छ्द्म्लेखक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
छ्द्म्लेखक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 16 अप्रैल 2019

गर्मी में लोनावला खंडाला रोड ट्रिप



फेसबुक की आभासी दुनिया से अनेक मित्र मिले हैं, जिनमे से मिथिलेश 
और शुभानन्द जी भी एक है, तीनो को एक सूत्र में पिरोया उनके लेखन के शौक ने, 
शुभानन्द जी मंझे हुए थ्रिलर लेखक है जिनकी अनेक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है,
 मिथिलेश जी से पुराने ग्रुप्स से पहचान थी, उनकी भी लगभग तीन पुस्तकें प्रकाशीत हो चुकी है,
 मेरे खाते में भी एक पुस्तक है जो मेरी लिखी हुई है
 और दूसरी प्रकाशित होने वाली है ।  
मै नीली टी शर्ट में, शुभानन्द जी मध्य में और मिथिलेश जी काली टी शर्ट में 
यहाँ इस भूमिका को बाँधने का एक ही उद्देश है और वह यह कि हम तीनो का जो तालमेल है उसे समझने में सहजता होगी
।
एक ही महीने पहले तय हुई योजनानुसार हैद्राबाद के रहने वाले मिथिलेश जी का मुम्बई आगमन हुआ, शुभानन्द जी नवी मुंबई के आसपास रहते है जो की मेरे यहाँ से कुछ पैतीस किमी के फासले पर पड़ता है । मिथिलेश जी बस से आ रहे थे और लगातार सम्पर्क में बने हुए थे, तीनो का वाशी में मिलना तय हुआ जो की नवी मुंबई का एक शहर है । शुभानन्द जी और मिथिलेश अपने गंतव्य पर पहुंच गए, किन्तु मैं उनसे मुश्किल से 500 मीटर की दूरी पर होकर भी भटकता रहा, काफी जद्दोजहद और भटकने के बाद मैं वहां पहुंचा, 
यह वाकई अजीब था जब मेहमान गंतव्य पर पहुंच गया और मेजबान ही रास्ता भटक गया, इस बार गूगल मैप ने धोखा दे दिया, जिसके चक्कर में आकर मै फंस गया और भटकते रहा ।
तीनों गर्मजोशी से एकदूसरे से मिले, और मजे की बात यह कि उस समय तक हमने तय नही किया था
कि आखिर जाना कहां है? तीनो का केवल मिलना तय हुआ था ताकि हम अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स पर कुछ चर्चा कर सके, कोई विशेष योजना नही बनी थी, वैसे भी गर्मी के दिन होने के कारण मुम्बई के आसपास घुमने के लिए जितनी भी जगहें पता थी वे सभी गर्म रहती है, हिल स्टेशन के नाम पर माथेरान वगैरह है किन्तु एक बार चोपता-तुंगनाथ जाकर आने के पश्चात यह सब गर्म स्थल ही प्रतीत होते है । वैसे भी माथेरान वगैरह अब पहले की तरह ठंडे नही है, तापमान में कुछ ज्यादा फर्क नही मिलता वहा ।  
जब कुछ समझ में न आया तो हम बिना कुछ सोचे समझे लोनावला की ओर निकल लिये,
शुभानन्द जी की कार होने के कारण घुमने फिरने की पूरी सहूलियत थी ।
मिथिलेश जी को खंडाला जाने की इच्छा थी, 
वो बस फिल्मों में नाम सुनकर उत्साहित थे,
हमने उन्हें समझाया लोनावला खंडाला में ज्यादा फर्क नही है, 
सब मात्र पैदल कदमों की दूरी है, मार्ग में हमने एक स्थान पर 
रुक कर कुछ हल्का फुल्का नाश्ता किया और फिर से अपने गंतव्य की
 ओर बढ़ गए,हम मुश्किल से 3 घण्टे के भीतर ही लोनावला पहुंचे और
 ज्यादा दौड़भाग किये बिना ही एक बढ़िया सा कॉटेज भी बुक कर लिया । 
दिन भर हम कड़ी धूप में घूमते रहे, प्रोजेक्ट्स के सिलसिले में काफी चर्चा और वर्कशॉप हुई, 
 खाने के लिए ऑर्डर करने का विचार हमने मेनू देखकर ही छोड़ दिया, 
खाना हद से ज्यादा महंगा था,
और यदि आपको घुमक्कड़ी का शौक है तो आपको फिजूल खर्ची से बचना चाहिए, वही हमने भी किया और खाने की तलाश में बाहर निकल गए, दो चार रेस्टोरंट में हमने मेनू और रेट्स चेक किये, हर जगह खाना हद से ज्यादा महंगा था, आख़िरकार कुछ दुरी पर हमे एक नया खुला हुआ ढाबा मिला, जहां मेनू वगैरह तो नही था किन्तु घर जैसा भोजन मिलेगा लिखा हुआ था, शुभानन्द जी और मिथिलेश भाई का पेट गडबड था तो घर का खाना ही उनके लिए सही था, हमने ज्यादा कुछ सोचे बगैर खाना मंगवा लिया, और वाकई में साधारण से दिखने वाले उस ढाबे का खाना रेस्टोरंट के खाने के मुकाबले कही ज्यादा स्वादिष्ट था ।  जब हम बिल भरने गए तब पता चला जितने दाम में बाकी रेस्टोरंट में हमे एक आदमी का खाना मिल रहा था उतने में यहाँ तीनो का हो गया था,
 हमने रात्री का मेनू पूछा और तय किया की दोबारा यही आयेंगे । 
उसके बाद हमने एक वैक्स म्यूजियम में भेंट दी, जहां काफी सेलब्रिटीज
 के वैक्स की प्रतिकृतियाँ बनी हुई थी, हमने वहां काफी मस्ती की, 
वैसे हमे लोनावला में इफरात में वैक्स म्यूजियम्स देखकर काफी हैरत हुई,
 मिथिलेश जी तो चारो ओर केवल चिक्की ही चिक्की के बैनर देख कर चकराए हुए थे । 

