारवाँ की रूपसियो का
 सजीव चित्रं लाजवाब है ,
अंग्रेजी जहा बड़ी साईज में थी वह हिंदी वर्जन सामान्य कॉमिक्स की साईज है जो देखने में 
और सम्भालने में आकर्षक लगती है ! कवर आर्ट बदल दिया गया है और बेहद सुंदर बनाया गया है ,
किन्तु पुराने कवर्स को भी होना चाहिए था !
इसमें नायक कौन है यह आप शायद निश्चित न कर पाए ,किन्तु इसका नायक न 
आसिफ है,न राठौड़ , इसके नायक है भैरो सिंग और दुर्गा ! गजब के ढीठ और साहसी ,
इतनी विषम परिस्थितियों में भी लड़ने की कुव्वत होना बहुत बड़ी बात होती है ,
और भैरो सिंग का झुझारुपन भी जबरदस्त है , जहा आसिफ और राठौड़ केवल 
अपनी जान बचाते नजर आते है वही भैरो सिंग अकेले कारवाँ को नाको चने चबवा देता है !
यह चरित्र अभी आएगा शायद कहानी के अंत में इसका आशय दर्शाया है ,किन्तु एक नए रूप में !

हिंदी में आये इस प्रयास की सफलता ही हिंदी ग्राफिक नावेल का आगे का मार्ग सुनिश्चित करेगा ! 
कॉमिक फैन्स और पाठको को अवश्य पढनी चाहिए .