फिर हमने चलते फिरते कुछ अगली योजनाओं का खाका बनाया फिर बाहर चाय पीने की योजना बनी और चाय के चक्कर मे दस किलोमीटर तक चले गए, जहा गए थे वहां का दृश्य बेहद सुंदर था, वह खंडाला का प्रसिद्ध व्यू पॉइंट था जो बरसात में काफी सुंदर और झरनों से भरा हुआ दिखाई देता है, किन्तु इस समय वहां केवल ऊँचे पर्वत और सूखे हुए जंगल ही दिखाई दे रहे थे ।
हम अंधेरा होने के बाद तक वही बैठे रहे
, ढेर सारी गपशप की और शाम को फेसबुक पर लाइव आये, हालांकि देर हो गई थी । और संयोग यह हुआ कि अगले दिन मिथिलेश का जन्मदिन भी था । अगले दिन हमने 12 बजे कॉटेज छोड़ दिया और यू ही जहां गाड़ी निकले वही निकल लिये, गाडी चलती रही मैंने अपने मोबाइल से पिंक फ्लॉयड का हाई होप्स बजाया तब पता चला शुभानन्द जी भी पिंक फ्लॉयड के बड़े फैन है, फिर क्या था नए नए गाने और कभी ण खत्म होता पहाड़ी घुमावदार रास्ता, बढ़िया समा बंध गया, 
पिंक फ्लॉयड से शुरू हुआ सफर हिंदी, पंजाबी गानों से होते हुए अंत में भोजपुरी 
गानों पर आकर समाप्त हुआ । हमने इस विषय में चर्चा भी की कि किस प्रकार कुछ ही घंटे में लोगो की पसंद कहा से कहा पहुँच जाती है । 

लगभग दो घण्टे पश्चात हम एक बड़े से सुंदर तालाब के समीप पहुंच गए जहां नीरव शांति थी, यह पौना लेक था  पहाड़ो के ऊपर से हम नीचे तालाब की ओर पैदल ही मार्च कर लिये और वहां पहुंचकर काफी मस्ती की । चिलचिलाती धुप में हम पहाड़ी से निचे उतरते हुए तालाब की ओर बढने लगे, मार्ग में करौन्धो की झाड़ियाँ मिली तो हमने दांत खट्टे होने तक करौंधे खाए, तालअब काफी विशाल और स्वच्छ था, 
वहा काफी ठंडक थी, हमने पानी के छपाके अपने चेहरे पर मारे और काफी देर 
तक तालाब के किनारे बैठे रहें, हमने वहाँ की काफी तस्वीरें ली और यादगार के तौर पर कुछ वीडियोज भी बनाये ।
अब चलने का समय था, शाम तक वापस वाशी पहुंचना था क्योकि मिथिलेश 
की साढ़े आठ बजे की बस थी हैद्राबाद की । 
तो हम वहां से निकले, रास्ते मे एक ढाबे पर मिथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शानदार और स्वादिष्ट खाने का लुत्फ उठाया, वहां हमने काफी मजेदार क्षण बिताए,
क्या शुभानन्द जी क्या मैं क्या मिथिलेश, तीनों मिमिक्री करते रहे, 
शक्ल से गंभीर नजर आने वाले शुभानन्द जी भी हमारी तरह मस्तीखोर ही निकले ।

ढेर सारी वीडियोज और तस्वीरें खींची गई
। फिर हम कुछ ही घन्टों में पुनः वहां पहुंच चुके थे जहां से मिथिलेश और शुभानन्द जी ने मुझे पिक अप किया था। वहां एक छोटे से केक शॉप में जाकर पेस्ट्री के रूप में ही हमने जन्मदिवस मनाने की खानापूर्ति भी कर ली । आखिरकार बस भी आ गई और मिथिलेश को फिर मिलने के वादे के साथ विदा कर दिया गया, शुभानन्द जी के साथ मैं स्टेशन वापस आया और फिर मिलने के वादे के साथ हमने विदा ली । कुल मिला कर अचानक बनी हुई योजना और 
सफर प्लानिंग करके गए हुए सफर से अधिक रोमांचक साबित हुई यह कहूँ तो कोई 
अतिश्योक्ति नही होगी, मैंने कॉटेज में उन्हें चोपता में बिठाये हुए दिनों की तस्वीरें और विडियोज उन्हें दिखाए तो वे मंत्रमुग्ध से रह गए, और अगली योजना नवम्बर में चोपता-तुंगनाथ-चन्द्रशिला की तय हुई,
 मैंने उनसे वादा भी किया कि चोपता-तुंगनाथ की यात्रा आप सबके जीवन की सबसे 
अविस्मर्णीय यात्रा होगी 
 और हाँ इस यात्रा के विडियोज को मैंने एक यादगार के रूप में एडिट करके यूट्यूब पर भी
 डाल दिया जो आप इस लिंक के पर जाकर देख सकते हैं ।
नवम्बर में मिलने के वादे के साथ हमने एकदूसरे को विदा किया


बुधवार, 14 जून 2017

परोक्ष : शोर्ट फिल्म

जेनर : हॉरर,मनोविज्ञान l
अवधि : मात्र 12 मिनट l
शोर्ट फिल्म्स की चर्चा में आज चर्चा करेंगे “दृश्यम’’ फिल्म्स की हाल ही में यूट्यूब पर रिलीज की गई शोर्ट फिल्म “परोक्ष” की, परोक्ष को एक हॉरर जेनर में बनाया गया है,फिल्म की भाषा ‘तुलु’ है किन्तु इससे फिल्म को समझने में कोई दिक्कत नही होगी,क्योकि इस फिल्म में संवाद बहुत कम है,लगभग न के बराबर, फिल्म अंग्रेजी सबटाईटल्स के साथ है, लेकिन न भी होती तो कोई ख़ास फर्क न पड़ता l
फिल्म की कहानी दक्षिण भारत के एक गाँव की है,गाँव बेहद सुंदर है और प्रकृति ने अपनी पूर्ण हरियाली गाँव पर मानो न्योछावर सी कर दी है l
इसी गाँव के आखिरी छोर पर एक छोटा सा परिवार रहता है,जिसमे एक दम्पति अपनी बेटी के साथ रहते है, l
सबकुछ ठीक चल रहा होता है के अचानक एक दिन परिवार की महिला को पास के ताड़ के पेड़ो से डरावनी आवाज सुनाई पडती है, आवाज दिन में आती है, जिससे महिला डर जाती है और अपने पति को इस बाबत सूचित करती है,पति अपनी पत्नी का भ्रम दूर करने के लिए पेड़ो के समीप जाता है,किन्तु वही भयावह आवाज वह भी सुनता है l
वह समझ जाता है के यहाँ कुछ गडबड है,किसी तरह की अदृश्य शक्तियों का वास है, वह घबरा कर अपने साले को बुलाता है, साला अपने दोस्तों के साथ छानबीन करता है तो उसे भी डरावनी आवाजे सुनाई देती है, वह बहुत कोशिश करता है किन्तु आवाज के स्त्रोत का पता नहीं लगा पाता,और अगले दिन एक मांत्रिक को वहा भेजता है, मांत्रिक आवाज वाले पेड़ की निशानदेही करता है, और अपने कर्मकांडो पेड़ को मंत्रित कर देता है l
लेकिन तांत्रिक के जाते ही फिर से वही भयानक आवाज आती है, और इस बार न सिर्फ आवाज आती है, बल्कि महिला को एक साया भी दिखाई देता है l
फिर क्या होता है, यही मुख्य संस्पेंस है,जिसके बारे में चर्चा करना मतलब फिल्म का मजा खराब करना होगा l
फिल्म की सिनेमाटोग्राफी काफी शानदार है,फिल्माकंन हो या साउंड इफेक्ट्स, सभी शानदार है, फिल्म में जो वातावरण गढ़ा गया है वह बेहद सुंदर है,मनमोहक है,किन्तु उस सुंदर वातावरण में जब भय का वास होता है, तो वह सुंदरता एक मनहूसियत सी लगने लगती है l
कलाकारों का अभिनय जिवंत है, कम शब्दों में अधिक भाव दिखाना वाकी मंत्रमुग्ध कर देता है, विशेष तया मांत्रिक का किरदार, जो बेहद रहस्यमई है और उसके हिस्से में एक भी संवाद न होने के बावजूद उसका प्रभाव काफी तगड़ा रहा है l
फिल्म गति और दिलचस्पी लिए हुए है,कही भी आपकी नजरे यहाँ से वहा होने का अवसर नही देती , अंत तक बांधे रखती है l
और फिल्म का अंत ? बस वह अंत एक झटके में सब बदल देता है l
वक्त निकालिए और अवश्य देखिये l
देवेन पाण्डेय l 