रविवार, 19 जुलाई 2015

फिल्म एक नजर में : बजरंगी भाईजान


कबीर खान ने बतौर निर्देशक अपनी फिल्म ‘काबुल एक्सप्रेस ‘ से काफी प्रशंषा बटोरी थी , 
कुछ समय बाद वे सलमान के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘ एक था टाईगर ‘
 में नजर आये जो उनकी पिछली फिल्म से एकदम अलग थी और मसालेदार
 एक्शन से भरी थी ! सलमान भी लगातार एक्शन भूमिकाओं में दिखने लगे 
जिसमे वे काफी जमते भी थे एवं हिट भी रहे !
ऐसे में जब सलमान एक एक्शन स्टार के रूप में अपनी इमेज मजबूत कर चुके है , 
‘बजरंगी भाईजान ‘ जैसी भावुक फिल्म करना एक हिसाब से रिस्क ही कहा जायेगा !
 फिल्म रिलीज के पहले काफी विवाद बटोर चुकी है ,कुछ संगठनों को इसके 
नाम पर ऐतराज था ! किन्तु यदि ये फिल्म और उसका कथानक देखा जाये तो 
आपको इसके नाम पर गर्व होगा न की विषाद .
फिल्म की कहानी के केंद्र में है ‘मुन्नी ‘ ( हर्शाली मल्होत्रा ) जो एक छह साल की बालिका है ,
 एवं एक दुर्घटना के कारण बोल नहीं सकती !
उसकी  माता उसे भारत इसी सिलसिले में लेकर आती है ,और वापसी में ‘अटारी ‘ 
स्टेशन पर मुन्नी बिछड़ जाती है .
और मिलती है ‘पवन चतुर्वेदी ‘ ( सलमान खान ) से जो ‘बजरंगी ‘ 
नाम से ज्यादा प्रसिद्ध है !  पवन एक सीधा साधा व्यक्ति है और बजरंगबली जी का भक्त है ,
 और वह इस बच्ची से पहले तो पीछा छुड़ाना चाहता है 
किन्तु जल्द ही वो इसे वापस अपने घर पहुँचाने की ठान लेता है ! 
उस वक्त उसे पता नहीं होता के मुन्नी पाकिस्तान से है , 
वह एक कट्टर परिवार के साथ रहता है जिसका प्रमुख ( शरत सक्सेना ) उसके 
स्वर्गीय पिता का मित्र है ,और जब उन्हें पता चलता है तो वह उसे पाकिस्तानी
 एम्बेसी छोड़ने के लिए कहते है , किन्तु एम्बेसी के सामने पवन मुन्नी को 
पाकिस्तानी नहीं साबित कर पाता और न ही उसके पास पासपोर्ट है जिसके कारण
  उसे भगा दिया जाता है ! सब रास्ते बंद देख कर पवन स्वयम मुन्नी को पाकिस्तान 
पहुँचाने की ठानता है ,जिसमे उसका साथ देती है ‘रसिका ‘ ( करीना ) 
जिनके यहाँ पवन मेहमान है
अपने प्रयत्नों से पवन पाकिस्तान पहुँच तो जाता है ,किन्तु अवैध प्रवेश  के कारण 
उसे बहुत सी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है ! वहा पहुँचते ही उसे भारतीय जासूस
 घोषित कर दिया जाता है ,और सारी पुलिस और मिलिट्री उसकी तलाश में लग जाती है ,
तब उनका साथ देता है ‘चाँदनवाज ‘ ( नवजुद्दीन सिद्दीकी ) जो एक लोकल पत्रकार है
 और किसी धमाकेदार खबर की तलाश में है ! पहले पहल वह पवन को भारतीय 
जासूस मान लेता है किन्तु उसकी कहानी जानकर वह उसकी सहायता करता है ! 
फिर क्या होता है ,मुन्नी वापस अपने घर पहुँच पाती है या नहीं ? 
पवन सुरक्षित भारत वापस आता है या नहीं ? यही अगली कहानी है ,
जिसे फिल्म में ही देखे तो अच्छा .
कहानी सीधी है ,बिना किसी लागलपेट के ! और दर्शको के मन को छूने वाली , 
सलमान अपनी एक्शन इमेज से विपरीत रहे है ,एकाध एक्शन दृश्य है नाममात्र के ,
वे भी कहानी के हिसाब से सही है ! फिल्म की कहानी के हिसाब से
 यह एक जबरदस्त एक्शन फिल्म हो सकती थी ,किन्तु इससे बचा गया है 
और फिल्म में कही भी रंजकता को स्थान देने के बजे मानवीय मूल्यों को 
अधिक प्राथमिकता दी गयी है .
पवन के चरित्र में सलमान काफी भावुक करते है ,तो मुन्नी के अभिनय में नन्ही 
हर्शाली सबका दिल जीत लेती है ! पूरी फिल्म में बिना एक भी संवाद के वे
 सबका दिल जीत लेती है ! फिल्म में कई भावनात्मक पल है जो बरबस ही 
पलके नम कर देते है तो कभी मुस्कुराने पर विवश कर देते है !
रसिका के अभिनय में करीना मात्र खानापूर्ति करती है ,वैसे भी उनका रोल ज्यादा नहीं है
 मध्यांतर के पश्चात लगभग नदारद रही है ! तो फिल्म में अपनी दमदार छाप छोड़ते है
 ‘नवाजुद्दीन सिद्दीकी ‘ जो एक लोकल मीडियाकर्मी की भूमिका में गुदगुदाते है ,
कही कही तो वे सलमान पर भी भारी पड़ते दिखे है ,
संगीत पक्ष में एकाद हिट गाने ही है ,बाकी बेवजह का कोई गीत हो ऐसा महसूस नहीं हुवा ,
केवल एक युगल गीत को अपवाद रखे तो ,साफ़ सुथरी मनोरंजक फिल्म है जिसे 
पुरे परिवार के साथ देखा जा सकता है ,फिल्म में न तो किसी धर्म का उपहास है 
और न ही किसी मजहब का मजाक ,कोई भाई भरकम उपदेश भी नहीं देती !  
क्लाईमैक्स थोडा नाटकीय हो गया .
चार स्टार