बुधवार, 31 अगस्त 2016

पुस्तक समीक्षा : रक्षक ( ग्राफिक नॉवेल )


भाषा : इंग्लिश
पब्लिकेशन : याली ड्रीम्स क्रिएशन .
याली ड्रीम्स क्रिएशन्स के परिचय पर इससे पहले के रिव्युज में काफी कुछ लिख चूका हु ,तो इस बार बिना किसी औपचारिकता के मुख्य मुद्दे पर आते है l
याली ने भूतकाल में कई अलग-अलग जेनर पर काम किया है किन्तु इसके बावजूद एक ग्राफिक नावेल या कॉमिक्स पब्लिकेशन को विविधता भरे जेनर एवं कंटेंट के बावजूद बिना सुपरहीरो के अधुरा माना जाता है ,और याली के पास अब तक अपना कोई सुपरहीरो नहीं था l
तो इस कॉमिक्स से सुपरहीरो को लाया जा रहा है ,जो कोई सुपरहीरो नहीं बल्कि एक आम इंसान है , न वो कोई अरबपति है ,न कोई इंजीनियर न कोई एलियन ,और ना ही किसी साईंस का चमत्कार l
यह कहानी प्रस्तुत करती है एक आदमी के जज्बे को सुपरहीरोइक रूप देने की ,एक प्रेरणा की एक जज्बे की , जिसके होने के बाद किसी सुपर पॉवर की जरूरत नहीं रह जाती l
कहानी की शुरुवात होती है कश्मीर में एक ख़ुफ़िया मिशन से जिसका नेतृत्व कर रहे है कमांडर ‘’आदित्य शेरगिल ‘’ और उनकी एक मजबूत टीम l
इस ख़ुफ़िया मिशन में एक आसान सी लगती बाजी उलट जाती है जिसका परिणाम आदित्य की पूरी टीम को भुगतना पड़ता है , आदित्य इस खतरनाक मिशन में अपना एक हाथ गँवा देता है और एक दुस्वप्न भी अपने जीवन में शामिल कर लेता है l
हाथ गँवा देने के बाद रिटायरमेंट लेकर आदित्य अपने पुराने घर दिल्ली पहुँच चूका है ,आदित्य के जीवन में एक मात्र रिश्तेदार उसकी एन आर आई बहन त्रिशा उसका पति रोनाल्ड और उनकी बेटी यानी आदित्य की नकचढ़ी भांजी ‘सायना ‘’ जिसे इण्डिया आना पसंद ही नहीं l
त्रिशा और उसका परिवार विदेश में है लेकिन भाई के साथ हुए हादसे की वजह से वे कुछ दिन के लिए भारत आने का फैसला कर सके l
आदित्य ने अपनी जवानी घर परिवार से दूर सेना में ही बिताई है और अब वह अधेड़ हो चूका है l
त्रिशा और रोनाल्ड चाहते है के अब आदित्य को अपने अकेलेपन को ठहराव देना चाहिए और घर बसा लेना चाहिए l
आदित्य अपने परिवार से मिलकर खुश होता है लेकिन नकचढ़ी भांजी उसे बिलकुल भी पसंद नहीं करती है l लेकिन आदित्य अपने मित्रवत व्यवहार एवं समझदारी से सायना से एक बॉन्डिंग बना लेता है l
दिल्ली आते समय आदित्य की मुलाक़ात एक वेब जर्नलिस्ट ‘’रूही’’ से होती है ,जिसके प्रति वह आकर्षित होता है l
सत्रह साल आम दुनिया से दूर रहने के बाद अब काफी चीजे बदल चुकी है ,जिससे आदित्य अनजान है ,हैरान है l
वह इस बदली दुनिया और समाज से तालमेल बिठाने की भरसक कोशिश कर रहा है l
सब कुछ ठीक चल रहा होता है के अचानक एक दिन एक हादसा होता है जिससे आदित्य का परिवार तहस नहस हो जाता है ,और आदित्य अंदर से बुरी तरह टूट जाता है l
उसे सिस्टम की नाकामी और समाज में बढती असंवेदनशीलता से डिप्रेशन होने लगता है l
लेकिन वह खुद को सम्भालता है क्योकि अब सायना आदित्य की जिम्मेदारी बन चुकी है l
इंसानियत के विद्रूप स्वरूप से उसका परिचय होता है , अपने अंदर के क्रोध को वह दबाए हुए है और हर मुमकिन कोशिश वह कर चूका है इन्साफ पाने के लिए लेकिन कही से भी कोई मदद नहीं मिलती l
अपने इसी गुस्से के फलस्वरूप वह एक महिला की आबरू बचाता है जिसमे खुद बुरी तरह से घायल हो जाता है l उसका यह विडिओ वायरल हो जाता है और मायूस लोग इस कानून व्यवस्था और लचर यन्त्रणा से त्रस्त जनता उसमे अपना हीरो खोजने लगती है l
जाने अनजाने में आदित्य एक प्रेरणा का रूप ले लेता है , रही सही कसर शोशल मिडिया और इंटरनेट पूरी कर देते है l
आदित्य ऐसा कुछ नहीं चाहता था लेकिन सायना उसे सुपरहीरो के रूप जो उम्मीद की लौ जगी है उसे न बुझने देने का वचन लेती है l
फिर क्या होता है यह आप विस्तार से पुस्तक में ही पढ़े l
यदि आपको लगता है के पूरी कहानी का सारांश आपके सामने है तो यकीन मानिए ऐसा कुछ नहीं है l
कहानी की गहराई और बारीकी जितनी कॉमिक्स में है उतने का एक प्रतिशत भी इस रिव्यू में नहीं है l
कहानी बेहद दिलचस्प और बिना किसी जटिलता के कही गयी है ,और पूरा विस्तार दिया गया है , हर पृष्ठ में सात से लेकर आठ पैनल्स तक है जो कहानी को पर्याप्त विस्तार देते है और दिलचस्पी बनाए रखते है l
शुरुवाती बाईस पृष्ठ सिहरन दौड़ा देते है ,आदित्य का कश्मीर मिशन और आतंकवादियों से भिडंत के दृश्य बेहद जबरदस्त है और नैरेशन भी गति लिए हुए मानो आप किसी सजीव दृश्य को देख रहे है l
सेना के इस मिशन में विपरीत परिस्थितियां एवं आत्मघाती घटनाओ के बेहतरीन विवरण किया गया है ,किसी थोथे आडम्बर को प्राथमिकता देने के बजाय सही समय पर सही निर्णय लेने फैसला लेने में दिखाई देरी का भयंकर परिणाम बेहद रोमांचक एवं सत्य के समीप दिखाया गया है l
यह चैप्टर सभी पाठको को सबसे अधिक पसंद आएगा l
दूसरा हिस्सा  आदित्य का समाज से और अपने परिवार से सामंजस्य बिठाने का है , जिसे बेहद रोचक तरीके से नैरेट किया गया है ,खासकर अपनी भांजी सायना से उसके तालमेल को l
किस तरह एक नकचढ़ी और उसे पसंद न करनेवाली किशोर लडकी को उसी के रंग में ढलकर आदित्य अपना बना लेता है वह वाकी काफी प्यारा प्रसंग है l जिसमे आदित्य और सायना का कॉमिक्स प्रेम काफी सहायक होता है ,यहाँ दोनों के संबंधो में कॉमिक्स को आधार बनाया गया है जो बेहद ही बढ़िया प्रयोग है और पाठक जिससे खुद को रिलेट कर सकेंगे l
एक प्रसंग है जिसमे आदित्य टूट चुकी सायना के चेहरे पर दुबारा मुस्कान देखने के लिए तनाव के बावजूद ‘जस्टिस लीग ‘’ की कॉमिक्स खरद कर देता है l
लेकिन सायना अपने सारे कॉमिक्स जला देती है क्योकि उसका वास्तविकता से परिचय हो चूका है ,और वह इन काल्पनिक सुपरहीरोज से नफरत करने लगती है जो इतने शक्तिशाली होने के बावजूद उसके माँ बाप की मदद नहीं कर सके l
उसके इसी नफरत के कारण एक असल सुपरहीरो का उद्गम होता है और उसके विश्वास को कायम रखने के लिए आदित्य अनजाने में एक हीरो बनकर उभरता है l
कुल मिलाकर एक बढ़िया और अलग तरह की सुपरहीरो स्टोरी है जो वास्तविकता के कही नजदीक है , कॉमिक्स फैन्स और सुपरहीरो जेनर को पसंद करनेवालों को अवश्य यह कहानी पसंद आयेगी l


रविवार, 7 अगस्त 2016

पुस्तक समीक्षा : तारकनाथ तांत्रिक : अंधेर नगरी

इस मूल पात्र का असल नाम ‘’तारानाथ तांत्रिक ‘’ है अंग्रेजी वर्जन में और बांग्ला साहित्य में l
यह चरित्र अब पब्लिक डोमेन है , भारतीय कॉमिक्स जगत में यदि उल्लेखनीय प्रायोगिक लेखन की चर्चा की जाए तो ‘’शामिक दासगुप्ता ‘’ का नाम अनेक विवादों एवं बयानों के बावजूद अग्रणी होगा इसमें कोई शक नहीं है l
अब तक भारतीय कॉमिक्स को केवल बच्चो की चीज ही माना जाता रहा है , यहाँ कॉमिक्स कल्चर उतना फला फुला नहीं उसका कारण यही सोच है l  ऐसे में होली काऊ ,स्पीच बबल्स ,याली ड्रीम्स क्रिएशन , जैसे कुछ पब्लिकेशन हाउस इस सोच को बदलने का प्रयास कर रही है l
स्पीच बबल और याली ड्रीम्स क्रिएशन मूलतः अंग्रेजी ग्राफिक नावेल के लिए जानी जाती है , किन्तु हिंदी पाठको की मांग को देखते हुए इन्होने कुछ टाईटलस हिंदी में भी प्रायोगिक तौर पर पब्लिश करने का निर्णय लिया है जिसके तहत 
इनकी अंग्रेजी ग्राफिक नॉवेल ‘’तारानाथ तांत्रिक ‘’ जो क्रिटिकली काफी सराही गयी थी
 को हिंदी पाठको के लिए भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया है ,
जो कितना खरा उतरती है इसका विश्लेषण  करती है l
कहानी केन्द्रित है कलकत्ता में , तीन मित्रो की तिकड़ी है ,पहला है विभूति जो लेखन में प्रयोग करना चाहता है लेकिन ऊसके अनुसार पाठको को अभी उसका लेवल समझने में वक्त लगेगा l
दूसरा है शंकर जो एक पुलिसवाला है , और तीसरा है एक रहस्यमयी बुढा ‘’तारकनाथ ‘’ l
तारकनाथ एक रहस्यमयी व्यक्ति है जिसके अनुसार वो माँ काली से मिल चूका है l  इसकी कहानिया काफी रोमांचक होती है यही वजह है के शंकर और विभूति अक्सर उससे मिलने आया करते है l
विभूति की कहानिया तारक की ही कहानियो को आधार बना कर लिखी गयी है l
लेकिन उन्हें नहीं पता के वे खुद भी अब तारक की कहानियों का हिस्सा बनने जा रहे है , स्नेहा शंकर की गर्लफ्रेंड है और एक मिडिया पर्सन भी है l
एक शाम स्नेह का सामना एक भयानक वाकये से होता है ,उसके सामने की 
मेट्रो में एक व्यक्ति अचानक नरभक्षी बन जाता है और एक व्यक्ति की हत्या कर देता है l 
वो इतना क्रूर हो जाता है के पुलिस को मजबूरन उसे शूट करना पड़ता है l
लेकिन यह घटना केवल शुरुवात ही थी , शंकर इसकी तफ्तीश में लगा है , 
नरभक्षी व्यक्ति एक सामान्य व्यक्ति निकलता है जिसका बैकग्राउंड एकदम सामान्य है l 
भला कोई सीधा साधा व्यक्ति अचानक कैसे नरभक्षी बन सकता है इस सवाल ने शंकर 
,विभूति और स्नेहां को चकरा रखा है l
उन्हें इस केस में किसी असामान्य शक्ति की शिरकत का संदेह होता है और
 वे तारक की मदद लेते है l
इसी बिच इसी तरह की कई घटनाओं से शहर दहल उठता है ,एक अनजान 
वोईस मेल और वोईस मेल को सुनने वाला खूंखार नरभक्षी में तब्दील हो जाता है l
जाँच के दौरान पता चलता है के इस घटना के तार कही न कही तारक के अतीत 
में ही छुपे है और इन सभी घटनाओं के तार अंत में आकर स्नेह से मिलते है l
यह था कहानी का सारांश , जिसमे कई महत्वपूर्ण बातो का जिक्र नहीं किया गया l
सबसे पहले बात करूँगा इंग्लिश से हिंदी ट्रांसलेशन का , 
मूलतः अंग्रेजी ग्राफिक नावेल को हिंदी में ट्रांसलेट किया गया है , 
ट्रांसलेटर है विभव पाण्डेय जिन्हें मै व्यग्तिगत रूप से भी अच्छी तरह जानता हु l
 ग्राफिक नावेल पढ़ते समय कही भी नहीं लगता के यह ट्रांसलेटेड वर्क है ,
बल्कि आपको आभास होगा के यह मूल रूप से हिंदी में ही लिखी गयी है , 
हां भाषा का स्तर थोडा अडल्ट मैच्योर है तो इसका ध्यान रखा जाना चाहिए ,
डार्क कहानी के हिसाब से ट्रीटमेंट सही है l
अब बात करते है कहानी की ,तो कहानी अनपेक्षित रूप से काफी दिलचस्प बन पड़ी है , 
सच कहू तो मुझे तारकनाथ में कोई ख़ास दिलचस्पी नहीं थी और ना ही मैंने कुछ
 ज्यादा उम्मीदे रखी थी , सामान्य होरर के रूप में समझा था l  
किन्तु पुस्तक पढ़ते ही मेरी धारणा बदल गयी , न सिर्फ कहानी दिलचस्प थी ,
अपितु चुस्त भी थी ,कही पर भी कहानी को बेवजह नहीं घसीटा गया है ,
 पढ़ते पढ़ते लगा के इस दिलचस्प कहानी को काफी कम पेजेस मिले है ,
 दुसरे भाग की प्रतीक्षा ही ना हो पा रही है l
कुल मिला कर यह एक जबरदस्त ग्रिपिंग ग्राफिक नावेल है जिसका टेस्ट अलग है , 
कुछ अलग टेस्ट की छह रखनेवाले पाठको को के लिए यह एक जबर्दस्त ट्रीटमेंट साबित होगा 
इसमे कोई संशय नहीं l
अब बात करूँगा चित्रांकन एवं कलरिंग की ,तो चित्रांकन कहानी की तरह ही डार्क और जबर्दस्त बने है ,हां असल कलरिंग नॉन ग्लोसी पेजेस पर उभर कर सामने नहीं आ पाते , यदि यह ग्लोसी पेजेस पर होते तो आर्ट की क्वालिटी दुगुने स्तर पर उभर के सामने आती l
लेकिन यह मात्र छोटी सी खामी है जिसे नजरंदाज किया जा सकता है ,नॉन ग्लोसी पेजेस पर भी आर्ट ने अपना कमाल जारी रखा है l
पाठको को जरुर रिकमेंड करूँगा l
देवेन पाण्डेय 

सम्पर्क करे ( Contact us )

नाम

ईमेल *

संदेश *