देवेन पाण्डेय 

रविवार, 12 जुलाई 2015

फिल्म एक नजर में : बाहुबली दी बिगनिंग


एस राजामौली इ ऐसे निर्माता निर्देशक है जिनकी फिल्मो की प्रतीक्षा केवल टोलीवूड
 ही नहीं अपितु हिंदी दर्शक भी बेसब्री से करता है ,
उनकी पिछली फिल्मो के बारे में कुछ कहने की जरुरत नहीं है !
बाहुबली जैसी वरिश्द कथानक देने के पश्चात उनका नाम इसी फिल्म से जाना जायेगा 
यह कहना कोई आतिश्योक्ति नहीं होगी .
राजामौली की वर्षो की मेहनत एवं लगन का परिणाम है यह फिल्म ,जिसके हर दृश्य में वह मेहनत साफ़ नजर आती है ! इसे भारत की सबसे महंगी फिल्म बताया गया है जो फिल्म देखने के पश्चात सही भी लगती है ,और ऐसा एक भी दृश्य नहीं दिखता जिसमे ग्राफिक्स बर्बाद किये गए हो ,हां कहानी आपको जरुर नयी न लगे किन्तु इसका भव्य प्रस्तुतिकरण आपकी आँखे चौंधिया देगा और यह वजह पर्याप्त होगा इसे देखने के लिए ! ऐसी फिल्म के लिए दक्षिण के निर्माताओ की प्रसंशा करनी होगी , 

बोलीवूड को न जाने कब ऐसा सौभाग्य प्राप्त होगा .
कहानी है एक ऐसे बालक की जो एक काबिले में पला बढ़ा है जो एक 
विशालकाय गगनचुम्बी जलप्रपात के परीसर में रहता है , उस बालक ‘शिविडू ‘
 ( प्रभास ) के मन में हमेशा से उस जलप्रपात का आकर्षण बना हुवा है ,
वो उस जलप्रपात के ऊपर जाकर देखना चाहता है के वहा कौन रहता है और 
उसका उनसे क्या संबंध है ! उसकी माँ उसके इस व्यवहार से परेशान है और उसे प्रपात 
पर न जाने देने के लिए  लिए तरह तरह यत्न करती है ! 
किन्तु एक दिन ‘शिविडू ‘ अपने प्रयत्न में सफल होता है और जलपर्वत के ऊपर पहुँच जाता है ,
वहा उसकी भेंट होती है ‘अवन्तिका ‘ ( तमन्ना ) से जो एक विद्रोही है, 
और एक विद्रोही संगठन से जुडी हुयी है जिनका राज्य ‘महिष्मति ‘ 
गुलामी की अवस्था में है और उनपर क्रूर शाषक ‘भल्लालदेव ‘ ( राणा दागुबति ) का राज है ,
 शिविडू को अवन्तिका से प्रेम हो जाता है और इसी के साथ उसका संबंध भी खुलता है , 
वह महिष्मती राजपरिवार का वंशज है और उसके पिता ‘बाहुबली ‘ के राज्य के 
साथ ही उसकी ‘माँ ‘  ‘देवसेना ‘ ( अनुष्का ) को भी  भल्लालदेव से स्वतंत्र कराना अब उसकी जिम्मेदारी है ! और यहाँ से खुलता है माहिष्मती इतिहास का रक्तिम अध्याय ,
 जो शिविडू के अतीत के साथ उसके वर्तमान को भी प्रभावित करता है ,
 अब आगे क्या होगा यह प्रश्न तो मात्र एक शुरुवात है !
फिल्म की कहानी एक विचित्र मोड़ पर आकर खत्म होती है , 
दुसरा भाग २०१६ में आना है जिसके पश्चात अनुत्तरित प्रश्नों के उत्तर मिलेंगे !
सबसे पहले बात करूँगा फिल्म के ग्राफिक्स की ,जो इतने लाजवाब है के 
आपको लगेगा ही नहीं के आप कोई भारतीय फिल्म देख रहे है ! 
फिल्म के शुरुवाती दृश्यों में विहंगम जलप्रपात का दृश्य देखते ही हृदय कांप उठता है ,
अलौकिक सुन्दरता अप्रतिम दृश्य के दर्शक उस मनोरम वातवरण में खो जाए ! 
फिल्म का फिल्म का प्रथम भाग थोडा सुस्त लगता है , किन्तु मध्यांतर के पश्चात
 फिल्म द्रुत गति से आगे बढती है, फिल्म के अंत में बाहुबली और उसके भाई ‘भल्लाल देव ‘ 
की एक आदिम काबिले की विशालकाय सेना के  साथ युद्ध के दृश्य आपको 
होलीवूड के समकक्ष दीखते है ,कुछ जगहो पर चर्चा थी के इसके युद्ध दृश्य हाल ही में आई 
‘हरक्युलिस ‘ के युद्ध दृश्यों से प्रभावित है !  किन्तु आप फिल्म देखिये और आपको यह महसूस होगा के युद्ध के दृश्य होलीवूड की उस फिल्म के दृश्य से कई गुना अधिक प्रभावी है बेहतरीन है ! 
वैसे भी यह फिल्म काफी वर्षो से बन रही है और इसकी तुलना इससे नहीं की जा सकती ! 
कुछ दृश्यों में एवं स्टंट्स में अंग्रेजी फिल्म 300 की झलक दिखती है ,
किन्तु उनकी संख्या नगण्य है ,आसानी से नजरअंदाज कर सकते है !
फिल्म की लागत का 85 प्रतिशत भाग फिल्म के ग्राफिक्स पर खर्च किया गया 
जिसका असार परदे पर साफ़ दिखता है और उसकी भव्यता झलकती है ! 
 आजकल थ्रीडी फिल्मो का चलन भी जोर पकड रहा है किन्तु यह फिल्म बिना थ्रीडी 
के भी बेहतरीन लगती है जिसे किसी थ्रीडी टेक्नोलोजी की जरुरत नहीं है !
 फिल्म का कमजोर पक्ष केवल इसके गीत कह सकते है 
( जो शायद हिंदी डब के कारण उकताहट भरे प्रतीत होते है ) जो न केवल फिल्म को बेवजह 
खींचते है बल्कि फिल्म की गति को भी बाधित करते है,केवल कैलाश खेर एवं शान के गाये गाने ही नेपथ्य में जमते है जो कहानी को आगे बढाते है  !
एक्टिंग में प्रभास ,राणा प्रभावी रहे है तो अनुष्का एकदम अलग और ग्लैमर लैस किरदार में है , 
तमन्ना का एक अलग रूप देखने को मिलता है किन्तु कही कही अति
 की शिकार हो गयी लगता है ,’कट्प्पा ‘ के रूप में अभिनेता ‘सत्यराज ‘ भी प्रभावित करते है ,
 एक किरदार के जिक्र के बगैर फिल्म अधूरी है वो है महारानी बनी ‘राम्या कृष्णन ‘ 
जो एक क्रूर महरानी से कब एक ममतामयी माँ में तब्दील हो जाती है इसका पता ही नहीं चलता !,
जो एक तरफ से कुशल राजनीतीज्ञ है तो दूसरी ओर सौम्य हृदय माँ .
एक ख़ास बात और हाल ही मे रिलीज हुई 'जुरासिक वर्ल्ड' और 'बाहुबली' फिल्मों मे एक ही विजुअल इफैक्ट टीम ने काम किया है ! बाहुबली को 4000 सिनेमा घरों मे रिलीज किया गया है जिनमें 135 अकेले अमेरिका मे हैं  बाहुबली स्क्रीन काउंट के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी डबिंग की गई फिल्म है, बाहुबली फिल्म ऐसी पहली भारतीय फिल्म है जो भाषा के बंधन को तोड़कर पूरे देश में चर्चा एवं उत्सुकता बनाने में सफल हुयी है ,ओपनिंग के लिहाज से ये भारतीय फिल्मो की सबसे बड़ी ओपनिंग है ! पहले दिन के आंकड़े 60 करोड़ से 75 करोड़ तक बताये जा रहे है ,यदि यह सत्य है तो शायद ही कोई और भारतीय फिल्म अरसे तक इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर पाये .
फिल्म दो भागो में बनी है जिस कारण कथानक सम्पूर्ण नहीं है , और यह मात्र शुरुवात थी ! जब शुरुवात ऐसी है तो अंत कैसा होगा ? यह उत्सुकता का विषय है .
कुल मिला कर एक भरपूर पैसा वसूल फिल्म है ,जिसे निसंकोच होकर देखा जा सकता है !

मनोरंजन के लिहाज से और ग्राफिक्स के लिहाज से फिल्म को पांच में से पांच अंकन देने का कोई कारण नजर नहीं आता .
देवेन पाण्डेय 

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *